महाराष्ट्र
मुंबई: हेलमेट नहीं पहनने पर दो महिला पुलिसकर्मियों पर लगा ₹500 का जुर्माना
मुंबई में दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनना अपराध है और पुलिस अक्सर लोगों को हेलमेट के फायदों के बारे में सलाह देती है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को दो महिला पुलिसकर्मियों पर हेलमेट नहीं पहनने पर जुर्माना लगाया। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के हैंडल ने सूचित किया, “कानून का उल्लंघन करने के लिए चूनाभट्टी पुलिस स्टेशन और यातायात विभाग में हेलमेट के बिना बाइक चलाने वाली महिला पुलिसकर्मियों पर उपयुक्त कार्रवाई की गई है। प्रत्येक पुलिस कर्मियों से 500-500 रुपये की राशि वसूल की गई है।” ट्विटर के माध्यम से। बिना हेलमेट के बाइक चलाते पकड़े जाने पर पुलिस चालक और पीछे बैठने वाले दोनों पर 500 रुपये का जुर्माना लगाती है। बार-बार उल्लंघन करने पर चालक का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है। दादर के पास ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर दोनों पुलिसकर्मियों को बिना हेलमेट के सवारी करते देखा जा सकता है। तस्वीर को राहुल बर्मन नाम के एक ट्विटर यूजर ने अपलोड किया था, जिसने लिखा था, “क्या होगा अगर हम इस तरह से यात्रा करें?? क्या यह ट्रैफिक नियम का उल्लंघन नहीं है?” तस्वीर के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई ट्विटर यूजर्स ने मुंबई पुलिस के अधिकारियों की जमकर खिंचाई की और उनसे उचित कार्रवाई करने को कहा।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र: शायना एनसी के नाम पर लाखों की साइबर ठगी, पुलिस ने वसूले 3.15 लाख रुपए

शिवसेना की राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता शायना एनसी के मोबाइल हैक होने के बाद हुई 4.90 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में गावदेवी पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। शायना एनसी के लगातार फॉलोअप के बाद पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई कर 3.15 लाख रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए हैं।
16 जुलाई को साइबर अपराधियों ने शायना एनसी का मोबाइल हैक कर लिया। उनकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों को शायना के नाम से मैसेज भेजा गया। मैसेज में इमरजेंसी बताकर 49,000 रुपए की मांग की गई और दो घंटे में वापस करने का वादा किया गया। झांसे में आकर 9 लोगों ने कुछ ही घंटों में 4.90 लाख रुपए ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
मोबाइल हैक का पता चलते ही शायना एनसी ने गावदेवी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन वह यहीं नहीं रुकीं। पिछले तीन महीने से ज्यादा समय तक उन्होंने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रशांत मोहिते, वरिष्ठ निरीक्षक प्रवीणकुमार साळुंखे और उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह खंडाडे से लगातार संपर्क बनाए रखा और पीड़ितों का पैसा वापस दिलाने के लिए दबाव बनाया।
उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह खंडाडे की टीम ने जांच शुरू की। टीम पहले महाराष्ट्र के भंडारा जिले पहुंची और वहां से 1.68 लाख रुपए नकद बरामद किए। इसके बाद बिहार में कार्रवाई कर 98,000 रुपए जब्त किए गए।
वहीं, पीड़ित पंकज जैन ने समय रहते बैंक को सूचना दे दी थी, जिससे उनके 49,000 रुपए बैंक ने फ्रीज कर दिए थे और बाद में उन्हें वापस मिल गए। इस तरह कुल 3.15 लाख रुपए पीड़ितों को लौटाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बाकी 67,000 रुपए आरोपी नकद निकाल चुके हैं, जिसे वसूलने के प्रयास जारी हैं।
शायना एनसी ने नागरिकों से अपील की है कि किसी के नाम से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले फोन करके पुष्टि करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। तुरंत शिकायत करने से पैसा फ्रीज होने की संभावना बढ़ जाती है।
महाराष्ट्र
समुद्र में 20 होर्डिंग लगाए जाने की खबर भ्रामक और गलतः मंत्री नितेश राणे

महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड के फ्लोटिंग होर्डिंग टेंडर को लेकर महाराष्ट्र सरकार के मत्स्य पालन एवं बंदरगाह विकास कैबिनेट मंत्री नितेश राणे ने स्पष्टीकरण दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि वे मुंबई के समुद्री पर्यावरण या सुंदर तट रेखा के नाजारों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रयास का समर्थन नहीं करेंगे।
नितेश राणे ने एक्स पोस्ट में कहा, “महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड (एमएमबी) द्वारा जारी किए गए होर्डिंग टेंडर को लेकर काफी गलतफहमी और गलत व्याख्याएं सामने आ रही हैं। मैं तथ्यों को स्पष्ट करना चाहता हूं। प्रस्तावित चार होर्डिंग में से दो पहले से ही सी-लिंक के पास मौजूद हैं और केवल दो नए होर्डिंग लगाने का प्रस्ताव है। यह जानकारी पूरी तरह से गलत और भ्रामक है कि समुद्र में 20 होर्डिंग लगाए जाने वाले हैं।”
राणे ने कहा, “पत्तन मंत्री और एमएमबी के अध्यक्ष के रूप में मैं इन तथ्यों को आधिकारिक तौर पर रखना चाहता हूं। एक गर्वित मुंबईकर होने के नाते मैं कभी भी ऐसी किसी पहल का समर्थन नहीं करूंगा, जिससे मुंबई के समुद्री पर्यावरण को नुकसान पहुंचे या इसके खूबसूरत तटवर्ती नज़ारों में कोई बाधा आए। जो भी व्यक्ति स्पष्टीकरण चाहता है, हम उनसे बात करने और पूरी जानकारी पारदर्शिता के साथ साझा करने के लिए तैयार हैं।”
मंत्री राणे ने फ्लोटिंग होर्डिंग टेंडर को लेकर राजनीति नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा, “आइए, इस मुद्दे का अनावश्यक रूप से राजनीतिकरण न करें। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी और प्रगतिशील विकास, दोनों के लिए प्रतिबद्ध है। इन दोनों का साथ-साथ चलना जरूरी है। मुझे उम्मीद है कि इससे तथ्यों को सही परिप्रेक्ष्य में समझने में मदद मिलेगी।”
बता दें कि खबरें सामने आई थीं कि एमएमबी ने मुंबई और एमएमआर में जुहू बीच, बांद्रा-वर्ली सी लिंक, वर्ली जेटी, कार्टर रोड, मार्वे जेटी आदि में करीब 15 से 20 स्थानों पर डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट और मेंटेन के आधार पर फ्लोटिंग होर्डिंग्स और विज्ञापन लाइसेंस के लिए टेंडर जारी किए हैं। इस खबर का ही नितेश राणे ने खंडन किया है।
महाराष्ट्र
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: पत्नी शहजीन सिद्दीकी का आरोप, ‘सिर्फ दिखावे की कार्रवाई कर रही मुंबई पुलिस’

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में पत्नी शहजीन सिद्दीकी ने आरोप लगाए हैं कि मुंबई पुलिस सिर्फ दिखावे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अपनी मनमानी को छिपाने के लिए प्रशासनिक अड़चनों का सहारा ले रही है।
शहजीन सिद्दीकी के वकील त्रिवनकुमार करनानी ने अपने बयान में कहा, “मुंबई पुलिस सिर्फ दिखावे की कार्रवाई कर रही है। राज्य सरकार ने पहले भी कई बार केंद्र को पत्र लिखा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जानबूझकर की जा रही प्रशासनिक देरी के कारण हत्या के मामले की सुनवाई प्रभावित हो सकती है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह तब और भी गंभीर हो जाता है, जब मुंबई पुलिस को पता है कि जेल में पूछताछ करने और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कस्टडी सुनिश्चित करने के लिए अदालती आदेश लिए जा सकते हैं। इसके बावजूद, मुंबई पुलिस अपनी मनमानी को छिपाने के लिए प्रशासनिक अड़चनों का सहारा ले रही है।”
बता दें कि बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-अजीत पवार गुट) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री थे।
बाबा सिद्दीकी को उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारी थी। इस हत्याकांड में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का कनेक्शन आया था। मुंबई पुलिस ने अपनी चार्जशीट में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को वांछित आरोपी के रूप में चिन्हित किया था।
फिलहाल, यह आरोप उस समय लगाए गए हैं, जब मुंबई पुलिस पर बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए हमले के बाद सवाल उठ रहे हैं। 18 सितंबर की शाम को टाइगर पर मुंबई के जुहू इलाके में हमला हुआ था, जिसमें वे बाल-बाल बचे। हालांकि, गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए। इस हमले में भी लॉरेंस बिश्नोई का कनेक्शन सामने आया।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड4 weeks agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
