खेल
सीडब्ल्यूजी 2026: एक दिन में 16 मेडल जीतकर भारत ने लगाई मेडल टैली में लंबी छलांग, टॉप पर काबिज ऑस्ट्रेलिया
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए 10वां दिन ऐतिहासिक रहा। देश ने बॉक्सिंग में 10 मेडल समेत कुल 16 मेडल अपने नाम किए। एथलीटों के दमदार प्रदर्शन के बूते भारत ने मेडल टैली में भी लंबी छलांग लगाई है।
भारत अब 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल के साथ मेडल टैली में चौथे नंबर पर आ गया है। भारत के कुल मेडल की संख्या अब 39 हो गई है और देश ने छह पायदान की छलांग लगाई है। ऑस्ट्रेलिया 10वें दिन भी अपनी बादशाहत को बरकरार रखने में सफल रहा है। ऑस्ट्रेलिया के पास 61 गोल्ड, 38 सिल्वर और 50 ब्रॉन्ज मेडल हैं।
इंग्लैंड 25 गोल्ड, 40 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज मेडल लेकर कुल 99 मेडल के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। वहीं, कनाडा 18 गोल्ड समेत 57 मेडल जीतकर तीसरे नंबर पर काबिज है। भारत के शानदार प्रदर्शन के कारण मेजबान स्कॉटलैंड अब पांचवें नंबर पर खिसक गया है। स्कॉटलैंड के 12 गोल्ड, 8 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज मेडल हैं। वहीं, नाइजीरिया 10 गोल्ड समेत कुल 21 मेडल जीतकर छठे नंबर पर मौजूद है। वेल्स 8 गोल्ड, 10 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज मेडल लेकर सातवें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड 8 गोल्ड के साथ कुल 27 मेडल जीतकर आठवें नंबर पर मौजूद है।
10वें दिन भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन लाजवाब रहा। खासतौर पर भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए कुल 10 मेडल अपने नाम किए, जिसमें 7 गोल्ड शामिल रहे। पुरुष कैटेगरी में अंकुश पंघाल और सचिन सिवाच ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि महिला कैटेगरी में जैस्मिन लैम्बोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घनघस, अरुंधति चौधरी और प्रीति ने ‘गोल्डन पंच’ लगाया। वहीं, जदुमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं, ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने सिल्वर, जबकि सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, शॉट पुट में भी भारत का प्रदर्शन दमदार रहा। सोमन राणा ने गोल्ड, जबकि शुभम जुयाल ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
खेल
एशियन गेम्स: वुशू में भारतीयों का जलवा, जीत के साथ रोशिबिना और आर्यन क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को भारतीय वुशू खिलाड़ी आर्यन और रोशिबिना देवी ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
आर्यन ने पुरुषों के 56 किग्रा प्री-क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान के साफी शहजादा को 2-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट रोशिबिना ने महिलाओं के 60 किग्रा 1/8 फाइनल में बांग्लादेश की शिका खातून को प्वाइंट्स के अंतर से मात देकर अंतिम-8 में जगह बनाई।
अब दोनों ही खिलाड़ी मेडल सुनिश्चित करने से बस एक कदम दूर हैं। आर्यन और रोशिबिना मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में मेडल और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबला करेंगे।
दो बार की एशियन गेम्स मेडलिस्ट रोशिबिना ने 2023 हांगझोऊ गेम्स में सिल्वर और 2018 जकार्ता गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। वह 2019 काठमांडू-पोखरा साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट और 2016 वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल विजेता भी रही हैं।
इससे पहले दिन में, भारत की न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। भारतीय वुशू एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन की झलक दिखाई है; रविवार को सूरज सिंह मयांगलामबम पोडियम फिनिश के करीब पहुंचे थे। सूरज पुरुषों के चांगक्वान वुशू फाइनल में 11वें स्थान पर रहे और कड़े मुकाबले में महज 0.040 पॉइंट से पोडियम पर जगह बनाने से चूक गए।
आइची प्रीफेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 21 एथलीट्स के बीच मुकाबले में सूरज ने कुल 9.683 प्वाइंट्स का स्कोर हासिल किया। भारतीय वुशू खिलाड़ी ने ‘क्वालिटी ऑफ मूवमेंट’ (ए-स्कोर) में परफेक्ट 5.00 और ‘डिग्री ऑफ डिफिकल्टी’ (सी-स्कोर) में 2.00 प्वाइंट्स हासिल किए, जिसमें कोई कटौती नहीं हुई। उन्हें ‘ओवरऑल परफॉर्मेंस’ (बी-स्कोर) में 2.683 प्वाइंट्स मिले।
मकाऊ के कुओंग ची हिन ने 9.723 प्वाइंट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि उनके ही देश के ची कुआन सोंग 9.720 प्वाइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रहे। सूरज का स्कोर ब्रॉन्ज मेडल के मार्क से सिर्फ 0.040 प्वाइंट्स पीछे रह गया।
खेल
टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने की गृह मंत्री अमित शाह से खास मुलाकात

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से खास मुलाकात की। गंभीर ने भगवान गणेश की मूर्ति भी गृह मंत्री को भेंट में दी।
गौतम गंभीर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात। उनके समय और मार्गदर्शन के लिए आभारी हूं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करता हूं।” गौतम गंभीर की अगुवाई में भारतीय टीम का प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार रहा। भारत ने टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।
इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा ने खासतौर पर अपनी तूफानी बैटिंग से सुर्खियां बटोरीं। अभिषेक ने दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में सिर्फ 30 गेंदों में शतक लगाया। वह फुल मेंबर देशों की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। वहीं, संजू सैमसन और ईशान किशन का प्रदर्शन भी दमदार रहा।
गौतम गंभीर के हेड कोच पद संभालने के बाद से भारतीय टीम का प्रदर्शन आईसीसी टूर्नामेंट्स में अच्छा रहा है। साल 2025 में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब पर कब्जा जमाया। इसके बाद 2026 में भारतीय टीम टी20 विश्व कप में सफलतापूर्वक अपने खिताब का बचाव करने में सफल रही। हालांकि, भारतीय टीम को गंभीर की अगुवाई में घरेलू सरजमीं पर पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी। इसके साथ ही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।
भारतीय टीम अब एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने के लिए जापान पहुंची है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगी। टीम इंडिया एशियन गेम्स में अपने अभियान का आगाज 28 अक्टूबर को क्वार्टर फाइनल मैच के साथ करेगी। हालांकि, इससे पहले टीम को जापान के खिलाफ पहली बार टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलना है, जो 22 सितंबर (मंगलवार) को खेला जाना है।
खेल
एशियन गेम्स 2026: भारतीय मेंस कबड्डी टीम ने जीत के साथ किया आगाज, एकतरफा मुकाबले में जापान को 49-23 से हराया

एशियन गेम्स 2026 का आगाज भारतीय मेंस कबड्डी टीम ने धमाकेदार जीत के साथ किया है। सुनील कुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन को मेजबान जापान को एकतरफा अंदाज में 49-23 से हराया।
भारतीय टीम का पूरे मैच में दबदबा देखने को मिला। टीम के रेडर्स शानदार लय में दिखाई दिए, तो डिफेंडर्स ने भी जापान को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। भारत ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। भारतीय रेडर्स के सामने जापान का डिफेंस बेहद कमजोर नजर आया। भारतीय रेडर्स जापान के डिफेंस को भेदते हुए लगातार प्वाइंट्स हासिल करते रहे।
पहले हाफ में भारतीय रेडर्स पूरे तरह से हावी रहे। शुरुआत से ही रेडर्स ने जापान के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया, जिसका फायदा टीम इंडिया को मिला। आशू मलिक ने एक साथ जापान के तीन खिलाड़ियों को आउट करते हुए सुपर रेड लगाई। आशू रेड में भारत के लिए लगातार प्वाइंट्स निकालते रहे। वहीं, भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को पहले हाफ में ही दो बार ऑलआउट किया। भारत ने पहले हाफ का अंत 31-9 की बड़ी बढ़त के साथ किया।
हालांकि, दूसरे हाफ में जापान ने वापसी की और तेजी से प्वाइंट्स हासिल करने शुरू किए। भारत ने दूसरे हाफ में पवन सहरावत और अर्जुन देशवाल और असलम इनामदार की तिकड़ी को उतारा। अर्जुन ने आते के साथ ही प्वाइंट हासिल किया। इसके बाद भारतीय टीम एक बार फिर जापानी टीम को ऑलआउट करने में सफल रही।
अंत में जापान के डिफेंस ने अच्छा खेल दिखाते हुए भारत के रेडर्स की कई रेडों को नाकाम किया लेकिन तब तक भारतीय टीम बहुत बड़ी बढ़त हासिल कर चुकी थी। आशू मलिक और राहुल भारतीय टीम के लिए इस मुकाबले में जीत के नायक रहे। अगले मैच में टीम इंडिया की भिड़ंत अब मंगलवार को साउथ कोरिया से होगी। भारतीय टीम अपनी इसी फॉर्म को साउथ कोरिया के खिलाफ भी जारी रखने के इरादे से उतरेगी।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
