खेल
प्रीमियर लीग: फर्नांडीस की हैट्रिक, मैनचेस्टर यूनाइटेड ने इप्सविच को 5-2 से हराया
मैनचेस्टर यूनाइटेड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में प्रीमियर लीग मैच में इप्सविच टाउन को 5-2 से हराया। टीम की जीत के नायक ब्रूनो फर्नांडीस रहे, जिन्होंने तीन गोल किए।
मैनचेस्टर यूनाइटेड इस मैच में पिछले सप्ताह हल सिटी के खिलाफ मिली अप्रत्याशित हार के बाद उतरी थी। इसलिए टीम पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव था। टीम के लिए हालात तब और मुश्किल हो गए, जब 24वें मिनट में लीफ डेविस ने गोल करके इप्सविच को बढ़त दिला दी।
फर्नांडीस ने हाफ टाइम से पांच मिनट पहले स्कोर बराबर किया, और ब्रेक के 10 मिनट बाद हैरी मैगुइरे के हेडर से यूनाइटेड आगे हो गया। यह गोल इप्सविच के डिफेंडर जैकब ग्रीव्स से टकराकर गोल पोस्ट के अंदर गया। इसके तुरंत बाद फर्नांडीस ने पेनल्टी स्पॉट से अपना दूसरा गोल किया और 68वें मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी की। ‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रायन म्बेउमो ने मैच खत्म होने से आठ मिनट पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए पांचवां गोल किया, जबकि चुबा अकपोम ने स्टॉपेज टाइम में इप्सविच के लिए दूसरा गोल किया।
चेल्सी ने ब्राइटन के खिलाफ घरेलू मैदान पर 4-3 से जीत के साथ सीजन की अपनी दूसरी जीत हासिल की। रोमियो लाविया और पेड्रो नेटो ने शुरुआती 15 मिनट में ही चेल्सी को 2-0 से आगे कर दिया, और जोआओ पेड्रो ने 32वें मिनट में स्कोर 3-0 कर दिया, जिसके बाद मलिक याल्कोये ने मेहमान टीम के लिए एक गोल किया।
63वें मिनट में जोआओ पेड्रो के ‘ओन गोल’ से स्कोर 3-2 हो गया, लेकिन 74वें मिनट में कोल पामर के गोल ने टीम की जीत पक्की कर दी। पास्कल ग्रॉस ने स्टॉपेज टाइम में ब्राइटन के लिए तीसरा गोल किया, लेकिन मेहमान टीम के लिए बराबरी करने में बहुत देर हो चुकी थी। डोमिनिक कैल्वर्ट-लेविन ने ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ लीड्स यूनाइटेड के लिए एक अंक बचाया; उन्होंने केविन शेड के पहले हाफ में किए गए गोल की बराबरी की, जिससे इस सीजन में दो मैचों के बाद दोनों टीमें अजेय रहीं।
सुंदरलैंड ने इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। टीम को यह जीत विल्सन इसिडोर के 75वें मिनट में किए गए गोल की बदौलत मिली, जिससे फुलहम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, फुलहम के लिए सीजन की शुरुआत निराशाजनक रही है। नए कोच अल्वारो अर्बेलोआ के नेतृत्व में टीम लगातार दो मैच हार चुकी है और अभी तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है।
खेल
स्लो ओवर रेट के कारण आईसीसी ने भारत-वेस्टइंडीज टीम पर लगाया जुर्माना

न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए तीसरे वनडे मुकाबले में स्लो ओवर रेट बनाए रखने के लिए आईसीसी ने भारत और वेस्टइंडीज टीम पर जुर्माना लगाया गया है।
शनिवार को हुए आखिरी वनडे में समय की छूट को ध्यान में रखते हुए भारत को चार ओवर और वेस्टइंडीज को दो ओवर कम फेंकने का दोषी पाया गया। इसके बाद भारतीय टीम पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
आईसीसी ने एक बयान में कहा, “खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 (जो न्यूनतम ओवर-रेट उल्लंघनों से संबंधित है) के अनुसार, अगर कोई टीम तय समय में ओवर नहीं फेंक पाती है, तो उसके खिलाड़ियों पर हर ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।”
दोनों कप्तानों ने अपनी गलती मान ली और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी। आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के प्रकाश भट्ट ने यह जुर्माना लगाया है। ऑन-फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगज्स्की, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इबे शाहिद और चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाए थे।
वेस्टइंडीज तीन मैचों की सीरीज पहले ही 0-2 से हारकर आखिरी वनडे में उतरी थी, लेकिन उन्होंने भारत दौरे के वनडे चरण का समापन एक ऐतिहासिक जीत और रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन के साथ किया। शाई होप 162 रन बनाकर नाबाद रहे और मेहमान टीम ने भारत के खिलाफ 352 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया। यह कैरेबियाई टीम का 50 ओवर के फॉर्मेट में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज रहा। इससे पहले, टीम ने आयरलैंड के खिलाफ 331 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था।
होप वेस्टइंडीज की ओर से 150 से ज्यादा रनों की पारी खेलने वाले पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बने। इसके साथ ही रन चेज में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में उन्होंने ब्रायन लारा का 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। लारा ने 1993 में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ 153 रन बनाए थे। भारत और वेस्टइंडीज की टीम अब पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भिड़ेंगी, जिसकी शुरुआत मंगलवार से होनी है।
खेल
वनडे डेब्यू के बाद आकिब नबी जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी तैयारी कैंप में शामिल

तेज गेंदबाज आकिब नबी ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। अब नबी को जम्मू-कश्मीर की सीनियर पुरुष रणजी ट्रॉफी तैयारी कैंप के लिए 18 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, जो मंगलवार को शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगा।
सिलेक्शन कमेटी की मंजूरी के बाद सेक्रेटरी विवेक खजूरिया ने कैंप के लिए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की। नबी के साथ तेज गेंदबाज उमरान मलिक, अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान पारस डोगरा, अब्दुल समद, शुभम खजूरिया, कामरान इकबाल और बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।
नबी, उमरान मलिक और परवेज रसूल के बाद भारत के लिए खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के तीसरे खिलाड़ी बने थे। हालांकि, बल्लेबाजों के लिए मददगार गुवाहाटी की पिच पर नबी ने बगैर कोई विकेट हासिल किए 8.4 ओवर में 84 रन दिए। भारत की वनडे टीम में चुने जाने के कारण नबी जम्मू-कश्मीर के लिए हाल ही में हुए ईरानी कप मैच में नहीं खेल पाए, जिसमें टीम को ‘रेस्ट ऑफ इंडिया’ से 167 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
2025/26 रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर के लिए 60 विकेट लेकर पहली बार टाइटल जीतने में मदद करने के बाद नबी को अगस्त में श्रीलंका सीरीज के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह उस दौरे पर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके। इसके बाद उन्होंने सरे के साथ काउंटी चैंपियनशिप में कुछ समय बिताया था। अक्टूबर-नवंबर में होने वाले न्यूजीलैंड के ‘ए’ टीम दौरे (तीन मैच) और टेस्ट सीरीज (दो मैच) के लिए भारतीय टीम चुनने से पहले चयनकर्ता नबी के प्रदर्शन पर बारीकी से नजर रखेंगे।
जम्मू-कश्मीर अपनी रणजी ट्रॉफी का बचाव मध्य प्रदेश के खिलाफ 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले मैच से करेगा और फिर 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले मैच में विदर्भ की मेजबानी करेगा। वे बड़ौदा के खिलाफ एक ‘अवे’ मैच भी खेलेंगे और फिर व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट के लिए रणजी ट्रॉफी सीजन में ब्रेक आने से पहले पुडुचेरी की अपने घरेलू मैदान पर मेजबानी करेंगे।
जम्मू-कश्मीर रणजी ट्रॉफी तैयारी कैंप में शामिल खिलाड़ी: शुभम खजूरिया, यावर हसन, कामरान इकबाल, अब्दुल समद, पारस डोगरा, कवलप्रीत सिंह, शुभम पुंडीर, कन्हैया वधावन, आबिद मुश्ताक, वंशज शर्मा, रोहित शर्मा, आकिब नबी, उमरान मलिक, सुनील कुमार, उमर नजीर, लोन नासिर मुजफ्फर, साहिल लोट्रा और वसीम बशीर।
खेल
‘कोई नाराजगी नहीं, टीम के दरवाजे उनके लिए खुले हैं’, रोनाल्डो संग विवाद को लेकर बोले कोच जॉर्ज जीसस

पुर्तगाल फुटबॉल टीम के मुख्य कोच जॉर्ज जीसस ने कहा है कि अगर क्रिस्टियानो रोनाल्डो दोबारा नेशनल टीम के लिए खेलना चाहते हैं, तो उनके लिए टीम के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि रोनाल्डो को अगली टीम घोषणा से पहले अपने भविष्य और करियर को लेकर फैसला करना होगा।
41 साल के इस अनुभवी खिलाड़ी ने कोच जॉर्ज जीसस के साथ कप्तान की भूमिका को लेकर बढ़ते मतभेद पर सार्वजनिक रूप से बात करने के कुछ ही घंटों बाद नेशनल टीम का कैंप छोड़ दिया था। कैंप छोड़ने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “सही समय आने पर मैं सभी पुर्तगाली लोगों को नेशनल टीम छोड़ने के अपने कारणों के बारे में सच बताऊंगा, जिसके प्रति मैं हमेशा समर्पित रहा हूं।”
पुर्तगाल के एस्टाडियो डो ड्रगाओ में नॉर्वे को 2-1 से हराकर नेशंस लीग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के बाद इस अनुभवी खिलाड़ी के इंटरनेशनल भविष्य पर बात करते हुए जीसस ने कहा, “मुझे नहीं पता कि आगे क्या होगा। मेरी तरफ से सब कुछ खुला है। रोनाल्डो को अगली टीम घोषणा से पहले अपनी जिंदगी के बारे में फैसला करना होगा। अगर वह नेशनल टीम में रहना चाहते हैं और खेल रहे हैं, तो क्यों नहीं? कोई नाराजगी नहीं है, क्योंकि यह एक गलतफहमी थी। मुझे लगता है कि इसे सुलझाना आसान है। कब, यह मुझे नहीं पता। मैच खत्म हो गया है और अब हम देखेंगे कि चीजें कैसे आगे बढ़ती हैं।”
नेशंस लीग के शुरुआती मैच में वेल्स के खिलाफ पुर्तगाल की 1-0 की जीत में रोनाल्डो टीम का हिस्सा थे, लेकिन नॉर्वे के खिलाफ अगले मैच में उन्हें सब्स्टीट्यूट के तौर पर रखा गया और बताया गया कि उन्हें मैदान पर उतारा भी जा सकता है और नहीं भी। जब दूसरे हाफ के दौरान उनसे वार्म-अप करने के लिए कहा गया तो वे निराश दिखे, लेकिन उन्हें बेंच पर ही रहना पड़ा और मैच में सब्स्टीट्यूट के तौर पर नहीं उतारा गया। यह पहली बार था जब मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड के पूर्व फॉरवर्ड खिलाड़ी को 2008 के बाद से अपने देश के लिए किसी प्रतिस्पर्धी मैच में सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल होने के बावजूद मैदान पर नहीं उतारा गया।
रोनाल्डो के जाने के बाद, पुर्तगाली मिडफील्डर ब्रूनो फर्नांडीस ने कहा कि रोनाल्डो को शानदार अंदाज में विदाई मिलनी चाहिए। जब जीसस से पूछा गया कि क्या वे इससे सहमत हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “100 फीसदी। ब्रूनो फर्नांडीस ने जो कहा कि मैं उससे पूरी तरह सहमत हूं, क्योंकि मेरा भी यही सोचना था।”
उन्होंने आगे कहा, “हम कई चीजों पर बात कर रहे हैं। मैंने रोनाल्डो से एक बात यह कही थी कि वह वर्ल्ड कप में हारकर और रोते हुए अपना सफर खत्म नहीं कर सकते। उन्हें नेशनल टीम के लिए अपना खेल खत्म करना था, और इसीलिए उन्होंने पहला मैच खेला। इत्तेफाक से वह मैच अल्वालाडे में हुआ। उन्हें इस मुकाबले में यहां खेलना था, लेकिन जो कुछ हुआ, उसके बाद सब कुछ बदल गया। इससे सब कुछ साफ हो जाता है। अब, इसका इससे कोई लेना-देना नहीं है। मैं कोच हूं; मैं जिसे चाहूं उसे बुला सकता हूं। मैं किसी से नहीं पूछता कि मुझे किसे बुलाना है या कौन खेलेगा। एक कोच के तौर पर, कुछ ऐसे पल होते हैं जिन पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता, और इसी कारण मैं इससे ज्यादा साफतौर पर कुछ नहीं कह सकता।”
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
