मनोरंजन
मां बनने के बाद अभिनेत्रियों को क्यों नहीं मिलता काम, रुबीना दिलैक ने बताई इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई
दुनिया का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो जहां महिलाएं पुरुष के साथ कदम से कदम मिलाकर न चल रही हों, मगर अभिनेत्री रुबीना दिलैक का मानना है कि महिलाओं के साथ भेदभाव बरकरार है। अभिनेत्री ने मां बनने के बाद अभिनेत्रियों को काम न मिलने की वजह पर खुलकर बात की।
उन्होंने कहा कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में पुरानी सोच अभी भी बनी हुई है, जिसकी वजह से नई माओं को प्रोजेक्ट्स से बाहर रखा जाता है। रुबीना दिलकै के साथ बातचीत में बताया कि मेकर्स को लगता है कि जिस अभिनेत्री ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, उसमें अब पहले जितना स्टैमिना, जुनून और मेहनत करने की क्षमता नहीं रही। वे सोचते हैं कि ऐसा होने से प्रोजेक्ट को नुकसान हो सकता है।
रुबीना ने कहा, “स्टडीज बताती हैं कि 62 प्रतिशत महिलाएं प्रेग्नेंसी के बाद काम पर वापस नहीं लौट पातीं क्योंकि समाज उन्हें स्वीकार नहीं करता। इंडस्ट्री भी उन्हें कमजोर समझती है। मेकर्स की सोच होती है कि अब उनके अंदर स्टैमिना नहीं बचा, आगे बढ़ने की चाहत नहीं रही, इसलिए वे खुद को साबित नहीं कर पाएंगी। ऐसे में उन्हें प्रोजेक्ट में रखना नुकसानदायक होगा।”
अभिनेत्री ने बताया कि समाज महिलाओं पर लगातार दबाव बनाए रखता है। उन्हें कभी भी पूरी आजादी नहीं मिलती कि वे अपनी मर्जी से जीवन जी सकें। हर समय उन्हें जज किया जाता है। कई महिलाएं इतनी मजबूत नहीं होतीं कि इस दबाव के बावजूद अपना आत्मविश्वास बनाए रख सकें।
मां बनने के बाद रुबीना अपनी पर्सनल लाइफ के साथ प्रोफेशनल लाइफ को सफलतापूर्वक संभाल रहीं हैं। उन्होंने इसे दूसरी महिलाओं के लिए मिसाल बनाने का मौका बताया। रुबीना ने कहा, “मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे काम जारी रखने का मौका मिला है। अपनी इस यात्रा के जरिए मैं खुद को और दूसरी अभिनेत्रियों को यह दिखाना चाहती हूं कि मां बनने के बाद भी सारे दरवाजे बंद नहीं हो जाते। मैं उन सभी महिलाओं के लिए एक बेहतर रास्ता बनाना चाहती हूं जो इस डर में जी रही हैं।”
रुबीना जल्द ही रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड रियलिटी टीवी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 15वें सीजन में नजर आएंगी।
मनोरंजन
‘कैसी पहेली जिंदगानी’ से ‘सलाम-ए-इश्क’ तक, रेखा का हर डांस है मास्टरक्लास

रेखा भारतीय सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी अभिनय कला के साथ-साथ नृत्य-शैली से भी दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी है। रेखा के गाने सिर्फ परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि उनके अंदाज, भाव और नृत्य कला की पहचान हैं। अभिनेत्री के डांस में क्लासिकल और फिल्मी अंदाज का ऐसा मेल था, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाता था। उनके नृत्य में कोई जल्दबाजी नहीं, बल्कि एक खूबसूरत ठहराव था, जो दर्शकों को बांधकर रखता था।
हम आपको रेखा के कुछ सबसे आइकॉनिक और प्रसिद्ध डांस सॉन्ग और परफॉर्मेंस के बारे में बताएंगे, जो आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
इन आंखों की मस्ती : यह गाना निर्देशक मुजफ्फर अली की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘उमराव जान’ में फिल्माया गया था। इस गाने में अभिनेत्री रेखा ने बेहतरीन कथक-आधारित डांस स्टेप्स किए थे, जिसमें उन्होंने आंखों के भाव, शालीन, सिटिंग कोरियोग्राफी और अवध की नजाकत को दर्शाकर गरिमामयी मुद्राएं दिखाई थी, जिसने उनके इस परफॉर्मेंस को अमर कर दिया। इस गाने को आशा भोसले ने गाया था, संगीत खय्याम का था और इस फिल्म लिए रेखा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था।
दिल चीज क्या है : इस गाने को भी 1981 में रिलीज हुई फिल्म ‘उमराव जान’ में फिल्माया था। इस गाने में अभिनेत्री रेखा का नृत्य और अभिनय आज भी दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है। अभिनेत्री ने अपनी इस परफॉर्मेंस में कथक, हाथों के इशारे और पैरों की थाप को बेहद सहजता से पर्दे पर उतारा था। आंखों की मस्ती, पलकों का झुकना, और ‘आदाब’ करने के अंदाज ने इस परफॉर्मेंस में जान डाल दी थी। उन्होंने चेहरे के हाव-भाव और नजाकत से पूरे गाने को अमर बना दिया।
सलाम-ए-इश्क मेरी जान : साल 1978 में आई फिल्म ‘मुकद्दर का सिकंदर’ का यह गाना आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे रोमांटिक और सदाबहार गानों में गिना जाता है। इस गाने में रेखा ने ‘जोहरा बाई’ नाम की तवायफ का किरदार निभाया था। इस गीत में उनके नृत्य और अभिनय को आज भी एक मास्टरक्लास माना जाता है। गाने में रेखा ने कथक नृत्य की खूबसूरत मुद्राओं का बेहतरीन इस्तेमाल किया। गाने में उनके बैठने और उठने के सलीके में गजब का ठहराव था।
परदेसिया : यह फिल्म ‘मिस्टर नटवरलाल’ का बेहद लोकप्रिय और सदाबहार गाना है। गाने में रेखा ने बंजारन ड्रेस पहनी थी। गाने में अभिनेत्री का डांस और अमिताभ बच्चन के साथ उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई थी। इस गाने को लता मंगेशकर और किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी। इसका शानदार संगीत राजेश रोशन ने तैयार किया था, जो आज भी शादियों और त्योहारों पर खूब बजाया जाता है।
कैसी पहेली जिंदगानी : निर्देशक प्रदीप सरकार की फिल्म ‘परिणीता’ के इस गाने में अभिनेत्री ने एक स्पेशल रेट्रो-जैज अपीयरेंस दी थी। अपने करियर में दशकों बाद रेखा ने गाने में एक जैज क्लब सिंगर की भूमिका निभाई थी। गाने में उनका डांस पारंपरिक बॉलीवुड शैली का न होकर 1950-60 के दशक के क्लबों की कैबरे और जैज धुनों पर आधारित था।
मनोरंजन
कनिका-लव की लड़ाई में कूदी आम्रपाली, गुल्लू से हुई बहस

रियलिटी शो ‘बिग बॉस-20’ के हालिया एपिसोड में कुशल तंवर (गुल्लू) और आम्रपाली दुबे के बीच तीखी बहस देखने को मिली। बातचीत के दौरान गुल्लू ने कथित तौर पर अभिनेत्री के शरीर को लेकर ताना कसा।
दरअसल, राशन टास्क के बाद कनिका मान और लव गिल के बीच बहस हो रही थी। गुल्लू ने आरोप लगाया कि आम्रपाली दुबे इस मामले में आग में घी डालने का काम कर रही थीं, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।
आम्रपाली ने जवाब देते हुए कहा कि वह अपनी अच्छी दोस्त का साथ दे रही थीं, न कि लड़ाई को बढ़ा रही थीं, जैसा कि गुल्लू ने आरोप लगाया था। लड़ाई के दौरान विवाद तब और बढ़ गया, जब गुल्लू ने मर्यादा पार करते हुए आम्रपाली दुबे पर पर्सनल कमेंट्स किए।
उन्होंने आम्रपाली दुबे पर तंज कसा और उन्हें ‘मोटी बुद्धि’ कहा। इसके अलावा, उन्होंने आम्रपाली और लव गिल की दोस्ती की तुलना कार्टून कैरेक्टर ‘मोटू-पतलू’ से कर दी।
बता दें कि कनिका मान और लव गिल राशन टास्क के बाद आपस में भिड़ गए थे। लव ने टास्क खेला, जिसके कारण पूरे घर को उस हफ्ते राशन नहीं मिला। इससे कनिका बहुत नाराज हो गईं, क्योंकि लव को इसका कोई पछतावा भी नहीं था।
कनिका मान ने लव गिल के इस फैसले का कड़ा विरोध किया और उन्हें ‘स्वार्थी’ बताया। लव गिल ने अपनी सफाई में कहा कि वह केवल अपना गेम और टास्क 100 प्रतिशत ईमानदारी से खेल रही हैं। टास्क जीतने के बाद लव गिल को विशेष अधिकार मिला, जिसमें उन्होंने कनिका मान को कैप्टेंसी की रेस में नीचे (7वें नंबर पर) रखा।
‘बिग बॉस 20’ में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 16 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को घर में लाया गया है। शो में एमसी मैरी कॉम, कनिका मान, माही विज, कुशाल तंवर, अमन गांधी, ईशा रिखी, अरिश्फा खान, काजी तौकीर, आसिफ खान, आम्रपाली दुबे, रिति तिवारी, उदिति सिंह, तन्मय सिंह उर्फ स्काउट ओपी, रोहेद खान, यंग डीएसए और लव गिल जैसे नाम शामिल हैं।
मनोरंजन
नाना पाटेकर को कलाकार जुहैब खान ने दी अनोखी श्रद्धांजलि, दीवार पर कोयले से बनाई 6 फीट की तस्वीर

हिंदी सिनेमा के अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से उनके फैंस और फिल्म जगत में शोक है। इस बीच उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक कलाकार ने उन्हें अपनी कला के जरिए श्रद्धांजलि दी। कलाकार जुहैब खान ने एक दीवार पर कोयले से नाना पाटेकर की करीब छह फीट ऊंची तस्वीर बनाई। इसके पास उन्होंने ‘अलविदा नाना’ लिखा।
जुहैब का कहना है कि एक कलाकार दूसरे कलाकार को अपनी कला के जरिए ही सबसे अच्छी श्रद्धांजलि दे सकता है।
आईएएनएस से बातचीत में कलाकार जुहैब खान ने कहा, ”नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे, इसलिए मैंने उनके सम्मान में यह तस्वीर तैयार की। मैं अभिनेता को अपनी कला के जरिए श्रद्धांजलि देना चाहता था। इसलिए मैंने दीवार पर कोयले से करीब छह फीट का चित्र बनाया। एक कलाकार होने के नाते मैं समझता हूं कि कला के माध्यम से किसी दूसरे कलाकार के काम और उसके योगदान को याद किया जा सकता है।”
जुहैब खान ने नाना पाटेकर के फिल्मी सफर और समाज में उनके योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”नाना पाटेकर ने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाए। उनके काम ने लोगों को मनोरंजन देने के साथ-साथ समाज में जागरूकता पैदा करने का काम भी किया। समाज हमेशा उनके इस योगदान के लिए आभारी रहेगा। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।
बता दें कि नाना पाटेकर का निधन 8 अक्टूबर की सुबह हो गया था। जानकारी के मुताबिक, उन्हें गुरुवार को गोवा में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामले में मेडिको-लीगल प्रक्रिया के तहत अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू की। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया भी की गई।
नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पुणे के डोंजे गांव स्थित उनके फार्महाउस पर किया गया। उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने उन्हें मुखाग्नि दी। उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस बल ने उन्हें तीन गन सैल्यूट दिए। अभिनेता जैकी श्रॉफ, निर्देशक अनिल शर्मा, अनीस बज्मी और निर्माता फिरोज नाडियाडवाला समेत फिल्म जगत की कई हस्तियां और अन्य लोग अंतिम विदाई में मौजूद रहे।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
