खेल
‘शानदार, दमदार’, चैंपियंस ट्रॉफी जीत पर गौतम अदाणी ने की टीम इंडिया की सराहना
नई दिल्ली, 10 मार्च। भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में बिना कोई मैच गंवाए जबरदस्त प्रदर्शन किया। यह कुछ ही महीनों के अंतराल पर कप्तान रोहित शर्मा की लगातार दूसरी आईसीसी ट्रॉफी है और हेड कोच गौतम गंभीर की पहली आईसीसी ट्रॉफी है। भारत की बड़ी जीत के बाद अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने टीम इंडिया की सराहना की।
अदाणी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में टीम इंडिया की जीत के बाद गर्व और खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया। गौतम अदाणी ने अपने पोस्ट में लिखा – “शानदार, दमदार, बेहतरीन, विजयी! भारत ने बाजी मार ली!”
अदाणी ग्रुप के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से भी इस जीत का जश्न मनाते हुए लिखा गया – “बधाई हो, टीम इंडिया! एक बार फिर चैंपियन बनने पर गर्व है।”
फाइनल मुकाबले में भारत को जीत के लिए 252 रन बनाने थे। दुबई की धीमी और टर्न लेने वाली पिच पर भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान रोहित शर्मा ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए, जबकि शुभमन गिल ने संभलकर खेलते हुए उनका साथ दिया। हालांकि, न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने गिल और विराट कोहली को जल्दी आउट कर टीम इंडिया को दबाव में डाल दिया, लेकिन श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाल लिया।
न्यूजीलैंड के स्पिन गेंदबाजों ने कड़ी टक्कर दी और लगातार विकेट लेते रहे, जिससे भारत के लिए लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं था। हालांकि, रोहित शर्मा की 83 गेंदों में 76 रनों की धमाकेदार पारी और श्रेयस अय्यर, केएल राहुल व हार्दिक पांड्या के उपयोगी योगदान से भारत ने संयम बनाए रखा और जीत दर्ज की।
रोहित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी और मिडिल ऑर्डर के सहयोग से भारत ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि कुछ महीने पहले ही भारत को 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपराजित रही। उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश पर जीत से की, फिर पाकिस्तान को भी हराया। लीग मुकाबलों में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
खेल
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली पारी भूल जाओ’, फाइनल से पहले सचिन ने जेमिमा को दी थी सलाह

नई दिल्ली, 10 जून: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा है कि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उनके कोच से वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल से पहले एक खास संदेश देने को कहा था।
जेमिमा ने कहा है कि सचिन तेंदुलकर ने उनके कोच से कहा था कि मैं वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली शतकीय पारी भूल जाऊं और फाइनल में शून्य से शुरुआत करूं।
रोड्रिग्स ने जियोस्टार पर कहा, “सचिन सर ने मेरे कोच प्रशांत शेट्टी को फोन किया। उन्होंने कोच से कहा कि वे मुझे बताएं कि वे समझते हैं कि पिछले कुछ दिन मेरे लिए बहुत अहम रहे हैं—सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी पारी खेलना और उन्हें हराने की खुशी। लेकिन उन्होंने मुझे याद दिलाया कि काम अभी खत्म नहीं हुआ है। हमें अभी फाइनल जीतना है।”
जेमिमा ने आगे कहा, “तेंदुलकर ने कहा कि उस पारी को भूलने की कोशिश करो और जीरो से शुरुआत करो। उस संदेश ने मुझे अपना मन फिर से तैयार करने में बहुत मदद की। मुझे समझ आया कि आपने पहले क्या किया है, उससे अगला मैच नहीं जीता जाता। आपको हर मैच को एक नई शुरुआत की तरह देखना चाहिए। एक महान खिलाड़ी की उस सलाह ने फाइनल से पहले मुझे बहुत स्पष्टता दी।”
वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के दिए 339 रन के लक्ष्य को भारत ने 48.3 ओवर में 5 विकेट पर 341 रन बनाकर हासिल किया था। भारत की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं जेमिमा रोड्रिग्स 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 127 रन बनाकर नाबाद रही थीं। जेमिमा की इस पारी की वजह से ही भारतीय टीम फाइनल में जगह बना पाई थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए फाइनल में जेमिमा ने 24 रन बनाए थे।
खेल
5 बल्लेबाज, जिन्होंने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाए

नई दिल्ली, 10 जून: विमेंस टी20 वर्ल्ड के 9 सीजन में अब तक कई बल्लेबाजों ने अपनी चमक बिखेरी है। आइए, उन 5 महिला खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन अपने नाम किए।
बेथ मूनी: ऑस्ट्रेलिया की यह दिग्गज खिलाड़ी लिस्ट में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2020 में 64.75 की औसत के साथ कुल 259 रन बनाए थे। इस दौरान मूनी ने 3 अर्धशतकीय पारियां खेलीं। उनके बल्ले से 2 छक्के और 30 चौके निकले। बांग्लादेश के खिलाफ मूनी ने 58 गेंदों में 81 रन की पारी भी खेली थी।
मेग लैनिंग: इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का नाम है। मेग लैनिंग ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2014 में कुल 6 मैच खेले, जिसमें 42.83 की औसत के साथ 257 रन बनाए। इस दौरान लेनिंग ने एक शतक और 1 अर्धशतक लगाया।
स्टेफनी टेलर: वेस्टइंडीज की इस दिग्गज बल्लेबाज ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 के 6 मुकाबलों में 41 की औसत के साथ 246 रन बनाए। इस दौरान स्टेफनी ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध फाइनल मैच के दौरान 57 गेंदों में 59 रन की पारी खेलकर वेस्टइंडीज को चैंपियन बनाया था।
एलिसा हीली: ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2020 के 6 मुकाबलों में 39.33 की औसत के साथ 236 रन बनाए थे। इस दौरान 3 अर्धशतक लगाए। हीली उस सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों में बेथ मूनी के बाद दूसरे स्थान पर थीं।
लॉरा वोल्वार्ड्ट: साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2023 में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, जिन्होंने 6 मुकाबलों में 46 की औसत के साथ 230 रन बनाए। इस दौरान वोल्वार्ड्ट के बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले। इस संस्करण में लॉरा ने बांग्लादेश के खिलाफ 56 गेंदों में 66 रन खेली थी। ताजमिन ब्रित्ज के साथ 117 रन की अटूट साझेदारी करते हुए उस मुकाबले को 10 विकेट से जीता। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध फाइनल में 48 गेंदों में 61 रन की पारी खेली, लेकिन टीम 19 रन से खिताब चूक गई
अपराध
कर्नाटक: ब्लैकमेल कर व्यापारी से 2.77 करोड़ रुपए वसूलने के आरोप में यूथ कांग्रेस नेता और उसका साथी गिरफ्तार

मंगलुरु, 9 जून: कर्नाटक के मंगलुरु में जबरन वसूली का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक प्रमुख व्यापारी को ब्लैकमेल करने और लगभग दो साल में 2.77 करोड़ रुपए वसूलने के आरोप में यूथ कांग्रेस के एक पदाधिकारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मंगलुरु यूथ कांग्रेस के महासचिव निजाम और जितेश के तौर पर हुई है। आरोप है कि जितेश ने पहले व्यापारी को अपने जाल में फंसाया और बाद में उसकी अश्लील तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने बताया कि जितेश ने शुरू में 35 लाख की मांग की और वीडियो को पीड़ित की पत्नी को दिखाने की धमकी दी। अपनी बदनामी के डर से व्यापारी ने चेक के जरिए यह रकम दे दी।
जब पैसों की मांग जारी रही तो व्यापारी ने मदद के लिए निजाम से संपर्क किया, हालांकि पुलिस का आरोप है कि निजाम ने मदद करने के बजाय जितेश का साथ दिया और जबरन वसूली के इस रैकेट में शामिल हो गया।
इसके बाद दोनों ने आत्महत्या की एक झूठी कहानी रची। निजाम ने मई 2024 में व्यापारी को बताया कि जितेश ने आत्महत्या कर ली है और सुसाइड नोट में पीड़ित का नाम लिखा है। कहानी को सच साबित करने के लिए आरोपियों ने जितेश की मौत और अंतिम संस्कार की तस्वीरें दिखाईं और व्यापारी को आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी।
गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी के डर से व्यापारी पैसे देता रहा। पुलिस ने बताया कि 2024 से 2026 के बीच पीड़ित से कुल 2.77 करोड़ रुपए वसूले गए। यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब जून 2026 में व्यापारी ने जितेश को मंगलुरु में जिंदा देखा। जिस व्यक्ति को वह मरा हुआ समझ रहा था, उसे जिंदा देखकर वह हैरान रह गया और उसने उरवा पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने निजाम और जितेश दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की और जानकारी के लिए आगे की जांच चल रही है। इस बीच गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर मंगलुरु और पूरे कर्नाटक के कई राजनीतिक नेताओं के साथ निजाम की तस्वीरें वायरल हो गई हैं।
-
दुर्घटना9 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र11 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
