राष्ट्रीय समाचार
यूपी के बदायूं में दो स्कूल वाहनों की भिड़ंत में 3 बच्चों समेत 4 की मौत
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार को दो स्कूल वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई जिसमें तीन बच्चों समेत एक वाहन चालक की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि बदायूं जिले के थाना उसावां क्षेत्र में सोमवार को स्कूल बस और वैन की टक्कर हुई। हादसे में बस चालक और तीन छात्रों की मौत हुई है। 16 छात्र घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बच्चों के बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, एक छात्र और भी गंभीर है। सारे मामले की जांच हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बा म्याऊं स्थित एसआरपीएस स्कूल की वैन और सत्यदेव इंटर कॉलेज की बस गांवों से बच्चों को लेकर जा रही थी। नवीगंज के पास स्कूल बस और वैन की तेज टक्कर हो गई। हादसा होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही बच्चों के स्वजन भी पहुंच गए। घायल बच्चों को निकाल कर सड़क पर लिटा दिया गया, जिससे कई बच्चों की मृत्यु की सूचना फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया।
राजनीति
2027 की सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे राहुल, लखनऊ से रायबरेली रवाना

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राहुल गांधी मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचे, जहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन के बाद वह सड़क मार्ग से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लिए रवाना हो गए।
उनके इस दौरे को कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी बछरावां विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां वह बरातघर और मैरिज हॉल का उद्घाटन करेंगे तथा ग्राम विकास संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद वह सरस्वती महाविद्यालय, खीरो में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में युवाओं और क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे।
दौरे के दौरान राहुल गांधी लालगंज और सरेनी क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में महंगाई, महिलाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाया जा सकता है। वैभव नगर में सड़क परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी हरचंदपुर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। दौरे के दूसरे दिन 20 मई को राहुल गांधी लोधवारी में स्वतंत्रता सेनानी वीरवर वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके अलावा, वह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात करेंगे और जनसभा को संबोधित करने के बाद अमेठी रवाना होंगे। अमेठी दौरे के दौरान, राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के पैतृक गांव भी जाएंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा पिछले कई दिनों से राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रायबरेली और अमेठी से गांधी परिवार का पुराना राजनीतिक और भावनात्मक रिश्ता रहा है।
ज्ञात हो रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद राहुल गांधी लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रिय है। वह मौके मौके पर दौरा करते रहते हैं। लगातार कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते रहते हैं।
राष्ट्रीय समाचार
जम्मू-कश्मीर: पेंट गोदाम में लगी भीषण आग, सेना की ली गई मदद

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के कनली बाग स्थित एक पेंट की दुकान में भीषण आग की घटना सामने आई है।
कनली बाग स्थित बीके ट्रेडर्स के पेंट गोदाम में लगी आग पर 3 घंटे चले अभियान के बाद काबू पा लिया गया। इस अभियान में दमकल की सात गाड़ियां शामिल थीं। रेस्क्यू अभियान में सेना और पुलिस की भी मदद ली गई। इस घटना में चार स्थानीय युवक घायल हो गए।
सोपोर मुख्यालय के प्रभारी मजीद ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि गलत तरीके से गाड़ी और बाइक पार्क करने की वजह से हमें परेशानी हो रही थी। आग पर काबू पाने के लिए लोगों ने हमारी मदद की। उन्होंने बताया कि बारामूला से तीन, सोपोर से दो, संग्रामा से एक और दरियाव में हमने दो फायर पंप इंस्टॉल किए, तब जाकर आग पर काबू पाया गया।
मजीद ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। रेस्क्यू अभियान खत्म होने के बाद आग लगने की वजह का पता लगाएंगे। पेंट की दुकान होने की वजह से आग पर काबू पाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं। सेना और पुलिस के जवानों ने आग बुझाने में हमारी मदद की। आग पर काबू पाने में दो घंटे से ज्यादा का वक्त लगा।
इससे पहले हाल ही में मध्य प्रदेश के देवास में भी एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई थी। इस घटना के बाद देवास के जिला प्रशासन ने कमर कस ली। प्रशासन की ओर से जिलेभर में संचालित हो रही सभी पटाखा फैक्ट्रियों की जांच पड़ताल शुरू की गई। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जांच की थी।
राजस्थान के कोटा में 17 मई को राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी बोगी में भी आग की घटना हुई थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद रेलवे की ओर से देशभर में कोचों और रेलवे से जुड़े फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच शुरू की गई।
राष्ट्रीय समाचार
‘कुरुवाई’ खेती पर संकट, मेट्टूर डैम में जलस्तर गिरने से कावेरी डेल्टा में किसानों की चिंताएं बढ़ीं

मेट्टूर डैम में पानी के भंडारण स्तर में भारी गिरावट ने तमिलनाडु के कावेरी डेल्टा क्षेत्र में ‘कुरुवाई’ खेती को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। किसानों और कृषि विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि इस बार 12 जून को पारंपरिक रूप से होने वाला पानी का छोड़ा जाना संभव नहीं लग रहा है।
रविवार को मेट्टूर डैम का जलस्तर 79 फीट दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 108 फीट था। जलाशय में पानी का भंडारण भी घटकर 41.035 टीएमसी (हजार मिलियन घन) रह गया है, जबकि 2025 की समान अवधि में यह 76.031 टीएमसी था।
परंपरा के अनुसार, कुरुवई खेती के लिए मेट्टूर डैम से पानी तभी छोड़ा जाता है, जब जलस्तर 100 फीट से अधिक होता है। मौजूदा भंडारण स्तर इस सीमा से काफी नीचे होने के कारण, यह चिंता बढ़ रही है कि इस साल तय समय पर बांध खोलना शायद संभव न हो पाए। इस घटनाक्रम ने कावेरी डेल्टा क्षेत्र के किसानों की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
2020 से 2025 के बीच मेट्टूर से पानी आमतौर पर समय पर ही छोड़ा गया, जिसके परिणामस्वरूप बंपर फसलें हुईं और कई वर्षों तक कुरुवाई खेती ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को भी पार कर लिया। इस दौरान ‘सांबा’ खेती भी काफी अच्छी रही।
इस साल सरकार ने खेती के लक्ष्य में भी कमी की है। कुरुवाई खेती का लक्ष्य घटाकर 3.44 लाख एकड़ कर दिया गया है, जबकि 2025 में यह 6.31 लाख एकड़ था। जिलों के हिसाब से तंजावुर में 1.57 लाख एकड़, तिरुवरूर में 97,000 एकड़, मयिलादुथुराई में 87,000 एकड़ और नागपट्टिनम में 59,000 एकड़ का लक्ष्य रखा गया है।
हालांकि, पूरे डेल्टा क्षेत्र में कृषि गतिविधियां काफी धीमी गति से आगे बढ़ रही हैं। बताया जा रहा है कि अब तक निर्धारित लक्ष्य क्षेत्र का केवल 35 प्रतिशत हिस्सा ही खेती के दायरे में आ पाया है।
जिन किसानों ने पहले ही खेती शुरू कर दी है, वे मुख्य रूप से भूजल संसाधनों और बोरवेल पर निर्भर हैं और साथ ही वे अनुकूल दक्षिण-पश्चिम मानसून की स्थितियों की उम्मीद कर रहे हैं। कृषि विशेषज्ञों का अनुमान है कि पीने के पानी की जरूरतों के लिए पानी दिए जाने के कारण जून की शुरुआत तक डैम में पानी का स्तर और कम हो सकता है, जिससे सिंचाई की योजना बनाने पर दबाव बढ़ जाएगा।
इसके साथ ही, पानी के बंटवारे के तय नियमों के अनुसार, तमिलनाडु को कावेरी नदी के पानी में से उसका तय हिस्सा दिए जाने की मांग भी जोर पकड़ रही है।
पानी की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी रहने के कारण यह चिंता भी बढ़ रही है कि मौजूदा कृषि सीजन में किसान जोखिम कम करने और संभावित नुकसान को रोकने के लिए अपना ध्यान अधिक से अधिक ‘एक सांबा फसल’ की रणनीति पर केंद्रित कर सकते हैं।
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
दुर्घटना9 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र11 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
-
न्याय2 years agoमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर
