खेल
चीन में बीजिंग 2022 ट्रायल्स को छोड़कर 2020 में कोई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं
चीन ने कहा है कि वह 2022 ट्रायल्स को छोड़कर इस साल कोई भी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन नहीं करेगा। चीन के खेल प्रशासन ने गुरुवार को इस फैसले की जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन ने ‘विज्ञान और व्यवस्था के आधार पर खेल टूर्नामेंटों को फिर से शुरू करने की योजना’ नाम से एक कार्यक्रम जारी किया है। इस योजना के कारण बहुत सारे अंतर्राष्ट्रीय खेल कार्यक्रम प्रभावित होंगे।
पुरुषों का अल्पाइन स्की वल्र्ड कप, बीजिंग 2022 का पहला टेस्ट इवेंट था, जो कि मूल रूप से 15-16 फरवरी को बीजिंग के यानकिंग जिले में आयोजित होनी थी। इसे भी कोविड-19 के कारण जनवरी में रद्द कर दिया गया था।
खेल
‘जीत के साथ शुरुआत करना हमेशा अच्छा होता है’: मिचेल स्टार्क

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने शुक्रवार को आईपीएल 2026 का अपना पहला मैच खेला। स्टार्क ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ खेलते हुए शानदार गेंदबाजी की और अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
इंजरी की वजह से डीसी के लिए सीजन के शुरुआती 8 मैच नहीं खेल सके स्टार्क ने आरआर के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट लिए।
मैच के बाद स्टार्क ने आईपीएल द्वारा साझा एक वीडियो में कहा, “जीत के साथ शुरुआत करना हमेशा अच्छा होता है। टीम में वापस आकर अच्छा लगा। एक सप्ताह से ग्रुप का हिस्सा हूं, इस दौरान ट्रेनिंग करना अच्छा लगा।”
स्टार्क ने कहा, “लगभग तीन महीने में यह पहली बार है जब मैंने किसी बल्लेबाज को गेंदबाजी की है। मैं इतना लंबा खेल चुका हूं कि मुझे पता है कि तैयार होने के लिए मुझे क्या करना है। शायद गेम की गति पकड़ने में थोड़ा समय लगा। मैंने कुछ समय से व्हाइट-बॉल क्रिकेट नहीं खेला है। यह टेस्ट क्रिकेट से थोड़ा तेज है। जीत हासिल करना अहम था। निजी तौर पर पैरों पर कुछ मील दौड़कर अच्छा लगा।”
राजस्थान के खिलाफ शुरुआती विकेट की अहमियत पर उन्होंने कहा, “हां, हम जानते हैं कि राजस्थान एक ऐसी टीम है जिसने कुछ बड़ी ओपनिंग साझेदारी की हैं। दोनों ओपनर ने कई गेम में उनके लिए बहुत अच्छा खेला है, इसलिए हमारे लिए, मुझे लगता है कि किसी भी गेम के पावरप्ले विकेट जरूरी हैं, लेकिन निश्चित रूप से राजस्थान के खिलाफ, अगर हम पावर प्ले में मिडिल ऑर्डर में आ जाते हैं, तो इसका मतलब है कि हम उनसे थोड़ा ज्यादा अपनी शर्तों पर गेम को आगे बढ़ा रहे हैं, इसलिए दो शुरुआती ब्रेकथ्रू मिलना बहुत मददगार रहा। बीच में कुछ साझेदारियां हुईं, लेकिन हां, मुझे लगता है कि हमारे बल्लेबाजों ने अच्छी तरह लक्ष्य का पीछा किया।”
स्टार्क ने सलामी बल्लेबाजों केएल राहुल और पाथुम निसांका की प्रशंसा करते हुए लक्ष्य को हासिल करने में उनके योगदान को सराहा।
अगले मैचों पर बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कहा, “हम एक बार में एक मैच पर ध्यान देंगे। हमारा फोकस अब अगले मैच पर है।”
मैच की बात करें तो डीसी ने आरआर के दिए 226 रन के लक्ष्य को 19.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था।
खेल
जेसन होल्डर जीटी में संतुलन और ताकत बढ़ाते हैं: संजय बांगड़

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगड़ ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस (जीटी) की तरफ से खेल रहे वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर जेसन होल्डर की जमकर तारीफ की है। बांगड़ ने होल्डर को जीटी के लिए एक अहम खिलाड़ी बताया।
बांगर ने जियोस्टार पर कहा, “उनके जैसा ऑल-राउंडर, खासकर विदेशी तेज गेंदबाज, टीम में संतुलन बढ़ाने के साथ ताकत बढ़ाता है। गेम की उनकी समझ लाइन और लेंथ पर उनके नियंत्रण में दिखती है। आपने देखा होगा कि जब कोई बल्लेबाज उन्हें हिट करने की कोशिश करता था, तो वह तुरंत एडजस्ट कर लेते थे। वह बहुत स्मार्ट क्रिकेटर हैं। पहले भी टीमों को लीड कर चुके होने के कारण, वह यह भी जानते हैं कि गेम कैसे खत्म करना है। कुल मिलाकर, जीटी के साथ उनका आना टीम के लिए बेहद फायदेमंद है।”
जेसन होल्डर को आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में जीटी ने 7 करोड़ में खरीदा था। होल्डर की गेंदबाजी और बल्लेबाजी क्षमता से टीम को संतुलन की उम्मीद थी और होल्डर पूरी तरह से उस भूमिका को निभाते दिख रहे हैं।
गुरुवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हुए मैच में होल्डर ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में प्रभावी भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच रहे। होल्डर ने 4 ओवर में 29 रन देकर जितेश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड के रूप में 2 विकेट लिए। इसके बाद बल्लेबाजी के दौरान 10 गेंदों पर अहम 12 रन बनाए।
सीजन में होल्डर ने 3 मैच खेले हैं जिसमें 3 विकेट लेने के साथ ही 2 पारियों में 35 रन बनाए हैं।
जीटी 9 मैचों में 5 जीत के साथ 10 अंक लेकर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। आगे के 5 मैचों में जीटी का प्रदर्शन कैसा रहेगा और क्या टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर पाएगी, इसमें होल्डर की भूमिका अहम हो सकती है।
जीटी में होल्डर को हार्दिक पांड्या के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
खेल
यूईएफए चैंपियंस लीग: एटलेटिको मैड्रिड और आर्सेनल के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा

यूईएफए चैंपियंस लीग 2026 के सेमीफाइनल के पहले लेग में स्पेन के मेट्रोपोलिटानो स्टेडियम में एटलेटिको मैड्रिड और आर्सेनल के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। फाइनल का टिकट कटाने के लिए अगले सप्ताह दोनों टीमें लंदन में एक-दूसरे के सामने होंगी।
मैच में दोनों गोल पेनल्टी से आए। आर्सेनल के लिए यह ड्रॉ थोड़ा निराशाजनक रहा, क्योंकि वीएआर के देर से हस्तक्षेप के कारण उन्हें दूसरे पेनल्टी का मौका नहीं मिल सका, जो शायद मैच का परिणाम बदल सकता था।
एटलेटिको मैड्रिड ने अपने घरेलू मैदान पर मजबूत शुरुआत की। टीम ने लेफ्ट विंग पर एडेमोला लुकमैन और गोलपोस्ट के नीचे जान ओब्लाक को उतारा, जबकि मिडफील्ड में पाब्लो बैरियोस की गैरमौजूदगी में जॉनी कार्डोसो ने जिम्मेदारी संभाली। दूसरी ओर, आर्सेनल के लिए एबेरेची एजे और बुकायो साका पूरी तरह फिट नहीं थे और उन्हें बेंच पर रखा गया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमें सतर्क नजर आईं और किसी भी तरह की रक्षात्मक गलती से बचने की कोशिश करती रहीं। आर्सेनल के नोनी मादुके ने दाईं ओर से शानदार दौड़ लगाकर पहला मौका बनाया, जबकि गोलकीपर डेविड राया ने गिउलिआनो शिमोन के प्रयास को नाकाम कर दिया।
पहले हाफ के अंतिम मिनट में आर्सेनल को पेनल्टी मिली, जब विक्टर ग्योकेरेस को डेविड हैंको ने बॉक्स के अंदर धक्का दिया। ग्योकेरेस ने खुद ही पेनल्टी लेकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत में ही एटलेटिको ने वापसी कर ली। 56वें मिनट में बेन व्हाइट के हैंडबॉल के बाद वीएआर की मदद से एटलेटिको को पेनल्टी मिली, जिसे जूलियन अल्वारेज ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।
78वें मिनट में आर्सेनल को एक और पेनल्टी मिलने की उम्मीद जगी, लेकिन वीएआर ने रेफरी के फैसले को पलट दिया। इसके बाद भी आर्सेनल ने कोशिश जारी रखी, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी। अंततः मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र10 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
न्याय2 years agoमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर
-
अपराध4 years agoबिल्डर पे लापरवाही का आरोप, सात दिनों के अंदर बिल्डिंग खाली करने का आदेश, दारुल फैज बिल्डिंग के टेंट आ सकते हैं सड़कों पे
