मनोरंजन
मालिनी रामानी ने फैशन की दुनिया को कहा अलविदा
डिजाइनर मालिनी रामानी का मानना है कि फैशन को कभी किसी एक कलाकार तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। कभी-कभार इंसान को किसी एक क्षेत्र में खुद को सीमित रखने के बजाय अन्य चीजों में भी हाथ आजमाने चाहिए और अपने सपनों को पूरा करना चाहिए। मालिनी ने इस बीच फैशन के व्यवसाय को अलविदा कहने का फैसला लिया है। इस इंडस्ट्री में वह लगभग दो दशक बिता चुकी हैं।
आईएएनएस लाइफ से बात करते हुए उन्होंने बताया, “मुझे कपड़े, जूते, कुशन, लैंपशेड्स डिजाइन करना बहुत पसंद है। मैं दिल से एक डिजाइनर हूं, लेकिन खुद को एक ही क्षेत्र तक सीमित नहीं रखना चाहती हूं।”
मालिनी का मानना है कि यह कुछ नया करने का एक सही वक्त है। उन्हें यह फैसला लिए अभी ज्यादा दिन भी नहीं हुआ है। महज तीन हफ्ते पहले ही उन्होंने अपने लिए यह निर्णय लिया है।
अचानक से इस फैसले को लेने और दिल्ली व गोवा में अपने स्टोर्स को बंद करने के पीछे की वजह क्या है? फैशन से ब्रेक लेने का फैसला आखिर उन्होंने क्यों लिया? इस पर मालिनी ने कहा, “इस पर मैं पिछले कुछ समय से विचार कर रही थी।”
उन्होंने आगे बताया, “मैं किसी एक ही दिशा में आगे नहीं बढ़ना चाहती। एक ही शैली की फैशन डिजाइनर, जिसके लिए कुछ निश्चित निर्देशों का पालन करना जरूरी है। एक ही तरह से काम करना अब मुझे रास नहीं आ रहा था, लेकिन यह बात जरूर है कि मुझे परिधानों को डिजाइन करना अच्छा लगता है और यह हमेशा से मेरी पहली पसंद रही है।”
फैशन इंडस्ट्री पर महामारी के प्रभाव के विषय पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “दुनिया में अभी जिस तरह की स्थिति है, उसे देखते हुए यही कहा जा सकता है कि हम सभी पर खतरों के काले बादल मंडरा रहे हैं। यह किसी पार्टी के लिए चमकीले, स्टाइलिश परिधानों को डिजाइन का करने का वक्त नहीं है। मैं इसे इसी तरह से देखती हूं।”
वह आगे कहती हैं, “फैशन इंडस्ट्री वर्तमान समय में बेहद बुरी तरीके से प्रभावित है। दुनिया के बड़े-बड़े लग्जरी ब्रांड भी इसकी चपेट में आए हैं। भारतीय डिजाइनर्स भी इससे अछूते नहीं रहे हैं।”
क्या हम मालिनी रामानी हाउस से आने वाले समय में एक नए ब्रांड की उम्मीद कर सकते हैं, इस पर उन्होंने कहा, “मैं निश्चित तौर पर परिधानों की एक नई श्रेणी के साथ अपनी वापसी करूंगी, लेकिन इस वक्त मैं कुछ समय के लिए ब्रेक ले रही हूं। मैं पिछले बीस सालों से अपने टेलर्स, स्टाफ, बुनकर और कई सारे हित धारकों के साथ एक फ्रैक्ट्री और एक बिजनेस चला रही हूं। इस दौरान मैं पहली बार ब्रेक ले रही हूं। कुछ वक्त अपने साथ बिताना चाहती हूं। मैं एक बेहतर और समग्र रूप से जीवन बिताने के कुछ तौर-तरीकों पर इस बीच जानकारी हासिल करना पसंद करूंगी।”
मनोरंजन
सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का बदला नाम, अब ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के नाम से होगी रिलीज

मुंबई, 16 मार्च : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान पिछले कुछ समय से अपनी आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इस फिल्म की कहानी भारत और चीन के बीच हुए गलवान घाटी के घटनाक्रम से प्रेरित बताई जा रही है। लेकिन अब इस फिल्म को लेकर एक नया और बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, फिल्म के मेकर्स ने रिलीज से पहले इसका नाम बदल दिया है, जिससे फैंस के बीच फिर से चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, सोमवार को सलमान खान की प्रोडक्शन कंपनी सलमान खान फिल्म्स ने आधिकारिक तौर पर इस फिल्म के नए नाम की घोषणा की। अब यह फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के नाम से रिलीज होगी। पहले इस प्रोजेक्ट को ‘बैटल ऑफ गलवां’ के नाम से जाना जा रहा था। नाम बदलने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म का एक नया पोस्टर भी जारी किया, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही लोगों का ध्यान खींच लिया।
इस पोस्टर में सलमान खान बेहद अलग और गंभीर नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर खून और जख्म साफ दिखाई दे रहे हैं। उनके माथे पर गहरी चोट है और चेहरा धूल-मिट्टी से भरा हुआ है। उनकी आंखों में गुस्सा और दर्द का मिला-जुला भाव है। पोस्टर में सबसे ध्यान खींचने वाला हिस्सा एक ऐसा हथियार है जिसे वह अपने हाथ से रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस हथियार के ऊपर कांटेदार तार लिपटा हुआ है और उस पर खून के निशान भी दिखाई देते हैं। वहीं, बैकग्राउंड को धुएं और धूल से भरा हुआ दिखाया गया है; इसमें कुछ सैनिक हथियार के साथ दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस पोस्टर का माहौल युद्ध जैसा महसूस होता है।
सलमान खान ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’, यानी युद्ध का अंत हो और शांति कायम रहे।
फिल्म में सलमान खान कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो 16 बिहार रेजिमेंट का नेतृत्व करते हुए लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल पर स्थिति संभालते हैं। वहीं उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा, अभिनेता अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी फिल्म में अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।
बॉलीवुड
धुरंधर 2 ट्रेलर: ‘किंग’ बनकर लौटे रणवीर सिंह, एक्शन और बदले की आग ने मचाया धमाल

नई दिल्ली, 7 मार्च : फिल्म इंडस्ट्री के पावरहाउस स्टार रणवीर सिंह एक बार फिर धमाल मचाने को तैयार हैं। उनकी मोस्टअवेटेड फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने फैंस में जबरदस्त हलचल मचा दी है। फिल्म के धांसू ट्रेलर में बवाल ही बवाल देखने को मिला है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर में रणवीर सिंह अपने किरदार में पहले से कहीं ज्यादा खूंखार और ताकतवर नजर आ रहे हैं। वे ल्यारी के ‘किंग’ बनकर दुश्मनों से बदला लेते दिख रहे हैं। ट्रेलर में रहमान डकैत (अक्षय खन्ना के किरदार) की भी एक छोटी सी झलक है। फिल्म के पहले भाग में रहमान डकैत की मौत हो चुकी है। अब उसकी विरासत से जुड़े बवाल को लेकर सस्पेंस बढ़ा है।
यही नहीं करीब 3 मिनट 25 सेकंड के ट्रेलर में हिंट मिलता है कि रहमान डकैत के निधन के बाद पाकिस्तान में बवाल मच गया है। ट्रेलर में दिखाए गए इंटेंस एक्शन सीन और डायलॉग्स जैसे “हौसला – ईंधन – बदला” ने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। यह स्पष्ट करता है कि यह कहानी पहले भाग से ज्यादा पर्सनल और खतरनाक है।
ट्रेलर में संजय दत्त (असलम चौधरी), अर्जुन रामपाल (मेजर इकबाल) और अन्य कलाकारों के दमदार अभिनय से कहानी में गहराई आती दिख रही है। आर माधवन जैसे सितारों की मौजूदगी ने भी इसे और मजबूत बनाया है।
निर्देशक आदित्य धर ने शानदार एक्शन सीक्वेंस दिए हैं, जिसमें बड़े पैमाने पर फाइट्स, ग्लोब-ट्रॉटिंग मिशन और पर्सनल रिवेंज का मिश्रण है। बैकग्राउंड म्यूजिक पावरफुल है जो उत्साह बढ़ाता है।
पहली फिल्म ‘धुरंधर’ ने भारत के साथ विदेशों में भी कमाल की कमाई की थी, खासकर नॉर्थ अमेरिका, कनाडा, यूके और ऑस्ट्रेलिया में। अब ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इससे भी बड़ा धमाल मचाएगी।
फिल्म जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी है। आदित्य धर ने इसे लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। यह हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में 19 मार्च को रिलीज होगी।
बॉलीवुड
7 मार्च को रिलीज होगा ‘धुरंधर-2’ का ट्रेलर, रिलीज डेट के साथ सामने आया नया पोस्टर

मुंबई, 6 मार्च : साल 2026 की सबसे धमाकेदार फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म का ट्रेलर कल, यानी 7 मार्च, को रिलीज के लिए तैयार है, और इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने दी है।
रणवीर ने यह भी बताया है कि फिल्म का ट्रेलर किस समय रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर रिलीज के एलान के साथ फैंस का एक्साइटमेंट लेवल भी बढ़ चुका है और अब ट्रेलर के रिलीज का इंतजार बड़ी उत्सुकता के साथ हो रहा है।
रणवीर सिंह ने 5 नए पोस्टर्स रिलीज के साथ फिल्म के ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी है। पोस्टर में अभिनेता लंबे बालों के साथ हाथ में बंदूक लिए खूंखार अवतार में दिख रहे हैं। उन्होंने पोस्टर शेयर कर कैप्शन में लिखा, “तैयार हो जाइए, ट्रेलर कल, 7 मार्च को सुबह 11:01 बजे रिलीज़ होगा। ‘धुरंधर- द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।”
पोस्ट से साफ है कि फिल्म पहले पार्ट की तरह पैन-इंडिया लेवल पर रिलीज होने वाली है। कहा जा रहा है कि इस बार फिल्म में हमजा अली (रणवीर सिंह) और मेकर इकबाल (अर्जुन रामपाल) के बीच भयंकर जंग देखने को मिलेगी। फिल्म के पहले पार्ट में रहमान डकैत की मौत हो चुकी है, लेकिन उसकी झलक दर्शकों को दूसरे पार्ट में भी देखने को मिलेगी, क्योंकि पहले भाग से कनेक्ट करके ही फिल्म को आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं, 19 मार्च को ‘धुरंधर-2’ अकेले की बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली है। पहले फिल्म का सामना यश की बहुप्रतिक्षित फिल्म टॉक्सिक से होना था, लेकिन मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ा दिया है। अब यश की टॉक्सिक 4 जून को रिलीज हो रही है। माना जा रहा है कि फिल्म की रिलीज को टालने का फैसला मेकर्स ने ईरान और इजरायल के बीच हो रहे तनाव को देखते हुए लिया है।
कहा जा रहा है कि बड़े बजट में बनी फिल्म को पैन इंडिया रिलीज होना है और तनाव की वजह से सिनेमा के वैश्विक बाजार पर बड़ा असर देखने को मिल रहा है।
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र9 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
-
न्याय2 years agoमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर
-
अपराध4 years agoबिल्डर पे लापरवाही का आरोप, सात दिनों के अंदर बिल्डिंग खाली करने का आदेश, दारुल फैज बिल्डिंग के टेंट आ सकते हैं सड़कों पे
-
अपराध3 years agoपिता की मौत के सदमे से छोटे बेटे को पड़ा दिल का दौरा
-
महाराष्ट्र12 months agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
