अंतरराष्ट्रीय
न्यूजीलैंड पर शानदार जीत से इंग्लैंड की उम्मीदें कायम
प्लेयर ऑफ द मैच जोस बटलर की 73 रन की शानदार पारी और गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन से इंग्लैंड ने करो या मरो के सुपर 12 मुकाबले में न्यूजीलैंड को मंगलवार को 20 रन से हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा।
इंग्लैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 179 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को छह विकेट पर 159 रन पर रोक दिया। जोस बटलर को 47 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों से सजी 73 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। एलेक्स हेल्स ने 40 गेंदों में 52 रन बनाये। लियाम लिविंगस्टोन ने 20 रनों का योगदान दिया।
न्यूजरलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने 62 और कप्तान केन विलियम्सन ने 40 रन बनाये। इंग्लैंड की तरफ से क्रिस वोक्स और सैम करेन ने दो-दो विकेट लिए।
इंग्लैेंड की इस जीत ने ग्रुप एक में सेमीफाइनल की दौड़ को और भी दिलचस्प कर दिया है। इंग्लैंड पांच मैचों में दूसरी जीत और पांच अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर आ गया है जबकि न्यूजीलैंड चार मैचों में पहली हार और पांच अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के भी चार मैचों से पांच अंक हैं लेकिन नेट रन रेट के आधार पर वह तीसरे स्थान पर है। श्रीलंका चार मैचों में चार अंक लेकर चौथे स्थान पर हैं।
इस जीत से इंग्लैंड के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गयी है क्योंकि यह जीत बहुत आवश्यक थी। बटलर की कप्तानी पारी के बाद नई गेंद के साथ शुरूआती झटके देकर इंग्लैंड ने बढ़िया शुरूआत की। केन विलियमसन की धीमी और ग्लेन फिलिप्स की तूफानी पारी ने न्यूजीलैंड को मैच में बनाकर रखा था। हालांकि 16वें और 17वें ओवर में मार्क वुड और क्रिस वोक्स ने मैच की कहानी पलटकर रख दी। दो अंक मिले इंग्लैंड को और न्यूजीलैंड हार के बावजूद अब भी अंक तालिका के शीर्ष स्थान पर है। उनके नेट रन रेट को ठेस जरूर पहुंची है लेकिन अब भी वह प्लस 2.233 पर है।
प्लेयर ऑफ द मैच जॉस बटलर ने मैच के बाद कहा, “मैंने टॉस पर कहा था कि हमने अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था लेकिन हमारी टीम में कई खतरनाक खिलाड़ी हैं। आज हमने मैदान पर यह करके दिखाया। यह एक मुश्किल टूर्नामेंट है। मुझे पता है कि पिछले साल दक्षिण अफ्ऱीका चार मैच जीतने के बाद भी अंतिम चार में नहीं जा पाया था। इस टूर्नामेंट में आपको हमेशा सतर्क रहना होता है। यह पिच थोड़ी कठिन थी और एलेक्स हेल्स ने दूसरे छोर पर अच्छी पारी खेली। किसी दिन मैं इस स्थिति में रहूंगा और किसी दिन वह। साझेदारी में आपको ऐसा करना पड़ता है। व्यक्तिगत कीर्तिमान आगे चलकर अच्छे लगते हैं। हम हमेशा अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर लचीले रहेंगे। गेंद के साथ भी मैंने गेंदबाजों को हमेशा तैयार रहने को कहा है।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा, “इस जीत का पूरा श्रेय इंग्लैंड की टीम को जाता है। उन्होंने आज बहुत अच्छा खेला और हमारे ऊपर दबाव बनाए रखा। उन्होंने काफी अच्छा स्कोर खड़ा किया था जिसे हासिल करना इतना आसान नहीं था। हमने मैच को डीप ले जाने की कोशिश की लेकिन इंग्लैंड ने बेहद अच्छी गेंदबाजी की। वह (फिलिप्स) बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले मैच में उन्होंने अपने शतक से गेम को हमारे पक्ष में झुका दिया हालांकि आज भी बहुत हद तक उन्होंने ऐसा कर ही दिया था। बड़े टूर्नामेंट में अक्सर आप पर दबाव बनाया जाता है लेकिन हमें इस मुकाबले से सकारात्मक चीजें लेकर अगले मुकाबले की तरफ बढ़ना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय
ईरान के पेट्रोकेमिकल प्लांट को इजरायली हमले से नुकसान, नेतन्याहू ने बुलाई सुरक्षा कैबिनेट बैठक

तेल अवीव/तेहरान, 8 जून: लेबनान में हिज्बुल्लाह पर हमले के जवाब में ईरान ने रविवार रात से इजरायल के कई इलाकों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जवाबी कार्रवाई में ईरान के खुजेस्तान प्रांत के माहशहर स्थित कारून पेट्रोकेमिकल कंपनी को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया के अनुसार, इससे प्लांट को काफी नुकसान पहुंचा है। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा कैबिनेट की बैठक बुलाई।
फार्स समाचार एजेंसी ने खुजेस्तान प्रांत के एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि हमले में संयंत्र का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। अधिकारी के पास नुकसान और हताहतों का पूरा ब्योरा उपलब्ध नहीं था।
ईरानी शहर माहशहर प्रमुख पेट्रोकेमिकल और औद्योगिक केंद्रों में गिना जाता है। यहां मौजूद ऊर्जा और रासायनिक उद्योग देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
वहीं, इजरायली सेना ने पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमले की पुष्टि की है। सैन्य बयान में कहा गया कि इजरायली वायुसेना ने परिसर के कई लक्ष्यों को निशाना बनाया। सेना ने संक्षिप्त बयान में कहा कि अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। फिलहाल हमले के दायरे और उसके प्रभाव को लेकर अधिक विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
इस तरह 7 जून को ईरान-इजरायल के अप्रैल में हुए सीजफायर के 2 महीने बाद ही दोबारा सैन्य अभियान शुरू कर दिया गया। ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर इजरायली हमलों के जवाब में की गई है। हमलों के बाद इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव हो गया।
इसके जवाब में कुछ घंटों बाद इजरायल ने ईरान में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। आईडीएफ के अनुसार उसने पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।
ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई धमाके हुए। आईआरजीसी ने दावा किया कि इजराइल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
ईरान का दावा है कि उसने इजरायल के नेवातिम और तेल नोफ एयर बेस पर हमला किया। आईआरजीसी ने एक बयान में कहा, “यह ऑपरेशन इजरायली शासन के ईरान में तीन अलग-अलग जगहों पर कई रडार साइटों पर किए मिसाइल हमले के जवाब में किया गया था।”
आईडीएफ का कहना है कि उसने सोमवार सुबह ईरान की ओर से छोड़ी गई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया।
वर्तमान हालात के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को सुरक्षा कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई। यह बैठक भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे होनी तय की गई।
इजरायली मीडिया के अनुसार, बैठक में केवल चुनिंदा वरिष्ठ मंत्री और सुरक्षा मामलों से जुड़े शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में ईरान के हमलों, इजरायल की जवाबी कार्रवाई और आगे की सैन्य रणनीति पर चर्चा की संभावना जताई गई।
अंतरराष्ट्रीय
हॉर्मुज स्ट्रेट के खुलने पर अनिश्चितता से कच्चे तेल में तेजी जारी, ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल के पार

हॉर्मुज स्ट्रेट के खुलने पर अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल में तेजी जारी है और गुरुवार को कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई है।
इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज पर ब्रेंट का जून फ्यूचर्स का कॉन्ट्रैक्ट सुबह के कारोबार में 103.35 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से लगभग 4 प्रतिशत अधिक था। वहीं, न्यूयॉर्क मर्केंटाइल एक्सचेंज पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड का जून फ्यूचर्स का कॉन्ट्रैक्ट 1.62 प्रतिशत बढ़कर 94.47 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
कच्चे तेल की कीमत में बढ़ोतरी की वजह हॉर्मुज स्ट्रेट के खुलने पर अनिश्चितता को माना जा रहा है।
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी नेताओं द्वारा “यूनिफाइड प्रस्ताव” दिए जाने तक युद्धविराम को बढ़ा दिया, लेकिन उन्होंने ईरान पर लगी नौसैनिक नाकाबंदी नहीं हटाई।
अमेरिका की सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर कहा, “ईरान के खिलाफ अमेरिकी नाकाबंदी के तहत अमेरिकी सेना ने 31 जहाजों को वापस मुड़ने या बंदरगाह पर लौटने का निर्देश दिया है।”
वहीं, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा नहीं खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से होर्मुज स्ट्रेट को ब्लॉक कर दिया गया है। यह सीजफायर का उल्लंघन है। इससे ईरानी बंदरगाहों को निशाना बनाया जा रहा है। आगे कहा कि पूर्ण सीजफायर तभी संभव है, जब अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट के ब्लॉक को समाप्त कर देता है।
विश्लेषकों का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट 50 दिनों से अधिक समय से बंद है, जिससे वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का लगभग पांचवां हिस्सा बाधित हो गया है। कीमतों में लगातार वृद्धि से भारत के आयात बिल पर असर पड़ सकता है और इसकी अर्थव्यवस्था पर दबाव आ सकता है।
सरकार का कहना है कि देश भर में खुदरा ईंधन आउटलेट सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय
चीनी राज्य परिषद ने ‘भीतरी मंगोलिया पायलट मुक्त व्यापार क्षेत्र के लिए समग्र योजना’ की जारी

बीजिंग, 10 अप्रैल : चीनी राज्य परिषद द्वारा जारी ‘चीन (भीतरी मंगोलिया) पायलट मुक्त व्यापार क्षेत्र के लिए समग्र योजना’ 9 अप्रैल को सार्वजनिक की गई। इसके साथ ही चीन में पायलट मुक्त व्यापार क्षेत्रों की कुल संख्या 23 हो गई है।
समग्र योजना भीतरी मंगोलिया पायलट मुक्त व्यापार क्षेत्र को सुधारों में अधिक स्वायत्तता प्रदान करती है, जिससे इसे प्रायोगिक परियोजनाएं संचालित करने और व्यापक क्षेत्रों में गहन स्तर पर मौलिक, एकीकृत और विशिष्ट अन्वेषण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
इसमें 19 सुधार और नवाचार उपायों की रूपरेखा दी गई है, जिनमें सीमा व्यापार में नवाचार और विकास, अंतरराष्ट्रीय रसद सेवाओं को मजबूत करना, वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों के रूपांतरण और अनुप्रयोग की दक्षता में सुधार करना और विभिन्न क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान का विस्तार करना शामिल है।
-
दुर्घटना10 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र12 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
