मनोरंजन
बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी को दिया दीया मिर्जा के वीडियो को फिर से अपलोड करने का निर्देश
मुंबई में दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा का दीपावली पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील वाला वीडियो हटाए जाने पर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई है।
न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति डॉ. नीला गोखले की बेंच ने सुनवाई के दौरान कुछ राजनीतिक नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर की। कोर्ट ने कहा कि ऐसी राजनीतिक टिप्पणियों से वे परेशान हैं। बेंच ने याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। कोर्ट ने बीएमसी को हटाए गए वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिर से पोस्ट करने का निर्देश दिया।
दरअसल, बीएमसी ने 1 नवंबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दीया मिर्जा का वीडियो पोस्ट किया था। इसमें अभिनेत्री लोगों से दीपावली मनाते समय पर्यावरण और अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील करती नजर आई थीं। उन्होंने कहा था कि पटाखों से होने वाला प्रदूषण सभी के लिए नुकसानदायक है और दीपावली को शोर के बजाय खुशियों के साथ मनाना चाहिए। बीएमसी ने वीडियो के साथ यह भी लिखा था कि बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ना प्रतिबंधित है।
हालांकि, वीडियो पोस्ट होने के कुछ घंटों बाद ही मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीएमसी को टैग करते हुए लिखा था, ‘हमें दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।’
उनकी इस टिप्पणी के बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
बीएमसी के जागरूकता अभियान के तहत दीया मिर्जा के अलावा, माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड समेत कई हस्तियों के वीडियो भी पोस्ट किए गए थे। इन सभी के वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे, जबकि सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया। इस बात को लेकर भी सवाल उठे कि जब सभी हस्तियां एक ही तरह की अपील कर रही थीं, तो केवल दीया के वीडियो पर ही आपत्ति क्यों जताई गई।
वीडियो हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा था कि यह वीडियो बॉम्बे हाई कोर्ट और बीएमसी के निर्देश पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था। वायु प्रदूषण एक गंभीर चिंता का विषय है और इसे कम करने के लिए किए जाने वाले हर प्रयास का स्वागत किया जाना चाहिए। अभिनेत्री ने कहा कि वह पिछले एक दशक से पर्यावरण और हवा की गुणवत्ता को लेकर काम कर रही हैं।
मनोरंजन
‘तुम कौन से देश की सेवा कर रहे हो?’ रणबीर की फिल्मों से खुश नहीं थे ऋषि कपूर

अभिनेता रणबीर कपूर हाल ही में आगामी फिल्म ‘रामायण’ की टीम के साथ क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ गए थे। शो के दौरान उन्होंने अपने दिवंगत पिता-अभिनेता ऋषि कपूर से जुड़ा एक दिल छू लेने वाला किस्सा शेयर किया।
रणबीर कपूर ने मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत के दौरान बताया कि उनके पिता उनके काम की सराहना कैसे करते थे और उनकी कही बातों ने एक अभिनेता के तौर पर उनके सफर को कैसे आकार दिया।
यह भावुक बातचीत तब शुरू हुई जब अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर के साथ अपने जुड़ाव और एक पिता-बेटे के बीच के खास रिश्ते के बारे में बात की।
रणबीर से बात करते हुए अमिताभ ने कहा, “रणबीर, हमने आपको एक छोटे बच्चे के तौर पर देखा है। आपके पिता ऋषि कपूर के साथ हमने बहुत काम किया है। जाहिर है कि एक पिता और बेटे का रिश्ता बहुत ही अद्भुत होता है। क्या कभी ऐसा कोई वाकया हुआ है जब ऋषि ने आपके काम की सराहना की हो?”
रणबीर ने बताया कि उनके पिता ऋषि कपूर अक्सर उनकी फिल्मों से संतुष्ट नहीं होते थे। उन्होंने कहा, “जब पापा मेरी फिल्में देखते थे तो वो कभी मेरी चॉइस या मेरे किरदार से इतने खुश नहीं होते थे। उन्हें समझ नहीं आता था और मुझसे बोलते थे कि तुम ये कैसी फिल्में कर रहा है? वेक अप सिड, रॉकेट सिंह, बर्फी, तमाशा।
एक लाइन मेरे परदादा पृथ्वीराज कपूर हमेशा कहते थे, ‘कला देश की सेवा में’, तो पापा कहते थे कि तुम कौन से देश की सेवा कर रहे हो? उस समय मुझे इस बात का एहसास नहीं था कि वह क्या कहना चाह रहे थे। क्योंकि एक एक्टर के तौर पर जो मुझे स्वाभाविक रूप से समझ आ रहा था, मेरा जो व्यक्तिगत नजरिया था कि मुझे ये किरदार समझ आ रहे हैं, तो मैं वही कर रहा था।”
बता दें कि रणबीर और दिवंगत ऋषि कपूर ने अपने कई पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उनके बीच रिश्ता खट्टा-मीठा रहा है। सीनियर अभिनेता का अप्रैल 2020 में कैंसर से लड़ाई के बाद निधन हो गया था।
मनोरंजन
सुकेश चंद्रशेखर केस में आरोपी नहीं, सिर्फ गवाह हैं नोरा फतेही- लीगल टीम

अभिनेत्री नोरा फतेही की कानूनी टीम ने स्पष्ट किया है कि कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। टीम के अनुसार, इस मामले में अदालत ने नोरा फतेही को केवल गवाह के रूप में तलब किया है। नोरा की लीगल टीम का कहना है कि अभिनेत्री जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया में एक गवाह के रूप में सहयोग कर रही हैं।
यह बयान 2 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद आया। इस दिन आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) से जुड़े मामले में नोरा को गवाही देने के लिए कोर्ट में पेश होना था। हालांकि, उनके वकीलों ने अदालत को बताया कि उन्हें समन बहुत कम समय पहले मिला था और पहले से तय प्रोफेशनल कमिटमेंट के चलते वे पेश नहीं हो सकीं।
इसके बाद नोरा की ओर से व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए आवेदन दाखिल किया गया। अदालत ने आवेदन पर सुनवाई के बाद मामले को 6 नवंबर तक के लिए टाल दिया और नोरा को पेश होने के लिए नया समन जारी किया।
नोरा की लीगल टीम ने मीडिया को दिए बयान में कहा, ”सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा ईओडब्ल्यू का मामला आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के लिए आया था। इस मामले में नोरा फतेही को गवाह के तौर पर समन भेजा गया था। उनके वकील कोर्ट में पेश हुए और बताया कि नोरा को बहुत कम समय पहले समन मिला था। पहले से तय प्रोफेशनल कमिटमेंट के कारण वे अदालत में उपस्थित नहीं हो सकीं।”
बयान में आगे कहा गया, ”व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए आवेदन दाखिल किया गया, जिसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई 6 नवंबर 2026 तक टाल दी और नोरा को पेश होने के लिए नया समन जारी किया। यह स्पष्ट किया जाता है कि नोरा फतेही न तो इस मामले में आरोपी हैं और न ही उन पर किसी अपराध में शामिल होने का आरोप है। उन्हें केवल गवाह के तौर पर अदालत की कार्यवाही में मदद करने के लिए बुलाया गया है।”
दरअसल, यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है। आरोप है कि सुकेश ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान करीब 200 करोड़ रुपए की वसूली का रैकेट चलाया था। बताया जाता है कि उसने खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से ठगी की थी।
इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने की थी। जांच के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत चार्जशीट दाखिल की थी।
इस मामले में जांच के दौरान नोरा फतेही से भी पूछताछ की गई थी। उनसे सुकेश चंद्रशेखर और उनकी पत्नी लीना मारिया पॉलोस के साथ कथित संपर्कों को लेकर सवाल किए गए थे। इसके अलावा, मजिस्ट्रेट के सामने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 164 के तहत उनका बयान भी दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल किया था।
मनोरंजन
‘दीपावली मनाना हमें दीया मिर्जा से सीखने की जरूरत नहीं’, भाजपा नेताओं ने अभिनेत्री पर साधा निशाना

मुंबई में दीपावली पर प्रदूषण कम करने की अपील को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा के दीपावली के संदेश पर पहले मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने आपत्ति जताई थी और इसके बाद बीएमसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनका वीडियो हटा दिया था। अब केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले, भाजपा नेता श्रीकांत भारतीय और विधायक संजय उपाध्याय ने भी मामले पर प्रतिक्रियाएं दी हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने आईएएनएस से बातचीत में दीया मिर्जा के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ”दीया दूसरे धर्म से आती हैं और उन्हें त्योहार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। भारत का संविधान सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने त्योहार मनाने का अधिकार देता है। पटाखों के बिना दीपावली मनाने का कोई मतलब नहीं है, हालांकि इस दौरान इस बात का ध्यान जरूर रखा जाना चाहिए कि ज्यादा प्रदूषण न हो। इसके लिए गाइडलाइन पहले ही जारी की गई हैं और उनके तहत कुछ पटाखे जलाए जा सकते हैं।”
आठवले ने दीया के इस तरह त्योहार को लेकर बयान देने को गलत बताया और कहा कि इससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। उन्होंने अभिनेत्री के बयान का विरोध भी किया।
बीजेपी नेता श्रीकांत भारतीय ने भी दीया मिर्जा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ”दीया मिर्जा को दूसरों को दीपावली मनाने का तरीका बताने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए। हालांकि हमारी पार्टी किसी धर्म के विरोध में नहीं है, लेकिन दीया को अपने धर्म से जुड़े त्योहारों और परंपराओं पर भी बात करनी चाहिए। हिंदू समाज सदियों से पर्यावरण की चिंता करता आया है। कौन से पटाखे जलाने चाहिए और दीपावली किस तरह मनानी चाहिए, यह देश के लोगों को पता है। इसके लिए उन्हें दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है।”
बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने इस विवाद को दूसरे हिंदू त्योहारों से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा, ”दीया मिर्जा को दीपावली के पटाखों से दिक्कत है। कुछ बॉलीवुड हस्तियां और तथाकथित बुद्धिजीवी हर बार हिंदू त्योहारों के दौरान किसी न किसी मुद्दे पर सवाल उठाते हैं। होली के समय पानी की खपत, दही हांडी के दौरान सुरक्षा, नवरात्रि में शोर और गणेशोत्सव के समय प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों को लेकर सवाल किए जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ”रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान, अमेरिका तथा इजरायल के बीच तनाव में भी बम और गोले गिरने से बड़े स्तर पर तबाही हो रही है और प्रदूषण फैल रहा है। जब दुनिया के दूसरे हिस्सों में युद्ध के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, तब इस पर उतनी चर्चा क्यों नहीं होती। बम और गोले दागने से जो प्रदूषण होता है, उसकी तुलना में दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले स्थानीय प्रदूषण कुछ भी नहीं है।”
वहीं, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मामले पर आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”दीया मिर्जा के नाम में ही ‘दीया’ है और उन्हें समझना चाहिए कि दीपावली को प्रकाश का त्योहार कहा जाता है। हर नागरिक जानता है कि प्रदूषण को लेकर सतर्क रहना जरूरी है और पटाखे नहीं फोड़ने चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित रह सकें, क्योंकि स्वास्थ्य और जीवन सबसे पहले है।”
दरअसल, बीएमसी ने मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया था। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद नागरिकों से पटाखे न फोड़ने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई थी।
इस अभियान के लिए बीएमसी ने कई जानी-मानी हस्तियों के वीडियो संदेश रिकॉर्ड किए थे। इनमें दीया मिर्जा के अलावा माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी शामिल थे। इन वीडियो के जरिए लोगों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने और ध्वनि तथा वायु प्रदूषण से बचने की अपील की गई थी।
हालांकि, दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड1 month agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
