राजनीति
‘तुम्हारे बिना सीजेपी आधी सफलता भी हासिल नहीं कर पाती’, जेल में बंद सौरव और आशुतोष को याद कर भावुक हुए दिपके
नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जेल में बंद सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक लंबा संदेश लिखा है। दिपके ने कहा है कि मैं चाहता हूं कि दोनों जल्द वापस आ जाएं।
सोशल मीडिया पर आशुतोष और सौरव को संबोधित करते हुए अभिजीत दिपके ने लिखा, “आज आप दोनों का जेल में छठा दिन है। मैं बता नहीं सकता कि मुझे तुम्हारी कितनी याद आ रही है। पिछले तीन महीनों से मुझे दिन-रात कभी भी आने वाली तुम्हारी ढेरों परेशान करने वाली कॉलों और संदेशों की आदत सी हो गई थी। मैं उनमें से अधिकतर को अनदेखा कर देता था या टाल देता था, क्योंकि मुझे पता था कि मेरे बिना भी तुम दोनों किसी न किसी तरह सब संभाल लोगे और तुम हमेशा ऐसा करते भी थे।
“पिछले तीन महीनों में लोगों ने शायद मुझे सीजेपी के चेहरे के रूप में देखा हो, लेकिन ज्यादातर लोग यह नहीं जानते कि असल में तुम दोनों ही इसे चला रहे थे, इसे बना रहे थे और सब कुछ एक साथ जोड़े हुए थे। हो सकता है कि सीजेपी की शुरुआत मुझसे अनजाने में हुई हो, लेकिन यह तुम्हारी समझदारी, लगन और हिम्मत ही थी जिसने इसे आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।”
दिपके ने आगे लिखा, “मुझे सच में नहीं लगता कि तुम दोनों (आशुतोष और सौरव) के बिना सीजेपी अपनी मौजूदा उपलब्धियों का आधा भी हासिल कर पाता। काश, लोग जान पाते कि तुमने इस आंदोलन के लिए खुद को कितना समर्पित किया है, कितनी कुर्बानियां दी हैं और बदले में कभी कोई श्रेय भी नहीं मांगा। आज तुम्हारी हिरासत का आखिरी दिन है और इस समय मेरी बस यही एक इच्छा है कि तुम दोनों आजाद होकर बाहर आ जाओ। इस पल मेरे लिए और कुछ भी मायने नहीं रखता। मुझे बस अपने भाई वापस चाहिए।”
आशुतोष और सौरव को संबोधित करते हुए सीजेपी संस्थापक ने कहा, “मेरे भाइयों, तुम जिस दौर से गुजर रहे हो, उसके लिए मुझे बहुत अफसोस है। मैं तुम्हारे परिवारों से भी माफी मांगना चाहता हूं, जिन्हें इस दर्द, चिंता और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा है। मुझे पता है कि माफी मांगने से हालात आसान नहीं हो जाएंगे, लेकिन मेरी दिली इच्छा है कि तुम्हें और तुम्हारे परिवारों को इस सब से गुजरना ही न पड़ता। मुझे तुम्हारी लगातार आने वाली कॉलें और संदेश याद आ रहे हैं। मुझे यह एहसास याद आ रहा है कि चाहे कुछ भी हो जाए, तुम दोनों बस एक फोन कॉल की दूरी पर हो। मैं बस यही चाहता हूं कि वह फोन फिर से बजे। जल्दी वापस आ जाओ, मेरे भाइयों।”
बता दें कि 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर कथित तौर पर प्रवेश करने और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के आरोप में आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया था।
महाराष्ट्र
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना पर सियासत तेज, विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

नई दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता उदित राज, कांग्रेस नेता रियाज और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने इस घटना पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार को घेरा है।
विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और सरकार अपराध पर नियंत्रण रखने में नाकाम रही है। उन्होंने पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना भी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
उदित राज ने कहा कि भाजपा मुंबई से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रही है। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में जबरन वसूली और संगठित अपराध के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुग्राम में जबरन वसूली के कई मामले सामने आ रहे हैं, जबकि पंजाब में भी आपराधिक गिरोहों का नेटवर्क फैल रहा है। कई अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट कनाडा, अमेरिका और यूरोप जैसे देशों से भी अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। उन्होंने साबरमती जेल के भीतर से भी आपराधिक गतिविधियां चलाए जाने का आरोप लगाया।
उदित राज ने कहा कि विदेशों से फोन कर लोगों से जबरन वसूली की मांग की जा रही है और पैसे नहीं देने पर हत्या तक की धमकियां दी जाती हैं। ऐसे गिरोहों के डर से कई लोग देश छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
कांग्रेस नेता रियाज़ ने टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की निंदा करते हुए शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड मनोरंजन, शानदार आयोजनों, फिल्मों और सकारात्मक संदेशों के जरिए समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन इस तरह की घटनाएं फिल्म उद्योग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती हैं।
रियाज़ ने महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार को इस घटना की जिम्मेदारी लेने की बात कही। उन्होंने मांग की कि सभी अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना महाराष्ट्र में अपराधियों के बेखौफ होने का संकेत देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले हुई आपराधिक घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।
क्रास्टो ने कहा कि राज्य में आपराधिक गिरोहों और हथियारबंद लोगों की गतिविधियां चिंता का विषय हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
दक्षिण कोरिया की प्रधानमंत्री ने प्योंगयांग के साथ बातचीत फिर से शुरू करने पर दिया जोर

दक्षिण कोरिया की प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक ने रविवार को कहा कि सरकार सोल और प्योंगयांग के बीच बातचीत फिर से शुरू करने का प्रयास करेगी और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की दिशा में काम करेगी।
सोल में विस्थापित उत्तर कोरियाई नागरिकों के लिए आयोजित एक प्रतियोगिता में शामिल होते हुए, हान ने कहा, “दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत के रास्ते खोलने और शांति तथा साझा समृद्धि पर चर्चा करने के प्रयास किए जाएंगे।”
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने दोनों देशों के विभाजन को एक “हकीकत” बताया और इस बात पर जोर दिया कि विस्थापित नागरिकों और अलग हुए परिवारों का दर्द आज भी “जारी” है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का रास्ता खोलने के हमारे प्रयास रुक नहीं सकते।” उन्होंने प्रतिभागियों से शांति स्थापित करने में सहयोग मांगा और दक्षिण कोरिया के आर्थिक विकास तथा लोकतंत्रीकरण में उनके योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
8 अक्टूबर को, दक्षिण कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र में उत्तर कोरिया से “जिम्मेदार कदम” उठाने का आग्रह किया। दक्षिण कोरिया ने प्योंगयांग पर ‘युद्धविराम समझौते’ के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जानबूझकर एक बारूदी सुरंग बिछाई थी, जिसकी चपेट में आने से पिछले महीने दोनों कोरियाई देशों की सीमा के पास तीन दक्षिण कोरियाई सैनिक घायल हो गए थे।
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की एक समिति बैठक के दौरान, संयुक्त राष्ट्र में दक्षिण कोरिया के राजदूत चा जी-हून ने बताया कि दक्षिण कोरियाई सेना और संयुक्त राष्ट्र कमान (यूएनसी) की संयुक्त जांच से पुष्टि हुई है कि 21 सितंबर को हुआ विस्फोट एक बारूदी सुरंग के कारण हुआ था। इस सुरंग को उत्तर कोरियाई सैन्य बलों ने जानबूझकर ‘सैन्य सीमा रेखा’ (एमडीएल) के दक्षिण में बिछाया था, जो दोनों कोरियाई देशों को अलग करती है।
चा ने कहा, “दक्षिण कोरियाई सेना और यूएनसी की संयुक्त जांच, जिसे फोरेंसिक विश्लेषण का भी समर्थन प्राप्त है, से पुष्टि हुई है कि यह विस्फोट उत्तर कोरियाई बलों द्वारा सैन्य सीमा रेखा के दक्षिण में जानबूझकर बिछाई गई बारूदी सुरंग के कारण हुआ था।” उन्होंने दोनों कोरियाई देशों को उनके आधिकारिक नामों – ‘रिपब्लिक ऑफ कोरिया’ (दक्षिण कोरिया) और ‘डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया’ (उत्तर कोरिया) – से संबोधित किया।
चा ने कहा कि यह घटना ‘युद्धविराम समझौते’ का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने आगे कहा, “हम उत्तर कोरिया (डीपीआरके) से आग्रह करते हैं कि वह माफी मांगे, तनाव बढ़ाने वाली ऐसी गतिविधियों को रोके और जिम्मेदार कदम उठाए।”
हालांकि, उत्तर कोरिया के प्रतिनिधि ने सोल के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह प्योंगयांग द्वारा अपनी दक्षिणी सीमा को मजबूत करने के प्रयासों को ‘सैन्य घुसपैठ’ के रूप में पेश करने की एक कोशिश है। प्रतिनिधि ने कहा, “यह आरओके (दक्षिण कोरिया) सेना की एक घटिया चाल के अलावा और कुछ नहीं है, जिसका मकसद अपनी गलतियों का दोष डीपीआरके (उत्तर कोरिया) पर मढ़ना है।”
दोनों कोरियाई देशों ने प्योंगयांग के परमाणु हथियार कार्यक्रम को लेकर अपने-अपने विपरीत रुख को फिर से दोहराया।
चा ने परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के प्रति सोल की प्रतिबद्धता को दोहराया और उत्तर कोरिया से आग्रह किया कि वह ‘परमाणु अप्रसार संधि’ और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंधित प्रस्तावों का पूरी तरह से पालन करे।
उत्तर कोरियाई प्रतिनिधि ने प्योंगयांग के परमाणु हथियारों का बचाव करते हुए कहा कि अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए यह एक अनिवार्य विकल्प था, क्योंकि उन्हें “दशकों से अमेरिकी परमाणु खतरे” का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय समाचार
शीर्ष 10 कंपनियों की मार्केट वैल्यू में 3.65 लाख करोड़ रुपए का उछाल; टीसीएस, भारती एयरटेल और इंफोसिस रहीं टॉप गेनर्स

भारतीय शेयर बाजार में बीते सप्ताह आई तेज उछाल के बीच देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 के संयुक्त बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटलाइजेशन) में 3.65 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारती एयरटेल और इंफोसिस सबसे अधिक लाभ पाने वाली कंपनियों के रूप में उभरीं।
दलाल स्ट्रीट पर सकारात्मक माहौल के बीच सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 2,256.94 अंक यानी 3.11 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी में 625.7 अंकों यानी 2.77 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
शीर्ष 10 कंपनियों में टीसीएस सबसे बड़ी वेल्थ क्रिएटर रही। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,08,542.63 करोड़ रुपए बढ़कर 8,91,134.96 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
इसके बाद भारती एयरटेल का स्थान रहा, जिसकी मार्केट वैल्यू 61,406.53 करोड़ रुपए बढ़कर 11,88,815.45 करोड़ रुपए हो गई। वहीं इंफोसिस ने 55,893.05 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की और उसका बाजार पूंजीकरण 4,71,409.41 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
देश की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण भी 53,047.56 करोड़ रुपए बढ़कर 16,37,437.19 करोड़ रुपए हो गया और उसने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा।
निजी क्षेत्र के बैंकों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक की मार्केट वैल्यू 32,379.05 करोड़ रुपए बढ़कर 11,22,628.07 करोड़ रुपए हो गई, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 30,769.95 करोड़ रुपए बढ़कर 10,02,871.44 करोड़ रुपए हो गया।
अन्य बढ़त दर्ज करने वाली कंपनियों में बजाज फाइनेंस शामिल रही, जिसकी वैल्यू 14,786.65 करोड़ रुपए बढ़कर 6,11,326.72 करोड़ रुपए हो गई। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार पूंजीकरण में 4,933.5 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई और यह 5,02,204.82 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। वहीं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मार्केट वैल्यू 3,323.07 करोड़ रुपए बढ़कर 8,87,722.84 करोड़ रुपए हो गई।
शीर्ष 10 कंपनियों में केवल लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ऐसी कंपनी रही, जिसके बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई, और कंपनी की मार्केट वैल्यू 9,232.26 करोड़ रुपए घटकर 4,99,725.06 करोड़ रुपए रह गई।
देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की रैंकिंग में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। इसके बाद क्रमशः भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, एलआईसी, लार्सन एंड टुब्रो और इंफोसिस का स्थान रहा।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
