खेल
आईपीएल 2025 : पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर मैक्सवेल पर लगा मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना
चंडीगढ़, 9 अप्रैल। पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल पर आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। मंगलवार रात चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच के दौरान उन्होंने आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन किया। जुर्माने के साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।
दरअसल, प्रियांश आर्य के शतक और गेंदबाजी की बदौलत पंजाब किंग्स ने न्यू पीसीए स्टेडियम में खेले गए मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 18 रनों से मात दी।
आधिकारिक बयान में कहा गया, “ग्लेन मैक्सवेल ने अनुच्छेद 2.2 (मैच के दौरान फिक्सचर और फिटिंग्स का दुरुपयोग) के तहत लेवल 1 अपराध को स्वीकार किया और मैच रेफरी की सजा को माना। हालांकि, आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है।”
आईपीएल आचार संहिता के अनुसार, अनुच्छेद 2.2 मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्सचर और फिटिंग्स के दुरुपयोग से संबंधित है।
अनुच्छेद 2.2 में सामान्य क्रिकेट गतिविधियों के अलावा कोई भी कार्य शामिल है, जैसे विकेट को मारना या लात मारना और ऐसी कोई भी हरकत जो जानबूझकर (यानी इरादतन), लापरवाही से या असावधानी से (किसी भी स्थिति में, भले ही यह अनजाने में हो) विज्ञापन बोर्ड, बाउंड्री फेंस, ड्रेसिंग रूम के दरवाजे, शीशे, खिड़कियां और अन्य फिक्सचर और फिटिंग्स को नुकसान पहुंचाती है।
नियम में लिखा है, “उदाहरण के लिए यह अपराध बिना किसी सीमा के तब किया जा सकता है, जब कोई खिलाड़ी हताशा में अपने बल्ले को जोर से घुमाता है और विज्ञापन बोर्ड को नुकसान पहुंचाता है।”
बता दें कि कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर चेन्नई के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पारी की शुरुआत 22 साल के प्रियांश आर्या ने की, जिन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में शानदार 103 रन बनाए।
दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने आईपीएल इतिहास में किसी अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में सबसे तेज शतक बनाया, उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की।
वहीं, शशांक सिंह 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने आर्या के आउट होने के बाद टीम का मोमेंटम बनाए रखा, जिससे पंजाब किंग्स ने 219/6 का स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 201/5 पर सिमट गई। डेवोन कॉनवे ने 69 रन बनाए और फिर रिटायर्ड आउट हुए। शिवम दुबे ने 42 रन का योगदान दिया, जबकि एमएस धोनी 27 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, पंजाब के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में संयम बनाए रखा और 18 रन से जीत हासिल की।
खेल
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली पारी भूल जाओ’, फाइनल से पहले सचिन ने जेमिमा को दी थी सलाह

नई दिल्ली, 10 जून: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा है कि महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उनके कोच से वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल से पहले एक खास संदेश देने को कहा था।
जेमिमा ने कहा है कि सचिन तेंदुलकर ने उनके कोच से कहा था कि मैं वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली शतकीय पारी भूल जाऊं और फाइनल में शून्य से शुरुआत करूं।
रोड्रिग्स ने जियोस्टार पर कहा, “सचिन सर ने मेरे कोच प्रशांत शेट्टी को फोन किया। उन्होंने कोच से कहा कि वे मुझे बताएं कि वे समझते हैं कि पिछले कुछ दिन मेरे लिए बहुत अहम रहे हैं—सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी पारी खेलना और उन्हें हराने की खुशी। लेकिन उन्होंने मुझे याद दिलाया कि काम अभी खत्म नहीं हुआ है। हमें अभी फाइनल जीतना है।”
जेमिमा ने आगे कहा, “तेंदुलकर ने कहा कि उस पारी को भूलने की कोशिश करो और जीरो से शुरुआत करो। उस संदेश ने मुझे अपना मन फिर से तैयार करने में बहुत मदद की। मुझे समझ आया कि आपने पहले क्या किया है, उससे अगला मैच नहीं जीता जाता। आपको हर मैच को एक नई शुरुआत की तरह देखना चाहिए। एक महान खिलाड़ी की उस सलाह ने फाइनल से पहले मुझे बहुत स्पष्टता दी।”
वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के दिए 339 रन के लक्ष्य को भारत ने 48.3 ओवर में 5 विकेट पर 341 रन बनाकर हासिल किया था। भारत की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं जेमिमा रोड्रिग्स 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 127 रन बनाकर नाबाद रही थीं। जेमिमा की इस पारी की वजह से ही भारतीय टीम फाइनल में जगह बना पाई थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए फाइनल में जेमिमा ने 24 रन बनाए थे।
खेल
5 बल्लेबाज, जिन्होंने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाए

नई दिल्ली, 10 जून: विमेंस टी20 वर्ल्ड के 9 सीजन में अब तक कई बल्लेबाजों ने अपनी चमक बिखेरी है। आइए, उन 5 महिला खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन अपने नाम किए।
बेथ मूनी: ऑस्ट्रेलिया की यह दिग्गज खिलाड़ी लिस्ट में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2020 में 64.75 की औसत के साथ कुल 259 रन बनाए थे। इस दौरान मूनी ने 3 अर्धशतकीय पारियां खेलीं। उनके बल्ले से 2 छक्के और 30 चौके निकले। बांग्लादेश के खिलाफ मूनी ने 58 गेंदों में 81 रन की पारी भी खेली थी।
मेग लैनिंग: इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का नाम है। मेग लैनिंग ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2014 में कुल 6 मैच खेले, जिसमें 42.83 की औसत के साथ 257 रन बनाए। इस दौरान लेनिंग ने एक शतक और 1 अर्धशतक लगाया।
स्टेफनी टेलर: वेस्टइंडीज की इस दिग्गज बल्लेबाज ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 के 6 मुकाबलों में 41 की औसत के साथ 246 रन बनाए। इस दौरान स्टेफनी ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध फाइनल मैच के दौरान 57 गेंदों में 59 रन की पारी खेलकर वेस्टइंडीज को चैंपियन बनाया था।
एलिसा हीली: ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2020 के 6 मुकाबलों में 39.33 की औसत के साथ 236 रन बनाए थे। इस दौरान 3 अर्धशतक लगाए। हीली उस सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाजों में बेथ मूनी के बाद दूसरे स्थान पर थीं।
लॉरा वोल्वार्ड्ट: साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2023 में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, जिन्होंने 6 मुकाबलों में 46 की औसत के साथ 230 रन बनाए। इस दौरान वोल्वार्ड्ट के बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले। इस संस्करण में लॉरा ने बांग्लादेश के खिलाफ 56 गेंदों में 66 रन खेली थी। ताजमिन ब्रित्ज के साथ 117 रन की अटूट साझेदारी करते हुए उस मुकाबले को 10 विकेट से जीता। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध फाइनल में 48 गेंदों में 61 रन की पारी खेली, लेकिन टीम 19 रन से खिताब चूक गई
अपराध
कर्नाटक: ब्लैकमेल कर व्यापारी से 2.77 करोड़ रुपए वसूलने के आरोप में यूथ कांग्रेस नेता और उसका साथी गिरफ्तार

मंगलुरु, 9 जून: कर्नाटक के मंगलुरु में जबरन वसूली का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक प्रमुख व्यापारी को ब्लैकमेल करने और लगभग दो साल में 2.77 करोड़ रुपए वसूलने के आरोप में यूथ कांग्रेस के एक पदाधिकारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मंगलुरु यूथ कांग्रेस के महासचिव निजाम और जितेश के तौर पर हुई है। आरोप है कि जितेश ने पहले व्यापारी को अपने जाल में फंसाया और बाद में उसकी अश्लील तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने बताया कि जितेश ने शुरू में 35 लाख की मांग की और वीडियो को पीड़ित की पत्नी को दिखाने की धमकी दी। अपनी बदनामी के डर से व्यापारी ने चेक के जरिए यह रकम दे दी।
जब पैसों की मांग जारी रही तो व्यापारी ने मदद के लिए निजाम से संपर्क किया, हालांकि पुलिस का आरोप है कि निजाम ने मदद करने के बजाय जितेश का साथ दिया और जबरन वसूली के इस रैकेट में शामिल हो गया।
इसके बाद दोनों ने आत्महत्या की एक झूठी कहानी रची। निजाम ने मई 2024 में व्यापारी को बताया कि जितेश ने आत्महत्या कर ली है और सुसाइड नोट में पीड़ित का नाम लिखा है। कहानी को सच साबित करने के लिए आरोपियों ने जितेश की मौत और अंतिम संस्कार की तस्वीरें दिखाईं और व्यापारी को आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी।
गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी के डर से व्यापारी पैसे देता रहा। पुलिस ने बताया कि 2024 से 2026 के बीच पीड़ित से कुल 2.77 करोड़ रुपए वसूले गए। यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब जून 2026 में व्यापारी ने जितेश को मंगलुरु में जिंदा देखा। जिस व्यक्ति को वह मरा हुआ समझ रहा था, उसे जिंदा देखकर वह हैरान रह गया और उसने उरवा पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने निजाम और जितेश दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की और जानकारी के लिए आगे की जांच चल रही है। इस बीच गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर मंगलुरु और पूरे कर्नाटक के कई राजनीतिक नेताओं के साथ निजाम की तस्वीरें वायरल हो गई हैं।
-
दुर्घटना9 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र11 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
