व्यापार
सरकार ने शर्तों के साथ बांग्लादेश, यूएई में प्याज के निर्यात को दी मंजूरी
विदेश व्यापार महानिदेशालय ने अधिसूचना जारी कर बताया कि केंद्र सरकार ने 64,400 टन प्याज के निर्यात को बांग्लादेश और यूएई नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड के जरिए निर्यात की मंजूरी दे दी है।
50 हजार टन प्याज को बांग्लादेश में निर्यात करने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 14,400 टन प्याज को भी यूएई निर्यात करने की मंजूरी मिली है।
अधिसूचना में आगे कहा गया है कि उपभोक्ता मंत्रालय से परामर्श लेने के बाद ही नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड बांग्लादेश में प्याज को निर्यात करने के तरीकों के बारे में रूपरेखा निर्धारित करेगा। सरकार चाहती है कि निर्यात व्यवस्थित तरीके से हो। सरकार घरेलू कीमतों पर कड़ी नजर रख रही है और नहीं चाहती कि वे नियंत्रण से बाहर हो जाएं।
एनसीईएल के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात को 14,400 टन प्याज के निर्यात की अनुमति देने वाली अधिसूचना में प्रत्येक तिमाही के लिए 3,600 मीट्रिक टन की सीमा रखी गई है।
इससे पहले केंद्र सरकार ने 8 दिसंबर 2023 को प्याज को निर्यात करने के संबंध में निर्धारित किए गए नियमों में संशोधन किया था। दरअसल, प्याज को ‘निषिद्ध’ सूची से हटाकर फ्री सूची में लाया गया। प्याज ‘फ्री’ सूची में 31 मार्च 2024 तक रहेगा। केंद्र सरकार ने यह कदम ऐसे वक्त में उठाया है, जब घरेलू बाजार में प्याज की पूर्ति में जहां कमी देखने को मिल रही है, वहीं मांग भी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा उठाया गया कदम उपयोगी माना जा रहा है।
हालांकि, सरकार-से-सरकार शिपमेंट को मित्र देशों के साथ प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए अनुमति दी जा रही है।
व्यापार
पीयूष गोयल ने यूएई का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार मिलने पर कैप्टन स्मित मच्छार को दी बधाई

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को बधाई दी। उन्हें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रतिष्ठित सम्मान ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें उनके असाधारण साहस के लिए दिया गया है, जिसके जरिए उन्होंने यात्रियों की जान बचाई और विमान को एक आतंकवादी सह-पायलट (को-पायलट) द्वारा दुर्घटनाग्रस्त किए जाने से रोका।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “यह देखकर गर्व हो रहा है कि कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के क्रू को यूएई के प्रतिष्ठित ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम द्वारा प्रदान किया गया।”
कैप्टन मच्छार को “आसमान में छाए एक नायक” के रूप में सराहते हुए गोयल ने कहा, “कैप्टन स्मित और उनकी टीम कर्तव्य, सटीकता और वीरता की सच्ची भावना का प्रतिनिधित्व करती है, जिस पर हम सभी को गर्व है। इस सम्मान के हकदार कैप्टन स्मित और पूरी क्रू टीम को बहुत-बहुत बधाई!”
‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II’ संयुक्त अरब अमीरात का एक उच्चस्तरीय नागरिक सम्मान है। इसे यूएई के राष्ट्रपति द्वारा उन व्यक्तियों, राजनयिकों, अधिकारियों और क्रू सदस्यों को दिया जाता है, जिन्होंने विशिष्ट सेवा, साहस दिखाया हो, या द्विपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान दिया हो।
यूएई के राष्ट्रपति ने उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की उपस्थिति में क्रू सदस्यों से मुलाकात की। नेताओं ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विमान को सुरक्षित रखने में क्रू के साहस और पेशेवर रवैये की तारीफ की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोगों की सुरक्षा यूएई की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
क्रू सदस्यों ने यूएई के राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया और इस सम्मान को पाकर गर्व महसूस किया। यह सम्मान उनकी सेवा, समर्पण और प्रतिबद्धता की पहचान है।
यह सम्मान यूएई के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने क्रू के कार्यों और उनकी जिम्मेदारी की भावना की सराहना की।
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट एफजेड1073 में कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके ही को-पायलट ने हमला कर दिया था। इस हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए थे, लेकिन उन्होंने सूझबूझ से कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे अन्य यात्री और क्रू सदस्य अंदर आ सके और उन्होंने हमलावर को-पायलट को काबू में किया और विमान को अपने नियंत्रण में ले लिया।
व्यापार
अदाणी एंटरप्राइजेज का दूसरी तिमाही में दमदार प्रदर्शन, राजस्व 74 प्रतिशत बढ़कर 38,023 करोड़ रुपए पहुंचा

अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का समेकित राजस्व सालाना आधार पर 74 प्रतिशत बढ़कर 38,023 करोड़ रुपए पहुंच गया।
कंपनी की स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, ईबीआईटीडीए में 62 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 6,316 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जबकि निरंतर परिचालन से कर-पूर्व लाभ (पीबीटी) 146 प्रतिशत बढ़कर 2,002 करोड़ रुपए हो गया।
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि कंपनी के मजबूत नतीजे पिछले कुछ वर्षों में किए गए निवेशों की परिपक्वता और विभिन्न व्यवसायों की तेजी से बढ़ती क्षमता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा, “हम ऐसे दौर में जी रहे हैं जहां बदलाव की गति बहुत तेज है और ऐसे में हमारी महत्वाकांक्षाओं का दायरा भी लगातार बढ़ना चाहिए। अदाणी एंटरप्राइजेज की सबसे बड़ी ताकत बड़े और जटिल प्रोजेक्ट्स को बड़े पैमाने पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने की क्षमता है।”
उन्होंने कहा कि एकीकृत ऊर्जा, एयरपोर्ट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इकोसिस्टम में किए गए निवेश इसके हालिया उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक और घरेलू निवेशकों का लगातार बना विश्वास कंपनी की निष्पादन क्षमता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी कंपनी ने मजबूत वृद्धि दर्ज की। इस अवधि में समेकित राजस्व 62 प्रतिशत बढ़कर 71,569 करोड़ रुपए हो गया, जबकि ईबीआईटीडीए 56 प्रतिशत बढ़कर 11,958 करोड़ रुपए पहुंच गया। छह माह की अवधि में निरंतर परिचालन से पीबीटी 45 प्रतिशत बढ़कर 3,297 करोड़ रुपए रहा।
कंपनी ने बताया कि उसके कॉपर कारोबार ने आय वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पहली छमाही के दौरान कॉपर व्यवसाय से 2,033 करोड़ रुपए का ईबीआईटीडीए प्राप्त हुआ। कॉपर प्लांट की उत्पादन क्षमता में तेजी से विस्तार हुआ है और वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में बिक्री मात्रा सालाना आधार पर 5.2 गुना बढ़ गई।
उभरते कारोबारों में भी कंपनी ने महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है। अडानी न्यू इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एएनआईएल) ने सितंबर 2026 में 4.3 गीगावाट क्षमता की नई टॉपकॉन सोलर मॉड्यूल लाइन चालू की, जिसके बाद उसकी कुल सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता बढ़कर 10 गीगावाट हो गई।
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में अदाणीकॉनेक्स को नवी मुंबई डेटा सेंटर के लिए 240 मेगावाट का नया हाइपरस्केल ऑर्डर प्राप्त हुआ है, जो कंपनी के डेटा सेंटर कारोबार के विस्तार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस तिमाही के दौरान कंपनी की वित्तीय प्रोफाइल को भी मजबूती मिली। केयर रेटिंग्स ने अदाणी एंटरप्राइजेज की दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग बढ़ाकर एए (स्टेबल आउटलुक) कर दी है। कंपनी के इतिहास में यह अब तक की सबसे ऊंची क्रेडिट रेटिंग है।
व्यापार
भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का आकार 2033 तक 44 अरब डॉलर पहुंचने का अनुमान

भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र आर्थिक विकास, निजी निवेश और औद्योगिक क्षमताओं को बढ़ाने में लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इसके साथ ही देश के वैज्ञानिक और रणनीतिक उद्देश्यों को भी मजबूती मिल रही है। सरकार का लक्ष्य 2033 तक भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को 44 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। यह जानकारी बुधवार को जारी सरकारी फैक्टशीट में दी गई।
फैक्टशीट में कहा गया कि न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) ने भारतीय उद्योग को इसरो द्वारा विकसित 83 प्रौद्योगिकियां हस्तांतरित करने के लिए 118 प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके परिणामस्वरूप निवेशकों का भरोसा भी बढ़ रहा है। 31 मार्च 2026 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप में कुल निवेश लगभग 618.5 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया।
ये सभी घटनाक्रम दर्शाते हैं कि भारत की उभरती अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियां न केवल देश की क्षमताओं को आगे बढ़ा रही हैं, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए उद्यम आधारित एक मजबूत अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था भी तैयार कर रही हैं।
भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम अब प्रस्तावित भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्पैडेक्स मिशन के जरिए भारत कक्षा में दो अंतरिक्ष यानों की स्वायत्त डॉकिंग हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश भी बन गया। वहीं, गगनयान मिशन भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान संबंधी लक्ष्यों को आगे बढ़ा रहा है।
सितंबर 2024 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अगली पीढ़ी के प्रक्षेपण यान (एनजीएलवी) के विकास को मंजूरी दी थी। इसके लिए स्वीकृत 8,240 करोड़ रुपए की राशि में विकास लागत, तीन विकासात्मक उड़ानें, आवश्यक सुविधाएं, कार्यक्रम प्रबंधन और प्रक्षेपण अभियान शामिल हैं।
एनजीएलवी को पृथ्वी की निचली कक्षा (एलईओ) में अधिकतम 30 टन तक का भार ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी क्षमता भारत के मौजूदा प्रक्षेपण यान एलवीएम3 की 10 टन की एलईओ क्षमता से तीन गुना अधिक होगी। इसके अलावा, अंतरिक्ष तक कम लागत में पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एनजीएलवी का आंशिक रूप से पुन: उपयोग योग्य संस्करण विकसित किया जा रहा है, जो एलईओ में 14 टन तक का भार ले जा सकेगा। इसकी पुन: उपयोग की सुविधा से अंतरिक्ष तक पहुंचने की लागत भी कम होगी।
एनजीएलवी राष्ट्रीय और वाणिज्यिक, दोनों तरह के मिशनों को सक्षम बनाएगा। इनमें भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन तक मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन के साथ-साथ चंद्रमा और अंतरग्रहीय अन्वेषण अभियान शामिल हैं। इसके अलावा, यह पृथ्वी की निचली कक्षा में संचार और पृथ्वी अवलोकन उपग्रहों के समूहों को स्थापित करेगा। इन मिशनों से पूरे अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र को लाभ होगा और देश की क्षमताओं एवं क्षमता विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।
भारत का अंतरिक्ष मिशन आम नागरिकों की सेवा के उद्देश्य से आगे बढ़ रहा है। यही दृष्टिकोण अब देशभर में लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रहा है। संचार उपग्रह दूरदराज और कम सुविधाओं वाले क्षेत्रों में कनेक्टिविटी का विस्तार करते हैं। वहीं, पृथ्वी अवलोकन से प्राप्त आंकड़े कृषि, आपदा आकलन, योजना निर्माण, पर्यावरण निगरानी और अन्य राष्ट्रीय जरूरतों को पूरा करने में मदद करते हैं।
मौसम संबंधी उपग्रह चक्रवातों और मानसून पर नजर रखते हैं, जिससे समय रहते चेतावनी जारी की जा सकती है और लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। मछुआरे, किसान और तटीय समुदाय अपनी आजीविका की सुरक्षा के लिए इन चेतावनियों पर निर्भर रहते हैं। ये प्रणालियां नागरिकों को जोड़ती हैं, समुदायों की सुरक्षा करती हैं, शासन व्यवस्था को मजबूत बनाती हैं और समावेशी तथा सतत विकास को गति देती हैं।
फैक्टशीट में कहा गया है कि इन सेवाओं के अलावा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी भारत की सीमाओं की सुरक्षा में भी योगदान देती है और देश के भविष्य को आकार देती है। अंतरिक्ष आधारित संचार प्रणालियां राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करती हैं।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड4 weeks agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
