राष्ट्रीय समाचार
हैदराबाद में 6,000 लोगों ने एक साथ किया भुजंगासन, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज उपलब्धि
तेलंगाना के कान्हा शांति वनम में 6,000 से ज्यादा योग प्रेमियों ने एक साथ ‘भुजंगासन’ किया। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि एक ही समय पर यह आसन करने वाले लोगों की सबसे बड़ी भीड़ के तौर पर उनका नाम ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हो गया है।
आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इस एशियाई रिकॉर्ड को बनाने में प्रतिभागियों का नेतृत्व किया।
‘योग महोत्सव’ के लिए हजारों उत्साही लोग इकट्ठा हुए, जो अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की 50-दिन की उलटी गिनती की शुरुआत का प्रतीक था। इस कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा किया गया था।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने कहा कि योग केवल भारत की प्राचीन विरासत ही नहीं, बल्कि मानवता के लिए एक अनमोल उपहार है। आज दुनिया भर के नेता, पेशेवर और आम लोग योग का अभ्यास करते हैं और इससे लाभ उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए हमें एक स्वस्थ, शांतिपूर्ण और अनुशासित समाज का निर्माण करना होगा। योग आज की आधुनिक चुनौतियों, जैसे तनाव, अस्वस्थ जीवनशैली और प्रदूषण का एक व्यावहारिक और किफायती समाधान प्रदान करता है।
रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद, जिसे पहले से ही नवाचार और प्रौद्योगिकी के लिए विश्व स्तर पर पहचान मिली हुई है, उसे अब योग और समग्र कल्याण के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में भी उभरना चाहिए।
जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग समग्र कल्याण के लिए एक वैश्विक आंदोलन बन गया है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कल्याण और स्वास्थ्य पर्यटन के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि योग ने कल्याण और समग्र स्वास्थ्य सेवा के वैश्विक केंद्र के रूप में देश की पहचान को और मजबूत किया है।
हाल ही में शुरू की गई ‘योग 365’ पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योग 365 अभियान के माध्यम से, आयुष मंत्रालय, हैबिल्ड और एमडीएनआईवाई के सहयोग से, नागरिकों को योग को अपने दैनिक जीवन का एक अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
21 जून तक 100-दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका लक्ष्य 1 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और ‘योग मित्र’ प्रमाणन प्रदान करना है।
मंत्री ने घोषणा की कि अगला ‘योग महोत्सव’ मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित किया जाएगा, जो आईडीवाई 2026 की 25-दिवसीय उलटी गिनती का प्रतीक होगा। यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत, वास्तुकला और कल्याण परंपराओं के संगम का प्रतीक होगा।
मंत्री ने जापान के ओसाका में आयोजित ‘वर्ल्ड एक्सपो 2025’ के दौरान छह महीने तक योग सत्र आयोजित करने के लिए ‘मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान’ और ‘योग प्रमाणन बोर्ड’ के प्रयासों की भी सराहना की।
आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव, मोनालिसा दास ने संस्थान के योगदान को स्वीकार करते हुए कहा कि कान्हा शांति वनम उस शांति और संतुलन को दर्शाता है जिसे योग विकसित करने का प्रयास करता है। इस सभा का उद्देश्य स्वास्थ्य और एकता की दिशा में एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन को प्रज्वलित करना है।
राष्ट्रीय समाचार
जम्मू-कश्मीर में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ की धूम, जम्मू से पुंछ तक निकाली गईं रैलियां

स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे जम्मू-कश्मीर में देशभक्ति का माहौल है। ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत रविवार को जम्मू, त्राल, बांदीपोरा और पुंछ में बड़ी-बड़ी तिरंगा रैलियां निकाली गईं। हजारों छात्रों, युवाओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
जम्मू में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बलिदान स्तंभ से एक विशाल तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत शर्मा, अशोक कौल, गुलाम अली खटाना और सांसद जुगल किशोर शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए देशभक्ति, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और लोगों ने जगह-जगह कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
पुलवामा के त्राल में जिला प्रशासन ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से त्राल बस स्टैंड तक एक बड़ी तिरंगा रैली निकाली। रैली का नेतृत्व पुलवामा के डिप्टी कमिश्नर बशारत कय्यूम और एडीसी त्राल ने किया। इसमें हजारों छात्रों, युवाओं और स्थानीय निवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
उपायुक्त (डीसी) बशारत कयूम ने बताया, “इस साल का ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त तक चलेगा। आज हमने पुलवामा के त्राल सब-डिविजन में इसकी शुरुआती रैली की। पूरे सब डिविजन से लोग बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए हैं।”
बांदीपोरा में भी भाजपा की जिला इकाई ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा रैली आयोजित की। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस मौके पर भाजपा के राज्य महासचिव मोहम्मद अनवर खान ने कहा, “जब से हमारे देश में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार सत्ता में आई है। हर 15 अगस्त या 26 जनवरी को हमारी पार्टी ‘हर घर तिरंगा’ और तिरंगा रैलियों का आयोजन करती है। यह अभियान देश को एकजुट करने और युवाओं में देशभक्ति जगाने का काम करता है।”
पुंछ जिले में ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के समारोह और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तीसरे चरण की शुरुआत की गई। जिला युवा सेवा और खेल विभाग ने स्थानीय स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया और उसके बाद तिरंगा रैली निकाली।
जिला युवा सेवा और खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम ने कहा, “आज पुंछ जिले में खेल विभाग को जिला प्रशासन की ओर से एक काम सौंपा गया था। इस काम के तहत अलग-अलग खेल गतिविधियां आयोजित की गईं और ‘हर घर तिरंगा’ रैली भी निकाली गई।”
कार्यक्रम के एक्टिविटी हेड विजय कुमार ने बताया, “यहां अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की गईं और युवाओं को एक साथ लाया गया। इसका मकसद युवाओं में देशभक्ति की भावना पैदा करना है।”
रैली में शामिल खिलाड़ी पल्लवी ने कहा, “आज हमें बताया गया कि ‘हर घर तिरंगा’ के लिए एक रैली निकाली जा रही है। कुछ ही दिनों में स्वतंत्रता दिवस आने वाला है और उसी के लिए यह रैली आयोजित की गई थी। तिरंगा हाथ में लेकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।”
राष्ट्रीय समाचार
भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष 10 में से चार कंपनियों का मार्केटकैप 1.43 लाख करोड़ रुपए बढ़ा

भारत की शीर्ष 10 में से चार कंपनियों का मार्केटकैप 1.43 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया है। इसमें सबसे अधिक फायदा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को हुआ है। इसकी वजह सबसे बड़े सरकारी बैंक की ओर से वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के अच्छे नतीजे पेश करना था।
हालांकि, शीर्ष 10 में बाकी छह कंपनियों का मार्केटकैप 1.23 लाख करोड़ रुपए कम हुआ।
बीते हफ्ते सबसे ज्यादा मार्केटकैप वाली टॉप-10 कंपनियों में एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 63,922.03 करोड़ रुपए बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपए हो गया है। इस जबरदस्त बढ़ोतरी की वजह से एसबीआई भारत की सबसे अधिक वैल्यू वाली कंपनियों की रैंकिंग में और ऊपर पहुंच गई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यूएशन में 32,816.4 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिससे इसका मार्केटकैप 18,01,925.19 करोड़ रुपए हो गया।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की वैल्यूएशन 31,875.35 करोड़ रुपए बढ़कर 8,87,770.13 करोड़ रुपए हो गई।
लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का बाजार पूंजीकरण भी 14,637.76 करोड़ रुपर बढ़कर 5,56,482.45 करोड़ रुपए हो गया।
दूसरी ओर, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एलआईसी) में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। इसकी मार्केट वैल्यूएशन 40,543.23 करोड़ रुपए घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपए रह गई।
बजाज फाइनेंस की मार्केट कैपिटलाइजेशन 37,168.96 करोड़ रुपए घटकर 6,73,648.55 करोड़ रुपए हो गई, जबकि एचडीएफीस बैंक की वैल्यूएशन में 24,183.16 करोड़ रुपए की कमी आई और यह 11,27,967.47 करोड़ रुपए पर आ गई।
आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट कैपिटलाइजेशन 9,507.67 करोड़ रुपए घटकर 10,20,370.63 करोड़ रुपए रह गई, जबकि भारती एयरटेल की वैल्यूएशन में 7,581.65 करोड़ रुपए की कमी आई और यह 12,22,423.98 करोड़ रुपए हो गई।
हिंदुस्तान यूनिलीवर भी पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल रही। इसकी मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,793.16 करोड़ रुपए घटकर 4,88,808.97 करोड़ रुपए रह गई।
दूसरी तरफ भारतीय शेयर बाजार मामूली तेजी के साथ बंद हुआ, जिसमें सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी में 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त हुई।
राष्ट्रीय समाचार
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रांची में मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला मार्च

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रांची महानगर की ओर से रविवार को रांची में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इसका नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए। तिरंगे के साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ मोरहाबादी से शहर के प्रमुख मार्गों से होकर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। शहीद अल्बर्ट एक्का चौक पर यात्रा का समापन हुआ।
इसके बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से राष्ट्रभक्ति पर आधारित बैंड प्रस्तुति दी गई। बैंड की देशभक्ति धुनों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र और मनोज सिंह मौजूद रहे। रांची के विधायक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, नीरा यादव, पूर्व विधायक जीतू चरण राम और अनंत कुमार ओझा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान भी कार्यकर्ताओं ने लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की।
-
दुर्घटना11 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
