मनोरंजन
तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ सवालों के घेरे में, लेखक कल्याण बंदी का आरोप कहानी और टाइटल चुराया, बोले- ‘मुझे क्रेडिट कैसे नहीं मिला?’
तापसी पन्नू की आने वाली फिल्म ‘गांधारी’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। फिल्म को लेकर लेखक कल्याण बंदी लगातार अपनी बात सामने रख रहे हैं। उनका दावा है कि उन्होंने साल 2019 में ‘गांधारी’ नाम से एक कहानी लिखी थी, जिसकी कहानी मानव तस्करी के आसपास घूमती है। उनका आरोप है कि उनकी कहानी और टाइटल से मिलती-जुलती फिल्म अब बनाई गई है, लेकिन उन्हें इसका कोई क्रेडिट तक नहीं दिया गया। वहीं, फिल्म की लेखिका और निर्माता कनिका ढिल्लों की प्रोडक्शन कंपनी इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुकी है और फिल्म को पूरी तरह ओरिजिनल बता चुकी है।
अब इस पूरे विवाद पर कल्याण बंदी ने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी बात विस्तार से रखी।
आईएएनएस से बातचीत में कल्याण बंदी ने कहा, ”मैंने साल 2019 में अपनी कहानी मोनिका शेरगिल को भेजी थी। उस समय वह ‘वूट’ से जुड़ी हुई थीं और अब नेटफ्लिक्स में वाइस प्रेसिडेंट हैं। कहानी भेजने के करीब एक-दो महीने बाद मुझे जवाब मिला कि यह कॉन्सेप्ट उस समय कंपनी की कमीशनिंग लिस्ट में फिट नहीं बैठता। इसके बाद मुझे स्क्रिप्ट वापस भेज दी गई।”
कल्याण ने बताया कि उनकी कहानी ‘गांधारी’ मानव तस्करी पर आधारित थी। कहानी में एक महिला एक ऐसी लड़की के लिए मानव तस्करी के पूरे मामले का सामना करती है, जिसे वह अपनी बेटी की तरह मानती है।
उन्होंने कहा, ”कहानी में ‘गांधारी’ नाम का एक पौराणिक जुड़ाव भी है, जिसकी वजह से मैंने इस नाम को अपनी कहानी के लिए चुना था। ‘गांधारी’ टाइटल मेरा अपना बनाया हुआ विचार था। महाभारत की गांधारी और मानव तस्करी के बीच सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है। इसलिए इस नाम को इस तरह की कहानी के साथ जोड़ना मेरी अपनी रचनात्मक सोच थी। अगर कोई महाभारत के बारे में जानता है तो उसे गांधारी के साथ मानव तस्करी जैसा कोई कॉन्सेप्ट जुड़ा हुआ नहीं मिलेगा।”
कल्याण ने कहा, ”अपनी कहानी को आगे ले जाने के लिए मैंने इसे कई जगहों पर भेजा। साल 2022 में मैंने यह कहानी डिज्नी हॉटस्टार को भी भेजी थी। वहां से मुझे 2023 में जवाब मिला। डिज्नी हॉटस्टार ने आधिकारिक ईमेल के जरिए मेरी कहानी की तारीफ की थी। इसी दौरान मैंने बावेजा स्टूडियोज से भी संपर्क किया। वहां कहानी पर फिल्म बनाने को लेकर बातचीत हुई और करीब चार-पांच महीने तक इस सिलसिले में मुलाकातें भी होती रहीं।”
कल्याण ने आगे कहा, “इस बीच, साल 2024 में नेटफ्लिक्स ने ‘गांधारी’ की घोषणा कर दी। फिल्म के टाइटल और उसके कॉन्सेप्ट को देखकर मुझे अपनी पुरानी कहानी याद आई। जिस नाम और विचार को मैंने सालों पहले तैयार किया था, वही अब एक बड़े प्रोजेक्ट के तौर पर सामने आया। सबसे ज्यादा आपत्ति मुझे इस बात से है कि इस काम का क्रेडिट मुझे नहीं दिया गया। मेरे लिए ये सिर्फ पैसों का सवाल नहीं है। अगर मेरी कहानी का इस्तेमाल किया जा रहा है तो कम से कम क्रेडिट तो दिया जाना चाहिए, लेकिन इसका क्रेडिट कनिका ढिल्लों को दिया गया। ये कैसे हो सकता है?”
कल्याण ने आगे बताया, ”मैंने इस मामले को लेकर मोनिका शेरगिल से भी संपर्क करने की कोशिश की। चूंकि अब वह नेटफ्लिक्स में अहम पद पर हैं, इसलिए मैंने उन्हें लिंक्डइन के जरिए अपनी बात बताई। लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मैंने स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन (एसडब्ल्यूए) में शिकायत की। मैंने अपनी कहानी साल 2019 में ही रजिस्टर करा दी थी।”
कल्याण ने एसडब्ल्यूए से मिले जवाब के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, ”एसोसिएशन ने मुझसे कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद स्क्रिप्ट और कहानी को आपस में मिलाकर देखा जाएगा और यह जांच की जाएगी कि कहीं कॉपी तो नहीं की गई। अगर कहानी पहले से रजिस्टर है और बाद में उसी तरह का प्रोजेक्ट सामने आता है तो मामले को गंभीरता से देखा जाना चाहिए।”
उन्होंने दावा किया कि इस मामले में साल 2025 में उन्होंने मोनिका शेरगिल को कानूनी नोटिस भेजा था, लेकिन अब तक उन्हें उस नोटिस का कोई जवाब नहीं मिला है। कल्याण ने नेटफ्लिक्स को भी लीगल नोटिस भेजा, लेकिन उनकी मानें तो कंपनी ने 11 महीने से अधिक समय बीता जाने के बाद भी इसका कोई जवाब नहीं दिया है।
कल्याण ने कहा कि मामला अदालत तक नहीं पहुंचा, क्योंकि एक लंबी कानूनी लड़ाई लड़ना उनके लिए आसान नहीं है।
इस पूरे विवाद में कल्याण ने तापसी पन्नू का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा, ”मैं तापसी पन्नू से भी नाराज हूं। मैंने तापसी को भी इस मामले की जानकारी दी थी। वह एक जिम्मेदार कलाकार हैं और उन्हें इस मामले की ओर ध्यान देना चाहिए था। लेकिन उनकी तरफ से भी मुझे कोई जवाब नहीं मिला।
दूसरी ओर, ‘गांधारी’ के मेकर्स कल्याण के आरोपों को बेबुनियाद बता चुके हैं। कनिका ढिल्लों की प्रोडक्शन कंपनी ‘कथा पिक्चर्स’ की ओर से कहा गया है कि फिल्म किसी दूसरे व्यक्ति के कॉन्सेप्ट की नकल नहीं है। ‘गांधारी’ एक ओरिजिनल कहानी है, जिसे कनिका ढिल्लों ने लिखा और प्रोड्यूस किया है और कथा पिक्चर्स ने इसे विकसित किया है। कंपनी ने साफ तौर पर कहानी और स्क्रीनप्ले को कनिका का अपना काम बताया है।
मनोरंजन
नाना पाटेकर को याद कर भावुक हुए पवनदीप राजन, बोले- ‘दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे’

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। कई कलाकार उनके काम के साथ-साथ समाज में उनके योगदान को भी याद कर रहे हैं। गायक पवनदीप राजन ने भी नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी और कहा कि नाना भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और उनसे मिली सीख आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
आईएएनएस से बातचीत में पवनदीप राजन ने कहा, ”हमारे बीच के बड़े कलाकार नाना पाटेकर हमसे काफी दूर चले गए हैं। ये तो विधि का विधान है, ऐसा सबके साथ होना ही है। उनके जाने के बाद ऐसा महसूस नहीं होता कि वह हमेशा के लिए दुनिया से चले गए हैं। उनकी फिल्मों को देखने पर ऐसा लगता है, जैसे वह आज भी हमारे बीच मौजूद हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ”नाना पाटेकर लोगों के दिलों में हमेशा अमर रहेंगे। उन्होंने केवल अपना शरीर त्यागा है, लेकिन उनका काम और उनकी यादें हमेशा जीवित रहेंगी।”
पवनदीप ने नाना पाटेकर के व्यक्तित्व के उस पहलू का भी जिक्र किया जो उन्हें आम लोगों से जोड़ता था। उन्होंने कहा, “नाना आम इंसान की तरह रहते थे और उन्हें खेती करना पसंद था। खेती से उनका लगाव उनके सादगी भरे स्वभाव को दिखाता है। युवाओं ने नाना से काफी कुछ सीखा है और आने वाली पीढ़ियां भी उनके जीवन और काम से बहुत कुछ सीखेंगी।”
बता दें कि नाना पाटेकर का असली नाम विश्वनाथ पाटेकर था। उन्होंने साल 1978 में आई फिल्म ‘गमन’ से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘अंकुश’, ‘परिंदा’, ‘प्रहार’, ‘क्रांतिवीर’, ‘तिरंगा’, ‘अपहरण’, ‘टैक्सी नंबर 9211’, और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में शानदार काम किया। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। नाना पाटेकर को साल 1991 में पद्मश्री से नवाजा गया था। इसके अलावा, मीरा नायर की फिल्म ‘सलाम बॉम्बे!’ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
मनोरंजन
आर अश्विन ने पुडुचेरी पिच की प्रशंसा की, कहा- ऐसे वेन्यू पर ही वनडे खेला जाना चाहिए

भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक जैसी पिच बनाने के लिए पुडुचेरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसी ही पिचों पर वनडे खेले जाने चाहिए।
क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच चल रहे अनाधिकारिक वनडे को देखते हुए, अश्विन ने कहा कि ऐसी पिचों पर बल्लेबाजों से ज्यादा उम्मीद होगी।
अश्विन ने एक्स पर लिखा, “अभी। ऐसा लग रहा है कि पुडुचेरी ऐसी पिचें बना रहा है जिन पर वनडे खेले जाने चाहिए। 250 रन का पीछा करना मुश्किल लग रहा है। ऐसी पिचें बनाने से बल्लेबाजों से ज्यादा उम्मीद होगी। उनकी रणनीतिक सोच और गेम जागरूकता बढ़ेगी।”
इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही अनाधिकारिक वनडे सीरीज की पिचों पर 300 से कम के स्कोर का आसानी से बचाव किया गया। ऑस्ट्रेलिया ए ने पहले वनडे में 274 रन बनाए और इंडिया ए को 149 रन पर ऑल आउट करके 125 रन से जीत लिया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरे मैच में 275 रन बनाए और इंडिया ए को 206 रन पर ऑल आउट करके 69 रन से मैच जीत लिया। इससे ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक गेम बाकी रहते सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने में मदद मिली।
तीसरे मैच में भी कहानी कुछ ऐसी ही दिखी, जब इंडिया ए ने पहली पारी में 275 रन बनाए। सीरीज की पांच पारियों में सिर्फ एक शतक लगा, और वह भी पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई बैटर नाथन मैकस्वीनी के बल्ले से आया।
आर अश्विन का बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही है जिसमें गेंदबाजों की मुश्किल बढ़ी हुई है। भारतीय टीम रांची में खेले गए दूसरे टी20 में 249 रन बनाकर भी हार गई, जबकि वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज के दौरान गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे में 405 रन बनाकर भी हार का सामना करना पड़ा। इन दोनों मैचों के बाद पिच को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
मनोरंजन
इमरान खान समेत 400 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर, मुंबई में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लिया था हिरासत में

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन के सिलसिले में उनके और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह प्रदर्शन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था।
पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान मुंबई में 400 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें इमरान खान भी शामिल थे।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दक्षिण मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, 126(2), 189(2), 189(3), और 189(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं आदेश की अवहेलना, गलत तरीके से रोकने और गैरकानूनी जमावड़े से जुड़े मामलों में लगाई जाती हैं। इस मामले में पुलिसकर्मी खुद शिकायतकर्ता बने हैं।
शनिवार को हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।’
उनकी इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा। इस दौरान एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें इमरान पुलिसकर्मियों से ‘जय हिंद’ कहते सुनाई दिए।
एक अन्य वीडियो में इमरान ने अपनी हिरासत को लेकर हैरानी जताई। उन्होंने कहा, ”मुझे सच में नहीं पता कि मुझे यहाँ क्यों लाया गया है। उन्होंने हम सभी को सड़कों से उठाया और वैन में बैठने के लिए कहा।” इमरान ने बताया कि रिहा किए जाने से पहले उन्हें और अन्य लोगों को पुलिस वैन में करीब दो घंटे तक घुमाया गया।
पुलिस वैन में बैठने से पहले इमरान खान ने प्रदर्शन में शामिल होने की वजह भी बताई थी। उन्होंने कहा, ”मेरी कोई मांग नहीं है। मेरी ऐसी कोई हैसियत नहीं है कि मैं लोगों से कुछ मांगूं। मैं किसी संगठन का हिस्सा भी नहीं हूं, इसलिए किसी के प्रतिनिधि के तौर पर बात नहीं कर रहा हूं।”
इस प्रदर्शन के दौरान इमरान खान के साथ उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और उनकी कजिन जायन मैरी खान को भी अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में लिया गया था। दोनों ने भी सोशल मीडिया पर पुलिस वैन के अंदर से लगातार अपडेट साझा किए।
बता दें कि यह प्रदर्शन दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर है। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति जताई।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
