अपराध
बेंगलुरु में फेसबुक पर पोस्ट के 3 घंटे में तेजी से दंगे भड़के : पुलिस
बेंगलुरु में हाल ही में हुए दंगे सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट डालने के बाद 3 घंटे से भी कम समय में तेजी से भड़क गए थे। शुक्रवार को एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुलदीप जैन ने आईएएनएस को बताया, “नवीन ने अपमानजनक संदेश शाम 6 बजे के आसपास पोस्ट किया था और रात 9 बजे तक दंगे भड़क उठे।”
सरकारी तंत्र पहले से ही कोरोनावायरस महामारी से जूझ रहा था और अचानक भड़के दंगे और ज्यादा परेशानी का सबब बन गए।
मंगलवार रात पुलिकेशीनगर के कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे पी. नवीन के सोशल मीडिया पर अपमानजनक संदेश पोस्ट करने के बाद सैकड़ों लोग सड़क पर उतर पड़े और दंगे भड़क उठे।
भीड़ ने पथराव किया, 60 पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया और डीजे हल्ली केजी हल्ली, पुलिकेहसीनगर और कवल ब्यारसांद्र इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की वारदातों को अंजाम दिया।
जैन ने कहा, “जैसे ही यह खबर पुलिस तक पहुंची, आसपास के पुलिस थानों के पुलिसकर्मी घटनास्थल की ओर फौरन रवाना हो गए।”
पुलिस कमिश्नर कमल पंत खुद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दंगा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों को भी सूचित किया।
पुलिस को शुरू में दंगाई भीड़ को काबू करने में मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार पुलिस ने हवा में और फिर दंगाइयों पर फायरिंग की। 3 की मौत के बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। जैन ने कहा कि भीड़ को शांत करने में लाठीचार्ज और घोषणाएं नाकाम साबित हुईं।
इसके अलावा, पुलिस आशंकित थी कि अगर स्थिति को नियंत्रण में नहीं लाया गया तो दंगे शहर के अन्य हिस्सों में फैल सकते हैं।
उन्होंने कहा, “अगर कोई गोलीबारी नहीं होती, तो यह ज्यादा समय तक जारी रहती और नुकसान अधिक हो सकता था। और हमें डर था कि वे पूरे बेंगलुरु में फैल जाएंगे।”
वहीं, विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति ने कहा कि 4,000 तक लोगों ने हमला किया और उनके 50 साल पुराने पुश्तैनी घर को लाठी, डंडे, पेट्रोल बम का इस्तेमाल कर आग लगा दिया।
जैसा कि दंगाई पुलिस बस सहित 300 वाहनों को आग के हवाले करने में कामयाब रहे, पुलिस जांच कर रही है कि दंगाइयों ने आग लगाने के लिए किस चीज का इस्तेमाल किया। भीड़ ने डीजे हल्ली पुलिस स्टेशन के सामने खड़ी डीसीपी की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
दंगों के अगले दिन बुधवार को पुलिस ने गोलीबारी में मारे गए तीनों को शांतिपूर्ण तरीके से दफनाना सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) संदीप पाटिल की अगुवाई में सात पुलिस टीमें दंगे की जांच कर रही हैं। 206 संदिग्ध पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हंगामा करने वालों में ज्यादातर युवा थे, जिनमें कुछ अधेड़ उम्र के लोग भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपमानजनक पोस्ट से निपटने का मौका नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा, “हमें यही बात हैरान कर रही है कि बड़ी साजिश क्या है? थोड़ा धैर्यरखा जा सकता था। पुलिस को अपना काम करने का मौका दिया जाना चाहिए था।”
हालांकि, नवीन ने शुरू में दावा किया था कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था, लेकिन बाद में उसने स्वीकारकर लिया कि उसी ने अपमानजनक संदेश पोस्ट किया था। संदेश पोस्ट करने के 40 मिनट के भीतर उसने अपना फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया था।
अपराध
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 11 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, बैंकाक से आया यात्री गिरफ्तार

गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 10.91 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामले में आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई रविवार को अहमदाबाद कस्टम की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने की। आरोपी यात्री गुजरात के जूनागढ़ जिले के मंगरोल का रहने वाला है और वह थाई एयरवेज की फ्लाइट टीजी-343 से बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचा था।
जांच के दौरान यात्री के चेक-इन सामान की तलाशी ली गई। इसी दौरान कस्टम के स्निफर डॉग ने बैग में नशीले पदार्थ की मौजूदगी का संकेत दिया। इसके बाद बैगेज टैग के आधार पर यात्री की पहचान कर उसे रोका गया।
अधिकारियों ने जब उसके ट्रॉली बैग की गहन जांच की तो उसमें छिपाकर रखे गए चांदी रंग के पांच पॉलीथीन पैकेट मिले। इन पैकेटों में हरे रंग का पौधेनुमा पदार्थ भरा हुआ था। फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर यह हाइड्रोपोनिक गांजा निकला।
कस्टम अधिकारी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ का कुल शुद्ध वजन 10,911 ग्राम है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपए है।
इस खेप को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया है। वहीं, आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई, इसे किसे पहुंचाया जाना था और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हाथ तो नहीं है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आने वाले यात्रियों के पास से हाइड्रोपोनिक गांजा पकड़े जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले महीने भी कस्टम ने बैंकॉक से आए एक यात्री के बैग से 20 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया था। इसके अलावा एक अन्य यात्री के पास से करीब 6.5 किलोग्राम और एक अलग कार्रवाई में लगभग 4 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया था।
पिछले सप्ताह मुंबई कस्टम ने भी बैंकॉक से आए दो यात्रियों को गिरफ्तार किया था, जिनके सामान से 19 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ था।
बता दें कि हाइड्रोपोनिक गांजा उस गांजे को कहा जाता है जिसे बिना मिट्टी के, केवल पानी और विशेष पोषक तत्वों के नियंत्रित घोल की मदद से कृत्रिम वातावरण में उगाया जाता है।
अपराध
आगरा में सीबीआई ने पीएनबी के ब्रांच मैनेजर को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की भद्रौली शाखा, बरहन के मैनेजर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोपी को सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 25 जून को एक निजी कंपनी में कार्यरत शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बैंक मैनेजर करीब 19 सोलर पैनल लोन फाइलों की प्रोसेसिंग और मंजूरी के लिए प्रति फाइल 7,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के मुताबिक, बातचीत के बाद आरोपी मैनेजर 19 लोन फाइलों को क्लियर करने के बदले कुल 52,000 रुपए रिश्वत लेने पर तैयार हो गया। खास बात यह है कि ये सभी 19 लोन फाइलें पहले से ही बैंक द्वारा विधिवत स्वीकृत की जा चुकी थीं, इसके बावजूद उन्हें आगे बढ़ाने के लिए कथित तौर पर रिश्वत मांगी गई।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 30,000 रुपए मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई ने आरोपी बैंक मैनेजर को 25 जून को गिरफ्तार किया। उसे शुक्रवार को गाजियाबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले 22 जून को सीबीआई ने सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), रामगढ़ (झारखंड) के बरका सयाल एरिया के सौंदा स्थित रीजनल स्टोर के चीफ स्टोर कीपर को रिश्वतखोरी के मामले में रंगे हाथ पकड़ा था। यह मामला शिकायत मिलने पर दर्ज किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। यह रिश्वत शिकायतकर्ता को उसकी मेडिकल स्थिति को देखते हुए हल्के काम सौंपकर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी जारी रखने देने के बदले मांगी गई थी।
अपराध
मुंबई लोकल ट्रेन में बारिश के दौरान दरवाज़ा बंद करने को लेकर हुए विवाद में हत्या

मुंबई: मुंबई की एक लोकल ट्रेन में सनसनीखेज मर्डर से टेंशन बढ़ गया है। मुंबई लोकल ट्रेन में एक पैसेंजर की दूसरे पैसेंजर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि मरने वाले पैसेंजर की पहचान मयंक लोहार (22) के तौर पर हुई है। आरोपी की पहचान हो गई है और उसे अरेस्ट करने के लिए रेलवे पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर ट्रैवल सेफ्टी का मुद्दा सामने आ गया है। मंगलवार, 23 जून को रात करीब 10 बजे मुंबई लोकल ट्रेन में एक आदमी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुई। यह घटना बोरीवली और अंधेरी स्टेशन के बीच हुई। तेज बारिश के दौरान ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर बहस शुरू हो गई और यह बढ़ती गई। इस दौरान एक पैसेंजर ने दूसरे पैसेंजर की चाकू मारकर हत्या कर दी। रेलवे पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बहस के बाद दूसरे लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। गुस्साए आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकाला और मयंक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हमलावर बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन रुकने से पहले ही उतर गया और भाग गया। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छह टीमें बनाई हैं और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन और तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है।
-
दुर्घटना10 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र12 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
