मनोरंजन
जूनियर एनटीआर ने अपने दादा एनटी रामा राव को दी श्रद्धांजलि
दिग्गज अभिनेता, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के संस्थापक और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक रामा राव (एनटीआर) की जयंती के मौके पर तमाम सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एनटीआर का जयंती समारोह अगले साल तक आंध्र प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी जारी रहेगा।
एनटीआर को तेलुगु की पहचान और स्वाभिमान को बढ़ावा देने का श्रेय दिया जाता है।
उनके बच्चों में तेलुगु अभिनेता बालकृष्ण और पूर्व केंद्रीय मंत्री दग्गुबाती पुरंदरेश्वरी शामिल हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू एनटीआर के दामाद हैं।
उनके बेटे बालकृष्ण ने पहले घोषणा की थी कि परिवार के सदस्य एनटीआर से जुड़े जयंती समारोह में भाग लेने के लिए दुनिया भर का दौरा करेंगे, जो 23 मई 2023 तक चलेगा।
हैदराबाद में, उनके पोते और फिल्म स्टार जूनियर एनटीआर समेत एनटीआर परिवार के सदस्यों ने जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बालकृष्ण ने जयंती समारोह की शुरूआत एनटीआर के जन्मस्थान से की। वहीं टीडीपी ने ओंगोल में एक विशाल जनसभा की व्यवस्था की है, जहां महानु या संगठनात्मक बैठक हो रही है।
एनटीआर का जन्म 28 मई 1923 को आंध्र प्रदेश के नंदीकूरु में हुआ। उन्होंने तेलुगू इंडस्ट्री में काफी नाम कमाया। वह भगवान राम, कृष्ण और हिंदू देवताओं के किरदार निभाने के लिए जाने जाते थे। एक्टिंग के अलावा एनटीआर ने फिल्मों के निर्देशन और निर्माण में भी किस्मत अजमायी।
इंडस्ट्री के अलावा वह राजनीतिक गलियारों में भी लोकप्रिय थे। एनटीआर ने अकेले ही 1982 में तेलगु देशम पार्टी की स्थापना की थी। 1983 से 1994 के बीच यह तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
वह 1989 में केंद्र में सरकार बनाने वाले राष्ट्रीय मोर्चा गठबंधन के एक प्रमुख सदस्य थे।
एनटीआर का निधन 18 जनवरी 1996 को हैदराबाद में हुआ था।
मनोरंजन
‘दीपावली मनाना हमें दीया मिर्जा से सीखने की जरूरत नहीं’, भाजपा नेताओं ने अभिनेत्री पर साधा निशाना

मुंबई में दीपावली पर प्रदूषण कम करने की अपील को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी तक पहुंच गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा के दीपावली के संदेश पर पहले मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने आपत्ति जताई थी और इसके बाद बीएमसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उनका वीडियो हटा दिया था। अब केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले, भाजपा नेता श्रीकांत भारतीय और विधायक संजय उपाध्याय ने भी मामले पर प्रतिक्रियाएं दी हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने आईएएनएस से बातचीत में दीया मिर्जा के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, ”दीया दूसरे धर्म से आती हैं और उन्हें त्योहार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। भारत का संविधान सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने त्योहार मनाने का अधिकार देता है। पटाखों के बिना दीपावली मनाने का कोई मतलब नहीं है, हालांकि इस दौरान इस बात का ध्यान जरूर रखा जाना चाहिए कि ज्यादा प्रदूषण न हो। इसके लिए गाइडलाइन पहले ही जारी की गई हैं और उनके तहत कुछ पटाखे जलाए जा सकते हैं।”
आठवले ने दीया के इस तरह त्योहार को लेकर बयान देने को गलत बताया और कहा कि इससे हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है। उन्होंने अभिनेत्री के बयान का विरोध भी किया।
बीजेपी नेता श्रीकांत भारतीय ने भी दीया मिर्जा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ”दीया मिर्जा को दूसरों को दीपावली मनाने का तरीका बताने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए। हालांकि हमारी पार्टी किसी धर्म के विरोध में नहीं है, लेकिन दीया को अपने धर्म से जुड़े त्योहारों और परंपराओं पर भी बात करनी चाहिए। हिंदू समाज सदियों से पर्यावरण की चिंता करता आया है। कौन से पटाखे जलाने चाहिए और दीपावली किस तरह मनानी चाहिए, यह देश के लोगों को पता है। इसके लिए उन्हें दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है।”
बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने इस विवाद को दूसरे हिंदू त्योहारों से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा, ”दीया मिर्जा को दीपावली के पटाखों से दिक्कत है। कुछ बॉलीवुड हस्तियां और तथाकथित बुद्धिजीवी हर बार हिंदू त्योहारों के दौरान किसी न किसी मुद्दे पर सवाल उठाते हैं। होली के समय पानी की खपत, दही हांडी के दौरान सुरक्षा, नवरात्रि में शोर और गणेशोत्सव के समय प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों को लेकर सवाल किए जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ”रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान, अमेरिका तथा इजरायल के बीच तनाव में भी बम और गोले गिरने से बड़े स्तर पर तबाही हो रही है और प्रदूषण फैल रहा है। जब दुनिया के दूसरे हिस्सों में युद्ध के कारण पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, तब इस पर उतनी चर्चा क्यों नहीं होती। बम और गोले दागने से जो प्रदूषण होता है, उसकी तुलना में दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाले स्थानीय प्रदूषण कुछ भी नहीं है।”
वहीं, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने इस मामले पर आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”दीया मिर्जा के नाम में ही ‘दीया’ है और उन्हें समझना चाहिए कि दीपावली को प्रकाश का त्योहार कहा जाता है। हर नागरिक जानता है कि प्रदूषण को लेकर सतर्क रहना जरूरी है और पटाखे नहीं फोड़ने चाहिए, ताकि लोग सुरक्षित रह सकें, क्योंकि स्वास्थ्य और जीवन सबसे पहले है।”
दरअसल, बीएमसी ने मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया था। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद नागरिकों से पटाखे न फोड़ने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की गई थी।
इस अभियान के लिए बीएमसी ने कई जानी-मानी हस्तियों के वीडियो संदेश रिकॉर्ड किए थे। इनमें दीया मिर्जा के अलावा माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी शामिल थे। इन वीडियो के जरिए लोगों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने और ध्वनि तथा वायु प्रदूषण से बचने की अपील की गई थी।
हालांकि, दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।
मनोरंजन
शाहरुख के जन्मदिन पर जश्न का माहौल, रितेश-जेनेलिया समेत इंडस्ट्री के कलाकारों ने दी बधाई

बॉलीवुड के किंग खान (शाहरुख खान) सोमवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर इंडस्ट्री के उनके दोस्त और सह-कलाकारों ने न सिर्फ जन्मदिन की बधाई दी, बल्कि अभिनेता की आगामी फिल्म ‘किंग’ की रिलीज को लेकर उत्सुकता भी जाहिर की।
अभिनेता रितेश देशमुख ने शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई देने के साथ-साथ उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ के लिए अपनी उत्साहित भी जाहिर की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शाहरुख खान के साथ तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “हैप्पी बर्थडे शाहरुख भाई। आप हमारे लिए किंग हैं और हमेशा रहेंगे। हंसी और प्यार से भरा आपका दिन शानदार बीते। किंग पर तो ब्लॉकबस्टर लिखा हुआ है, 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में जादू छाने का बेसब्री से इंतजार है। लव यू।”
रितेश देशमुख की पत्नी और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी शाहरुख को हार्दिक बधाई दी और उनकी अपकमिंग फिल्म के लिए अपना उत्साह जाहिर किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें जेनेलिया और रितेश शाहरुख खान को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
उन्होंने लिखा, “हैप्पी बर्थडे शाहरुख खान, हम आपको बहुत-बहुत प्यार करते हैं और हमेशा करेंगे। मैं सच में ‘किंग’ के लिए और इंतजार नहीं कर सकती। जल्द मिलते हैं- बड़ा सा हग।”
खास बात यह है कि इस कपल का ‘दिलवाले’ एक्टर के साथ काफी अच्छा बॉन्ड है, जो आपसी सम्मान, पर्सनल मुलाकातों और कई यादगार पलों से बना है।
वहीं, 2 नवंबर को 61 साल के हुए शाहरुख खान को फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने जन्मदिन की बधाई दी। ‘बादशाह’ की को-स्टार दीपशिखा नागपाल ने भी सोशल मीडिया पर सुपरस्टार को विश किया।
उन्होंने लिखा, “हमारे एक और इकलौते किंग खान शाहरुख खान को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। आप ऐसे ही चमकते रहें और हर साल की तरह मेरी यही ख्वाहिश है कि आपके साथ फिर से काम करूं।”
अभिनेत्री अनन्या पांडे ने भी शाहरुख खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर किंग खान की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।”
मनोरंजन
बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे दिखे अमिताभ बच्चन, एआईसीडब्ल्यूए ने देवेंद्र फडणवीस से मांगी फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन दशकों से हर रविवार अपने घर के बाहर आने वाले फैंस से मिलते रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उन्होंने अपने फैंस से मिलने की परंपरा नहीं छोड़ी। हालांकि, इस बार उनका ‘रविवार दर्शन’ पहले से काफी अलग रहा।
1 नवंबर को अमिताभ बच्चन मुंबई के जुहू स्थित अपने घर ‘जलसा’ के बाहर फैंस से मिलने पहुंचे, लेकिन इस बार वह बुलेटप्रूफ शीशे से बने सुरक्षा घेरे के अंदर खड़े नजर आए। उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी इस दौरान उनके साथ मौजूद थे। अमिताभ की इस तस्वीर ने फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
दरअसल, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमिताभ बच्चन की तस्वीर शेयर करते हुए फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। एसोसिएशन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से फिल्मी हस्तियों को घर से लेकर शूटिंग सेट तक पुख्ता सुरक्षा देने की मांग की है। एसोसिएशन ने पोस्ट में लिखा कि अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे देखकर पूरा फिल्म जगत हिल गया है।
एआईसीडब्ल्यूए ने पोस्ट के टाइटल में लिखा, ‘सपनों के शहर में डर: बॉलीवुड के महानायक अब बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे।’ इसके साथ ही लिखा, ‘बुलेटप्रूफ शीशा, लेकिन डर अब भी कायम : एआईसीडब्ल्यूए ने बॉलीवुड की सुरक्षा की मांग की।’
इसके बाद एसोसिएशन ने लिखा, ”एआईसीडब्ल्यूए माननीय मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए पूरी और पुख्ता सुरक्षा की मांग करता है। रविवार को भारतीय सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से अपने फैंस से मिलते देखना पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर देने वाला था।”
उन्होंने आगे लिखा, ”चार दशकों से भी ज्यादा समय से अमिताभ बच्चन हर रविवार को जुहू स्थित अपने घर जलसा के बाहर अपने फैंस से मिलते रहे हैं। उनसे मिलने के लिए देश और विदेश से लोग आते हैं। उनके लिए अमिताभ की एक झलक पाना किसी सपने के सच होने जैसा है। 84 साल की उम्र में उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि मुंबई में उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए इस तरह के इंतजाम करने पड़ेंगे। यह घटना उनके घर से जुड़ी बम की धमकी और जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद सामने आई है। ये दोनों घटनाएं दिखाती हैं कि हालात कितने गंभीर हो चुके हैं।”
एआईसीडब्ल्यूए ने पोस्ट में लिखा, ”लोगों ने अब तक बुलेटप्रूफ कारों के बारे में सुना था। लेकिन अब उन्होंने एक सुपरस्टार को अपने घर से बाहर निकलकर बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर उन लोगों से मिलते देखा है, जो उनसे प्यार करते हैं। भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह तस्वीर हमेशा याद रखी जाएगी। देश में पहले कभी ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। बॉलीवुड ने पहले कभी गैंगस्टरों के इस स्तर के डर और आतंक के बीच काम नहीं किया है। मुंबई ने भी ऐसा दौर नहीं देखा है। साल 2026 में किसी ने इसकी कल्पना भी नहीं की थी। आज फिल्मी हस्तियां अपने घरों से बाहर निकलने या शूटिंग पर जाने से भी हिचकिचाती हैं। अमिताभ बच्चन को अपनी सुरक्षा खुद करनी पड़ रही है और उनके बेटे अभिषेक बच्चन, जो बहुत कम बाहर निकलते हैं, अब अपने पिता की सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़े हैं।”
एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार से सवाल करते हुए कहा, ”क्या बॉलीवुड को आज और भविष्य में भी डर के साए में जीना पड़ेगा? क्या फिल्मी हस्तियां पहले की तरह आजादी से घूम सकेंगी और खुले में शूटिंग कर सकेंगी? क्या उनके परिवार सुरक्षित हैं? क्या सरकार और मुंबई पुलिस फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के मन से यह डर खत्म कर पाएगी? ऐसे माहौल में लोग कैसे काम करेंगे, कुछ नया बनाएंगे और आजादी से सांस ले पाएंगे?रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई फिल्मी हस्तियों के घरों की रेकी की जा रही है। आशंका है कि कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया जा सकता है। अगर यह डर जारी रहा तो बॉलीवुड पर ताला लग जाएगा और यहां काम करने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों की तलाश करनी पड़ेगी।”
एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से फिल्मी हस्तियों के घरों और शूटिंग सेट पर सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की है। उन्होंने गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की भी मांग की है। एआईसीडब्ल्यूए पूरी फिल्म इंडस्ट्री के साथ खड़ा है। भारतीय सिनेमा का घर मुंबई कभी भी डर के साए में नहीं रहना चाहिए।
एआईसीडब्ल्यूए की यह मांग ऐसे समय आई है, जब मुंबई में फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। 18 अक्टूबर 2026 को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू इलाके में फायरिंग हुई थी। टाइगर उस समय फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे। हमलावरों ने उनकी कार पर कई गोलियां चलाई थीं। इस घटना में टाइगर सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इसके कुछ दिन बाद 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इस ईमेल में मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के घर जलसा और गायक दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच जलसा को निशाना बनाने की बात भी कही गई थी। इसके अलावा 31 अक्टूबर को एक स्कूल में ग्रेनेड हमले की धमकी का भी जिक्र था। ईमेल की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। जिन जगहों का नाम ईमेल में था, वहां सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू की थी।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड1 month agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
