राष्ट्रीय समाचार
भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला, बैंकिंग स्टॉक्स में तेजी
भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार को हरे निशान में हुई। इस दौरान सेंसेक्स 154.60 अंक या 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,724.95 और निफ्टी 83.50 अंक या 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,997.95 पर था।
शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी का नेतृत्व बैंकिंग और वित्तीय शेयर कर रहे थे। सूचकांकों में निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज टॉप गेनर्स थे। इसके बाद निफ्टी मीडिया, निफ्टी मेटल, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी कमोडिटीज में भी तेजी के साथ कारोबार हो रहा था।
वहीं, निफ्टी आईटी, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी कंजप्शन लाल निशान में थे।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 166 अंक या 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63,165 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 168 अंक या 0.85 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,981 पर था।
सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, इटरनल, बीईएल, कोटक महिंद्रा बैंक और ट्रेंट गेनर्स थे।
दूसरी तरफ टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इंडिगो, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, टीसीएस, टाइटन, आईटीसी, एचयूएल और एशियन पेंट्स लूजर्स थे।
ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक, जकार्ता और सोल हरे निशान में थे। केवल हांगकांग लाल निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को हरे निशान में बंद हुआ, जिसमें डाओ जोन्स 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ और नैस्डैक 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।
बाजार के जानकारों ने कहा कि अमेरिका में बॉन्ड यील्ड्स में गिरावट से भारत के साथ वैश्विक बाजारों के लिए सकारात्मक माहौल बना है। एफसीएनआर (बी) जमा में रिकॉर्ड 136 अरब डॉलर का निवेश आने के डॉलर के मुकाबले रुपए को सपोर्ट मिलेगा और विदेशी निवेशकों का भारत में विश्वास बढ़ेगा। बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की 9,500 करोड़ रुपए की खरीदारी से भी इसकी पुष्टि होती है।
राष्ट्रीय समाचार
बिहार के भागलपुर में दंपती की गोली मारकर हत्या, एक संदिग्ध हिरासत में

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी इस्माईलपुर हटिया में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे। गुरुवार सुबह करीब तीन-चार बजे दोनों अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने हमला कर दिया। हमले में रंजन की मौके पर ही मौत हो गई।
पति को गोली लगने के बाद किरण देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल किरण देवी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को उठाने से रोक दिया। इसके बाद समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डॉग स्क्वॉड और तकनीकी अनुसंधान की भी मदद ली जा रही है, ताकि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार, एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। जांच के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
राष्ट्रीय समाचार
दिल्ली हवाई अड्डे पर पंजाब सीएम पर कस्टम कार्रवाई, 3 घंटे इंतजार के बाद लगा जुर्माना

आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को दावा किया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पेरिस से लौटने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगभग तीन घंटे तक इंतजार कराया गया और बाद में उन पर 50,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस घटना ने पार्टी और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है।
पंजाब आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बताया कि मुख्यमंत्री मान को इस बहाने से इंतजार कराया गया कि उनका सामान नहीं आया है या अभी भी उसकी जांच चल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुख्यमंत्री हवाई अड्डे से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तब अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया और बताया कि उन पर ‘ऊपर से भारी दबाव’ है।
आप ने इस घटना को मुख्यमंत्री को अपमानित करने और राज्य की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास बताया।
हालांकि, आम आदमी पार्टी ने शुरुआत में 50,000 रुपए के चालान के आधिकारिक कारणों को स्पष्ट नहीं किया।
सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सीमा शुल्क विभाग ने कथित तौर पर अघोषित विलासिता वस्तुओं के लिए 50,000 रुपए का जुर्माना लगाया है।
शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया कि मान और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर से सामान या अन्य वस्तुओं से संबंधित कथित उल्लंघनों के सिलसिले में सीमा शुल्क अधिकारियों ने पूछताछ की।
ये दावे अपने आप में कार्रवाई की परिस्थितियों या कानूनी आधार को साबित नहीं करते हैं।
मान 17 से 21 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय खाद्य व्यापार प्रदर्शनी एसआईएलएल पेरिस 2026 में पंजाब के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पेरिस गए थे।
राज्य प्रतिनिधिमंडल पंजाब राज्य सहकारी आपूर्ति और विपणन संघ (मार्कफेड के नाम से लोकप्रिय) से संबद्ध था।
इस यात्रा के दौरान, मान ने पंजाब के उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार का विस्तार करने के प्रयासों के तहत डिब्बाबंद चना और लाल राजमा सहित राज्य के सोहना ब्रांड के उत्पादों का प्रचार किया।
आप नेताओं ने हवाई अड्डे की घटना को मान की विदेश यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी को लेकर पहले हुए खींचतान से जोड़ा।
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने मंजूरी से इनकार को रद्द कर दिया था और विदेश यात्रा की अनुमति दे दी थी।
पन्नू ने केंद्र पर मान के विदेश कार्यक्रमों में बार-बार बाधा डालने का आरोप लगाया और हवाई अड्डे पर हुई कथित देरी और जुर्माने को पंजाब के प्रति व्यापक राजनीतिक शत्रुता का हिस्सा बताया।
राष्ट्रीय समाचार
हजरतगंज हत्याकांड: तीन आरोपियों की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मंजूर, एसटीएफ लखनऊ रवाना

लखनऊ पुलिस एसटीएफ को नागपुर जिला अदालत से बड़ी सफलता मिली है। हजरतगंज हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश उर्फ तनवीर अली को लखनऊ ले जाने के लिए कोर्ट ने 72 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा अदालत में दिया गया आवेदन सामने आया है। रिपोर्ट कोतवाली हजरतगंज कमिश्नरेट उत्तर प्रदेश की ओर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला नागपुर, को संबोधित करते हुए कहा गया कि थाना हजरतगंज में 10 अक्टूबर को पंजीकृत मुकदमे में वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पहली अभियुक्त श्रद्धा दुबे (उम्र 28 से 32) है। उनका हाल का पता 4 बी फ्लैट, अवध्रीन अपार्टमेंट, नारायण रोड, सुल्तानगंज, हजरतगंज है, जबकि उनका मूल निवास 340 पुष्पवाटिका, राजाजीपुरम, मालिकाऊं आईमा, जनपद रायबरेली है।
दूसरी अभियुक्त रश्मि दुबे (28) वर्ष है। उसका पता ओमेक्स आर 2 टावर, फ्लैट नंबर 2, सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ है। तीसरा अभियुक्त तनवीर अली उर्फ दानिश थाना आलमबाग, लखनऊ का निवासी है।
पुलिस ने आवेदन में बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लखनऊ द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट और सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज द्वारा गठित कमेटी के आदेश पर थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने नागपुर के थाना बेलतरोड़ी के सहयोग से महिला एएसआई 5077 स्नेहलता जयभारे की मौजूदगी में एक अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1105 से तीनों को 20 अक्टूबर 2026 को शाम 4 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया।
महिला हवालात मौजूद न होने के कारण नागपुर शहर के थाने में ही मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने कोर्ट से अपील की कि जनपद नागपुर से लखनऊ की दूरी करीब 900 किलोमीटर है, जिसे उचित साधन से तय करना है, इसलिए 72 घंटे का ट्रांजिट रिमांड दिया जाए ताकि समय पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लखनऊ के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत ली जा सके।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
