अपराध
ग्वालियर में झूठी इज्जत की खातिर बेटी की गोली मारकर हत्या
ग्वालियर, 15 जनवरी। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां पिता ने अपने भतीजे के साथ मिलकर बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी।
लड़की का नाम तनु था और वह 18 जनवरी को होने वाली शादी के लिए तैयार नहीं थी। पिता और चचेरे भाई की गोली का शिकार बनी तनु गुर्जर महाराजपुरा थाने में रहती थी। वह पिछले छह साल से अपने प्रेमी के साथ रिलेशन में थी। घर वालों ने जबरदस्ती तनु की शादी तय कर दी थी।
18 जनवरी को तनु की शादी होने वाली थी। घर में हल्दी आदि की रस्में भी चल रही थीं। इसी दौरान तनु ने शादी से इंकार कर दिया। तनु के शादी से इंकार पर परिजन नाराज थे। तनु ने दो दिन पहले एक वीडियो पुलिस अधिकारियों को भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें उसने कहा था कि वह किसी और युवक से प्रेम करती है, लेकिन पिता उसकी मर्जी के बगैर कहीं और शादी करना चाहते हैं।
इसके बाद पुलिस द्वारा नजर रखी जा रही थी। इसी बीच पिता और चचेरा भाई तनु को एक कमरे में ले गए और गोली मार दी। वहीं पुलिस ने पिता और भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। बेटी की गोली मारकर हत्या करने के बाद पिता मौके पर ही मौजूद रहा और उसे बेटी की हत्या का कोई पछतावा नहीं है।
तनु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर है, जिसमें वह कह रही है कि मेरा नाम तनु गुर्जर है, मेरे पापा का नाम महेश और मां का नाम ममता गुर्जर है। मैं एक लड़के से प्यार करती हूं, छह साल से उसके साथ रिलेशन में हूं। घर वाले पहले हमारी शादी के लिए मान गए थे, लेकिन बाद में मुकर गए। अब वो मुझे मारते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। मैं जिससे प्यार करती हूं, वह आगरा में रहता है। अगर मुझे कुछ हुआ तो मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे घर वाले होंगे। वो मुझ पर शादी करने का दबाव बना रहे हैं, लेकिन मैं यह नहीं कर सकती हूं।
अपराध
मुंबई सेंट्रल के रेलवे अस्पताल में महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस

मुंबई, 13 मार्च : मुंबई सेंट्रल स्थित पश्चिम रेलवे के जगजीवनराम अस्पताल में तैनात एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डॉक्टर का शव अस्पताल परिसर में स्थित उनके कमरे में मिला। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, डॉ. अनुजा कुलकर्णी को बीते दिन अस्पताल में पहले से निर्धारित कई सर्जरी करनी थीं लेकिन तय समय पर वह ऑपरेशन थिएटर नहीं पहुंचीं। सहकर्मियों ने उन्हें कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। लगातार संपर्क न हो पाने के कारण उनके साथ काम करने वाले डॉक्टरों को संदेह हुआ।
इसके बाद एक जूनियर डॉक्टर चौथी मंजिल पर स्थित उनके कमरे तक पहुंचा और दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने दरवाजे के कांच से अंदर झांककर देखा तो डॉ. कुलकर्णी कुर्सी के पास फर्श पर गिरी हुई दिखाई दीं। यह दृश्य देखकर उसने तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलने पर अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे और डॉक्टर की जांच की। जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे का पंचनामा कर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कमरे में महिला डॉक्टर का शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था।
मृतका की पहचान डॉ. अनुजा कुलकर्णी के रूप में हुई है, जो अविवाहित थीं और अस्पताल के ईएनटी (कान-नाक-गला) विभाग में कार्यरत थीं। मुंबई के टार्डियो पुलिस स्टेशन में इस मामले में एडीआर के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल डॉक्टर की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अस्पताल परिसर और चौथी मंजिल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
अपराध
अपने प्रेमी द्वारा फोन पर ब्लॉक किए जाने के बाद 20 वर्षीय महिला चलती मुंबई लोकल ट्रेन से वाशी क्रीक में कूद गई, मछुआरों ने उसे बचाया।

नवी मुंबई: मंगलवार की सुबह एक 20 वर्षीय महिला ने चलती लोकल ट्रेन से वाशी क्रीक में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन इलाके के मछुआरों द्वारा तुरंत बचा लिए जाने के बाद वह बच गई।
यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे घटी जब चेंबूर की रहने वाली महिला मुंबई हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी। ट्रेन के वाशी क्रीक पुल से गुजरते समय, महिला ने कथित तौर पर खुले ट्रेन के दरवाजे से पानी में छलांग लगा दी।
महिला के कंधे पर एक बैग लटका हुआ था जब उसने छलांग लगाई। बैग के अंदर हवा फंस गई, जिससे उसे पानी में तुरंत डूबने के बजाय तैरने में मदद मिली।
उस समय खाड़ी में मौजूद वाशी गांव के मछुआरों ने इस घटना को देखा। किसी के पानी में गिरने का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत अपनी नाव उस स्थान की ओर बढ़ा दी। मछुआरों के समूह में शामिल महेश सुतार ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला तक पहुंचकर उसे पानी से बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक भयावह घटना को टाला जा सका।
बचाई गई महिला को सुरक्षित रूप से किनारे पर लाया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मछुआरों की त्वरित प्रतिक्रिया और सूझबूझ ने उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस घटना ने स्थानीय मछुआरों की भूमिका की ओर ध्यान आकर्षित किया है, जो अक्सर नाले के पास होने वाली आपात स्थितियों में पहले प्रतिक्रिया देने वाले बन जाते हैं।
वाशी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है और घटना से संबंधित परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि इस दर्दनाक घटना के बाद महिला को चिकित्सा देखभाल और परामर्श मिले।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, महिला ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी द्वारा बिना किसी स्पष्टीकरण के उसे फोन और सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिए जाने के बाद से वह गंभीर मानसिक तनाव में थी। जांचकर्ता अब घटना के पीछे के घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और वे महिला और अन्य व्यक्तियों से बात करके मामले के बारे में अधिक जानकारी जुटा रहे हैं।
अपराध
मुंबई के नायर अस्पताल को बम से उड़ाने की मिली धमकी

मुंबई, 8 मार्च : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बम धमाकों की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर मुंबई में स्थित नायर हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मुबंई पुलिस के मुताबिक, नायर अस्पताल के आधिकारिक ईमेल पर धमकी दी गई है। ईमेल में कहा गया है कि हॉस्पिटल में बम रखा गया है और ब्लास्ट शाम 4 बजे होगा। ईमेल में मैसेज था कि हॉस्पिटल के डॉक्टर और लोग अलर्ट रहें। इस धमकी से अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई।
अस्पताल अधिकारियों ने मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड और पुलिस के अधिकारी पहुंचे। जिन्होंने परिसर का निरीक्षण किया लेकिन उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की तलाश कर रही है और आगे की जांच के लिए एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं, कुछ दिन ही पहले मुंबई के स्कूलों, स्टॉक एक्सचेंज और मेट्रो स्टेशनों समेत देश के कई अन्य राज्यों में बम से उड़ाने की धमकी भेजकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना इलाके से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सौरव विश्वास (28) के रूप में हुई थी। आरोपी ने मुंबई, दिल्ली, गुजरात, समेत देश के कई अन्य राज्यों में 50 से अधिक जगहों को बम धमाके की धमकियां भेजकर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
बता दें कि आए दिन देश के विभिन्न जगहों पर बम धमाके की धमकी मिल रही है। राजस्थान के बीकानेर में 5 मार्च को कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी मिलने से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया था।
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र8 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
-
न्याय2 years agoमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर
-
अपराध4 years agoबिल्डर पे लापरवाही का आरोप, सात दिनों के अंदर बिल्डिंग खाली करने का आदेश, दारुल फैज बिल्डिंग के टेंट आ सकते हैं सड़कों पे
-
अपराध3 years agoपिता की मौत के सदमे से छोटे बेटे को पड़ा दिल का दौरा
-
महाराष्ट्र12 months agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
