मनोरंजन
बिगबॉस : हाई ड्रामा से भरपूर शो में स्विमिंग पूल का किरदार
पारंपरिक रूप से बिग बॉस का घर ऐसा रहा है, जहां कुछ न कुछ नाटकीय घटनाएं घटती रहती हैं और उसमें स्विमिंग पूल भी अपना किरदार निभाता है। शो का सीजन 14 कोई अपवाद नहीं रहा है, जिसमें अर्शी खान और विकास गुप्ता के बीच ड्रामा केंद्रबिंदु स्विमिंग पूल बना। अर्शी को शो में विकास को तंग करते हुए देखा गया था और इसी कारण विकास ने अर्शी को पूल में धकेल कर बदला लिया था। अर्शी इससे पहले साझा कर चुकी हैं कि उन्हें पानी से डर लगता है। हालांकि घटना के अगले दिन, वह इत्मीनान से तैरती देखी गई।
शो में पूल को खूब भुनाया गया है। सीजन 13 में शहनाज गिल, माहिरा शर्मा, आरती सिंह और देवोलीना भट्टाचार्जी ने इसी पूल से शो का तापमान बढ़ाया था।
‘बिग बॉस’ के पहले सीजन से लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान द्वारा होस्ट किए जा रहे हालिया सीजन तक पूल प्रतियोगियों के बीच बहुत लोकप्रिय रहा है। सीजन एक में अनुपमा वर्मा हॉट बिकनी में सिजलिंग लग रही थीं और आर्यन वैद के साथ उनकी केमिस्ट्री देखी गई थी।
राहुल महाजन और पायल रोहतगी, जो शो के दूसरे सीजन का हिस्सा थे, उन्हें ज्यादातर पूल में देखा गया। उनकी एक तस्वीर, जिसमें राहुल पूल में पायल को पीछे से गले लगाते नजर आए थे, हफ्तों तक वायरल रही।
सबसे यादगार पल वह था, जब सनी लियोनी ने पूल का आनंद लिया था। उन्होंने बिग बॉस के साथ भारतीय शोबिज में अपनी शुरुआत की। शो में उनके पोल डांस ने भी सुर्खियां बटोरीं थी।
मनोरंजन
माधुरी दीक्षित ने मां स्नेहलता को बर्थ एनिवर्सरी पर किया याद, कहा- हर दिन मौजदूगी महसूस होती है

बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने अपनी मां स्नेहलता दीक्षित को उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर याद किया और कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं बीतता जब वह उनके बारे में न सोचती हों और ज़िंदगी के छोटे-छोटे पलों में उनकी मौजूदगी महसूस न करती हों।
माधुरी ने अपने स्टोरीज सेक्शन में अपनी और अपनी मां की तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “हैप्पी बर्थडे, आई। ऐसा कोई दिन नहीं बीतता जब मैं आपके बारे में न सोचूं और जिंदगी के छोटे-छोटे पलों में आपकी मौजूदगी महसूस न करूं। आपका प्यार, हिम्मत और अपनापन हर दिन हमारा मार्गदर्शन करते हैं। आपकी हमेशा याद आती है और आज प्यार के साथ आपको याद कर रही हूं।”
दरअसल, माधुरी की मां, स्नेहलता दीक्षित का जन्म 27 जून को हुआ था। 12 मार्च, 2023 को मुंबई स्थित उनके घर पर 91 साल की उम्र में निधन हो गया था। एक्ट्रेस अक्सर अपनी मां को याद करती दिखती हैं। अपनी मां की बर्थ एनिवर्सरी पर भी एक्ट्रेस ने उनके साथ की कुछ खूबसूरत तस्वीरों के साथ एक प्यारा सा नोट भी लिखा।
करियर की बात करें तो, माधुरी को हाल ही में रिलीज ‘मां बहन’ में देखा गया था। इस डार्क कॉमेडी फिल्म को सुरेश त्रिवेणी ने नेटफ्लिक्स के लिए डायरेक्ट किया है। माधुरी के अलावा, फिल्म में तृप्ति डिमरी, धारणा दुर्गा, रवि किशन, गीतांजलि कुलकर्णी, अरुणोदय सिंह और शार्दुल भारद्वाज जैसे कलाकार भी हैं।
‘मां बहन’ रेखा नाम की एक मां के बारे में है, जो अपनी जिंदगी में कई चीजें संभाल रही होती है, तभी उसके सामने एक बड़ी मुश्किल आती है – उसके किचन में एक लाश। अपनी दो बेटियों जया और सुषमा के साथ, इसको कैसे संभालती है, उसकी दिलचस्प कहानी दिखाई गई है।
59 साल की इस स्टार की हालिया फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में नागेश कुकुनूर द्वारा डायरेक्ट की गई ओटीटी सीरीज ‘मिसेज देशपांडे’ भी शामिल है। इसमें वह एक सीरियल किलर का किरदार निभाती नजर आई थीं। यह कहानी एक पुलिस वाले के बारे में है जो एक कॉपीकैट किलर के मामले की जांच करता है। अपराधों के रहस्य को सुलझाने के लिए, वे जेल में बंद उस सीरियल किलर से संपर्क करते हैं जिसके तरीकों की नकल की जा रही होती है।
एक्ट्रेस की बात करें तो, बॉलीवुड की बेहतरीन डांसर माधुरी 70 से ज्यादा हिंदी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं और उन्हें पूरे देश में ऐसी स्टारडम मिली जिसने भारतीय पॉपुलर कल्चर को प्रभावित किया। उन्हें पुरुषों के दबदबे वाले इस इंडस्ट्री में अपने पुरुष साथियों के बराबर स्टारडम हासिल करने और लीड रोल निभाने का श्रेय दिया जाता है।
मनोरंजन
सलमान खान को बांद्रा में छह मंजिला रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान जल्द ही बांद्रा में अपने परिवार के लिए समुद्र के किनारे छह मंजिला नया घर बनाने जा रहे हैं। महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (एमसीजेडएमए) ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। यह प्लॉट एक्टर की मां के नाम पर रजिस्टर्ड है। यह नया घर बांद्रा के चिम्बाई इलाके में बनेगा, जो सलमान खान के मौजूदा घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ से थोड़ी ही दूरी पर है। सलमान खान 1974 से गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में रह रहे हैं।
गौरतलब है कि 2024 में, बाइक पर सवार दो हमलावरों ने गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर फायरिंग की थी। जांच में पता चला कि हमलावर बिश्नोई गैंग से जुड़े थे। इस घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई और उन्हें वाई प्लास सुरक्षा दी गई। जिस बालकनी से वे अपने फैंस का अभिवादन करते थे, उसे बुलेटप्रूफ ग्लास से सुरक्षित कर दिया गया है।
एमसीजेडएमए के सूत्रों के मुताबिक, नया घर सलमान खान की मां सलमा खान के नाम पर रजिस्टर्ड जमीन पर बनाया जाएगा। इस प्लॉट पर पहले 1956 से पहले बना एक दो-मंजिला घर था, जिसे खरीदने के बाद परिवार ने उसकी जर्जर हालत के कारण गिरा दिया था। नई इमारत में ग्राउंड फ्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह मंजिलें होंगी। इसका कुल कंस्ट्रक्शन एरिया लगभग 1,014 वर्ग मीटर होगा। इस प्रोजेक्ट का निर्माण ‘सच डेवलपर्स’ द्वारा किया जाएगा। बीएमसी ने अक्टूबर 2025 में इस प्रोजेक्ट के लिए शुरुआती परमिट (आईओडी) जारी किया था।
खबर है कि निर्माण के दौरान कोई पेड़ नहीं काटा जाएगा। इसके बजाय, परिसर और आसपास के इलाके में स्थानीय प्रजातियों के नए पेड़ लगाए जाएंगे। मुख्य सड़क से दूर एक शांत गली में स्थित यह नया घर सलमान खान और उनके परिवार को पहले से अधिक सुरक्षा और प्राइवेसी देगा। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर सलमान खान या उनकी टीम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
हाल ही में सलमान खान ने फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अदालत में वैध और अंतरिम निषेधाज्ञा की शीट पेश की है, जिसमें फिल्म के निर्माण, प्रचार और वितरण पर रोक लगाने की मांग की गई है।
मनोरंजन
जब दीपिका पादुकोण से लिफ्ट में मिले इंद्रजीत लंकेश, सुनाया पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा

निर्देशक इंद्रजीत लंकेश इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘जय हिंद जय सिंध’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने आईएएनएस संग बातचीत में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के फिल्मी सफर की शुरुआत से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। इंद्रजीत ने बताया कि जब वह अपनी कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ के लिए नई अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे, तभी उनकी मुलाकात दीपिका से हुई थी। पहली ही मुलाकात में उन्हें यह एहसास हो गया था कि वह आगे चलकर बड़ी स्टार बनेंगी।
आईएएनएस से बात करते हुए इंद्रजीत लंकेश ने कहा, ”कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ के लिए मैं बिल्कुल नया चेहरा चाहता था। इसी दौरान किसी ने मुझे दीपिका पादुकोण के नाम का सुझाव दिया। जब मैं उनसे मिलने पहुंचा और बात की, तो मैंने फैसला कर लिया था कि वहीं मेरी फिल्म की लीड एक्ट्रेस होंगी।”
निर्देशक ने अपनी पहली मुलाकात का एक दिलचस्प किस्सा भी बताया। उन्होंने कहा, ”मेरी और दीपिका की पहली मुलाकात लिफ्ट में हुई थी। उस दौरान मैंने फिल्म की कहानी सुनानी शुरू कर दी। मैं कहानी की सिर्फ दो लाइन्स ही बता पाया था कि दीपिका ने तुरंत फिल्म के लिए हां कर दिया। दीपिका पहले से ही आत्मविश्वास से भरी हुई थीं। उन्हें केवल एक ऐसा माहौल देने की जरूरत थी, जहां वह बिना किसी डर और दबाव के अपना बेस्ट परफॉर्म कर सकें। मैंने सिर्फ इतना किया कि उनको खुलकर अभिनय करने का भरोसा दिया।”
इंद्रजीत लंकेश ने कहा, ”पहली मुलाकात में ही मुझे दीपिका के भीतर कई ऐसी खूबियां दिखाई दी थीं, जो किसी बड़े कलाकार में होती हैं। उनकी लंबाई, उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व, कैमरे के सामने उनकी मौजूदगी और सबसे बढ़कर खुद को साबित करने की मजबूत इच्छा ने मुझे काफी प्रभावित किया। मैंने उसी समय दीपिका से कह दिया था कि एक दिन आप दुनिया भर में अपनी पहचान बनाएंगी। आप एक दिन हॉलीवुड की फिल्मों में भी काम करेंगी। कई साल बाद जब दीपिका ने अभिनेता विन डीजल के साथ फिल्म की, तब मुझे अपनी कही हुई वही बात याद आई।”
निर्देशक ने आगे कहा, “कई लोगों को लगता है कि दीपिका कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ और हिंदी फिल्म ‘ओम शांति ओम’ पर एक साथ काम कर रही थीं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं था। पहले ‘ऐश्वर्या’ फिल्म की शूटिंग पूरी हुई और सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक 100 दिन चली। इसके बाद ही शाहरुख खान ने दीपिका को ‘ओम शांति ओम’ के लिए चुना।”
बता दें कि ‘ऐश्वर्या’ साल 2006 में रिलीज हुई कन्नड़ भाषा की एक रोमांटिक फिल्म थी, जिसका निर्देशन इंद्रजीत लंकेश ने किया था। इस फिल्म में उपेंद्र, दीपिका पादुकोण और डेजी बोपन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
-
दुर्घटना10 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र12 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
