व्यापार
अडानी पोर्ट्स अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने को मुंद्रा में डेडिकेटेड खाली कंटेनर यार्ड का संचालन शुरू करेगी
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने शुक्रवार को कहा कि वह मुंद्रा में एक समर्पित एम्प्टी कंटेनर यार्ड (ईसीवाई) की शुरुआत कर रहा है, जिसमें एकीकृत वेयरहाउसिंग सुविधा भी होगी। यह केंद्र खाली कंटेनरों के पूरे जीवनचक्र के लिए एंड-टू-एंड सेवाएं प्रदान करेगा, जिनमें भंडारण, रखरखाव, निरीक्षण और निर्यातकों तथा कंटेनर फ्रेट स्टेशनों (सीएफएस) तक निर्बाध आवाजाही शामिल है।
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने शुक्रवार को कहा कि वह अपनी ‘एंबिशन 2031’ रणनीति के तहत मुंद्रा में समर्पित एम्प्टी कंटेनर यार्ड (ईसीवाई) और एकीकृत वेयरहाउसिंग सुविधा शुरू कर रहा है। इसका उद्देश्य कंटेनर प्रबंधन क्षमता बढ़ाना और लॉजिस्टिक्स संचालन को अधिक कुशल बनाना है।
भारत के सबसे बड़े एकीकृत परिवहन संचालक एपीएसईजेड ने कहा कि वह अगले पांच वर्षों में अपने नेटवर्क में 60 लाख टीईयू से अधिक कंटेनर हैंडलिंग क्षमता जोड़ने की योजना बना रहा है, जिसमें मुंद्रा पोर्ट इस विस्तार का प्रमुख केंद्र होगा।
एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अश्विनी गुप्ता ने कहा, “मुंद्रा में स्थापित किया जा रहा समर्पित एम्प्टी कंटेनर यार्ड, जिसका संचालन एपीएसईजेड और/या उसके साझेदार (सीएफएस तथा शिपिंग लाइनों सहित) करेंगे, कंटेनर इकोसिस्टम में दक्षता बढ़ाएगा। इससे कंटेनरों की टर्नअराउंड टाइम कम होगी, अनावश्यक आवाजाही घटेगी और लॉजिस्टिक्स लागत का बेहतर अनुकूलन हो सकेगा।”
उन्होंने कहा कि व्यापार सुगमता से जुड़ा बुनियादी ढांचा मजबूत करना एपीएसईजेड की प्राथमिकता है, जो भारत की आर्थिक प्रगति और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को समर्थन देने की उसकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
वित्त वर्ष 2025-26 तक भारत के कंटेनर बाजार में अदाणी पोर्ट्स की हिस्सेदारी 45.5 प्रतिशत है। इनमें अकेले मुंद्रा पोर्ट देश के लगभग 35 प्रतिशत कंटेनर व्यापार को संभालता है, जिससे यह भारत का सबसे बड़ा कंटेनर-हैंडलिंग बंदरगाह बन गया है।
कंपनी के अनुसार, मुंद्रा में हर वर्ष लगभग 16 लाख टीईयू खाली कंटेनरों का प्रबंधन किया जाता है। यह आंकड़ा भारत की आयात-निर्यात आपूर्ति श्रृंखलाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
कंपनी ने कहा कि यह पहल सरकार की प्रौद्योगिकी-सक्षम और अधिक कुशल लॉजिस्टिक्स प्रणाली विकसित करने तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने की नीति के अनुरूप है।
अदाणी पोर्ट्स वर्तमान में 16 रणनीतिक रूप से स्थित बंदरगाहों और टर्मिनलों का संचालन करता है। इसके पास 136 जहाजों का विविध समुद्री बेड़ा और एकीकृत लॉजिस्टिक्स क्षमता भी है।
वर्तमान में एपीएसईजेड की कार्गो हैंडलिंग क्षमता 653 मिलियन टन प्रतिवर्ष है और भारत के कुल बंदरगाह कार्गो वॉल्यूम में इसकी हिस्सेदारी करीब 27 प्रतिशत है। कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक 1 बिलियन टन थ्रूपुट हासिल करना है।
व्यापार
वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते बाजार पर दबाव, हफ्ते भर में सेंसेक्स और निफ्टी में आई 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय शेयर बाजार के लिए बीता सप्ताह चुनौतीपूर्ण रहा। अवकाश के कारण छोटा रहा कारोबारी सप्ताह भी निवेशकों के लिए राहत नहीं ला सका और प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों में लगातार चौथे सत्र गिरावट दर्ज की गई। वहीं पूरे सप्ताह में निफ्टी 50 में लगभग 2.4 प्रतिशत और सेंसेक्स में करीब 2.2 प्रतिशत की गिरावट रही।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 125.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,123.83 पर और निफ्टी 87.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,600.00 पर पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा समय में कच्चे तेल की कीमतें घरेलू बाजारों के लिए सबसे बड़ी चिंता बनकर उभरी हैं। इसी वजह से निवेशकों ने जोखिम वाले निवेशों में अपनी हिस्सेदारी कम की, जिसका असर सिर्फ लार्जकैप शेयरों तक सीमित नहीं रहा बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में और अधिक तेज गिरावट देखने को मिली।
निफ्टी 50 लगातार चार कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद दबाव में बना हुआ है। हालिया बिकवाली ने बाजार की अल्पकालिक तकनीकी संरचना को कमजोर किया है और सूचकांक अपनी पिछली रिकवरी को बरकरार रखने में संघर्ष कर रहा है।
विश्लेषकों के मुताबिक, निफ्टी के लिए 22,800 का स्तर तत्काल प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) के रूप में देखा जा रहा है, जबकि इसके ऊपर 23,000 का स्तर महत्वपूर्ण रहेगा। वहीं, दूसरी ओर सेंसेक्स के लिए 72,600 से 72,500 का दायरा निकटतम समर्थन (सपोर्ट) क्षेत्र माना जा रहा है।
व्यापक बाजार में गिरावट का असर अधिक दिखाई दिया। ऊंचे वैल्यूएशन और लीवरेज्ड पोजिशन में कमी के कारण मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेज करेक्शन आया, जबकि लार्जकैप शेयर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहे।
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र ही ऐसा रहा जिसने अपेक्षाकृत मजबूती दिखाई। सप्ताह की शुरुआत में बिकवाली के दबाव में रहने के बावजूद बेहतर तिमाही नतीजों और निवेशकों की बढ़ती रुचि के कारण आईटी शेयरों ने सप्ताह लगभग स्थिर स्तर पर समाप्त किया।
इसके विपरीत, ब्याज दरों के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली हुई, क्योंकि बढ़ती लागत और मार्जिन पर पड़ने वाले दबाव को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं।
वैश्विक कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड शुक्रवार को छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। ब्रेंट क्रूड 3.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 116.72 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जो 29 अप्रैल के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड 3.8 प्रतिशत बढ़कर 103.27 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
पूरे सप्ताह के दौरान ब्रेंट क्रूड में 6.2 प्रतिशत और डब्ल्यूटीआई में 2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
विश्लेषकों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो इससे परिवहन और ऊर्जा लागत बढ़ेगी, उपभोक्ता मांग पर असर पड़ेगा और तेल पर निर्भर उद्योगों के मार्जिन पर अतिरिक्त दबाव आएगा। यही कारण है कि आने वाले हफ्तों में भी निवेशकों की नजर सबसे ज्यादा कच्चे तेल की चाल और उससे जुड़े वैश्विक घटनाक्रमों पर बनी रहेगी।
व्यापार
एआई सुरक्षा को लेकर ओपनएआई का बड़ा फैसला, उन्नत एआई मॉडल अब बिना इंटरनेट एक्सेस के होंगे प्रशिक्षित

अमेरिकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ओपनएआई ने अपने सबसे उन्नत एआई मॉडल्स को लाइव इंटरनेट एक्सेस के बिना प्रशिक्षित करने का फैसला किया है। कंपनी का कहना है कि एआई एलाइनमेंट रिसर्च, निगरानी प्रणालियों और इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षा से जुड़ी मौजूदा सीमाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
ओपनएआई के अनुसार, यह नीति पहले ही लागू की जा चुकी है और तब तक जारी रहेगी, जब तक सुरक्षा उपाय इतने मजबूत नहीं हो जाते कि फ्रंटियर एआई मॉडल्स को व्यापक इंटरनेट एक्सेस सुरक्षित रूप से दिया जा सके।
कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में कहा कि इंटरनेट कनेक्टिविटी मॉडल्स को वेब ब्राउजिंग और ऑनलाइन कौशल सिखाने में मदद करती है, लेकिन इससे ऐसे उन्नत एआई एजेंट्स के लिए भी अवसर पैदा हो सकते हैं जो अपने निर्धारित दायरे से बाहर जाकर अन्य प्रणालियों को प्रभावित करने की कोशिश करें।
ओपनएआई ने खुलासा किया कि 2 सितंबर को उसके एक आंतरिक रिसर्च मॉडल ने सिस्टम की एक गलत कॉन्फिगरेशन का फायदा उठाकर सीमित इंटरनेट एक्सेस हासिल कर लिया था। इसके बाद कंपनी ने अपने सबसे उन्नत मॉडल्स की ट्रेनिंग और मूल्यांकन प्रक्रियाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया था।
अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने और रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यापक समीक्षा के बाद ओपनएआई ने 1 अक्टूबर को फ्रंटियर मॉडल्स की ट्रेनिंग फिर से शुरू की। इस दौरान कंपनी ने ऐसे संभावित सुरक्षा जोखिमों की पहचान के लिए विशेष परीक्षण अभियान भी चलाया, जिनका उपयोग एआई मॉडल अलग-थलग कंप्यूटिंग वातावरण से बाहर निकलने के लिए कर सकते थे।
कंपनी के अनुसार, रेड-टीमिंग परीक्षणों में कई नई सॉफ्टवेयर कमजोरियां और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी गलत कॉन्फिगरेशन सामने आईं, जिनका पहले पता नहीं था। इसके बाद ओपनएआई ने मॉडल कंटेनमेंट के लिए नई सुरक्षा रणनीति अपनाई है।
कंपनी ने कहा कि अब एआई एजेंट्स को केवल उन्हीं संसाधनों तक पहुंच दी जाएगी जिनके लिए उन्हें अधिकृत किया गया है और इसके चारों ओर एक सख्त सुरक्षा सीमा बनाई जाएगी। यह सुरक्षा व्यवस्था तब भी प्रभावी रहेगी जब कोई एआई एजेंट लगातार और परिष्कृत तरीके से इन सीमाओं को तोड़ने की कोशिश करे।
हाल के महीनों में एआई सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। एंथ्रोपिक और ओपनएआई दोनों ने 2026 के दौरान ऐसे कई मामलों का खुलासा किया है, जिनमें उनके एआई मॉडल्स ने अनपेक्षित व्यवहार किया। इनमें थर्ड-पार्टी वेबसाइट्स को हैक करने के प्रयास जैसी घटनाएं भी शामिल थीं।
इसी महीने की शुरुआत में एंथ्रोपिक ने कहा था कि उसका क्लाउड एआई मॉडल कुछ बाहरी संगठनों और अमेरिकी सरकारी वेबसाइटों पर अनजाने में कई कार्रवाइयां कर बैठा था, जिसके चलते व्हाइट हाउस ने एआई कंपनियों को अपने सिस्टम की सुरक्षा और मजबूत करने का निर्देश दिया था।
व्यापार
डेटा लीक पर एसबीआई ने जारी किया बयान, “ग्राहक का फंड पूरी तरह सुरक्षित”

देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने शुक्रवार को साइबर हमले में डार्क वेब पर 3,897 ग्राहकों के डेटा लीक पर बयान जारी कर कहा है कि इसमें ग्राहकों के खातों में जमा राशि (फंड) में कोई नुकसान नहीं हुआ है।
एसबीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में कहा, “हाल ही में हुई साइबर घटना के संबंध में हमारी पिछली पोस्ट के बाद, बैंक ने उन सभी ग्राहकों को ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए अलग से सूचित कर दिया है, जिनका डेटा इस घटना से प्रभावित हुआ है।”
साथ ही कहा, “हम फिर से स्पष्ट करते हैं कि आपके खाते की शेष राशि और फंड हमारे पास सुरक्षित हैं।”
बैंक ने ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग तौर-तरीके अपनाने, अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड कभी किसी के साथ साझा न करने और संदिग्ध कॉल, मैसेज व ईमेल को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब इस हफ्ते की शुरुआत में भारत के सबसे बड़े बैंक ने स्पष्ट किया कि उसके यहां डेटा लीक हुआ है, जिसमें 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर पब्लिश हो गया है।
हफ्ते की शुरुआत में, बैंक ने बताया कि उसे अपने ‘थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर’, ‘डिफेंस साइबर एजेंसी’ और ‘सीईआरटी-इन’ से ग्राहकों के डेटा के संभावित रूप से लीक होने के संबंध में एक अलर्ट मिला है।
बैंक ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि डार्क वेब पर मौजूद लगभग 3,75,000 रिकॉर्ड्स के शुरुआती विश्लेषण के दौरान, 3,897 ऐसे ग्राहक रिकॉर्ड मिले हैं जिनमें उनकी निजी पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल है।
बैंक के अनुसार, लीक हुई जानकारी में ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, नाम, लिंग, ईमेल पते, घर के पते, ब्रांच और सीआईएफ आइडेंटिफायर, लीड आईडी और लोन या लीड रिकॉर्ड से जुड़े मेटाडेटा तथा अन्य संबंधित फाइलें शामिल हैं।
सरकारी बैंक ने बताया कि उसने तुरंत अपने ‘साइबर इंसिडेंट रिस्पॉन्स’ और ‘कंटेनमेंट प्रोटोकॉल’ को सक्रिय कर दिया है। साथ ही, मामले की व्यापक जांच करने और डेटा लीक की प्रकृति एवं इसके दायरे का पता लगाने के लिए सीईआरटी-इन द्वारा मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त किया है।
बैंक ने कहा कि लीक हुए डेटा की सत्यता और पूर्णता की पुष्टि करने, इसके संभावित स्रोत और दायरे का पता लगाने, एवं इससे जुड़े जोखिमों का आकलन करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
