अंतरराष्ट्रीय समाचार
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘डियर फ्रेंड’ लूला को ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील राष्ट्रपति चुनाव में शानदार जीत हासिल करने पर लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा को बधाई दी है। पीएम ने उन्होंने अपना ‘डियर फ्रेंड’ बताते हुए उम्मीद जताई की दोनों देश मिलकर ‘ग्लोबल साउथ’ की उन्नति के लिए मिलकर काम करेंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने लिखा, ” मेरे प्रिय मित्र, राष्ट्रपति लूला को शानदार पुनर्निर्वाचन पर हार्दिक बधाई। मैं भारत-ब्राजील की बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और गहरा तथा व्यापक बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को तत्पर हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “हम साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में अपने सहयोग को मजबूत करना जारी रखेंगे, ‘ग्लोबल साउथ’ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगे, और एक अधिक समावेशी, न्यायसंगत तथा टिकाऊ दुनिया के निर्माण की दिशा में काम करेंगे।”
राष्ट्रपति लूला फरवरी 2026 में भारत आए थे, जहां हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। दोनों नेताओं ने तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, कृषि और ‘ग्लोबल साउथ’ के हितों को लेकर आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया था।
रविवार को ब्राजील में दूसरे दौर की वोटिंग हुई। इसके बाद परिणामों का ऐलान किया गया। 80 साल के लूला दा सिल्वा ने चौथी बार जीत हासिल की। वे पहले दौर की वोटिंग में फ्लावियो बोल्सोनारो से पिछड़ गए थे, लेकिन दूसरे और अंतिम दौर में बाजी पलट गई।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 99.89 प्रतिशत वोटों की गिनती पूरी होने पर, लूला को कुल वैध वोटों का 51.78 प्रतिशत हिस्सा मिला। वहीं, लिबरल पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे, फ्लेवियो बोल्सोनारो को 48.23 प्रतिशत वोट मिले। पहले दौर में लूला पिछड़ गए थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की।
लूला 5 जनवरी 2027 को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। यह चौथी बार होगा जब वे ब्राजील के राष्ट्रपति बनेंगे।
1989 में ब्राजील में सीधे राष्ट्रपति चुनाव शुरू हुए थे। उसके बाद यह पहली बार हुआ, जब पहले दौर में दूसरे पायदान पर रहने वाला उम्मीदवार आखिरी दौर में जीत गया।
बोल्सोनारो परिवार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का करीबी माना जाता है। उन्हें पहले चरण में 47 फीसदी वोट मिले थे। वहीं लूला को 45.16 फीसदी वोट मिले थे।
लूला ने 2022 के चुनाव में फ्लावियो के पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को भी हराया था। उस चुनाव में लूला को दूसरे चरण में 50.90 फीसदी वोट मिले थे, जबकि जायर बोल्सोनारो को 49.10 फीसदी वोट मिले थे।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
हूती ने रियाद हवाई अड्डे पर ‘सटीक’ हमले का दावा किया

हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दावा किया कि उन्होंने एक बार फिर सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अहम सैन्य ठिकानों पर ‘सटीक’ हमला किया है।
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने एक्स पोस्ट में कहा कि हूती बलों ने हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। इसके साथ ही उन्होंने देश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कच्चे तेल के पंपिंग स्टेशनों पर कई ड्रोन हमले करने का भी दावा किया।
इसके कुछ देर बाद अगली पोस्ट में उन्होंने कहा, यमनी सशस्त्र बलों ने कई बैलिस्टिक मिसाइलों का उपयोग करते हुए दो अलग-अलग सैन्य अभियान चलाए। इन अभियानों में अदन गवर्नरेट के सलाह अल-दीन क्षेत्र और लाहिज गवर्नरेट के अल-वहात क्षेत्र में मौजूद सऊदी की सैन्य टुकड़ियों और हथियारों के गोदामों को निशाना बनाया गया। हमले बिल्कुल सटीक रहे, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें भारी नुकसान हुआ। साथ ही, उनके कई वाहन और हथियारों के गोदाम नष्ट हो गए और जलकर खाक हो गए।”
यह बयान तब आया, जब कुछ घंटे पहले ही सऊदी बलों ने घोषणा की थी कि उन्होंने हूती की ओर से रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरस्पेट कर नष्ट कर दिया है। यमन में लड़ रहे सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि इसके जवाब में उन्होंने यमन की राजधानी सना में दो मिसाइल लॉन्च साइटों पर हमला किया।
हूती ने रविवार को किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ-साथ खमीस मुशैत में किंग खालिद एयरबेस और जाजान में एक नौसैनिक अड्डे पर भी हमले करने का दावा किया। हूती ने सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन पर आरोप लगाया कि उसने पिछले 24 घंटों में यमन पर कम से कम 56 हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में होदेइदाह, लाहिज, अमरान, सादा, अल-जौफ, ताइज और इब प्रांत शामिल हैं।
सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के हमलों में अब तक दो भारतीय नागरिक मारे गए हैं। 10-11 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत हुई थी।
वहीं, 21 अक्टूबर को दम्माम एयरपोर्ट हमले में भी एक भारतीय की जान चली गई थी। दम्माम एयरपोर्ट हमले में दो अन्य भारतीय घायल हुए थे। इसके अलावा, शैबा ऑयल फील्ड में ड्रोन का मलबा गिरने से एक भारतीय घायल हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
ईरानी सेना का दावा, बंदर अब्बास के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन को मार गिराया

ईरानी सेना का दावा, बंदर अब्बास के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन को मार गिराया रविवार सुबह ईरानी सेना ने बंदर अब्बास के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन को मार गिराने का दावा किया।
ईरान की मेहर समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने रविवार सुबह बंदर अब्बास के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन को मार गिराया।
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ईरान की सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने बंदर अब्बास के ऊपर आसमान में हमलावर अमेरिकी सेना के एक ‘लुकास’ ड्रोन को नष्ट कर दिया।
सेना के जनसंपर्क कार्यालय ने बताया कि देश की एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली के तहत काम कर रही वायु रक्षा इकाइयों ने बंदर अब्बास के आसमान में मौजूद अमेरिकी ‘लुकास’ ड्रोन को नष्ट कर दिया।
20 अक्टूबर को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की वायु रक्षा प्रणाली ने होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर एक अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन को रोककर मार गिराया था। आईआरजीसी के अनुसार, यह ऐसा 54वां ड्रोन था, जिसे गिराया गया।
आईआरजीसी ने अपने बयान में बताया कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की ओर से शुरू किए गए सैन्य अभियान के बाद से ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने दर्जनों जासूसी और लड़ाकू ड्रोन, साथ ही अन्य दुश्मन विमानों को भी मार गिराया है।
आईआरजीसी का कहना है कि ये कार्रवाइयां ऐसे संघर्ष के दौरान की गई हैं, जिसे वह संयुक्त राष्ट्र (यूएन) चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन मानता है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों और तनाव को लेकर लगातार नजर रखी जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
रूस की संसद के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी

12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में भाग लेने भारत पहुंचे रूस की संसद (स्टेट ड्यूमा) के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन ने रविवार को नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारत में रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि 25 अक्टूबर को व्याचेस्लाव वोलोदिन राजघाट स्मारक परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के नेता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
वोलोदिन इन दिनों भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वे 26-27 अक्टूबर को नई दिल्ली में ‘संविधान सदन’ के सेंट्रल हॉल में आयोजित होने वाले 12वें ‘ब्रिक्स संसदीय फोरम’ में हिस्सा लेंगे।
भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस मंच में ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के संसदीय नेता हिस्सा लेंगे। बैठक में जन-केंद्रित विकास और संसदीय सहयोग को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को घोषणा की थी कि 12वां ब्रिक्स संसदीय मंच 26-27 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा।
संसद भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिरला ने कहा था कि यह मंच भारत की संसदीय कूटनीति के इतिहास में एक नया अध्याय साबित होगा। इसमें ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के संसद अध्यक्ष, संसदीय नेता, केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, विभिन्न राज्य विधानसभाओं के अध्यक्ष, सांसद और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधिमंडलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।
उनके अनुसार, मंच के दौरान द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों का आयोजन भी होगा।
उन्होंने कहा, “अब तक 18 देशों से सुझाव मिले हैं और उसी आधार पर चर्चा की जाएगी। भारत ने एक नई पहल के तहत 64 देशों के साथ संसदीय मैत्री समूह बनाए हैं। इस तरह का बड़ा प्रयास पहली बार किया गया है।”
इस बीच, तीन अक्टूबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-रूस संबंधों पर आयोजित एक परामर्श समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत और कूटनीति के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया था।
बैठक में भारत और रूस के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, संपर्क, संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड4 weeks agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
