मनोरंजन
‘लॉक अप 2’: शिवांगी-हर्षद की बढ़ती नजदीकियों पर जन्नत जुबैर की खुली सलाह, अपने खेल पर दो ध्यान
रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में पिछले कुछ हफ्तों से शिवांगी जोशी और एक्टर हर्षद चोपड़ा की दोस्ती को लेकर काफी बातें हो रही हैं। घर के अंदर और बाहर सोशल मीडिया पर भी लोग ये जानने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों के बीच आखिर चल क्या रहा है। इसी बीच एक्ट्रेस जन्नत जुबैर विजिटर बनकर शो में पहुंचीं और उन्होंने शिवांगी को आईना दिखाते हुए एक बड़ा रियलिटी चेक दिया। उन्होंने शिवांगी को समझाया कि वह बाहरी बातों पर ध्यान देने की बजाय खुद पर फोकस करें।
जन्नत ने शिवांगी से कहा, “घर के अंदर जो कुछ हो रहा है, वही बाहर भी दिखाया जा रहा है। दर्शकों तक बिना किसी फिल्टर के वही तस्वीर पहुंच रही है जो कैमरे में कैद हो रही है। इसी वजह से जो तुम्हारे और हर्षद के रिश्ते को लेकर जो अटकलें लग रही हैं, वो बेवजह नहीं हैं। अगर बाहर लोग ये सोच रहे हैं कि दोनों साथ हैं, तो इसमें हैरानी वाली बात नहीं है, क्योंकि घर के अंदर भी कई लोग यही महसूस कर रहे हैं।”
जन्नत ने शिवांगी को बताया, ”हर्षद स्वभाव से काफी इमोशनल हैं और बीते कुछ समय में दोनों कई बार इमोशनल भी हुए हैं। इसी वजह से घर के अंदर मौजूद लोग और बाहर के दर्शक दोनों को लग रहा है कि उनके बीच कनेक्शन दोस्ती से बढ़कर है। तुम इन बातों को लेकर परेशान न हों, बल्कि समझों कि पब्लिक और घर वाले दोनों क्या देख और सोच रहे हैं।”
जन्नत और शिवांगी की दोस्ती टीवी इंडस्ट्री में काफी चर्चित है। दोनों अक्सर एक-दूसरे के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करती रहती हैं और मुश्किल समय में साथ खड़ी नजर आती हैं।
जन्नत के जाने के बाद शो में शिवांगी और हर्षद को लेकर बातें और तेज हो गई हैं। फैंस अब ये देखने के लिए उत्सुक हैं कि जन्नत की सलाह के बाद शिवांगी का गेम किस तरह आगे बढ़ता है।
मनोरंजन
सलमान खान की एक सलाह और पूरी तरह बदल गई कियारा आडवाणी की जिंदगी

कियारा आडवाणी आज बॉलीवुड की सबसे चर्चित और सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने अपनी सादगी और अभिनय के दम पर लाखों लोगों का दिल जीता। उनके इस स्टारडम के पीछे अभिनेता सलमान खान का खास योगदान रहा।
दरअसल, सलमान ने कियारा को सलाह दी थी कि अगर उन्हें इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनानी है, तो उनकी पहचान भी सबसे अलग होनी चाहिए। इस सलाह के बाद एक्ट्रेस ने ऐसा कदम उठाया कि वह दुनियाभर में पहचानी जाने लगीं।
कियारा आडवाणी का जन्म 31 जुलाई 1991 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम आलिया आडवाणी है। उनके पिता जगदीप आडवाणी एक बिजनेसमैन हैं, जबकि मां जेनेविव जाफरी टीचर हैं। कियारा ने मुंबई से स्कूली पढ़ाई पूरी की और फिर मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया। अभिनय में आने से पहले उन्होंने अपनी मां के प्री-स्कूल में छोटे बच्चों को पढ़ाया भी। वह बच्चों को कविताएं सुनाती थीं और उनकी देखभाल करती थीं। कियारा का कहना है कि इस अनुभव ने उन्हें जिम्मेदारी और धैर्य सिखाया।
जब कियारा फिल्मों में आने की तैयारी कर रही थीं, तब उनका नाम आलिया आडवाणी था। उस समय आलिया भट्ट बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं। ऐसे में सलमान खान ने उन्हें सलाह दी कि अगर वह इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाना चाहती हैं, तो उन्हें एक अलग नाम अपनाना चाहिए। कियारा ने कई इंटरव्यू में बताया कि सलमान खान की सलाह पर उन्होंने अपना नाम बदलकर कियारा रख लिया। यह नाम उन्हें प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘अंजाना अंजानी’ के एक किरदार से पसंद आया था। बाद में यही नाम उनकी नई पहचान बन गया।
साल 2014 में कियारा ने फिल्म ‘फगली’ से बॉलीवुड में कदम रखा। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इंडस्ट्री में काम न मिलने पर वह काफी निराश हो गई। उन्हें लगा कि शायद उनका फिल्मी करियर आगे नहीं बढ़ पाएगा। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं।
साल 2016 में उनकी किस्मत बदली। उन्हें ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में साक्षी धोनी का किरदार निभाने का मौका मिला। यह फिल्म बड़ी हिट साबित हुई और कियारा को पूरे देश में पहचान मिल गई। इसके बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘भारत अने नेनु’ में महेश बाबू के साथ काम किया। यह फिल्म भी सुपरहिट रही और कियारा ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बना ली।
साल 2018 में नेटफ्लिक्स की ‘लस्ट स्टोरीज’ में उनका अलग अंदाज देखने को मिला। इसके बाद 2019 में रिलीज हुई ‘कबीर सिंह’ उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो गई। फिल्म में उन्होंने प्रीति का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी साल आई ‘गुड न्यूज’ भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इस फिल्म में अभिनय के लिए उन्हें आईफा अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का सम्मान मिला।
इसके बाद कियारा ने ‘गिल्टी’, ‘लक्ष्मी’, ‘इंदू की जवानी’, ‘शेरशाह’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘जुगजुग जियो’, ‘गोविंदा नाम मेरा’, ‘सत्यप्रेम की कथा’, ‘गेम चेंजर’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्मों में काम किया। ‘शेरशाह’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई और इन फिल्मों के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में नामांकन भी मिला।
कियारा को अब तक कई बड़े सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें आईफा अवॉर्ड और जी सिने अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा, उन्हें दो बार फिल्मफेयर अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नामांकन मिला। आज वह भारत की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं और कई बड़े ब्रांडों की एंबेसडर भी हैं।
निजी जीवन की बात करें तो कियारा और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा लंबे समय तक अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में रहे। दोनों ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। दोनों अब एक बेटी के माता-पिता हैं। शादी के बाद भी कियारा लगातार फिल्मों में सक्रिय हैं।
मनोरंजन
खुद को साबित करने की कोशिश नहीं कर रही, अच्छे किरदार मिलना मेरी किस्मत का हिस्सा है : शहनाज गिल

अभिनेत्री शहनाज गिल ने अपने करियर में एक लंबा सफर तय किया है। कभी अपनी चुलबुली अदाओं और बेफिक्र अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही। इन दिनों वह हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘इश्कनामा’ को लेकर चर्चा में है। इस फिल्म में वह एक गंभीर भूमिका में नजर आ रही है। पर्दे पर निभाए गए किरदारों को लेकर शहनाज ने कहा कि यह सब उनके सफर और किस्मत का हिस्सा है।
जब आईएएनएस ने शहनाज गिल से पूछा कि क्या वह दर्शकों को अपने व्यक्तित्व का दूसरा पहलू दिखाने या अपनी पुरानी छवि बदलने के लिए इस तरह के किरदार चुन रही हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि उनका ऐसा कोई मकसद नहीं है।
शहनाज ने कहा, “मैं कुछ साबित करने की कोशिश नहीं कर रही हूं। मेरी किस्मत इसे साबित कर रही है। भगवान मुझे ताकत दे रहे हैं। उनकी कृपा से मुझे अच्छी स्क्रिप्ट मिल रही हैं। जो भी मुझे मौके मिल रहे हैं, उन्हें मैं पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाने की कोशिश कर रही हूं। एक कलाकार का सफर लगातार सीखने और खुद को बेहतर करने का होता है। मैं किसी एक छवि में बंधकर काम नहीं करना चाहतीं, बल्कि अलग-अलग तरह की कहानियों का हिस्सा बनना चाहती हैं।”
बातचीत में शहनाज से पूछा गया कि अगर उनकी जिंदगी की अपनी कोई ‘इश्कनामा’ यानी प्रेम कहानी हो, तो उसका टाइटल क्या होगा। इस सवाल पर अभिनेत्री ने कहा, “जब मेरी जिंदगी पर फिल्म बनेगी तो मुझे लगता है कि वह बहुत दिलचस्प होगी, और जब ऐसा होगा, तब मैं उसका टाइटल भी बताऊंगी।”
फिल्म में अपने किरदार को लेकर शहनाज गिल ने कहा, ”मुझे लगता है कि जब किसी सच्ची कहानी पर फिल्म बनाई जाती है तो जिम्मेदारी लेना बहुत जरूरी होता है। मैंने अपनी तरफ से इस जिम्मेदारी को पूरी क्षमता के साथ निभाने की कोशिश की है। मुझे विश्वास है कि मेरे किरदार को लोग जरूर पसंद करेंगे।”
बता दें कि ‘इश्कनामा’ एक सच्ची कहानी पर आधारित है। फिल्म में भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि के बीच प्यार और रिश्तों की कहानी दिखाई गई है। यह फिल्म साल 1981 से 1988 के बीच की घटनाओं पर आधारित है, जिसमें निर्मल निम्मा और नसीमा की प्रेम कहानी को दिखाया गया है।
‘इश्कनामा’ का निर्देशन अरविंद्र एस. खैरा ने किया है, जबकि फिल्म का निर्माण सौरभ राणा और रवनीत कौर चहल ने किया है। यह फिल्म किताब ‘हिंद पाक बॉर्डरनामा’ से प्रेरित बताई जा रही है।
मनोरंजन
संजय दत्त के 67वें जन्मदिन पर बोलीं बहन प्रिया, ‘आपने मां-पिता दोनों की कमी को किया पूरा’

बॉलीवुड के दमदार अभिनेता संजय दत्त बुधवार को अपना 67वां जन्मदिन मना रहे है। इस मौके पर उनके परिवार के हर सदस्य ने उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। सबसे ज्यादा चर्चा उनकी बहन प्रिया दत्त के पोस्ट की हो रही है, जिसमें उन्होंने संजय दत्त को माता और पिता की तरह सपोर्ट करने वाला बड़ा भाई बताया।
प्रिया दत्त ने इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि माता-पिता के जाने के बाद संजय दत्त ने परिवार में मां और पिता दोनों की कमी को पूरा किया। उन्होंने कहा कि उस मुश्किल दौर में संजय ही परिवार की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आए।
वीडियो में प्रिया कहती हैं, “उन्होंने मां और पिता, दोनों की कमी को बहुत खूबसूरती से पूरा किया। हम सभी छोटी बहनें थीं और भैया ही परिवार में कमाने वाले पहले सदस्य थे। हमें हर साल रक्षाबंधन का बेसब्री से इंतजार रहता था कि इस बार भैया हमें क्या गिफ्ट देंगे।”
वीडियो के साथ प्रिया ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “कुछ रिश्ते समय के साथ और भी मजबूत हो जाते हैं और हमारा रिश्ता भी ऐसा ही है। जिंदगी हमें जहां भी ले गई, परिवार हमेशा हमारी सबसे बड़ी ताकत रहा। मैं आभारी हूं कि हमने यह सफर हमेशा साथ तय किया।”
उन्होंने आगे लिखा, “ऐसे ही मजबूत, ख्याल रखने वाले और हमेशा खुद के प्रति सच्चे रहने वाले भाई होने के लिए आपका धन्यवाद। मैं कामना करती हूं कि यह साल आपके लिए अच्छा स्वास्थ्य, ढेर सारी खुशियां, नई यादें और ढेर सारा प्यार लेकर आए, जिसके आप हकदार हैं। आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।”
संजय दत्त के जन्मदिन पर उनके बच्चों ने भी उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। उनके जुड़वां बेटे शहरान दत्त, बेटी इकरा दत्त और बड़ी बेटी त्रिशाला दत्त ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के लिए प्यार भरे पोस्ट साझा किए।
शाहरान दत्त ने अपने पिता के साथ एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों वाइट कलर के ट्रेडिशनल आउटफिट में नजर आ रहे हैं। संजय दत्त ने अपने लुक को सनग्लासेस के साथ पूरा किया और दोनों कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज देते दिखाई दिए।
तस्वीर के साथ शाहरान ने लिखा, “दुनिया के सबसे बेहतरीन पापा को जन्मदिन की शुभकामनाएं। हर समय मेरा साथ देने, मेरा हौसला बढ़ाने और हर दिन मुझे प्रेरित करने के लिए आपका धन्यवाद। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, ढेर सारी खुशियों और आने वाले कई शानदार वर्षों की कामना करता हूं। हमेशा आपसे प्यार करता हूं।”
बेटे की इस पोस्ट पर संजय दत्त ने भी प्यार भरा जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “आई लव यू और मैं हमेशा तुम्हारे साथ खड़ा रहूंगा, बेटे।”
बता दें कि संजय दत्त ने साल 2008 में अभिनेत्री मान्यता दत्त से शादी की थी। अक्टूबर 2010 में दोनों जुड़वां बच्चों, बेटे शाहरान और बेटी इकरा के माता-पिता बने। मान्यता से शादी से पहले संजय दत्त की शादी अभिनेत्री ऋचा शर्मा से हुई थी। इस शादी से उनकी एक बेटी त्रिशाला दत्त हैं। साल 1996 में लंबे समय तक ब्रेन ट्यूमर से जूझने के बाद ऋचा शर्मा का निधन हो गया था।
-
दुर्घटना11 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
