मनोरंजन
‘मैंने कभी नकाब पहनकर जिंदगी नहीं जी’, रियलिटी शो ‘द 50’ में एंट्री पर करण पटेल का बेबाक बयान
मुंबई, 23 जनवरी : लोकप्रिय टीवी अभिनेता करण पटेल अपकमिंग रियलिटी शो ‘द 50’ का हिस्सा बनने जा रहे हैं। ऐसे में फैंस का उत्साह जोरों पर है। मीडिया से बात करते हुए करण ने इस शो में शामिल होने के पीछे की वजह का खुलासा किया। साथ ही बताया कि आखिर ‘बिग बॉस’ और ‘द 50’ में ऐसा क्या फर्क है, जिसने उनका नजरिया बदल दिया।
मीडिया से बात करते हुए करण पटेल ने कहा, ”किसी भी रियलिटी शो का हिस्सा बनने से पहले मैं उसके मकसद और सोच को समझता हूं। ‘बिग बॉस’ का फॉर्मेट लगातार टकराव, बहस और भावनात्मक उथल-पुथल पर टिका होता है, जिससे मैं निजी तौर पर खुद को जोड़ नहीं पाता। हर समय का झगड़ा और नेगेटिव माहौल मुझे असहज कर देता है। यही वजह रही कि मैंने अब तक ऐसे शोज से दूरी बनाए रखी है।”
वहीं ‘द 50’ को लेकर करण का नजरिया बिल्कुल अलग है। इस शो को लेकर उन्होंने कहा, ”यह शो भले ही प्रतियोगिता पर आधारित है, लेकिन यहां मुकाबला लड़ाई-झगड़े से नहीं, बल्कि दिमाग से होता है। ‘द 50’ रणनीति, समझदारी और सही समय पर सही फैसला लेने का खेल है। इसमें व्यक्तिगत आरोपों या बेवजह के ड्रामे की बजाय सोच और योजना को ज्यादा महत्व दिया जाता है।”
करण पटेल ने कहा, ”यही संतुलन मुझे इस शो की ओर खींच लाया। मुझे लगता है कि यह फॉर्मेट मेरे दिमाग को चुनौती देगा, और मुझे किसी नकारात्मक माहौल में नहीं धकेलेगा। यह एक ऐसा मंच है, जहां प्रतियोगिता खेल की भावना के साथ आगे बढ़ता रहता है।”
जब मीडिया ने करण से पूछा कि दर्शक उन्हें ‘द 50’ में किस रूप में देखेंगे, इस पर उन्होंने कहा, ”टीवी पर दर्शकों ने मुझे अक्सर गंभीर, जोशीले और कभी-कभी आक्रामक किरदारों में देखा है, लेकिन असल में मैं बिल्कुल भी ऐसा नहीं हूं। इस शो में दर्शकों को मेरा शांत, सोचने-समझने वाला और धैर्य रखने वाला पक्ष भी देखने को मिलेगा।”
करण ने कहा, ”मैं शो में न सिर्फ अपनी रणनीति तैयार करुंगा, बल्कि हालात के अनुसार खुद को ढालूंगा भी। यह शो सिर्फ बोलने का नहीं, बल्कि समझने और सीखने का भी मौका देगा। रियलिटी शोज़ इंसान की असली परतें सामने ले आते हैं, लेकिन मुझे इससे डर नहीं लगता।”
करण ने कहा, ”मैंने कभी नकाब पहनकर जिंदगी नहीं जी, इसलिए मैं कैमरे से नहीं डरता। दर्शकों को मेरा भावुक और संवेदनशील पक्ष देखने को मिलेगा, जो शायद पहले ज्यादा सामने नहीं आया। जो भी होगा, वह सच्चा होगा, चाहे अच्छा लगे या बुरा।”
‘द 50’ को बैनिजे एशिया ने प्रोड्यूस किया है और यह भारत के सबसे बड़े रियलिटी शोज में से एक माना जा रहा है। यह शो जल्द ही हॉटस्टार और कलर्स पर स्ट्रीम होने वाला है।
मनोरंजन
शिल्पा शेट्टी ने किया कठिन योगासन ‘बाहु वशिष्ठासन’, पति राज कुंद्रा बोले -बैलेंस में महारत हासिल की

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी रोजाना योगासन और संतुलित आहार के सेवन करने पर जोर देती हैं और अपने फैंस को योग के प्रति प्रेरित करने के लिए अक्सर सोमवार को पोस्ट करती रहती हैं। इस सोमवार भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया और उनके पति राज कुंद्रा ने भी पत्नी को सपोर्ट करते हुए कहा कि उनमें सब कुछ बैलेंस करने की खास कला है।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह ‘बाहु वशिष्ठासन’ कर रही हैं। यह एक कठिन योगा पोज है जिसके लिए ताकत, स्थिरता और बैलेंस की जरूरत होती है। वीडियो शेयर करते हुए शिल्पा ने लिखा, “बैलेंस आसान लग रहा है? चलो इसे टेस्ट करते हैं। अब आपकी बारी है अपना सेंटर ढूंढने और उसे होल्ड करने की।”
अभिनेत्री ने अपने इस पोस्ट के जरिए ‘बाहु वशिष्ठासन’ के फ़ायदों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि यह कोर, कंधों, हाथों, कलाइयों, पैरों और रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है और बैलेंस, स्टेबिलिटी और फोकस में सुधार करता है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आसन लैटरल कोर और ऑब्लिक स्ट्रेंथ बनाने में मदद करता है, जिससे पूरे शरीर पर बेहतर कंट्रोल और स्टेबिलिटी मिलती है।
अभिनेत्री के वीडियो पोस्ट करते ही पति और अभिनेता राज कुंद्रा ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “आपने सच में सब कुछ बैलेंस करने की कला में मास्टरी कर ली है, मेरी रानी।”
शिल्पा, जो लंबे समय से फिटनेस और योग से जुड़ी हैं, अक्सर अपने फैन बेस के साथ वर्कआउट और वेलनेस से जुड़ा कंटेंट शेयर करती हैं। अपने पोस्ट के जरिए, एक्ट्रेस एक एक्टिव और हेल्दी लाइफस्टाइल को प्रमोट करती रहती हैं।
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की बात करें तो वे हाल ही में फिल्म ‘केडी – द डेविल’ में नजर आईं थी। फिल्म को कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम समेत कई भाषाओं में पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया गया था। यह फिल्म 1970 और 1980 के दशक के बेंगलुरु की सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिसमें शिल्पा शेट्टी ने ‘सत्यवती’ नाम का एक दमदार और रेट्रो किरदार निभाया है। फिल्म में ध्रुव सरजा, संजय दत्त, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रेशमा नानैया, जीशु सेनगुप्ता और नोरा फतेही भी थीं।
मनोरंजन
बेटी के लिए मां की चाहत सुन भावुक हुईं भारती सिंह, हर्ष ने 10 हजार का इनाम बढ़ाकर किया 20 हजार

टीवी की दुनिया में कॉमेडी और मनोरंजन के लिए मशहूर भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया अब एक नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने जा रहे हैं। दोनों जल्द ही ‘इंडियन गेम शो’ में साथ नजर आएंगे, जहां मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को गेम खेलने और इनाम जीतने का मौका भी मिलेगा। शो के एक सेगमेंट में ऐसा ही एक पल देखने को मिला, जो सीधे दिल को छू गया।
दरअसल, एक महिला ने गेम में जीते 10 हजार रुपए का इस्तेमाल अपनी बेटी की जरूरतों के लिए करने की बात कही। मां की इस सोच ने भारती और हर्ष को इतना प्रभावित किया कि हर्ष ने महिला की इनामी राशि दोगुनी कर दी।
शो के एक सेगमेंट में भारती और हर्ष ने दर्शकों के साथ बातचीत की और उनके बीच लड्डू बांटे। इनमें से एक लड्डू में एक सिक्का छिपाया गया था। जिस दर्शक को वह सिक्का मिलता, उसके लिए खास इनाम रखा गया था। गेम के दौरान एक महिला ने वह सिक्का ढूंढ लिया और वह 10 हजार रुपये की नकद राशि जीत गईं।
इसके बाद हर्ष ने महिला से पूछा कि वह इस इनाम की रकम का क्या करेंगी। इस पर महिला ने बताया कि वह यह पैसा अपनी बेटी के लिए इस्तेमाल करना चाहती हैं।
महिला की बात सुनकर भारती सिंह ने मां और बच्चे के रिश्ते को लेकर अपनी भावना जाहिर की। उन्होंने कहा, ”मां की फीलिंग सिर्फ मां ही जान सकती है। जो मां बनती है, उसे पता होता है कि वह अपने बच्चों के लिए क्या-क्या करना चाहती है।’
भारती ने बताया कि महिला की बेटी होम्योपैथिक डॉक्टर बनने की पढ़ाई कर रही है। महिला अपनी जीती हुई रकम को बेटी के खर्चे-पानी के लिए देना चाहती थीं।
यह सुनकर हर्ष लिंबाचिया महिला के फैसले से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने महिला से कहा, ”आपने अपनी बेटी के बारे में इतनी अच्छी बात कही है, तो हम इसे डबल कर देते हैं। मैं इसे 20 हजार रुपए कर देता हूं।”
हर्ष के इस ऐलान के बाद महिला के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। यह पूरा पल शो के मनोरंजन से अलग एक भावुक क्षण बन गया।
‘इंडियन गेम शो विद भारती एंड हर्ष’ का प्रीमियर 24 अगस्त को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा। शो को दर्शक सोनी लिव पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे।
मनोरंजन
ट्विंकल खन्ना को पैकिंग करता देख उदास हुआ पालतू डॉग मिस्टर जीव्स, मोजा चुराकर भागा

अभिनेत्री से लेखिका बनीं ट्विंकल खन्ना ने अपने पालतू डॉग मिस्टर जीव्स के साथ अपने प्यारे रिश्ते की एक मजेदार झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है। ट्विंकल ने बताया कि जैसे ही वह ट्रिप के लिए अपना सामान पैक करने लगीं, उनके पालतू डॉग को समझ आ गया कि वह कहीं जाने वाली हैं। इसके बाद मिस्टर जीव्स का चेहरा उतर गया और वह अपनी नाराजगी अलग ही अंदाज में जाहिर करने लगा।
ट्विंकल ने इंस्टाग्राम पर मिस्टर जीव्स के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा की। पहली तस्वीर में वह सोफे पर अपने डॉग के साथ बैठी नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह उसे प्यार से अपनी गोद में उठाए हुए हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने अपने पालतू डॉग की मजेदार हरकत के बारे में बताया और पूछा कि क्या दूसरे पालतू जानवर भी अपने मालिक के कहीं जाने पर इसी तरह नाराज होते हैं।
ट्विंकल ने लिखा, ”जैसे ही मिस्टर जीव्स ने मुझे पैकिंग करते देखा, वह उदास हो गया। उसकी पूंछ नीचे झुक गई और आंखों में भी उदासी नजर आने लगी। मेरा भी घर से जाने का मन नहीं करता, भले ही वह सिर्फ एक दिन के लिए ही क्यों न हो।”
उन्होंने लिखा, ”डॉग्स की भावनाओं को समझना थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि उनकी आंखें नेचुरली थोड़ी झुकी हुई होती हैं और उनके पास पूंछ की जगह सिर्फ टेलबोन (रीढ़ की आखिरी हड्डी) है।”
ट्विंकल ने पोस्ट में आगे बताया, ”मिस्टर जीव्स ने मुझे परेशान करने का अपना तरीका खोजा था। वह मेरे ऊपर उछलने लगा और अचानक मेरा एक मोजा चुरा लिया। इसके बाद वह मोजा लेकर भाग गया और मैं उसे पकड़ भी नहीं पाईं।”
ट्विंकल ने मजाक में लिखा, ”तो अगर आप मुझे बिना मोजे के देखें, तो समझिए यह कोई फैशन स्टाइल नहीं है। यह मिस्टर जीव्स की वजह से है।”
इसके साथ ही उन्होंने अपने फॉलोअर्स से पूछा कि क्या उनके पालतू जानवर भी उनके घर से बाहर जाने पर उन्हें इसी तरह ‘सजा’ देते हैं।
-
दुर्घटना12 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
