राजनीति
पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा ने देशवासियों को दी विजयादशमी की बधाई
देशभर में बुधवार को बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत का महापर्व ‘विजयादशमी’ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में साहस, संयम और सकारात्मक ऊर्जा आने की कामना की है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत सरकार के अन्य मंत्रियों और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, “सभी देशवासियों को विजय के प्रतीक-पर्व विजयादशमी की बहुत-बहुत बधाई। मेरी कामना है कि यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में साहस, संयम और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए।”
गृहमंत्री अमित शाह ने जय श्रीराम के नारे के साथ विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट कर कहा, “समस्त देशवासियों को ‘विजयादशमी’ की हार्दिक शुभकामनाएं। बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत का यह महापर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा व प्रेरणा का संचार करे। जय श्रीराम!”
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी के जीवन में नवीन ऊर्जा और उत्कर्ष की कामना करते हुए ट्वीट कर कहा, “असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय व अधर्म पर धर्म के विजय का महापर्व विजयादशमी की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह महापर्व आप सबके जीवन में नवीन ऊर्जा व उत्कर्ष लेकर आए। जय श्रीराम!”
राजनीति
प्रधानमंत्री मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का किया उद्घाटन, ‘उड़ान’ योजना भी लॉन्च

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने जोधपुर में संशोधित ‘उड़ान’ योजना भी लॉन्च की।
प्रधानमंत्री मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद नए टर्मिनल निरीक्षण किया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नए टर्मिनल के बारे में उन्हें जानकारी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया।
इस परियोजना को कुल 480 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया गया है। 23,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह नया टर्मिनल भवन हर साल 20 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है। यह आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित है, ताकि यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।
राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित वास्तुकला के आधार पर निर्मित यह टर्मिनल मेहराब और झरोखों जैसे पारंपरिक तत्वों को समकालीन डिजाइन के साथ खूबसूरती से समाहित करता है। ऊर्जा-कुशल प्रणालियों, जल संरक्षण उपायों और हरित भवन निर्माण पद्धतियों जैसी विशेषताओं के साथ, सतत विकास टर्मिनल के डिजाइन का अभिन्न अंग रहा है, जिसका उद्देश्य 5-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग प्राप्त करना है। जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही, पीएम मोदी ने ‘उड़ान योजना’ लॉन्च की। इस योजना के तहत 28,840 करोड़ का आवंटन किया गया है, जिसका उद्देश्य अगले 10 सालों में विमानन-आधारित विकास को गति देना है। यह रणनीतिक पहल सुनिश्चित करेगी कि देशभर में व्यापक और स्थायी कनेक्टिविटी कायम रहे।
देशभर में विमानन अवसंरचना के विस्तार के लिए, मौजूदा अप्रयुक्त हवाई पट्टियों से 100 हवाई अड्डों के विकास पर विशेष बल दिया गया है, जिसके लिए 12,000 करोड़ रुपए से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय हवाई अड्डों के संचालन के प्रारंभिक सालों में उनकी व्यवहार्यता सुनिश्चित करने के लिए संचालन और रखरखाव (ओएंडएम) सहायता के लिए 2,500 करोड़ रुपए से अधिक की राशि निर्धारित की गई है। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में पहुंच संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए, योजना में 200 आधुनिक हेलीपैड के विकास का भी प्रस्ताव है।
महाराष्ट्र
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे अस्पताल में भर्ती, अत्यधिक थकान के बाद बिगड़ी तबीयत, हालत स्थिर

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है और फिलहाल उनकी हालत पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है।
शिवसेना सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से लगातार व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों, अत्यधिक शारीरिक मेहनत और काम के भारी दबाव के कारण उनकी सेहत पर असर पड़ा।
शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा का सत्र चल रहा था, तभी उन्हें तेज बुखार और काफी कमजोरी महसूस हुई। इसके बावजूद उन्होंने शुरुआत में अपना काम जारी रखा, लेकिन बाद में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें तुरंत ठाणे के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पार्टी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि एकनाथ शिंदे इलाज और डॉक्टरों की निगरानी के लिए अस्पताल में हैं, लेकिन उनकी सेहत को लेकर किसी गंभीर चिंता की बात नहीं है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में एकनाथ शिंदे लगातार राजनीतिक गतिविधियों में बेहद सक्रिय थे। खासकर ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत उन्होंने बड़ी राजनीतिक रणनीति पर काम किया। इसी अभियान के दौरान उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों और एमएलसी सचिन अहीर ने शिंदे की शिवसेना का दामन थामा। इस पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए एकनाथ शिंदे को लगातार काम करना पड़ा और कई बार नई दिल्ली की यात्राएं भी करनी पड़ीं।
उनकी तबीयत खराब होने का असर शुक्रवार को ठाणे में आयोजित एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम पर भी पड़ा। उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना की धुले की प्रमुख नेता और उपनेता शुभांगी पाटील को शाम 4 बजे गंगूबाई शिंदे हॉल में आधिकारिक रूप से एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होना था, लेकिन एकनाथ शिंदे के अस्पताल में भर्ती होने के कारण यह कार्यक्रम टालना पड़ा।
बाद में देर रात यह कार्यक्रम आयोजित किया गया और करीब रात 1:15 बजे इसका समापन हुआ। डिप्टी सीएम की अनुपस्थिति में उनके बेटे और सांसद डॉ श्रीकांत शिंदे ने रात 2 बजे वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में शुभांगी पाटील को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बता दें कि शुभांगी पाटिल इससे पहले महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की उम्मीदवार के रूप में नासिक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव लड़ चुकी हैं।
महाराष्ट्र
मुंबई समेत आसपास के जिलों में मूसलाधार बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मुंबई और आसपास के जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 9.30 बजे मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने रायगढ़, मुंबई, ठाणे, पालघर में तेज बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मुंबई से सटे पालघर जिले में शनिवार को रेड अलर्ट के बीच पिछले कई घंटों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण वसई-विरार शहर की अधिकांश सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
कई जगहों पर पानी भरने से वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए हैं और चालक उन्हें धक्का देकर बाहर निकालने को मजबूर हैं। वहीं, पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विवा कॉलेज रोड, आचोले रोड, सेंट्रल पार्क, विजय नगर–नागिनदास पाड़ा, गाला नगर, तुलिंज ब्रिज सहित कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हो गया है। प्रशासन ने नागरिकों से आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई से सटे नालासोपारा पूर्व के आचोले रोड पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। सड़क पर पानी भरने से कई वाहन बीच रास्ते में बंद पड़ रहे हैं। जलभराव के कारण वसई-विरार शहर महानगरपालिका की अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी ट्रैफिक में फंस गई। यहां तक रोड के आसपास सोसायटी और दुकानों में पानी घुस गया है। बारिश अभी भी लगातार जारी है, जिससे लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
मौसम विभाग द्वारा पूरे जिलों में रेड अलर्ट की घोषणा करने के बाद सुबह से ही भिवंडी और उसके आसपास हो रही मूसलाधार बारिश के चलते भिवंडी शहर का तीन बत्ती भाजी मार्केट इलाका पूरी तरह से जलमग्न हो गया है।
दर्जनों दुकानों में पानी घुस गया है। लोग अपने घरों से सब्जी की खरीदारी करने के लिए सुबह-सुबह निकलें, लेकिन तीन बत्ती भाजी मार्केट का यह नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मौसम का अलर्ट जारी होने के बाद अंधेरी रेलवे स्टेशन पर बारिश जारी रही। लगातार बारिश के बावजूद, लोकल ट्रेन सेवाएं समय पर चल रही हैं और यात्री अपने काम पर जाते रहे।
एक निवासी ने कहा, “हम मरीन ड्राइव पर जन्मदिन मना रहे हैं। मानसून के दौरान यहां आना बहुत अच्छा लग रहा है। दोस्तों के साथ मौसम का मज़ा लेने का अनुभव ही कुछ और है।”
-
दुर्घटना10 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
