राजनीति
गुजरात : मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आग लगने की जांच के दिए आदेश
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गुरुवार को अहमदाबाद के कोविड समर्पित निजी अस्पताल में आग लगने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इस दर्दनाक घटना में आठ लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ने गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) संगीता सिंह और शहरी विकास के एसीएस मुकेश पुरी को 3 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने सीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की है।
अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में स्थित श्रेय हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के आईसीयू वार्ड में आग लगने से 5 पुरुषों और 3 महिलाओं सहित आठ मरीजों की मौत हो गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुखद घटना को लेकर अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और अहमदाबाद के महापौर से टेलीफोन पर बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “अहमदाबाद के अस्पताल में आग लगने की घटना से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों। स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और और महापौर से बात की। प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।”
प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी पीड़ित परिवारों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।
राष्ट्रीय समाचार
अदाणी पोर्ट्स का अंतरराष्ट्रीय विस्तार, यूरोपीय कंपनी इवोस का 2.56 अरब यूरो में किया अधिग्रहण

अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) ने गुरुवार को यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी स्वतंत्र लिक्विड स्टोरेज ऑपरेटर इवोस बी.वी का ऑल-कैश डील में 2.56 अरब यूरो की एंटरप्राइस वैल्यू पर अधिग्रहण किया।
इस समझौते के तहत, एपीएसईजेड, इग्निओ इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स से इवोस में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी।
इस सौदे में इवोस का इक्विटी मूल्य 1.18 अरब यूरो आंका गया है और इस आधार पर अधिग्रहण मल्टीपल सीवाई25 के ईवी/ईबीआईटीडीए का 11.7 गुना है।
इस सौदे के लिए फंड कर्ज के जरिए जुटाया जाएगा। साथ ही, इसके लिए रेगुलेटरी मंजूरियों और वर्क्स काउंसिल कंसल्टेशन की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है।
कंपनी ने बयान में कहा, “भारत के सबसे बड़े और दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों में से एक, एपीएसईजेड ने नीदरलैंड स्थित ‘इवोस बी.वी.’ में ‘इग्नियो इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर्स’ की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। यह एक पूरी तरह से कैश डील है, जिसमें कंपनी की एंटरप्राइज वैल्यू 2.56 अरब यूरो आंकी गई है।”
इवोस ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 392 मिलियन यूरो की आय और 219 मिलियन यूरो का ईबीआईटीडीए दर्ज किया है, जो 56 प्रतिशत का मजबूत ईबीआईटीडीए मार्जिन दर्शाता है।
इस अधिग्रहण के बाद, संयुक्त इकाई का प्रो-फॉर्मा नेट डेट-टू-ईबीआईटीडीए अनुपात 2.76 गुना रहने की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 2027 तक घटकर लगभग 2.5 गुना हो जाएगा।
इस डील पर एपीएसईजेड के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी के उस सफर में एक अहम पड़ाव है, जिसका लक्ष्य एक अरब टन कार्गो को संभालना और एक वास्तविक वैश्विक एकीकृत परिवहन प्लेटफॉर्म तैयार करना है।
करण अदाणी ने कहा, “एपीएसईजेड के लिए ‘इवोस’ एक महत्वपूर्ण अधिग्रहण है, जो हमें एक अरब टन कार्गो संभालने और एक वास्तविक वैश्विक, एकीकृत परिवहन प्लेटफॉर्म बनाने के हमारे लक्ष्य के करीब ले जाता है। हम अपने पोर्टफोलियो में ‘इवोस’ का स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। इससे हमें दुनिया के प्रमुख लिक्विड स्टोरेज और एनर्जी हब में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करने में मदद मिलेगी।”
उन्होंने आगे कहा, “हम यूरोप के साथ साझेदारी करने, वहां सस्टेनेबल एनर्जी ट्रांजिशन में सहयोग देने और दीर्घकालिक मूल्य बनाने के लिए उत्सुक हैं। साथ ही, हम अपनी वित्तीय समझदारी को भी बनाए रखेंगे, जो हमारी विकास यात्रा का आधार है।”
नीदरलैंड में मुख्यालय वाली ‘इवोस’ नीदरलैंड, जर्मनी, स्पेन, बेल्जियम और माल्टा में रणनीतिक रूप से स्थित आठ बंदरगाह-आधारित टर्मिनलों के जरिए 6.3 मिलियन क्यूबिक मीटर की स्टोरेज क्षमता का संचालन करती है।
कंपनी की उपस्थिति प्रमुख ऊर्जा और औद्योगिक केंद्रों में है, जिनमें एम्स्टर्डम-रॉटरडैम-एंटवर्प क्षेत्र, हैम्बर्ग और भूमध्यसागरीय क्षेत्र शामिल हैं।
राष्ट्रीय समाचार
राजस्थान में सड़क हादसों का कहर, अजमेर में ट्रेलर ने दो युवकों को कुचला, नागौर में पिता-पुत्र की मौत

राजस्थान के अजमेर जिले में सरवर-केकड़ी रोड पर सूरजपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवक ट्रेलर के नीचे फंस गए और करीब 15 से 20 मिनट तक वहीं दबे रहे। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, सरवर के रहने वाले तीन युवक सुबह मोटरसाइकिल से केकड़ी जा रहे थे। सूरजपुरा गांव के पास, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। इनमें से दो ट्रेलर के नीचे कुचले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की। मृतकों की पहचान सरवर निवासी फारूक अंसारी और मुस्तकीम अंसारी के रूप में हुई है। मुस्तकीम अंसारी एक सरकारी स्कूल में शिक्षक थे। घायल युवक की पहचान सरवर के ही रहने वाले नसरुद्दीन पठान के रूप में हुई है, जो एक पैरा टीचर हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर सरवर स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) रामपाल शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बचाव कार्य की निगरानी की और घायल युवक के लिए चिकित्सा सहायता का प्रबंध किया। उसे पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर आगे के इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया।
इस बीच, स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय ट्रेलर का ड्राइवर शराब के नशे में था। पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
एक अन्य घटना में, नागौर जिले के मकराना इलाके के बरवाला गांव में ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता और उनके छह साल के बेटे की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चैनाराम और उनके छह साल के बेटे कार्तिक के रूप में हुई है। हादसे के बाद, दोनों को मकराना उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद, शव परिजनों को सौंप दिए गए।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
अफगानिस्तान से तनातनी पाकिस्तान की क्षेत्रीय व्यापार महत्वाकांक्षा पर भारी

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इस टकराव का असर अब केवल दोनों देशों के राजनीतिक और सुरक्षा संबंधों तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ा है।
मध्य एशिया और दक्षिण एशिया को जोड़ने वाली व्यापारिक और परिवहन योजनाओं के सामने भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। पाकिस्तान के रास्ते मध्य एशियाई देशों को समुद्री बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने की इस्लामाबाद की महत्वाकांक्षा को झटका लगा है। इसका ताजा संकेत कजाखस्तान के साथ व्यापार बढ़ाने के लक्ष्य में आई कमी से मिला है।
क्षेत्रीय मामलों पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘यूरेशियानेट’ ने हाल ही में एक रिपोर्ट प्रकाशित की। जिसके अनुसार, कजाखस्तान और पाकिस्तान के बीच सालाना व्यापार एक अरब डॉलर से अधिक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन अब दोनों देशों ने व्यापार की संभावित क्षमता करीब 645 मिलियन डॉलर आंकी है। यह आकलन एक नवंबर को अस्ताना में कजाखस्तान के उप प्रधानमंत्री सेरिक झुमांगारिन और पाकिस्तान के निवेश मंत्री कासिम अहमद शेख के बीच हुई बातचीत के दौरान सामने आया।
पाकिस्तान मध्य एशियाई देशों के साथ अपने व्यापारिक संबंध मजबूत करने और कराची, ग्वादर तथा अन्य बंदरगाहों के जरिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है। उसकी ख्वाहिश और उम्मीदों को डेंट अफगानिस्तान ने लगाया है। अफगानिस्तान के साथ बिगड़ते रिश्ते और सीमा पार व्यापार में बाधाएं इन योजनाओं की रफ्तार में ब्रेक लगा रही हैं।
पाकिस्तान के सामने उज्बेकिस्तान के साथ व्यापार बढ़ाने का लक्ष्य भी चुनौतीपूर्ण होता दिखाई दे रहा है। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में सालाना द्विपक्षीय व्यापार को दो अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। हालांकि, उपलब्ध आंकड़े इस लक्ष्य की राह आसान नहीं बताते।
वर्ष 2024 में पाकिस्तान ने उज्बेकिस्तान को करीब 129 मिलियन डॉलर का सामान निर्यात किया था, जबकि उज्बेकिस्तान से पाकिस्तान का आयात लगभग 257 मिलियन डॉलर रहा। वर्ष 2025 के व्यापार आंकड़ों में भी खास बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान और मध्य एशियाई देशों के बीच व्यापार बढ़ाने की संभावनाओं को अफगानिस्तान के साथ जारी संघर्ष से बड़ा झटका लगा है। अफगानिस्तान भौगोलिक रूप से पाकिस्तान और मध्य एशिया के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके रास्ते मध्य एशियाई देशों का सामान पाकिस्तान के बंदरगाहों तक पहुंच सकता है और वहां से समुद्री रास्तों के जरिए दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेजा जा सकता है। लेकिन दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव ने इस पूरे परिवहन नेटवर्क की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव का असर पहले से ही सीमा पार कारोबार पर दिखाई दे रहा है। दोनों देशों के बीच प्रमुख सीमा चौकियों के बंद रहने से माल की आवाजाही प्रभावित हुई है। इससे पाकिस्तान के उन व्यापारियों और निर्यातकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जो अफगानिस्तान को बाजार के रूप में इस्तेमाल करने के साथ-साथ मध्य एशियाई देशों तक सामान पहुंचाने के लिए इस मार्ग पर निर्भर थे।
पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में सक्रिय तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ कार्रवाई की मांग और काबुल की ओर से इन आरोपों को खारिज किए जाने के बीच दोनों देशों के संबंध लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस विवाद ने क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक सहयोग की संभावनाओं को भी प्रभावित किया है।
इसका एक संकेत अक्टूबर में मास्को फॉर्मेट के तहत हुई क्षेत्रीय बैठक में भी देखने को मिला था। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों के बीच आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर मतभेद के कारण बैठक में संयुक्त बयान जारी नहीं हो सका। इस बैठक में मध्य एशियाई देशों के अलावा भारत, चीन, ईरान और रूस समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
पाकिस्तान के निवेश मंत्री कासिम अहमद शेख ने अस्ताना में निवेश मंच पर अपने संबोधन में देश के बंदरगाहों को मध्य एशिया के लिए रणनीतिक प्रवेश द्वार बताया था। उनका कहना था कि पाकिस्तान के बंदरगाह क्षेत्रीय व्यापार और परिवहन संपर्क मजबूत करने के साथ सामान की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध करा सकते हैं। फिलहाल जो हालात हैं, उसके मद्देनजर इन दावों को जमीन पर उतारना आसान नहीं होगा।
इस पूरे घटनाक्रम का असर भारत के क्षेत्रीय हितों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। भारत लंबे समय से अफगानिस्तान और ईरान के रास्ते मध्य एशिया तक व्यापारिक एवं परिवहन संपर्क मजबूत करने की पैरवी करता रहा है। चाबहार बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (आईएनएसटीसी) इसी व्यापक क्षेत्रीय संपर्क रणनीति का हिस्सा हैं।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड1 month agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
