राजनीति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को दी बधाई
नई दिल्ली, 20 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई दी। पीएम ने उन्हें जमीनी नेता बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संबंध में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। इसमें उन्होंने कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी को बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं। कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक और मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
प्रधानमंत्री ने उन छह विधायकों को भी बधाई दी, जिन्होंने मंत्री पद की शपथ ली।
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को बधाई। यह टीम जोश और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण है और निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी, शुभकामनाएं।
इससे पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी नई मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उम्मीद की कि दिल्ली के विकास में वे अपना अमूल्य योगदान देंगी।
बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने उन्हें शपथ दिलाई। समारोह में पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा बीजेपी शासित 21 राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
दिल्ली की कमान संभालने वाली रेखा चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी ने अलग-अलग समय में दिल्ली की सीएम रहीं हैं।
राजनीति
2027 की सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे राहुल, लखनऊ से रायबरेली रवाना

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राहुल गांधी मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचे, जहां चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन के बाद वह सड़क मार्ग से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लिए रवाना हो गए।
उनके इस दौरे को कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी बछरावां विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां वह बरातघर और मैरिज हॉल का उद्घाटन करेंगे तथा ग्राम विकास संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद वह सरस्वती महाविद्यालय, खीरो में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में युवाओं और क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे।
दौरे के दौरान राहुल गांधी लालगंज और सरेनी क्षेत्र में महिला संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में महंगाई, महिलाओं से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को प्रमुखता से उठाया जा सकता है। वैभव नगर में सड़क परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी हरचंदपुर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। दौरे के दूसरे दिन 20 मई को राहुल गांधी लोधवारी में स्वतंत्रता सेनानी वीरवर वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
इसके अलावा, वह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात करेंगे और जनसभा को संबोधित करने के बाद अमेठी रवाना होंगे। अमेठी दौरे के दौरान, राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के पैतृक गांव भी जाएंगे और उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा पिछले कई दिनों से राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रायबरेली और अमेठी से गांधी परिवार का पुराना राजनीतिक और भावनात्मक रिश्ता रहा है।
ज्ञात हो रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद राहुल गांधी लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रिय है। वह मौके मौके पर दौरा करते रहते हैं। लगातार कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते रहते हैं।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
भारत-वियतनाम रक्षा संबंधों को नई मजबूती, रक्षा मंत्री ने की उच्चस्तरीय वार्ता

भारत और वियतनाम के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में हुए इस समझौते से दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
रक्षा मंत्री ने इसे दोनों देशों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी में एक बड़ा और भविष्य उन्मुख कदम बताया है। इसके अलावा वियतनाम के साथ समुद्री सुरक्षा, रक्षा उद्योग, सैन्य प्रशिक्षण तथा क्षेत्रीय स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई है। दरअसल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने आधिकारिक दौरे पर वियतनाम में हैं। यहां मंगलवार को उन्होंने वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल फान वान जियांग के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच तेजी से मजबूत हो रहे रक्षा संबंधों की व्यापक समीक्षा की गई।
बैठक के बाद रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और वियतनाम के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। भारत इस साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग केवल रक्षा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
दौरे के दौरान दोनों रक्षा मंत्रियों ने संयुक्त रूप से वियतनाम एयर फोर्स ऑफिसर कॉलेज में स्थापित भाषा प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया। इसे दोनों देशों के सैन्य सहयोग और प्रशिक्षण संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस पहल से सैन्य अधिकारियों के बीच बेहतर संवाद और प्रशिक्षण क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। भारत और वियतनाम के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा क्वांटम तकनीक के क्षेत्र में भी सहयोग को नई दिशा मिली है। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।
अपनी यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री ने वियतनाम के राष्ट्रपिता और महान क्रांतिकारी नेता हो ची मिन्ह की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह अवसर हो ची मिन्ह की 136वीं जयंती का था। राजनाथ सिंह ने कहा कि हो ची मिन्ह का दृष्टिकोण, नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वतंत्रता के प्रति उनका समर्पण आज भी दुनिया की कई पीढ़ियों को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि भारत और वियतनाम की मित्रता साझा मूल्यों, पारस्परिक सम्मान और ऐतिहासिक विश्वास पर आधारित है।
गौरतलब है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपने रणनीतिक और रक्षा सहयोग को लगातार मजबूत कर रहा है। वियतनाम को भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार माना जाता है और दोनों देश चीन की बढ़ती आक्रामकता तथा क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों के बीच आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर दे रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि रक्षा मंत्री का यह दौरा भारत-वियतनाम संबंधों को नई गति देने के साथ-साथ इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सामरिक संतुलन को भी मजबूत करेगा। इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्री ने हनोई में कहा कि भारत न्यूक्लियर ब्लैकमेल को स्वीकार नहीं करेगा। परमाणु धमकी के सामने भारत नहीं झुकेगा।
उन्होंने कहा कि हम परमाणु हथियार पहले इस्तेमाल न करने की नीति के प्रति प्रतिबद्ध है। हमारी नीति हमेशा शांति और जिम्मेदारी पर आधारित रही है, लेकिन भारत किसी भी प्रकार के ‘न्यूक्लियर ब्लैकमेल’ को स्वीकार नहीं करेगा। यदि कोई देश भारत को परमाणु धमकी देने की कोशिश करेगा, तो भारत उसके सामने झुकने वाला नहीं है।
रक्षा मंत्री राजनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने एक बार फिर दुनिया को देश की सैन्य क्षमता, साहस और निर्णायक शक्ति का परिचय कराया है। भारतीय जवानों ने जिस प्रकार अद्भुत पराक्रम दिखाया, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि आज का भारत कमजोर नहीं, बल्कि हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र है।
राष्ट्रीय समाचार
जम्मू-कश्मीर: पेंट गोदाम में लगी भीषण आग, सेना की ली गई मदद

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के कनली बाग स्थित एक पेंट की दुकान में भीषण आग की घटना सामने आई है।
कनली बाग स्थित बीके ट्रेडर्स के पेंट गोदाम में लगी आग पर 3 घंटे चले अभियान के बाद काबू पा लिया गया। इस अभियान में दमकल की सात गाड़ियां शामिल थीं। रेस्क्यू अभियान में सेना और पुलिस की भी मदद ली गई। इस घटना में चार स्थानीय युवक घायल हो गए।
सोपोर मुख्यालय के प्रभारी मजीद ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि गलत तरीके से गाड़ी और बाइक पार्क करने की वजह से हमें परेशानी हो रही थी। आग पर काबू पाने के लिए लोगों ने हमारी मदद की। उन्होंने बताया कि बारामूला से तीन, सोपोर से दो, संग्रामा से एक और दरियाव में हमने दो फायर पंप इंस्टॉल किए, तब जाकर आग पर काबू पाया गया।
मजीद ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। रेस्क्यू अभियान खत्म होने के बाद आग लगने की वजह का पता लगाएंगे। पेंट की दुकान होने की वजह से आग पर काबू पाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं। सेना और पुलिस के जवानों ने आग बुझाने में हमारी मदद की। आग पर काबू पाने में दो घंटे से ज्यादा का वक्त लगा।
इससे पहले हाल ही में मध्य प्रदेश के देवास में भी एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई थी। इस घटना के बाद देवास के जिला प्रशासन ने कमर कस ली। प्रशासन की ओर से जिलेभर में संचालित हो रही सभी पटाखा फैक्ट्रियों की जांच पड़ताल शुरू की गई। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जांच की थी।
राजस्थान के कोटा में 17 मई को राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी बोगी में भी आग की घटना हुई थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद रेलवे की ओर से देशभर में कोचों और रेलवे से जुड़े फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच शुरू की गई।
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
दुर्घटना9 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र11 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
-
न्याय2 years agoमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर
