राजनीति
पीएम मोदी पहुंचे अयोध्या, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को रामनगरी अयोध्या पहुंच गए हैं। इस दौरान उनका स्वागत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने किया।
आज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे समेत 16 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम रेलवे स्टेशन पर नए भवन का लोकार्पण करने के साथ छह वंदे भारत और दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। यहां रोड शो करते हुए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इस दौरान जगह-जगह नागरिक, साधु-संत व वेदपाठी बटुकों की ओर से शंखध्वनि के साथ पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। ट्रेनों का उद्घाटन करने के बाद 12:30 बजे एयरपोर्ट लौटेंगे।
उत्तर प्रदेश समेत देश-दुनिया की आध्यात्मिक आस्था का केंद्र रहे अयोध्या के नवनिर्माण की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर शनिवार को उस वक्त रखा जाएगा, जब पीएम मोदी अयोध्या में 16 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं देश को समर्पित करेंगे।
सरकार की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार पीएम रेलवे स्टेशन पर नए भवन का लोकार्पण करने के साथ छह वंदे भारत और दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। यहां से करीब 15 किमी लंबा रोड शो करते हुए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन से पीएम मोदी फिर वापस 12:30 बजे एयरपोर्ट आएंगे और निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद वह पास में स्थित मैदान में दोपहर एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में ही एयरपोर्ट समेत 1600 करोड़ के लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें प्रमुख रूप से राम पथ, भक्ति पथ, धर्म पथ, एनएच-27 बाईपास से रामजन्मभूमि हाईवे और बड़ी बुआ रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान शुक्रवार से ही यहां उच्चस्तरीय सुरक्षा प्रबंध प्रभावी कर दिए गए।
रात से ही अयोध्या में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित हो गया। साधु-संत व आमजन रामनगरी में प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। कहीं स्वस्तिवाचन तो कहीं शंख व डमरू की नाद से पीएम का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा।
धर्मपथ से रामपथ तक अयोध्या फूलों से महक उठी है और पूरे पथ पर दर्शकदीर्घा पीएम पर पुष्पवर्षा करेगी।
सोहावल नवाबगंज होते हुए विक्रमजोत बाईपास (रिंग रोड), अयोध्या रेलवे धाम स्टेशन फेज-दो, 30 एकड़ क्षेत्रफल मेगा फाउंटेन एवं मल्टी मीडिया शो, 32 एकड़ में वशिष्ठकुंज आवासीय योजना, 84 कोसी, 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग को चौड़ा किया जाना, सुधार एवं विकास, अयोध्या सोलर सिटी, अयोध्या नगर निगम व अयोध्या विकास प्राधिकरण कार्यालय, अकबरपुर से रेलवे लाइन का दोहरीकरण, सीता झील में वैज्ञानिक तरीके से लिगेसी वेस्ट का निस्तारण, धर्मपथ के किनारे 25 स्थानों पर सूर्य स्तंभ, एनिमल बर्थ कंट्रोल (ब्रीडिंग आफ डाग्स), रायबरेली रोड पर कल्याण मंडप, सआदतगंज चौराहा पर प्रवेशद्वार, धर्मपथ पर प्रवेशद्वार, गुप्तारघाट के तीसरे चरण के प्रस्तावित कार्य, बैकुंठधाम का संवर्धन व विकास, राम की पैड़ी पर दीपोत्सव एवं अन्य मेले एवं महोत्सवों के लिए दर्शक दीर्घा का निर्माण, डा. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर, रेलवे क्रासिंगों के ओवरब्रिज आदि हैं।
राष्ट्रीय समाचार
मध्य प्रदेश : जबलपुर में गणेश पंडाल में बिजली का झटका लगने से 16 साल के लड़के की मौत

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक गणेश पंडाल में बिजली के खंभे से करंट लगने से 16 साल के एक लड़के की मौत हो गई। यह घटना बुधवार रात धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के तहत आने वाले जसुजा सिटी फेज-3 में हुई, जब शौर्य चनपुरिया पंडाल में महा-आरती में शामिल होने के बाद अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पंडाल को सहारा देने वाले एक खंभे में बिजली का करंट दौड़ रहा था। 11वीं कक्षा का छात्र शौर्य उस खंभे के संपर्क में आया और गिर पड़ा। उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
धनवंतरी नगर पुलिस चौकी के प्रभारी दुर्गेश मरावी ने कहा, “रात करीब 9.30 बजे सूचना मिली कि बिजली का झटका लगने के बाद एक युवक को मेडिकल अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि खंभे में करंट आ गया था और पंडाल से निकलते समय शौर्य ने उसे छू लिया था। उसके शव को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिया गया है और आज बाद में उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि आयोजन समिति के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पता था कि खंभे में करंट है और उन्होंने टेंट लगाने वाले व्यक्ति को इसकी जानकारी दी थी।
मरावी ने कहा, “लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार था और यह किस स्तर पर हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
शौर्य के परिवार ने आरोप लगाया कि खुली जगह में लाइव करंट का होना गंभीर लापरवाही है और उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि शौर्य को बचाने की कोशिश करने वाले कुछ बच्चों को भी उसे उठाने की कोशिश के दौरान बिजली का झटका लगा।
इस घटना ने पिछले साल जबलपुर में हुई ऐसी ही एक दुखद घटना की यादें ताजा कर दी हैं, जब तिलवारा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बरगी हिल्स के पास दुर्गा पूजा पंडाल में बिजली के करंट वाले लोहे के पाइप के संपर्क में आने से दो बच्चों की मौत हो गई थी। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने उस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे।
राष्ट्रीय समाचार
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन आज कोलकाता में सीएम अधिकारी से करेंगे मुलाकात

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी गुरुवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात करेंगे।
गौतम अदाणी बुधवार रात कोलकाता पहुंचे। गुरुवार सुबह उन्होंने दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
इसके बाद दिन में वह न्यू टाउन में प्रस्तावित 2,000 बेड वाले अस्पताल ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भी इस समारोह में शामिल होने वाले हैं।
प्रस्तावित अस्पताल को स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के राज्य सरकार के प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही, इसे पश्चिम बंगाल में अदाणी ग्रुप के व्यापक निवेश अभियान की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन की मुख्यमंत्री अधिकारी और मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठक होने की संभावना है। बैठक में राज्य में ग्रुप के भविष्य के निवेश पर चर्चा हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार राज्य में निवेश को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री अधिकारी ने अधिक रोजगार पैदा करने और उद्योग स्थापित करने का वादा किया है। कई प्रमुख उद्योगपति राज्य में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। राज्य सरकार को उम्मीद है कि अदाणी ग्रुप राज्य के कई क्षेत्रों में निवेश करेगा।
राज्य सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि अदाणी ग्रुप की राज्य के कई क्षेत्रों में निवेश करने की योजना है। ग्रुप पहले ही मध्य कोलकाता के बी.बी.डी. बाग स्थित पुराने राज्य सचिवालय राइटर्स बिल्डिंग के जीर्णोद्धार में शामिल रहा है।
इसके अलावा, अदाणी ग्रुप आगामी दुर्गा पूजा उत्सव से भी जुड़ा रहेगा। ग्रुप आठ सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक दुर्गा पूजा आयोजनों का चयन करेगा और प्रत्येक को 25 लाख रुपए का दान देगा।
देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों के लिए एक विशेष भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य दुर्गा पूजा की कला और परंपरा को दुनिया के सामने प्रदर्शित करना है। यह विशेष पूजा प्रीव्यू टूर 10, 11 और 12 अक्टूबर को तीन दिनों तक आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय समाचार
त्योहारी मौसम से पहले सरकारी बफर स्टॉक से प्याज कोलकाता पहुंचेगा

पश्चिम बंगाल में प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के प्रयासों के तहत मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) के बफर स्टॉक से प्याज लेकर कांडा एक्सप्रेस गुरुवार को कोलकाता पहुंचने वाली है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
पश्चिम बंगाल में एनएएफईडी और एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के माध्यम से लगभग 1,400 मीट्रिक टन प्याज 35 रुपए प्रति किलो की दर से वितरित किया जा चुका है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि कांडा एक्सप्रेस के आने से अतिरिक्त मात्रा में प्याज की आवाजाही अधिक कुशलता से हो सकेगी, जिससे बाजार में उपलब्धता में सुधार होगा और मौसमी कीमतों पर दबाव कम होगा।
बयान में आगे कहा गया कि आगमन से प्याज की अधिक मात्रा की आवाजाही में तेजी आने की उम्मीद है और कोलकाता और आसपास के जिलों में, विशेष रूप से त्योहारी मौसम से पहले, इसकी उपलब्धता और मजबूत होगी।
बयान में आगे कहा गया है कि कोलकाता जाने वाली कांडा एक्सप्रेस, रेल और सड़क परिवहन के हाइब्रिड नेटवर्क के माध्यम से पीएसएफ बफर स्टॉक से प्याज की सुनियोजित आपूर्ति की चल रही रणनीति का हिस्सा है।
एनएएफईडी और एनसीसीएफ के माध्यम से बफर स्टॉक का लक्षित निपटान 24 अगस्त से शुरू हुआ, और बाजार की आवश्यकताओं के आधार पर देश के विभिन्न हिस्सों में आपूर्ति धीरे-धीरे भेजी जा रही है।
मंत्रालय ने बताया कि कोलकाता में वर्तमान में 25 से अधिक स्थानों पर खुदरा बिक्री की जा रही है, जिनमें कोले मार्केट, मेचुआ मंडी, मानिकतला मार्केट, रामपुरिया मार्केट और श्याम बाजार जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं।
इसके अलावा, सरकार ‘सुफल बंगला’ के माध्यम से बफर स्टॉक प्याज की खुदरा बिक्री की संभावना तलाश रही है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त पहुंच मिलेगी और इस पहल का दायरा व्यापक होगा।
बफर स्टॉक से प्याज की आपूर्ति अब तक देश भर के 100 से अधिक शहरों में की जा चुकी है।
बफर स्टॉक हस्तक्षेप के बाद बाजार में उपलब्धता में सुधार का संकेत देते हुए, 17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में खुदरा प्याज की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं या उनमें गिरावट आई है। पिछले सप्ताह जिन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में प्याज की कीमतों में गिरावट आई है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु और बिहार शामिल हैं।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
