खेल
राष्ट्रमंडल गेम्स में भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व करेंगे मनप्रीत सिंह
बर्मिघम में 29 जुलाई से शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान किया गया, जिसका नेतृत्व मनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि हरमनप्रीत सिंह को उपकप्तान बनाया गया। भारत को पूल बी में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ रखा गया है और वह अपने अभियान की शुरुआत 31 जुलाई को घाना के खिलाफ करेगा।
टूर्नामेंट के लिए 18 सदस्यीय टीम के कप्तान के रूप में मनप्रीत की वापसी से भारत 2020 तोक्यो ओलंपिक खेलों का जादू फिर से देख सकेगा, जहां उन्होंने चार दशकों से अधिक के अंतराल के बाद कांस्य जीता था। वहीं, उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह एफआईएच प्रो लीग के सर्वोच्च गोल स्कोरर थे, इसलिए भारत बमिर्ंघम में एक शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर सकता है।
टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और कृष्ण बी पाठक शामिल हैं, जो चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। डिफेंडर वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और जरमनप्रीत सिंह को टीम में रखा गया है।
मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और नीलकांत शर्मा का अनुभव शामिल है, जबकि अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह और अभिषेक आक्रमण की कमान संभालेंगे।
गोल्ड कोस्ट में राष्ट्रमंडल गेम्स में अपने पिछले टूर्नामेंट में भारत को चौथे स्थान पर निराशा का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इस साल एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम बमिर्ंघम में सफलता हासिल करने की ओर अग्रसर है।
टीम चयन के बारे में बोलते हुए मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, “हम राष्ट्रमंडल गेम्स के लिए एक शानदार टीम के साथ गए हैं। इन खिलाड़ियों के पास एफआईएच प्रो लीग में उच्च दबाव वाले मैचों में शीर्ष टीमों को खेलने का अनुभव है।”
राष्ट्रमंडल गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम:
गोलकीपर: पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक।
डिफेंडर: वरुण कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और जरमनप्रीत सिंह।
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह, आकाशदीप सिंह और नीलकांत शर्मा।
फॉरवर्ड : मनदीप सिंह, गुरजंत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय और अभिषेक।
खेल
‘वह अपनी भावनाएं जाहिर कर देती हैं’, धमाकेदार पारी खेलकर हरमनप्रीत के भावुक होने को लेकर बोलीं वेदा कृष्णमूर्ति

भारत की पूर्व क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति ने नेशनल टीम में हरमनप्रीत कौर के महत्व को रेखांकित किया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में एक शानदार पारी खेलकर फॉर्म में लौटीं इस अनुभवी बल्लेबाज के बारे में वेदा ने कहा कि पारी के बाद हरमनप्रीत का भावुक होना उनके खेल के प्रति उस जुनून को दर्शाता है, जो आज भी उनमें बरकरार है।
जिम्बाब्वे में भारत की 3-0 की सीरीज जीत के दौरान खेली गई यह पारी इस सीनियर बल्लेबाज के लिए एक बड़ा आत्मविश्वास बढ़ाने वाला कदम है, खासकर तब जब टीम की नजरें आगामी चैंपियंस ट्रॉफी पर टिकी हैं। हरमनप्रीत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी20 में 41 गेंदों में 91 रनों की धमाकेदार पारी खेली। भले ही हरमनप्रीत अब भारतीय टीम की कप्तान नहीं हैं, लेकिन बल्लेबाजी क्रम में उनकी भूमिका अभी भी बेहद अहम है। एक बड़े टूर्नामेंट के करीब आने और भारत की घरेलू परिस्थितियों में खेलने की तैयारी करने के बीच, कृष्णमूर्ति का मानना है कि टीम आगे भी पूर्व कप्तान के अनुभव और अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता पर भरोसा करेगी।
वेदा ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “मुझे लगता है कि उनसे यही उम्मीद की जाती है। भले ही वह अब कप्तान नहीं हैं, फिर भी वह एक ऐसी अहम बल्लेबाज हैं जिन्हें भारत अपनी टीम में रखना चाहेगा, खासकर भारतीय परिस्थितियों में होने वाली आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए। हरमन जैसी अनुभवी खिलाड़ी का टीम में होना बहुत मायने रखता है और यह भी जरूरी है कि वह रन बनाएं। इसी कारण उन्हें फिर से रन बनाते हुए देखकर अच्छा लगा।”
इस तरह, हरमनप्रीत की फॉर्म में वापसी भारत के लिए उम्मीद की एक और किरण लेकर आई है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी के करीब आने के साथ दबाव की स्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाएगी। हालांकि, केवल बल्लेबाजी प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि हरमनप्रीत की भावुक प्रतिक्रिया ने भी कृष्णमूर्ति का ध्यान खींचा। हरमनप्रीत 91 रनों की पारी खेलने के बाद ब्रॉडकास्टर्स संग बातचीत करते हुए भावुक हो गई थीं। इस पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने गौर किया कि किस तरह यह सीनियर बल्लेबाज मैदान के अंदर और बाहर दोनों ही जगहों पर अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर करती हैं।
उन्होंने कहा, “क्रिकेट खेलते समय काफी जुनून होता है और इस जुनून के साथ भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। कुछ खिलाड़ी अपनी भावनाओं को जाहिर नहीं करते, लेकिन हरमन ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने पहले भी मैदान पर और इंटरव्यू के दौरान अपनी भावनाओं को खुलकर दिखाया है। वह अपने दिल की बात बेझिझक सामने रखती हैं, शायद वह बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले अपनी भावनाओं को कहीं ज्यादा खुलकर जाहिर करती हैं। कभी-कभी आप सब कुछ अपने अंदर दबाकर नहीं रख सकते, और जब आप अपनी बात जाहिर कर देते हैं, तो आपको अच्छा महसूस होता है। मैदान पर भी आप उन्हें मुस्कुराते और हंसते हुए देख सकते हैं। हरमन का स्वभाव ही ऐसा है।”
खेल
न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में भारतीय खिलाड़ियों को मुश्किल होगी, तेज गेंदबाज अहम भूमिका निभाएंगे: जेम्स पैमेंट

मुंबई इंडियंस के पूर्व फील्डिंग कोच जेम्स पैमेंट ने कहा है कि जब न्यूजीलैंड-भारत टी20 सीरीज शुरू होगी, तो भारत के खिलाड़ियों को थोड़ा झटका लगेगा। उन्होंने बताया कि मैच रात 8 बजे शुरू होंगे। उस समय तापमान दस डिग्री के आसपास होगा, जो भारतीय टीम के लिए मुश्किल खड़ी करेगा।
पैमेंट ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, “हाल के वर्षों में इंटरनेशनल टीमों ने इस समय अवधि में न्यूजीलैंड का दौरा बहुत कम किया है। भारतीय टीम ने तो बहुत ही कम दौरा किया है। इंडियन लड़कों के लिए यह थोड़ा शॉक होगा, जब वे यहां पहुंचेंगे और यहां के हालात से तालमेल बैठाएंगे।”
उन्होंने कहा, “टी20 सीरीज में ज्यादातर जगहों पर लगभग अंधेरा होगा। तापमान लगभग 10 डिग्री के आसपास होगा। ठंड होगी, ओस होगी। मुझे लगता है कि टी20 मैचों के लिए हालात निश्चित रूप से सीम बॉलिंग के लिए सही होंगे।”
उन्होंने कहा, “मेजबान टीम भी मैच के लिए उतनी तैयार नहीं है, क्योंकि यह सीरीज न्यूजीलैंड के डोमेस्टिक सीजन के शुरू होने से पहले ही शुरू हो रही है। डोमेस्टिक क्रिकेट शुरू होने से पहले इस सीरीज का शुरू होना काफी अनोखा है। बहुत सारे लड़के दुनिया भर की अलग-अलग लीग में खेल रहे हैं, और उनमें से कई ए टूर पर भी गए हैं। दोनों टीमों के लिए यह स्थिति एक जैसी है। मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड के लड़कों को शायद इसकी थोड़ी ज्यादा आदत हो जाएगी।”
पैमेंट ने कहा कि सीरीज में तेज गेंदबाजी खास भूमिका निभाएगी।
यह पूछे जाने पर कि न्यूजीलैंड की पिचें उन सपाट सतहों की तुलना में कैसी होंगी, जहां भारत, जो अभी टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है, ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ सीरीज खेली थी, पैमेंट ने कहा कि बल्ले और गेंद के बीच ज्यादा बेहतर मुकाबला होगा।
उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड पिछले कुछ सालों से अपने टी20 मैचों के लिए अच्छी क्रिकेट पिचें तैयार करने में बहुत अच्छा रहा है। हालांकि, इससे सीम बॉलिंग को कुछ फायदा होगा। हम जानते हैं कि सफेद गेंद के साथ अगर आप पहले तीन-चार ओवरों में इसे बहुत समझदारी से इस्तेमाल करते हैं, तो आप खेल में थोड़ी बढ़त हासिल कर सकते हैं। अगर आप इसका अच्छा इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो विकेट शॉट लगाने के लिए अच्छे होंगे। उन विकेटों की तुलना में थोड़ी ज्यादा मदद मिलेगी, जिन पर भारतीय टीम ने अपने देश में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। वे काफी फ्लैट सरफेस रहे हैं और बैट्समैन का दबदबा रहा है। यहां गेंदबाजों और बल्लेबाजों के बीच अच्छा मुकाबला होगा।
पैमेंट ने कहा कि टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चिंता फील्डिंग रही है और इस वजह से टीम टी20 में फंस सकती है।
उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि वे टी20 सीरीज में चार अलग-अलग वेन्यू का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें हेगले के दो गेम होंगे। आप तैयारी में समय नहीं लगा सकते। आजकल, इन लोगों को किसी वेन्यू पर जाकर ट्रेनिंग करने के लिए ज्यादा समय नहीं मिलता, क्योंकि आप लगभग दो दिन पहले पहुंचते हैं, एक दिन पहले ट्रेनिंग करते हैं, और फिर खेलते हैं, और आगे बढ़ जाते हैं। उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलना होगा।”
पैमेंट ने कहा, “अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग स्थितियां होती हैं। इसकी आदत जल्दी डालना बहुत मुश्किल होता है। मैं जब मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल में था, तो मैं सच में खिलाड़ियों को हिम्मत देने की कोशिश करता था, खासकर अगर उन्होंने पहले उन जगहों पर नहीं खेला हो, कि वे अगली शाम के गेम में जो अनुभव कर सकते हैं, उसे दोहराने की कोशिश करें। यह बस अपनी फील्डिंग पोजीशन को जानने के लिए है। अगर गेंद जमीन पर आ रही है, तो वह आपकी ओर कैसे आती है, और अलग-अलग स्तर पर आने वाले फ्लैट और ऊंचे कैच की आदत डालें।”
उन्होंने कहा कि पिछले साल दुबई में एशिया कप में बांग्लादेश के साथ अपने समय के दौरान खुद देखा है कि रोशनी में फील्डिंग यूनिट के साथ क्या हो सकता है। यह बहुत जरूरी होगा कि अगर खिलाड़ी काबिल फील्डर बनना चाहते हैं, तो वे उस तरह का काम करें, ताकि वे टीम को निराश न करें।
पैमेंट ने कहा, “मैंने ज्यादा परफॉर्मेंस नहीं देखी हैं, मैंने भारतीयों के स्कोरकार्ड देखे हैं। मुझे पता है कि हाल ही में उनकी फील्डिंग की खास जिम्मेदारियों के लिए कोच बदला है। ये सभी लोग बहुत सक्षम फील्डर हैं। कभी-कभी एकाग्रता और आत्मविश्वास प्रदर्शन पर असर डाल सकते हैं। अगर फील्डिंग के हालात मुश्किल हैं, गेंद गीली है और जमीन फिसलन वाली है, तो इसका असर उनके प्रदर्शन पर भी पड़ सकता है।”
उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड की सीरीज को बहुत पसंद किया जाएगा। यह बहुत दिलचस्प होगा।
खेल
एशियन पैरा गेम्स: निरंजन मुकुंदन ने पुरुषों की 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले में भारत को जिताया ब्रॉन्ज मेडल

पैरा तैराक निरंजन मुकुंदन ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की एसएम7 वर्ग की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाला। निरंजन ने 2 मिनट 57.01 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल चीन के यिलॉन्ग झांग ने 2:37.69 के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ जीता, जबकि फिलीपींस के अर्नी गाविलन ने 2:52.72 के समय के साथ सिल्वर अपने नाम किया। फाइनल में शामिल एक अन्य भारतीय, सुयश नारायण जाधव 3:03.40 का समय निकालकर पांचवें स्थान पर रहे।
निरंजन मुकुंदन भारत के सबसे चर्चित पैरा तैराकों में से एक हैं, जिनके नाम 107 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मेडल हैं। किसी भारतीय पैरा तैराक द्वारा बनाए गए सबसे अधिक एशियन रिकॉर्ड (दो लॉन्ग-कोर्स और पांच शॉर्ट-कोर्स रिकॉर्ड) उन्हीं के नाम हैं। इनमें 200 मीटर बैकस्ट्रोक (आईडीएम बर्लिन 2018), 800 मीटर फ्रीस्टाइल (प्राग 2022) और 1500 मीटर फ्रीस्टाइल (नॉर्वे में 2023 बर्गन स्विम फेस्टिवल में 16 साल पुराने एशियन रिकॉर्ड को तोड़ना) शामिल हैं।
उन्होंने टोक्यो 2020 पैरालंपिक गेम्स में पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई (एस7) स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उनके शुरुआती करियर में कई शानदार अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन देखने को मिले हैं। साल 2015 के आईडब्ल्यूएएस जूनियर वर्ल्ड गेम्स में उन्होंने 10 मेडल (सात गोल्ड, तीन सिल्वर) जीतकर जूनियर वर्ल्ड चैंपियन का खिताब हासिल किया था।
इसके बाद, 2016 के आईडब्ल्यूएएस अंडर-23 वर्ल्ड गेम्स में उन्होंने 8 मेडल जीते थे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, मुकुंदन ने लगातार विश्व-स्तरीय प्रदर्शन किया है। इसमें 2014 इंचियोन एशियन पैरा गेम्स में 4×100 मीटर मेडले रिले में जीता गया ब्रॉन्ज मेडल, 2023 बर्लिन वर्ल्ड सीरीज में जीते गए 6 मेडल, और नॉर्वे में 2024 बर्गन स्विम फेस्टिवल में जीते गए 7 मेडल शामिल हैं। बर्गन स्विम फेस्टिवल में उन्होंने 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 16 साल पुराना एशियन रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
बेंगलुरु में जन्मे मुकुंदन ‘स्पाइना बिफिडा’ (रीढ़ की हड्डी का अधूरा विकास) और ‘क्लबड फीट’ (पैरों की जन्मजात विकृति) के साथ पैदा हुए थे। पांच साल की उम्र तक उनकी कमर से नीचे का हिस्सा लकवाग्रस्त था और अब तक उनकी 19 सुधारात्मक सर्जरी हो चुकी हैं।
2003 में पैर की एक बड़ी सर्जरी के बाद, डॉक्टरों ने उनके माता-पिता को सलाह दी कि वे मुकुंदन को घुड़सवारी या एक्वा थेरेपी (पानी में की जाने वाली थेरेपी) में शामिल कराएं, ताकि उनके शरीर के निचले हिस्से की ताकत बढ़ सके। उन्होंने स्विमिंग पूल को चुना और जयनगर में कोच जॉन क्रिस्टोफर की देखरेख में तैराकी शुरू की। सिर्फ तीन महीनों के भीतर ही उन्होंने रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) के लिए की जाने वाली तैराकी से आगे बढ़कर प्रतिस्पर्धी पैरा-तैराकी में कदम रखा।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
