खेल
भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए था : प्रियंका कक्कड़
नई दिल्ली, 29 सितंबर : एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया को मिली जीत को पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जोड़ा। उनके बयान पर आम आदमी पार्टी (आप) की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमें पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए था।
प्रियंका कक्कड़ ने मिडिया से बातचीत में कहा, “मेरा मानना है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलना ही नहीं चाहिए था, बल्कि हमें उन 26 पीड़ित परिवारों की भावनाओं को समझना चाहिए था। क्या इस मैच से हमें यह जवाब मिल गया कि कैसे चार आतंकवादी देश की सीमाएं पार करके, अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर 50 किलोमीटर भीतर घुस आए और डेढ़-दो घंटे तक फायरिंग करते रहे? क्या हमें इस बात का जवाब मिल गया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान आईएमएफ ने पाकिस्तान को 2.4 बिलियन डॉलर का कर्ज क्यों दिया, जो निश्चित रूप से भारत के खिलाफ ही टेरर फंडिंग में इस्तेमाल होगा?”
कक्कड़ ने आगे कहा, “क्या हमें इस बात का जवाब मिल गया कि यूएन की टेररिस्ट पर आधारित कमेटी में उपाध्यक्ष बना दिया गया? मुझे लगता है कि इंटरनेशनल डिप्लोमेसी और बॉर्डर सुरक्षा बहुत ही गंभीर मामले हैं।”
राहुल गांधी द्वारा सोनम वांगचुक का समर्थन किए जाने पर प्रियंका कक्कड़ ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी की जिम्मेदारी यह है कि अगर कहीं भी अन्याय हो रहा है, तो उन्हें सबसे पहले उस पर बात करनी चाहिए। राहुल गांधी को सेलेक्टिव आउटरेज छोड़ना चाहिए। वह दिल्ली की ‘वोट चोरी’ पर बात नहीं करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “सोनम वांगचुक पूर्ण राज्य की मांग कर रहे हैं, जिसे लेकर भाजपा ने आश्वासन दिया था कि इन मांगों को पूरा करेंगे। उसके बाद उन्हें अवैध रूप से गिरफ्तार कर लिया जाता है। नेता प्रतिपक्ष को ऐसे मामलों पर पार्टी लाइन से हटकर अपनी आवाज उठानी चाहिए।”
खेल
एशियन गेम्स: शूटिंग में देश को गोल्ड और सिल्वर दिलाने वाले निशानेबाज खुश, कहा- अभी और मेडल आएंगे

एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार का दिन भारतीय शूटिंग के लिए यादगार रहा है। भारत को शूटिंग में एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल मिले हैं। सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत ने एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। दोनों ने फाइनल में 484.6 का एशियन रिकॉर्ड स्कोर बनाया। वहीं, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष पाटिल की भारतीय शूटिंग टीम ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम फाइनल में सिल्वर मेडल जीता।
पदक जीतने के बाद शूटर काफी खुश नज़र आए और भविष्य में इस खेल में और भी पदक आने की संभावना जताई।
शूटर सुरुचि सिंह ने आईएएनएस से कहा, “मुझे लगता है कि भारत को सिर्फ एक गोल्ड नहीं, बल्कि कई गोल्ड चाहिए, और इंडिया जरूर जीतेगा। मेरे दिमाग में यही चल रहा था कि मुझे अपना 100 प्रतिशत देना है और किसी भी कीमत पर इंडिया के लिए गोल्ड जीतना है।”
सुरुचि के साथ गोल्ड जीतने वाली मिक्स्ड टीम का हिस्सा रहे शूटर कमलजीत ने कहा, “मुझे उम्मीद थी कि मैं मेडल जीतूंगा, क्योंकि खाली हाथ वापस जाना ऐसा लगता है जैसे आप अभी-अभी आए हों, खेले हों और चले गए हों। ऐसा तो हर कोई करता है। मुझे एशियन गेम्स में मेडल चाहिए था। मुझे पता था कि मुझे अच्छा परफॉर्म करना होगा। यह बहुत अच्छा है कि शूटिंग में पहला गोल्ड मेडल घर लाए हैं। और भी मेडल आएंगे।”
पुरुषों के 50 मीटर 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले शूटर नीरज कुमार ने कहा, “अच्छा लग रहा है। हमने टीम सिल्वर जीता। कहीं न कहीं व्यक्तिगत मेडल की भी उम्मीद थी। लेकिन, मुझे टीम मेडल से ही संतोष करना होगा। हर दिन एक नया दिन होता है और कुछ भी हो सकता है। फिर भी, हम खुश हैं।”
सिल्वर मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने कहा, “यह बहुत अच्छा लग रहा है कि हमने टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। मुझे व्यक्तिगत मेडल जीतने की भी उम्मीद थी, लेकिन बदकिस्मती से ऐसा नहीं हुआ। मुझे इसका थोड़ा दुख है। भविष्य में मैं और मेहनत करूंगा और देश के लिए व्यक्तिगत मेडल जीतूंगा।”
ऐश्वर्य और नीरज के पास व्यक्तिगत इवेंट में पदक जीतने का मौका था, लेकिन दोनों निशानेबाज इसमें सफल नहीं रहे।
खेल
एशियन गेम्स 2026: भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का विजय रथ जारी, चीनी ताइपे को हराया

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। सेमीफाइनल का टिकट हासिल करके देश के लिए पहले ही मेडल पक्का कर चुकी भारतीय टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ दमदार खेल दिखाते हुए 37-21 से जीत दर्ज की।
भारतीय रेडर्स मुकाबले में पूरी तरह से चीनी ताइपे के डिफेंस पर हावी नजर आए। पहले हाफ में भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला। पहले हाफ में ही टीम ने 23-11 की बड़ी बढ़त हासिल की। चीनी ताइपे के डिफेंडर्स पहले हाफ में भारत के रेडर्स के खिलाफ पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। भारतीय टीम का डिफेंस भी मुकाबले में काफी मजबूत नजर आया।
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपना दमदार खेल जारी रखा, हालांकि चीनी ताइपे के डिफेंस ने पहले हाफ के मुकाबले दूसरे हाफ में बेहतर खेल दिखाया। भारत ने दूसरे हाफ में कुल 14 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि चीनी ताइपे की टीम 10 प्वाइंट ही अर्जित कर सकी। इस जीत के साथ ही सुनील कुमार की कप्तानी में भारतीय कबड्डी टीम का एशियन गेम्स 2026 में विजय रथ जारी है।
टीम ने टूर्नामेंट का आगाज जापान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया था। इसके बाद साउथ कोरिया के खिलाफ भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने मैच को 63-31 के बड़े अंतर से जीता। वहीं, तीसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भी टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। बांग्लादेश को 48-25 से हराने के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया और देश के लिए मेडल भी पक्का किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की भिड़ंत थाईलैंड से होगी। भारत एशियन गेम्स के इतिहास की सबसे सफल टीम रही है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने कुल 9 बार हिस्सा लिया है, जिसमें से 8 बार गोल्ड मेडल को अपने नाम किया है। सिर्फ साल 2018 में जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था।
खेल
पूरे देश को उम्मीद है कि विराट-रोहित भारत के लिए वनडे विश्व कप 2027 जीतेंगे : रिंकू सिंह

रिंकू सिंह ने उम्मीद जताई है कि अनुभवी दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा वनडे विश्व कप 2027 में खेलेंगे और भारत को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जिताने में मदद करेंगे। इसके साथ ही रिंकू ने कहा कि वह टेस्ट कैप हासिल करके सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी होने की अपनी छवि को बदलना चाहते हैं।
भारत के लिए अब दो वनडे और 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके रिंकू इस साल की शुरुआत में घरेलू मैदान पर भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। ‘जियोस्टार’ से बात करते हुए रिंकू ने कहा, “विराट और रोहित दोनों ही दिग्गज हैं। सिर्फ मुझे ही नहीं बल्कि पूरे देश को उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप में खेलेंगे और उस टीम का हिस्सा होंगे जो इसे जीतेगी।”
रिंकू ने कहा, “यह पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ा पल होगा, क्योंकि कौन जानता है, यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है। इसी वजह से अगर वह भारत के लिए इसे जीत सकें तो यह बहुत बड़ी बात होगी। यह उनके लिए भी बहुत बड़ी बात होगी, क्योंकि हमने लंबे समय से वर्ल्ड कप नहीं जीता है। हमने आखिरी बार इसे 2011 में जीता था। हमें उम्मीद है कि वह दोनों टीम के साथ होंगे और वे ट्रॉफी उठाएंगे।”
रिंकू को आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाने के बाद वैश्विक पहचान मिली। रिंकू का कहना है कि उनके करियर का मुख्य लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है। उन्होंने कहा, “अभी लोग मुझे एक ओवर में उन पांच छक्कों के लिए जानते हैं। मेरे मन में अभी जो बात है, वह यह है कि मैं टीम इंडिया के लिए वर्ल्ड कप जीतना चाहता हूं- टीम का हिस्सा बनकर, बल्ले से योगदान देकर और भारत को वर्ल्ड कप जिताने में मदद करके। मैं चाहता हूं कि लोग मुझे सिर्फ उन पांच छक्कों के बजाय, इसके लिए ज्यादा जानें।”
टी20 में एक भरोसेमंद फिनिशर के तौर पर अपनी पहचान बनाने के बावजूद, जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे के बाद रिंकू को भारत की टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने खुद को सिर्फ व्हाइट-बॉल स्पेशलिस्ट मानने की बात को नकारा और घरेलू रेड-बॉल क्रिकेट में अपने शानदार रिकॉर्ड का जिक्र किया।
रिंकू ने कहा, “लोगों को लगता है कि मैं सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी हूं। आप घरेलू क्रिकेट में मेरा औसत देख सकते हैं, चाहे वह वनडे हो या चार दिन के मैच। मेरा सपना भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना भी है। लोगों को मुझे सिर्फ एक फॉर्मेट का खिलाड़ी नहीं समझना चाहिए। मैं तीनों फॉर्मेट खेल सकता हूं और घरेलू क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट खेलता भी हूं। हालांकि, भारत के लिए मैं अभी सिर्फ एक फॉर्मेट खेलता हूं।”
अपनी बेहतर होती लीडरशिप क्षमताओं पर रिंकू ने कहा कि वह अभी भी सीख रहे हैं और घरेलू व फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अनुभवी लीडर्स को देखते रहते हैं। “कप्तानी के मामले में मैं अभी भी सीख रहा हूं। मैंने यूपी लीग में कप्तानी की और अपनी टीम के साथ चैंपियन बना। पिछले सीजन में मैं आईपीएल में उप-कप्तान था। मैं कप्तानी की बारीकियां सीख रहा हूं- कोलकाता नाइट राइडर्स में अजिंक्य रहाणे और कई अन्य लोगों से। मैंने सूर्यकुमार के साथ काफी खेला है, इसलिए मैंने दो साल तक भारतीय टीम में उन्हें देखा और समझा कि वह कैसे टीम को लीड करते हैं। मैं अपनी लीडरशिप स्किल्स पर काम कर रहा हूं और उम्मीद है कि कप्तानी में मेरे लिए कुछ अच्छा होगा।”
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
