राजनीति
राज्यसभा में आज चुनाव सुधार पर चर्चा: विपक्ष उठाएगा एसआईआर मुद्दा, भाजपा देगी जवाब
नई दिल्ली, 11 दिसंबर: संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। गुरुवार को राज्यसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा शुरू हो गई है। इस दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
चुनाव सुधारों पर राज्यसभा में होने वाली चर्चा में कांग्रेस की तरफ से अजय माकन, दिग्विजय सिंह और रणदीप सिंह सुरजेवाला बोलेंगे। इस दौरान विपक्षी सांसद मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा जोर-शोर से उठा सकते हैं।
राज्यसभा में इस मुद्दे पर सुधांशु त्रिवेदी, उज्ज्वल निकम, हर्ष शृंगला और कविता पाटीदार बोलेंगी। ये सभी सांसद विपक्षी के सवालों का जवाब देंगे।
इससे पहले बुधवार को लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष के सवालों का जवाब दिया था। अमित शाह के भाषण की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारीफ की थी।
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एसआईआर के मुद्दे पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि इस विषय पर चर्चा के लिए सत्र की शुरुआत में दो दिन गतिरोध भी हुआ। इस एक प्रकार की गलतफहमी और गलत धारणा जनता के बीच में पड़ी कि हम लोग चर्चा नहीं करना चाहते, लेकिन हम भाजपा और एनडीए वाले चर्चा से कभी नहीं भागते, लेकिन चर्चा संसद के नियमों के अनुसार होनी चाहिए।
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा के लिए अड़ा है, जबकि इस सदन में एसआईआर पर चर्चा नहीं हो सकती, क्योंकि यह प्रक्रिया चुनाव आयोग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और चुनाव आयुक्त सरकार के तहत काम नहीं करते हैं, इसलिए अगर सदन में एसआईआर पर जब चर्चा होगी तो उससे जुड़े सवालों का जवाब कौन देगा?
उन्होंने कहा कि चर्चा चुनाव सुधारों के लिए तय हुई थी, लेकिन विपक्ष के ज्यादातर सदस्यों ने एसआईआर पर ही चर्चा की। इस एसआईआर पर एकतरफा चार महीने से झूठ फैलाया गया और देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
संसद का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
राष्ट्रीय समाचार
पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, नाबालिग के कब्जे से 16 लाख के आभूषण और नकदी बरामद

नोएडा के सेक्टर-39 थाने की पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए एक नाबालिग आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 16 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 1,09,650 रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-39 में अपने घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया और महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 22 सितंबर को सेक्टर-47/48 क्षेत्र से एक नागालिग आरोपी को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया।
पुलिस का दावा है कि उसके पास से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद हुई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस द्वारा जारी बरामदगी विवरण के अनुसार, नाबालिग के कब्जे से सोने के एक गले के हार, दो हाथ के कंगन, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, एक मांग का टीका, एक नाक की नथुनी, दो अंगूठियां, एक ओम पेंडल और तीन जोड़ी झुमके बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब भी बरामद हुई हैं। इन आभूषणों के साथ पुलिस ने 1,09,650 रुपए नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए नाबालिग के पुराने इतिहास और उसके अन्य साथियों की भी जानकारी जुटा रही है।
राष्ट्रीय समाचार
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हरि सिंह और शेख अब्दुल्ला की छुट्टी को लेकर हंगामा, भाजपा ने किया वॉकआउट

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को भाजपा के विधायकों ने सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के विधायकों की उन टिप्पणियों के विरोध में सदन से वॉकआउट किया, जो महाराजा हरि सिंह की जयंती पर घोषित छुट्टी के संबंध में की गई थी।
विधानसभा में तब हंगामा मच गया जब एनसी विधायक अब्दुल मजीद लारमी ने कहा कि सरकार को या तो शेख मुहम्मद अब्दुल्ला की जयंती पर छुट्टी बहाल करनी चाहिए या महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन की छुट्टी रद्द कर देनी चाहिए।
कार्यवाही शुरू होते ही लारमी की टिप्पणी पर भाजपा विधायकों ने जोरदार विरोध किया और एनसी पर सदन की कार्यवाही में बाधा डालने की कोशिश का आरोप लगाया।
भाजपा के आरएस पठानिया ने पूछा कि सत्ताधारी पार्टी कार्यवाही में बाधा डालने की कोशिश कर रही है। वे छुट्टी रद्द करने की बात कैसे कर सकते हैं। भाजपा विधायकों ने महाराजा हरि सिंह के समर्थन में नारे भी लगाए।
भाजपा की देवयानी राणा ने नारा लगाया कि महाराजा हरि सिंह अमर रहें, महाराजा हरि सिंह अमर रहें। इस हंगामे के बीच एनसी विधायकों मुबारक गुल और शमीमा फिरदौस ने शेख अब्दुल्ला के जन्मदिन पर छुट्टी बहाल करने की जोरदार मांग की।
पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक वहीद पारा ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए इसे जायज बताया और शहीद दिवस की छुट्टी बहाल करने पर जोर दिया।
स्पीकर अब्दुल रहीम राथर ने विरोध कर रहे भाजपा विधायकों को फटकार लगाई और चेतावनी दी कि इस तरह की बाधाओं की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सदन को प्रक्रिया के अनुसार चलना है। आप ऐसा नहीं कर सकते। इसके बाद भाजपा विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया।
इससे पहले एनसी सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर में शहीद दिवस (13 जुलाई) और शेख अब्दुल्ला की जयंती (5 दिसंबर) पर छुट्टियां बहाल करने की मांग की थी। 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटाए जाने और जम्मू-कस्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिए जाने के बाद, इन दोनों सार्वजनिक छुट्टियों को सरकार की छुट्टियों की सूची से हटा दिया गया था।
इसके बजाय 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर में महाराजा हरि सिंह की जयंती (23 सितंबर) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।
राष्ट्रीय समाचार
जमुई कांड पर प्रियंका गांधी वाड्रा का हमला, बोलीं- महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकते तो बड़ी योजनाओं का क्या मतलब

बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भयानक बताया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती, तो बड़ी योजनाओं की बात करने का कोई मतलब नहीं है।
वायनाड पहुंची कांग्रेस सांसद से जब मीडिया ने जमुई की घटना के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह बहुत भयानक है। महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाओं के लिए माहौल असुरक्षित हो गया है। पहले भी यह असुरक्षित था, लेकिन अब महिलाओं के खिलाफ हिंसा और ज्यादा बढ़ गई है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुझे लगता है कि अगर हम सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की बात करने का कोई मतलब नहीं है। इसलिए यह एक ऐसी बात है जिस पर हम सभी को सोचने की जरूरत है। राज्य सरकारों और केंद्र को इस बारे में सोचना होगा कि वे कैसे यह सुनिश्चित करेंगी कि महिलाएं सुरक्षित महसूस करें।
प्रियंका गांधी का बयान ऐसे समय में आई है, जब जमुई में छेड़छाड़ की घटना ने पूरे देश में हलचल मचा दी है। यह घटना शनिवार देर शाम जमुई जिले के मडवा पहाड़ इलाके में हुई, जहां एक नाबालिग छात्रा को युवकों के एक समूह ने रोका और उसके साथ छेड़छाड़ की। एफआईआर के अनुसार, छात्रा के साथ मौजूद एक छात्र की पिटाई भी की गई।
यह मामला तब सामने आया, जब रविवार शाम को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद जिला प्रशासन ने पीड़िता के परिवार से संपर्क किया और मामला दर्ज किया।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जमुई पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और उत्पीड़न के मुख्य आरोपी नंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसे पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
जांचकर्ताओं ने घटना के वायरल वीडियो के जरिए यादव की पहचान की। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए फुटेज में गमछा पहने जो युवक दिख रहा था, वह नंदन यादव था।
ताजा गिरफ्तारियों के साथ इस मामले में अब तक पांच लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि कंटेंट फैलाने से जुड़े नियमों के कथित उल्लंघन के लिए कई प्लेटफॉर्म पर 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
