राजनीति
भाजपा ने कश्मीर पर टिप्पणी को लेकर सिद्धू के सलाहकार के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मलविंदर सिंह माली के खिलाफ कश्मीर पर भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेताओं ने कश्मीर पर दिए गए माली के भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट के लिए राष्ट्रीय राजधानी में एक पुलिस शिकायत दर्ज करते हुए कहा है कि इस तरह के बयान से देश की संप्रभुता के लिए खतरा है।
इससे पहले एक सोशल मीडिया पोस्ट में माली ने कहा था कि कश्मीर कश्मीरी लोगों का देश है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर. पी. सिंह और पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सचिव तजिंदर पाल सिंह बग्गा द्वारा नई दिल्ली के राजिंदर नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज एक पुलिस शिकायत में कहा गया है कि कश्मीर पर माली की टिप्पणी से भारतीय गणतंत्र की संप्रभुता को दुर्भावनापूर्ण इरादों से खतरा है, जो समाज के वर्गों के बीच वैमनस्य, घृणा और हिंसा पैदा कर सकता है।
शिकायत में कहा गया है, “इस तरह की टिप्पणियों का भारत में कानून द्वारा स्थापित सरकार के प्रति घृणा या अवमानना और असंतोष फैलाने के अलावा कोई अन्य इरादा नहीं है, जिसके परिणामस्वरूप किसी भी प्रकार का विद्रोह हो सकता है।”
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने एक ऐसी भाषा का उपयोग किया है, जो अलगाववादी प्रवृत्तियों को बढ़ावा देने में पूरी तरह सक्षम है और इससे न केवल राष्ट्र की संप्रभुता बल्कि क्षेत्रीय ताने-बाने और समाज के विभिन्न वर्गों के भीतर सद्भाव के लिए खतरा पैदा होता है।
शिकायत में आगे कहा गया है, “आरोपी द्वारा दिए गए बयान हमारे देश की राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक हैं। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और भारतीय संसद और अदालतों ने भी इसी सिद्धांत को बार-बार दोहराया है।”
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि माली की टिप्पणी देश में व्याप्त सार्वजनिक शांति और सद्भाव को खतरे में डालती है।
शिकायत में कहा गया है, “आरोपी के दुर्भावनापूर्ण इरादे आम जनता के बीच नफरत, दुश्मनी, हिंसा को बढ़ावा देने और लोगों के एक वर्ग को राष्ट्र के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए उकसाने के उसके अंतिम उद्देश्य को इंगित करते हैं।”
शिकायत में दावा किया गया है कि माली द्वारा किया गया यह आपराधिक कृत्य पहले से ही हारे हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में जमीन हासिल करने की कोशिश में एक छोटी राजनीतिक रणनीति के दिमाग की उपज है।
शिकायत के अनुसार, “कानून किसी भी व्यक्ति को किसी भी राजनीतिक लाभ के लिए क्षेत्रीय हिंसा, देशद्रोह को बढ़ावा देने की रणनीति का उपयोग करने की अनुमति नहीं दे सकता है और इस तरह के कृत्यों को उचित ध्यान में रखा जाना चाहिए और इसके लिए देश के कानून के तहत सख्ती से दंडित किया जाना चाहिए।”
भाजपा नेताओं ने क्षेत्रीय आधार पर विभिन्न वर्गों के बीच देशद्रोह, संभावित हिंसा, दुश्मनी, घृणा या द्वेष पैदा करने या बढ़ावा देने वाले ऐसे बयान देने के लिए माली के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 154 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि माली के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायत में मामले में जांच पूरी होने तक माली के फेसबुक अकाउंट को निलंबित करने की भी मांग की गई है।
अपराध
2.65 लाख रुपये की भारतीय नकली करेंसी के साथ दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने नकली करेंसी सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पहाड़गंज थाना पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते 2.65 लाख की नकली करेंसी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई। उन्हें पहाड़गंज के नीलम गेस्ट हाउस में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। इनके पास से 2,65,100 रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नकली करेंसी बेचने के लिए दिल्ली आए थे और ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। उनकी योजना 1 लाख रुपये की नकली करेंसी को 25,000 से 30,000 रुपये की असली करेंसी के बदले बेचने की थी। हालांकि, पकड़े जाने से पहले कोई ग्राहक तय नहीं हो पाया था।
इनमें से एक आरोपी पहले भी नकली करेंसी से जुड़े एक मामले में शामिल रहा है, जो 2023 में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में दर्ज किया गया था। उन्होंने आगे बताया कि उन्हें यह नकली करेंसी ‘एस’ नाम के एक व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने बताया कि कथित सप्लायर की पहचान करने, नकली मुद्रा के स्रोत का पता लगाने और इसकी आपूर्ति व प्रचलन में शामिल पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच चल रही है। इस मामले में दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच कराई गई है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर के थाना नॉलेज पार्क की पुलिस ने जाली भारतीय करेंसी के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200-200 रुपये के कुल 920 जाली नोट बरामद किए, जिनकी कुल अंकित कीमत 1 लाख 84 हजार रुपये थी।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को थाना नॉलेज पार्क की टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम कोंडली पुस्ता के पास से अर्जुन सिंह, शशांक गुप्ता, शांतनु सिंह और वैभव शुक्ला को गिरफ्तार किया था।
राजनीति
उत्तराखंड चुनाव 2027 : 2022 में पौड़ी गढ़वाल की सभी सीटों पर भाजपा ने जमाया था कब्जा

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिए हैं। ऐसे में पौड़ी गढ़वाल जिले पर इस बार भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों की नजर होगी। 2022 में जिले की सभी छह सीटों, यमकेश्वर, पौड़ी (सुरक्षित), श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार, पर भाजपा का कब्जा था।
यमकेश्वर विधानसभा सीट पर 2002 से भाजपा का कब्जा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रेणु बिष्ट ने 10,410 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी शैलेन्द्र सिंह रावत को शिकस्त दी थी। रेणु बिष्ट को 28,390, शैलेन्द्र सिंह रावत को 17,980 और उत्तराखंड क्रांति दल उम्मीदवार शांति प्रसाद भट्ट को 613 वोट मिले थे। इस सीट पर 52.99 फीसदी मतदान हुआ था।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित पौड़ी विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार राजकुमारी पोरी भाजपा से विधायक हैं। 2022 चुनाव में भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी पोरी ने कांग्रेस उम्मीदवार नवल किशोर को 5,738 वोटों से हराया था। राजकुमारी पोरी को 25,865, नवल किशोर को 20,127 और आप उम्मीदवार मनोहर लाल को 736 वोट मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 49,174 लोगों (51.44 फीसदी) ने मतदान किया था।
श्रीनगर विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा है और धन सिंह रावत दूसरी बार विधायक हैं। धन सिंह रावत ने विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस उम्मीदवार गणेश गोदियाल को मामूली अंतर यानी 587 वोटों से हराया था। धन सिंह रावत को 29,618, गणेश गोदियाल को 29,031, उत्तराखंड क्रांति दल उम्मीदवार मोहन काला को 4,271 और आप उम्मीदवार गजेंद्र सिंह चौहान को 700 वोट मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र में 59.40 फीसदी मतदान हुआ था।
चौबट्टाखाल विधानसभा सीट पर तीन विधानसभा चुनावों से भाजपा का कब्जा है। इस सीट से लगातार दूसरी बार सतपाल महाराज विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सतपाल महाराज ने कांग्रेस उम्मीदवार केशर सिंह 11,430 वोटों से शिकस्त दी थी। सतपाल महाराज को 24,927, केशर सिंह को 13,497 और आप उम्मीदवार दिगमोहन नेगी को 1,908 वोट मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र में 44.86 फीसदी मतदान हुआ था।
लैंसडाउन विधानसभा सीट से लगातार भाजपा उम्मीदवार दिलीप सिंह रावत जीतते आ रहे हैं। 2022 के चुनाव में दिलीप सिंह रावत ने कांग्रेस प्रत्याशी अनुकृति गुसैन को 9,868 वोटों से शिकस्त दी थी। दिलीप सिंह रावत को 24,504, अनुकृति गुसैन को 14,636 और उत्तराखंड क्रांति दल उम्मीदवार आनंद प्रकाश को 843 वोट मिले थे। इस सीट पर सिर्फ 47.38 फीसदी यानी 41,407 लोगों ने मतदान किया था।
कोटद्वार विधानसभा सीट पर दो बार से भाजपा का कब्जा है। 2017 में भाजपा से डॉ. हरक सिंह रावत और 2022 में रितु खंडूरी भूषण विधायक चुनी गई थीं। 2022 के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रितु खंडूरी भूषण को 32,103, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी को 28, 416 वोट और निर्दलीय उम्मीदवार धीरेंद्र सिंह चौहान को 12,484 वोट मिले थे। इस विधानसभा क्षेत्र में 65.46 फीसदी मतदान हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पाकपट्टन के पास एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाकिस्तान के अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘रेस्क्यू 1122’ ने बताया कि ट्रक और यात्री बस की टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई। इसमें यह भी बताया गया कि आठ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि 25 अन्य लोगों को पाकपट्टन के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह हादसा दीपालपुर रोड पर हुआ। उस समय एक यात्री बस मुल्तान से कसूर की ओर जा रही थी, जबकि एक ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। बस और ट्रक की टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। लगभग तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
स्थानीय मीडिया ने रेस्क्यू टीम के हवाले से बताया कि अक्टूबर में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में 44,797 सड़क हादसे हुए, जिनमें 464 लोगों की मौत हो गई और 23,543 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से लगभग तीन-चौथाई सड़क हादसों में मोटरसाइकिलें शामिल थीं।
ये आंकड़े पंजाब में ‘रेस्क्यू 1122’ के जिलों के आपातकालीन कामकाज की मासिक समीक्षा के दौरान सामने आए। पाकिस्तान के एक अन्य अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, विभाग ने बताया कि अक्टूबर के दौरान बचाव टीमों ने 231,056 आपातकालीन मामलों में कार्रवाई की और 233,210 लोगों की जान बचाई।
इन घटनाओं में सड़क हादसे, आग लगने के मामले, मेडिकल इमरजेंसी, डूबने की घटनाएं और अन्य बचाव कार्य शामिल थे। विभाग के अनुसार, अक्टूबर में पंजाब में आग लगने की 1,726 घटनाएं और डूबने की 94 घटनाएं दर्ज की गईं।
पंजाब में सड़क हादसों की सबसे अधिक संख्या लाहौर में दर्ज की गई, जहां 7,874 घटनाओं में मोटरसाइकिलें शामिल थीं। मुल्तान में 3,312 मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,838 हादसे हुए, जबकि फैसलाबाद में 2,896 मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,615 हादसे दर्ज किए गए। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, गुजरांवाला में 2,250 मोटरसाइकिलों से जुड़े 2,092 हादसे दर्ज किए गए। इसके बाद शेखूपुरा का नंबर आता है, जहां 1,706 मोटरसाइकिलों से जुड़े 1,714 सड़क हादसे हुए। वहीं, तौंसा शरीफ में 160 मोटरसाइकिलों से जुड़े 142 हादसे सामने आए।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
बॉलीवुड1 month agoटीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी सुसाइड केस में 10 साल बाद कोर्ट ने बॉयफ्रेंड पर सुनाया फैसला
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
