मनोरंजन
चार साल बाद फिर ट्रैक पर दौड़े अनिल कपूर, बोले-‘तेज नहीं, बस चलते रहना जरूरी है’
बॉलीवुड के सदाबहार स्टार अनिल कपूर की फिटनेस और एनर्जी आज भी फैंस को हैरान करती है। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका फिटनेस के प्रति जुनून लोगों को खूब इंस्पायर करता है।
अब अनिल कपूर ने अपनी फिटनेस जर्नी से जुड़ा एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वह रेसिंग ट्रैक पर पूरी ताकत के साथ दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ अभिनेता ने बताया कि करीब चार साल बाद उन्होंने इस तरह अपनी रनिंग को रिकॉर्ड किया है। इन चार सालों में उनकी रफ्तार जरूर बदली, लेकिन उनका सफर कभी रुका नहीं।
अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह रेसिंग ट्रैक पर पूरी ताकत के साथ दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वह अपनी पूरी स्पीड के साथ रनिंग करते दिख रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए अनिल ने अपने पुराने रनिंग वीडियो को भी याद किया और बताया कि करीब चार साल बाद उन्होंने फिर उसी तरह अपनी दौड़ को रिकॉर्ड किया है।
अनिल कपूर ने अपने कैप्शन में लिखा, ”चार साल हो गए हैं, जब मैंने आखिरी बार इस तरह की अपनी रनिंग रिकॉर्ड की थी। यह सफर वास्तव में कभी रुका नहीं, बस इसकी रफ्तार बदली, इसका रूप बदला और यह आगे बढ़ता रहा। प्रोग्रेस हमेशा इस बात पर निर्भर नहीं करती कि आप कितनी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कभी-कभी बस चलते रहना ही काफी होता है।”
अनिल की इस बात का मतलब सिर्फ रनिंग तक सीमित नहीं है। वह यह बताने की कोशिश करते दिख रहे हैं कि जिंदगी में हर समय एक जैसी स्पीड से आगे बढ़ना जरूरी नहीं है। कभी आप बहुत तेजी से आगे बढ़ते हैं, तो कभी परिस्थितियों की वजह से आपकी रफ्तार थोड़ी धीमी हो जाती है। लेकिन अगर आप रुकते नहीं हैं और अपनी कोशिश जारी रखते हैं, तो वही असली प्रोग्रेस है। शायद यही वजह है कि चार साल बाद ट्रैक पर दौड़ते अनिल कपूर का यह वीडियो सिर्फ एक फिटनेस पोस्ट बनकर नहीं रह गया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर इन दिनों ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ को होस्ट कर रहे हैं। यह शो इंटरनेशनल फॉर्मेट ‘द 1 परसेंट क्लब’ का भारतीय वर्जन है। यह फॉर्मेट नीदरलैंड्स, जर्मनी, स्पेन, ग्रीस, ऑस्ट्रेलिया, इजरायल, तुर्की, यूक्रेन, मैक्सिको और अमेरिका जैसे कई देशों में दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुका है। अब इसी फॉर्मेट को भारतीय दर्शकों के लिए पेश किया गया है।
अनिल कपूर ने 7 अगस्त को शो के बारे में बात करते हुए कहा था कि इसमें आने वाली हर चुनौती कंटेस्टेंट की ऑब्जर्वेशन, लॉजिक, प्रेजेंस ऑफ माइंड और दबाव में शांत रहने की क्षमता को परखेगी। इस शो का प्रीमियर 5 सितंबर को हुआ।
मनोरंजन
सुनीता आहूजा ने गणपति स्थापना पर किया खुलासा, बताया बेटे के साथ फिल्म में आएंगी नजर

अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने घर में गणपति महाराज का स्वागत किया। उनका कहना है कि इस प्रथा की शुरुआत गोविंदा की मां ने की थी, जिसे वे आगे बढ़ा रही हैं। साथ ही, सुनीता ने यह भी खुलासा किया कि वे अपने बेटे के साथ एक फिल्म में नजर आएंगी।
सुनीता आहूजा ने मीडिया संग बातचीत में गणेश चतुर्थी मनाने के पीछे की वजह बताई। उन्होंने कहा, “गणेश चतुर्थी पर्व मनाना मेरी सास ने हमारे पुराने ऑफिस से शुरू किया था। तब से यह प्रथा चली आ रही है, तो मैंने सोचा कि जब तक जीवित हूं, तब तक तो गजानन को घर पर लेकर आऊंगी। अब ये प्रथा चलती रहेगी क्योंकि गणेश भगवान हमारे प्रथम देवता हैं, उनसे बढ़कर कोई नहीं है।”
सुनीता आहूजा ने बताया कि पिछले एक साल से लेकर अब तक बप्पा उन पर काफी मेहरबान रहे। उन्होंने कहा, “आखिरी साल मैंने यूट्यूब शुरू किया था और इस बार मैंने दो शोज किए हैं, जिनमें ‘मां है ना’ और ‘लॉकअप-2’ शामिल है। सबसे खुशी बात यह है कि मैंने अपने बेटे के साथ फिल्म की है, जिसके निर्देशक साजिद खान और एकता कपूर प्रोड्यूसर हैं। तो बप्पा ने मुझे इतना नाम, इज्जत और शोहरत दी है। यह पर्व मेरे लिए बहुत खास हैं, बप्पा को मैं नाचते गाते हुए ही घर में लेकर आई हूं।”
उन्होंने बताया कि वे गणपति को डेढ़ दिन के लिए रखती हैं। सुनाती आहूजा ने कहा, “गजानन हमारे घर पर डेढ़ दिन के लिए आते हैं। इस दौरान हम घर पर अपने सभी करीबियों और दोस्तों को आमंत्रित करते हैं, नाच गाना होता है और हां, खाना भी सात्विक बनता है और हमारे बप्पा को मोदक और जो भोग पसंद है, वो उन्हें चढ़ाया जाता है। अब गजानन आए हैं, तो नाचते गाते रहना चाहिए। गणपति भगवान विघ्नहर्ता हैं, मैं चाहती हूं कि वे मेरे जीवन के सभी विघ्नों को हर दें और मेरे परिवार में खुशहाली बनी रहे।”
उन्होंने आगे मीडिया से कहा कि वे उनके बेटे की आने वाली फिल्म को जरूर प्रमोट करें। उन्होंने कहा, “जिस तरह से आपने हमेशा गोविंदा और हमें प्यार दिया, मैं चाहती हूं कि आप मेरे बेटे को वैसा ही प्यार और सपोर्ट दें।”
मनोरंजन
‘बिग बॉस 20’ में एक तरफ अरिश्फा का गुस्सा, दूसरी तरफ रीति तिवारी के आंसू, बोलीं- ‘मेरे खिलाफ गए तो लड़ूंगी’

‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों रिश्तों के साथ-साथ कंटेस्टेंट्स की निजी जिंदगी भी खुलकर सामने आ रही है। लेटेस्ट एपिसोड में जहां अरिश्फा खान अपनी को-हाउसमेट आम्रपाली दुबे के साथ चल रहे मतभेदों पर खुलकर बात करती दिखी, वहीं ‘वीकेंड का वार’ में मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी अपने स्टारकिड होने के दबाव को लेकर इमोशनल हो गईं।
आने वाले एपिसोड में अरिश्फा खान आम्रपाली दुबे को लेकर अपने मन की बात खुलकर रखेंगी। वह कहती है, ”आम्रपाली ने सारी हदें पार कर दी हैं और अब अगर वह माफी भी मांगती है, तो भी मैं उनसे बात नहीं करूंगी।”
अरिश्फा ने कहा, ”मैं किसी से दुश्मनी पालकर रखने में यकीन नहीं करतीं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई मेरे खिलाफ जाए या मेरी बेइज्जती करे। मैं फाइट बैक जरूर करूंगी। मेरे लिए सामने कौन खड़ा है, इससे फर्क नहीं पड़ता।”
‘बिग बॉस 20’ के हालिया ‘वीकेंड का वार’ में किसी भी कंटेस्टेंट का एलिमिनेशन नहीं हुआ। इस हफ्ते कनिका मान, उदिति सिंह, लव गिल और अरिश्फा खान नॉमिनेटेड थे। हालांकि उदिति को दूसरे कंटेस्टेंट्स के मुकाबले काफी कम वोट मिले, जिसके चलते उन्होंने अपनी एक लाइफ खो दी।
वहीं ‘वीकेंड का वार’ में रीति तिवारी ने बताया कि एक मशहूर पिता की बेटी होने का दबाव उनकी जिंदगी पर कितना भारी रहा है। उन्होंने कहा, ”बचपन से ही मेरे ऊपर अपने व्यवहार को लेकर लगातार सोचने और खुद को कंट्रोल करने की आदत डाल दी गई थी, क्योंकि मैं मनोज तिवारी की बेटी थीं।”
रीति ने कहा, ”मुझे बचपन से बताया जाता था कि कैसे व्यवहार करना है, कैसे हंसना है, किस तरह बात करनी है और लोगों के सामने क्या कहना है। मुझे हमेशा डर रहता था कि कहीं मेरे किसी काम से परिवार का नाम खराब न हो जाए। यही डर धीरे-धीरे इतना गहरा हो गया कि मुझे लगा जैसे मैं अपनी असली पहचान से दूर होती जा रही हूं। मैं खुद को बहुत ज्यादा रोकने लगी थीं और अपनी जिंदगी को खुलकर जी नहीं पाईं।”
रीति ने कहा, ”जब मैंने अपनी राय रखने की कोशिश की, तो मुझे ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। मनोज तिवारी की बेटी होने की वजह से मुझे रेप और जान से मारने तक की धमकियां मिलीं। मेरे लिए यह सिर्फ सोशल मीडिया की बातें नहीं थीं, बल्कि ऐसा दबाव था जिसने मेरे आत्मविश्वास और खुद को खुलकर सामने रखने की क्षमता को प्रभावित किया।”
इस बातचीत के दौरान सलमान खान का भी जिक्र हुआ। रीति ने कहा, ”सलमान खान के सामने मुझे पहली बार ऐसा महसूस हुआ कि किसी ने मुझे सच में समझा और मेरे अंदर के इंसान को देखा। सलमान ने मुझे अपने पिता की पहचान से अलग अपनी पहचान बनाने की सलाह दी।”
इसी बात पर आसिफ खान ने उन्हें समझाया कि उनके पिता ने अपनी इज्जत खुद कमाई है और अब उन्हें भी अपनी पहचान खुद बनानी चाहिए।
‘बिग बॉस 20’ 6 सितंबर से शुरू हुआ था। शो को जियोहॉटस्टार और कलर्स पर देखा जा सकता है।
मनोरंजन
राखी सावंत के बयान पर भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं-‘फेवर के बावजूद तुम्हें स्वीपर की नौकरी भी नहीं मिली’

अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने राखी सावंत के हालिया बयान पर ऐसा पलटवार किया है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। राखी ने एक पॉडकास्ट के दौरान कंगना और भाजपा नेता स्मृति ईरानी को लेकर पर्सनल और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इसके बाद कंगना ने राखी को जवाब देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया।
कंगना ने अपने पोस्ट में कहा, ”सिर्फ राखी ही नहीं बल्कि कई ऐसे लोग हैं जो किसी सफल महिला को देखकर उसके चरित्र पर सवाल उठाने लगते हैं। ऐसे लोग अपनी जलन, नाकामी और ईगो को सही ठहराने के लिए सफल महिलाओं पर बार-बार पर्सनल अटैक करते हैं। अब महिलाओं को इस तरह के लगातार होने वाले हमलों से खुद को कमजोर या अपमानित महसूस करना बंद करना चाहिए। हर बार खुद को सही साबित करने के लिए सफाई देते रहना जरूरी नहीं है।”
कंगना ने आगे लिखा, ”राखी ने सफलता के लिए चाहे जितने भी ‘फेवर’ किए हों, उससे उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ और वह एक स्वीपर की नौकरी तक हासिल नहीं कर पाईं। ऐसी नौकरी के लिए भी कुछ क्वालिटी और टैलेंट की जरूरत होती है। फेवर मिले या न मिले, वह कहीं नहीं जाने वाली है, इसलिए बैठ जाओ, मेरी रील्स देखते हुए रोते रहो।”
दरअसल, यह पूरा विवाद राखी सावंत के एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद शुरू हुआ। राखी ने बातचीत के दौरान भाजपा नेताओं को लेकर यौन संकेत वाले और आपत्तिजनक कमेंट किए, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गए हैं।
बातचीत के दौरान राखी कहती हैं, ”मोदी जी इधर-उधर क्यों देख रहे हैं? कंगना में उन्हें हड्डियों के अलावा क्या मिलेगा? मोदी जी, स्मृति, कंगना और इन सभी महिलाओं ने आपको ऐसा क्या दिया कि आपने उन्हें मंत्री बना दिया? तो जो कुछ भी उन्होंने आपको दिया, वह मैं भी आपको दे सकती हूं।”
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
