मनोरंजन
सुनील शेट्टी ने भारत-यूएई के रिश्ते पर जताया गर्व, बोले- ‘दुबई हमारे भारत का ही हिस्सा’
अभिनेता सुनील शेट्टी ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच मजबूत होते रिश्ते को लेकर खुशी और गर्व जाहिर किया। यूएई में आयोजित एक खास कार्यक्रम में शामिल हुए अभिनेता ने वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि विदेश में रहकर भी भारतीय अपनी मेहनत और योगदान से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने भारत और यूएई के बीच बढ़ते सहयोग को भी खास बताया।
सुनील शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर इस कार्यक्रम की कई तस्वीरें और झलकियां शेयर की। तस्वीरों में वह कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में इस शाम को भारत, भारतीय लोगों और यूएई के साथ भारत के खूबसूरत रिश्ते का जश्न बताया।
अभिनेता ने लिखा, ”भारत-यूएई के बीच जो खास जुड़ाव है, उसे मनाने वाली यह एक शानदार शाम थी।” अभिनेता ने यूएई में रहने वाले भारतीय समुदाय की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ”मुझे प्रवासी भारतीयों पर बहुत गर्व है। भारत और यूएई मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों में जो काम कर रहे हैं, वह भी काबिल-ए-तारीफ है।”
उन्होंने अपनी पोस्ट में संयुक्त अरब अमीरात के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयौदी का भी जिक्र किया।
यह कार्यक्रम इंडियन पीपल्स फोरम की ओर से आयोजित किया गया था। यह यूएई में रहने वाले भारतीय प्रवासियों का प्रतिनिधित्व करने वाले बड़े सामुदायिक संगठनों में से एक है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने सामूहिक रूप से यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। सुनील शेट्टी भी इस दौरान लोगों के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम में बोलते हुए सुनील शेट्टी ने यूएई, खासकर दुबई के साथ अपने जुड़ाव को लेकर बात की। उन्होंने दुबई को ‘हमारे अपने भारत का ही एक हिस्सा’ बताया। अभिनेता ने यूएई और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की मजबूती की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों ने कई मुश्किल हालात और संकटों का सामना करते हुए जिस तरह खुद को संभाला है, वह सराहनीय है।
सुनील शेट्टी इससे पहले भी कई मौकों पर भारतीय संस्कृति और विदेशों में रहने वाले भारतीयों को लेकर गर्व जाहिर कर चुके हैं। उनका मानना है कि भारतीय समुदाय जहां भी रहता है, वहां अपनी मेहनत, संस्कृति और अच्छे काम के जरिए अपनी अलग पहचान बनाता है।
यूएई में भारतीयों की बड़ी आबादी है और दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर भी मजबूत जुड़ाव है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सुनील शेट्टी हाल ही में एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए थे। फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, परेश रावल, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकार भी दिखाई दिए थे।
मनोरंजन
18 साल की उम्र में आमिर खान ने किया था सनी देओल के साथ काम, बोले- ‘तब वह बड़े स्टार थे’

आमिर खान और सनी देओल आज हिंदी सिनेमा के उन बड़े नामों में शामिल हैं, जिनकी अपनी अलग पहचान है। दोनों ने अपने लंबे करियर में कई यादगार फिल्में दी हैं और अब सालों बाद एक बार फिर पर्दे से जुड़े एक प्रोजेक्ट को लेकर साथ आए हैं। लेकिन इन दोनों कलाकारों का रिश्ता सिर्फ हाल के वर्षों का नहीं है।
आमिर खान का सनी देओल से जुड़ाव उस समय का है, जब उन्होंने खुद बतौर अभिनेता बॉलीवुड में कदम भी नहीं रखा था। आमिर ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया और बताया कि वह महज 18 साल की उम्र में सनी देओल की फिल्मों में सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर चुके थे।
आमिर खान ने यह खुलासा क्विज-आधारित रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन में किया। इस खास मौके पर आमिर के साथ सनी देओल और प्रीति जिंटा भी मौजूद थे। शो में जब दर्शकों के साथ सवाल-जवाब चल रहा था, तब आमिर से सनी देओल के साथ पहली बार काम करने के बारे में पूछा गया। इसी सवाल के जवाब में आमिर ने अपने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि सनी देओल के साथ उनका पहला काम उस समय हुआ था, जब वह सहायक निर्देशक थे।
आमिर ने कहा, “जब मैंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा, तब मेरी शुरुआत एक सहायक निर्देशक के तौर पर हुई थी। इसी दौरान मेरी मुलाकात सनी देओल से हुई। मेरे चाचा और मशहूर फिल्मकार नासिर हुसैन उस समय ‘मंजिल मंजिल’ और ‘जबरदस्त’ नाम की दो फिल्मों पर काम कर रहे थे। दोनों फिल्मों में सनी देओल मुख्य भूमिका में थे, और मैं इन फिल्मों में सहायक निर्देशक की जिम्मेदारी संभाल रहा था।”
आमिर ने आगे कहा, ”मैंने करीब तीन साल तक सनी देओल के साथ सहायक के रूप में काम किया। उस वक्त मेरी उम्र महज 18 साल थी, जबकि सनी देओल इंडस्ट्री में अपनी जगह बना चुके थे और बड़े सितारे माने जाते थे। सनी जैसे बड़े स्टार के साथ काम करने को लेकर मैं और मेरी टीम काफी उत्साहित रहती थी। मेरे लिए यह फिल्म इंडस्ट्री को करीब से समझने और सीखने का दौर था।”
आमिर ने जिस फिल्म का पहले जिक्र किया, वह फिल्म ‘मंजिल मंजिल’ साल 1984 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन नासिर हुसैन ने किया था। फिल्म में सनी देओल के साथ डिंपल कपाड़िया मुख्य भूमिका में थीं। डैनी डेंजोंगपा, प्रेम चोपड़ा और कुलभूषण खरबंदा जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे। फिल्म का संगीत आर.डी. बर्मन ने दिया था, जबकि इसके गीत मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे। फिल्म के ‘ओ मेरी जान’ और ‘लूट गए हम तो राहों में’ जैसे गाने भी लोगों के बीच लोकप्रिय हुए थे।
वहीं आमिर ने नासिर हुसैन की एक और फिल्म ‘जबरदस्त’ का जिक्र किया था, वह फिल्म 1985 में रिलीज हुई थी। इसमें सनी देओल के अलावा संजीव कुमार, जया प्रदा, राजीव कपूर, रति अग्निहोत्री, तनुजा और अमरीश पुरी जैसे कलाकार नजर आए थे। इसमें सनी देओल ने सुंदर कुमार का किरदार निभाया था, जो अपने परिवार और पिता के अतीत से जुड़े सच को जानने की कोशिश करता है।
अब सालों बाद आमिर खान और सनी देओल एक बार फिर साथ आए हैं। दोनों हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से जुड़े। फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं और आमिर खान इसके निर्माता हैं। फिल्म 14 अगस्त को रिलीज हुई है।
मनोरंजन
अमिताभ बच्चन ने याद किए पुराने दिन, कहा-शरू में लोग बोलते थे कि एक्टिंग-वैक्टिंग कुछ नहीं आता

फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध भरी दुनिया का सपना हर कोई देखता है, लेकिन जो लंबे संघर्ष और रिजेक्शन जैसी मुश्किलों को पार कर जाता है वही सुपरस्टार कहलाता है। बड़े से बड़े एक्टर को करियर के शुरुआती दौर में हर किसी को रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही कुछ मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ हुआ था।
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन-18’ के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की गोल्ड मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन, जसवंत कुमार, शर्मिला धनकर और अस्मिता डे के साथ एक खास एपिसोड में बातचीत के दौरान अपने शुरुआती दिनों की मुश्किलें बताईं।
उन्होंने संघर्ष के दिनों को याद कर बताया कि शुरुआत में उन्हें भी काफी रिजेक्शन और कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। शो में मेगास्टार ने बताया कि शुरुआती दिनों में उनसे कहा गया था कि एक्टर बनने के लिए वे काफी लंबे हैं।
शो के दौरान अस्मिता ने मेगास्टार के साथ बातचीत में पूछा, “जैसे एथलीट्स को ट्रेनिंग के दौरान गलती करने पर कोच डांटते हैं, क्या एक्टर्स को भी फिल्म सेट पर डायरेक्टर्स से डांट खानी पड़ती है?”
अभिनेता अमिताभ बच्चन ने बताया कि जब वो इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्हें कितनी आलोचनाएं सुननी पड़ी थीं। उन्होंने कहा, “हमको बड़ी डांटे पड़ती थीं, शुरू-शुरू में तो लोग बोलते थे कि तुमको तो एक्टिंग-वैक्टिंग कुछ आता ही नहीं, बहुत लंबे हो अपने घर जाओ।”
फिर उन्होंने याद किया कि आखिरकार काम मिलने के बाद भी बुराई बंद नहीं हुई। उन्होंने कहा, “आमतौर हममें से सभी समय पर पहुंचने का प्रयास करते हैं, लेकिन एक बार मुझे पहुंचने में देर हो गई। सेट के बाहर डायरेक्टर खड़े थे और हम किसी और की गाड़ी लेकर पहुंचे, तब हमारे पास नहीं हुआ करती थी। सेट पर हम जैसे ही पहुंचे, तो डायरेक्टर ने हमें फिल्म से ही निकाल दिया था।
बता दें कि अभिनेता अमिताभ बच्चन पिछले पांच दशकों से ज्यादा समय से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा हैं, उनका सिनेमा से पहला जुड़ाव एक्टिंग में आने से पहले एक वॉइस-ओवर आर्टिस्ट के तौर पर हुआ था। 1969 में उन्होंने मृणाल सेन की ‘भुवन शोम’ में अपनी खास बैरिटोन आवाज़ दी थी, जो एक कम बजट की फिल्म थी जो भारत के पैरेलल सिनेमा मूवमेंट का एक लैंडमार्क बन गई।
मनोरंजन
रणनीति बनाता हूं पर अपने फायदे के लिए किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता : मुनव्वर फारूकी

अमेजन प्राइम वीडियो के पॉपुलर रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ के पहले ही राउंड में कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी बाहर हो गए हैं, जिससे कई फैंस और दर्शक हैरान रह गए। शो से बाहर आकर उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह खेल में रणनीति जरूर बनाते हैं लेकिन अपने फायदे के लिए दूसरे लोगों का इस्तेमाल करना उन्हें पसंद नहीं है। उन्होंने अपने खेलने के तरीके और शो को लेकर अपनी सोच खुलकर साझा की है।
आईएएनएस से मुनव्वर ने कहा, “मैं जिंदगी में भी काफी सोच-समझकर फैसले लेता हूं और रियलिटी शो में भी रणनीति के साथ आगे बढ़ता हूं। दोनों रियलिटी शो में मैंने शुरुआत से कोई खास योजना बनाकर खेल नहीं खेला। मैं परिस्थितियों को समझकर उसके हिसाब से फैसला लेने में भरोसा रखता हूं। जब किसी चुनौती या काम के लिए रणनीति की जरूरत पड़ती है, तभी मैं उस दिशा में सोचता हूं।”
मुनव्वर ने कहा, ”मैं अपनी बात और अपने खेल पर भरोसा रखता हूं। मैं लोगों के साथ मिलकर खेल सकता हूं लेकिन सिर्फ अपने फायदे के लिए किसी को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश नहीं करता। मेरे लिए खेल का मतलब सिर्फ खुद को बचाना या जीत हासिल करना नहीं है बल्कि इस दौरान दूसरों को बेवजह नुकसान से बचाना भी है।”
अपने खेलने के तरीके को समझाते हुए मुनव्वर ने कहा, “अगर मैं किसी व्यक्ति को किसी फैसले के लिए प्रभावित करता हूं, तो मेरी कोशिश रहती है कि उसका फायदा उस व्यक्ति को भी मिले। अगर किसी काम में मुझे 80 प्रतिशत फायदा मिलता है, तो सामने वाले को भी 20 प्रतिशत फायदा मिलना चाहिए। मैं किसी दूसरे व्यक्ति के पूरे हिस्से को अपने फायदे के लिए नहीं लेना चाहता।”
मुनव्वर ने कहा, ”मैं अपनी वजह से किसी दूसरे व्यक्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं चाहता। रणनीति बनाना और किसी के साथ चालाकी करना दो अलग-अलग चीजें हैं। मैं रणनीतिक तरीके से खेलना पसंद करता हूं लेकिन ऐसी रणनीति नहीं अपनाना चाहता जिससे किसी दूसरे प्रतियोगी को बिना वजह नुकसान हो।”
‘ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन में अपने अनुभव को याद करते हुए मुनव्वर ने कहा, ”जब मैं शो में पहुंचा था, तब मेरे पास कोई तय रणनीति नहीं थी। मेरा मकसद सिर्फ खेल को समझना और परिस्थिति के अनुसार आगे बढ़ना था। अगर मैं निर्दोष हूं, तो मेरा काम ट्रेटर को पहचानना और पकड़ना होगा। इसके लिए अगर मुझे कोई जोखिम उठाना पड़े तो मैं पीछे नहीं हटूंगा।”
मुनव्वर ने जल्दी बाहर होने को लेकर भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ”मेरे हिसाब से मैंने शो में अपनी असली क्षमता बहुत ज्यादा और बहुत जल्दी दिखा दी। मेरा खेल इतना खुलकर सामने आ गया कि शायद इसी वजह से मुझे शो से बाहर कर दिया गया।”
-
दुर्घटना12 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
