अंतरराष्ट्रीय
माइक्रोसॉफ्ट ने ऑनर के साथ नए एआई डिवाइस को विकसित करने के लिए की साझेदारी
ऑनर और माइक्रोसॉफ्ट दोनों कंपनियों के बीच साझेदारी की घोषणा की है, जिसके तहत वे माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड अपनाने, व्यक्तिगत और मोबाइल कंप्यूटिंग के साथ-साथ अन्य तकनीकों पर सहयोग करेंगे।
दोनों कंपनियों द्वारा हस्ताक्षरित रणनीतिक सहयोग ज्ञापन के अनुसार, ऑनर माइक्रोसॉफ्ट अज्यूर पर आधारित एआई स्पीच और एआई ट्रांसलेट सर्विस को अपनाएगा। इन सेवाओं का उपयोग ऑनर के स्मार्ट असिस्टेंट योयो, सहयोगी कार्यालय, स्मार्ट यात्रा, जीवन सेवाओं, स्मार्ट ट्रांसलेट और अन्य अनुप्रयोगों का समर्थन करने के लिए किया जाएगा।
माइक्रोसॉफ्ट जीसीआर के कॉपोर्रेट उपाध्यक्ष, अध्यक्ष और सीईओ होउ यांग ने एक बयान में कहा, माइक्रोसॉफ्ट ऑनर के साथ अपने रणनीतिक सहयोग को लगातार गहरा और विस्तारित करके सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर इंटेलिजेंस के एकीकृत विकास में तेजी लाने, अंतिम यूजर्स के लिए अच्छे अनुभव लाने और माइक्रोसॉफ्ट अज्यूर का लाभ दुनिया में पैदा हुए एशिया नवाचारों को लाने की उम्मीद करता है।
माइक्रोसॉफ्ट ऑनर के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, स्मार्ट स्क्रीन, घड़ियां, ईयरफोन और अन्य डिवाइस के यूजर्स के लिए अनुभव को बेहतर बनाने में भी मदद करेगा।
माइक्रोसॉफ्ट ऑनर के साथ मोबाइल कंप्यूटिंग, पीसी और उत्पादकता अनुप्रयोगों में सहयोग करेगा।
माइक्रोसॉफ्ट के संसाधन, तकनीकी कौशल और वैश्विक पहुंच भी ऑनर के वैश्विक विस्तार के लिए मजबूत समर्थन प्रदान करेगी।
माइक्रोसॉफ्ट एक स्वतंत्र कंपनी बनने के बाद ऑनर के साथ साझेदारी करने वाले पहले व्यवसायों में से एक था।
दिसंबर 2020 में, हॉनर ने माइक्रोसॉफ्ट के साथ वैश्विक सहयोग की योजना की घोषणा की, और ऑनर पीसी ने विंडोज 10 को दुनिया भर में अपने आधिकारिक ऑपरेटिंग सिस्टम के रूप में अपनाया है।
व्यापार
खुशखबरी: एक्जिम बैंक ने बीडीओ पोस्ट के लिए बढ़ाई आवेदन की तारीख, अब 25 अक्टूबर तक मौका

एक्जिम बैंक ने संविदा के आधार पर बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर्स (बीडीओ) के कुल 12 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
एक्जिम बैंक की ओर से बीडीओ पोस्ट के लिए जारी 12 रिक्तियों में सामान्य के 7, ओबीसी (एनसीएल) के 3, एससी का 1 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद शामिल है। वहीं, तैनाती के स्थान के आधार पर जारी रिक्तियों में अहमदाबाद में 1, बेंगलुरु में 1, चंडीगढ़ में 1, चेन्नई में 1, हैदराबाद में 1, इंदौर में 1, कोलकाता में 1, लखनऊ में 1, मुंबई में 2, नई दिल्ली में 1 और पुणे में 1 पद शामिल है।
इन रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक तय की गई थी, जिसे आगे बढ़ाकर अब 25 अक्टूबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार बीडीओ पद पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे तय नई अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।
अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मार्केटिंग/फाइनेंस में पोस्ट-ग्रेजुएशन (कम से कम 2 वर्ष का फुल-टाइम कोर्स) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास बैंकों, वित्तीय संस्थानों या अपर लेयर एनबीएफसी में कॉर्पोरेट लोन सिंडिकेशन, कॉर्पोरेट क्रेडिट, आदि के लिए प्रोडक्ट्स और सर्विसेज की मार्केटिंग के क्षेत्र में क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम 2 वर्ष का अनुभव जरूरी है। वहीं, फाइनेंस या मार्केटिंग में स्पेशलाइजेशन वाले एमबीए को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच, शॉर्ट लिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सीटीसी 14.68 लाख रुपए प्रति वर्ष होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एक्जिम बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन कर अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय नई अंतिम तिथि तक या उससे पहले मेल कर दें।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एक्जिम बैंक की ओर से यह नियुक्ति अनुबंध की अवधि शुरू में तीन वर्ष की होगी, जिसे बैंक की मर्जी से आगे दो और वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा।
व्यापार
अदाणी ग्रीन एनर्जी की ऊर्जा बिक्री पहली छमाही में 32 प्रतिशत बढ़ी; एबिटडा 7,900 करोड़ रुपए के पार

अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने बुधवार को नतीजे जारी किए। कंपनी का एबिटडा (‘ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पूर्व आय) वित्त वर्ष 27 की पहली छमाही में सालाना आधार पर 41 प्रतिशत बढ़कर 7,957 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, ऊर्जा की बिक्री सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 25.75 अरब यूनिट्स हो गई है।
कंपनी की स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 27 की पहली छमाही में बिजली आपूर्ति से होने वाली आय सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़कर 8,299 करोड़ रुपए हो गई है, जबकि इस दौरान एबिटडा मार्जिन 92.9 प्रतिशत रहा।
इस वित्त वर्ष की पहली छमाही में कैश प्रॉफिट सालाना आधार पर 35 प्रतिशत बढ़कर 4,176 करोड़ रुपए हो गया। इस दौरान कंपनी ने 17,160 करोड़ रुपए का पूंजीगत व्यय भी किया है, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 38 प्रतिशत अधिक है। नेट डेट और रन-रेट एबीआईटीडीए का अनुपात 5.6 गुना रहा।
कंपनी के अनुसार, आय और मुनाफे में यह मजबूत वृद्धि लगातार क्षमता विस्तार, आधुनिक रिन्यूएबल एनर्जी तकनीकों को अपनाने और अपनी परियोजनाओं के बेहतर संचालन प्रदर्शन के कारण हुई है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष खन्ना ने कहा कि कंपनी को अपनी अक्षय ऊर्जा संपत्तियों के बेहतर क्रियान्वयन से लगातार फायदा मिल रहा है, जिससे ऊर्जा उत्पादन और वित्तीय प्रदर्शन में वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा, “हमने ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हमने खावड़ा में अपनी चालू बीईएसएस (बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम) क्षमता को बढ़ाकर 6.63 गीगावाट घंटा कर दिया है, जो कि एक ही स्थान पर स्थित दुनिया का सबसे बड़ा बैटरी स्टोरेज इंस्टॉलेशन है।”
खन्ना ने बताया, “इसके साथ ही एजीईएल भारत का सबसे बड़ा बीईएसएस ऑपरेटर बन गया है, जिसकी हिस्सेदारी देश की कुल चालू क्षमता के आधे से भी अधिक है। हमारा ध्यान स्टोरेज क्षमता को बढ़ाने पर है, साथ ही हम ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर की उपलब्धता पर भी कड़ी नजर रख रहे हैं।”
वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में, एजीईएल की ऊर्जा बिक्री 33 प्रतिशत बढ़कर 12,090 मिलियन यूनिट हो गई। बिजली आपूर्ति से प्राप्त आय सालाना आधार पर 45 प्रतिशत बढ़कर 4,019 करोड़ रुपए हो गया, जबकि बिजली आपूर्ति से प्राप्त एबिटडा 51 प्रतिशत बढ़कर 3,835 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। तिमाही नकद लाभ 45 प्रतिशत बढ़कर 1,951 करोड़ रुपए हो गया।
व्यापार
केंद्र सरकारी बैंकों में एफडीआई की सीमा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 49 प्रतिशत करने पर कर रही विचार

केंद्र सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी) में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की सीमा को मौजूदा 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 49 प्रतिशत करने पर विचार कर रही है। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस संबंध में वित्त मंत्रालय ने एक प्रारूप कैबिनेट नोट तैयार किया है और प्रस्तावित बदलाव पर अन्य मंत्रालयों से राय मांगी है।
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। केंद्रीय बैंक ने हाल ही में सरकार को पत्र लिखकर सरकारी बैंकों में एफडीआई सीमा बढ़ाने पर जल्द विचार करने की सिफारिश की है।
फिलहाल निजी क्षेत्र के बैंकों में एफडीआई की सीमा 74 प्रतिशत है, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में यह केवल 20 प्रतिशत तक सीमित है। देश के 12 सरकारी बैंकों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में सबसे अधिक 11.07 प्रतिशत विदेशी निवेश है। इसके बाद केनरा बैंक में 10.55 प्रतिशत एफडीआई हिस्सेदारी दर्ज की गई है।
हालांकि, इस विषय पर अब तक वित्त मंत्रालय या आरबीआई की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इस बीच, वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रवाह मजबूत बना हुआ है। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एफडीआई प्रवाह 6 प्रतिशत बढ़कर 19.81 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 18.62 अरब डॉलर था।
मासिक आधार पर अप्रैल में एफडीआई लगभग दोगुना होकर 12.1 अरब डॉलर रहा, जो एक वर्ष पहले इसी महीने 6.6 अरब डॉलर था। इसके बाद मई में यह घटकर 2.8 अरब डॉलर रहा, जबकि जून में फिर बढ़कर 4.91 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, सेवा क्षेत्र ने सबसे अधिक 7.04 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित किया। इसके बाद कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर क्षेत्र में 2.84 अरब डॉलर, व्यापार क्षेत्र में 1.92 अरब डॉलर, गैर-पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में 1.24 अरब डॉलर और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में 62.2 करोड़ डॉलर का निवेश आया।
कुल एफडीआई, जिसमें इक्विटी निवेश, पुनर्निवेशित आय और अन्य पूंजी शामिल है, अप्रैल-जून 2026-27 के दौरान लगभग 22 प्रतिशत बढ़कर 30.65 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
राज्यों में तमिलनाडु 5.95 अरब डॉलर के निवेश के साथ टॉप पर रहा। इसके बाद महाराष्ट्र में 4.22 अरब डॉलर, दिल्ली में 2.67 अरब डॉलर, कर्नाटक में 2.11 अरब डॉलर और गुजरात में 1.3 अरब डॉलर का एफडीआई दर्ज किया गया।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति2 years agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल2 years agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
