राजनीति
मिंटो ब्रिज जलभराव : कुंदन के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मिंटो ब्रिज पर जलभराव में उत्तराखंड के निवासी कुंदन सिंह का देहांत होने पर उनके परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। 19 जुलाई को दिल्ली में हुई तेज बारिश के चलते मिंटो ब्रिज पर जलभराव हो गया था, जिसमें फंसे अपने वाहन (छोटा हाथी) को निकालने के दौरान चालक कुंदन का देहांत हो गया था।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कुंदन सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उनकी मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कुंदन के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि के तौर पर 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मिंटो ब्रिज जलभराव में उत्तराखंड के रहने वाले कुंदन जी का देहांत हो गया। आज उनके परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी। उनके जीवन का कोई मूल्य नहीं है, लेकिन उम्मीद करता हूं कि परिवार को इससे थोड़ी मदद मिलेगी। भविष्य में भी उनके परिवार को कोई जरूरत हुई, तो हम जरूर मदद करेंगे।”
गौरतलब है कि 19 जुलाई को दिल्ली में भारी बारिश हुई थी। इस वजह से कई स्थानों पर जल भराव हो गया था। मिंटो ब्रिज के नीचे भी जल भराव हो गया था। इसी दौरान कुंदन अपने माल वाहक वाहन (छोटा हाथी) से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से कनॉट प्लेस की ओर जा रहे थे और उनका वाहन मिंटो ब्रिज पर फंस गया। जिसे निकालने की कोशिश के दौरान कुंदन की मौत हो गई। इस घटना के बाद दिल्ली सरकार की तरफ से कुंदन सिंह के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की गई थी।
राष्ट्रीय समाचार
मध्य पूर्व में तनाव के बीच सोने और चांदी में सीमित दायरे में कारोबार

gold
मध्य पूर्व में तनाव के बीच सोने और चांदी में मंगलवार को सीमित दायरे में कारोबार हो रहा है और दोनों कीमती धातु हल्की गिरावट के साथ लाल निशान में थे।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट सुबह 9:50 पर 14 रुपए या 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 1,49,325 रुपए पर था।
अब तक के कारोबार में सोने ने 1,49,325 रुपए का न्यूनतम स्तर और 1,49,950 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।
चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 673 रुपए या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,43,222 रुपए पर था। अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,42,907 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,43,927 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 0.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,540 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73.21 डॉलर प्रति औंस थी।
मध्य पूर्व में लगातार तनाव बढ़ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनकी सेना ने ईरान के 7 छोटे जहाजों को डुबो दिया है।
ट्रंप ने बताया कि यह हमला उस समय किया गया था, जब यह छोटे जहाज होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर हमला कर रही थीं। हालांकि, ईरान ने कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन दावा है कि हॉर्मुज पर उसका ही कंट्रोल है।
दूसरी तरफ, वैश्विक अस्थिरता के बीच डॉलर के मुकाबले रुपए में लगातार कमजोरी देखी जा रही है। इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) के डेटा के मुताबिक, डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोरी के साथ खुला और फिर इसमें और गिरावट देखी गई। फिलहाल यह 26 पैसे की कमजोरी के साथ 95.33 पर बंद हुआ है।
राष्ट्रीय समाचार
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 18 लोगों की मौत, सीएम योगी ने जारी किए निर्देश

उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से कई हिस्सों में अति वर्षा, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही 24 पशुओं की भी जान चली गई है, जिससे ग्रामीण इलाकों में लोगों को और ज्यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। सीएम योगी ने कहा कि सरकार इस कठिन समय में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। सीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि घायलों का तुरंत और उचित इलाज कराया जाए ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
सीएम योगी ने राहत कार्यों को तेज करने के लिए सख्त आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि सभी जिलाधिकारी (डीएम) खुद फील्ड में मौजूद रहें और राहत कार्यों की निगरानी करें। साथ ही जरूरत पड़ने पर तुरंत शासन से समन्वय बनाकर मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि अति वर्षा, आंधी और बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और घायलों को 24 घंटे के अंदर मुआवजा दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को पूरी गंभीरता और तेजी के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं ओले गिर रहे हैं। मई जैसे गर्म महीने में इस तरह की बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है, खासकर गरीब और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह स्थिति और मुश्किल बन गई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें।
महाराष्ट्र
मुंबई: सलीम डोला की कस्टडी के लिए क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में दाखिल की अर्जी, ड्रग्स केस में करेगी जांच

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला की कस्टडी लेने के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने विशेष एनडीपीएस कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। कोर्ट से कस्टडी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच सांगली ड्रग्स केस समेत विभिन्न मामलों के पूछताछ करेगी।
क्राइम ब्रांच द्वारा दायर की अर्जी पर एनडीपीएस कोर्ट की अनुमति मिलने और डोला की एनसीबी कस्टडी मिलने के बाद ही मुंबई क्राइम ब्रांच को उसकी कस्टडी मिलेगी। फिलहाल सलीम डोला 8 मई तक एनसीबी की हिरासत में है, जहां उससे ड्रग्स से जुड़े मामलों में पूछताछ जारी है।
क्राइम ब्रांच ने अर्जी दायर करके अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है, ताकि एनसीबी की रिमांड खत्म होने के बाद डोला को उनकी कस्टडी में लिया जा सके। कानूनी प्रक्रिया के तहत क्राइम ब्रांच को पहले कोर्ट में यह बताना होता है कि आरोपी की कस्टडी क्यों जरूरी है। यदि कोर्ट को लगता है कि अन्य मामलों में पूछताछ जरूरी है, तो वह प्रोडक्शन वारंट जारी कर देती है। इसके बाद संबंधित एजेंसी आरोपी को अपनी हिरासत में ले सकती है।
क्राइम ब्रांच पहले सांगली ड्रग्स केस, उसके बाद मैसूर ड्रग्स केस और उसके बाद तेलंगाना ड्रग्स केस समेत कई अन्य मामलों में लगातार कस्टडी लेगी ।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, सलीम डोला कई बड़े ड्रग्स नेटवर्क का अहम हिस्सा रहा है। जांच में सामने आया है कि सांगली, मैसूर और तेलंगाना में सामने आए ड्रग्स फैक्ट्री मामलों में उसकी भूमिका संदिग्ध है। इसके अलावा, 2024 में 4 किलो एमडी ड्रग्स जब्ती मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
क्राइम ब्रांच का मानना है कि डोला से पूछताछ के जरिए ड्रग्स नेटवर्क के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है। अब इस मामले में अंतिम फैसला एनडीपीएस कोर्ट को करना है। अदालत की मंजूरी मिलने के बाद ही डोला को एनसीबी से मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा।
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
महाराष्ट्र10 months agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
अनन्य3 years agoउत्तराखंड में फायर सीजन शुरू होने से पहले वन विभाग हुआ सतर्क
-
न्याय2 years agoमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ हाईकोर्ट में मामला दायर
-
अपराध4 years agoबिल्डर पे लापरवाही का आरोप, सात दिनों के अंदर बिल्डिंग खाली करने का आदेश, दारुल फैज बिल्डिंग के टेंट आ सकते हैं सड़कों पे
