मनोरंजन
ऑक्सिमिन एंटरटेनमेंट की नई फिल्म ‘जनहित में जारी’ का फर्स्ट लुक हुआ जारी
मुंबई, बिहार के भागलपुर में बड़े पैमाने पर शूट हुई भोजपुरी फ़िल्म ‘ जनहित में जारी ‘ का फर्स्ट लुक रविवार की सुबह लांच किया गया । ऑक्सिमिन एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस भोजपुरी फ़िल्म को डेब्यूटेंट डाइरेक्टर आयुष दुबे की महत्वाकांक्षी परियोजना के तौर पर देखा जा रहा है । अगर ‘जनहित में जारी ‘ की बात करें तो इसके पहले पोस्टर में दिग्गज अभिनेता प्रकाश जैस ग्रामीण परिधानों में नज़र आ रहे है। पोस्टर देख कर कोई भी आसानी से अंदाज़ा लगा सकता है कि ‘जनहित में जारी ‘ एक ग्रामीण क्षेत्र की कहानी है ।
युवा एक्टर अवनीश दुबे देव और सेजल द्विवेदी की जोड़ी इश्क़ में मशगूल दिखाई देती है । वहीं पोस्टर में एक किनारे शौचालय को दर्शाया गया है । जो कि फ़िल्म को सोशल मुद्दे से जोड़ता हुआ दिखता है । पोस्टर के बारे में बताते हुए फ़िल्म के डायरेक्टर आयुष दूबे ने अपने सोशल मीडिया अकॉउंट पर सिर्फ इतना लिखा ” जनहित में जारी ‘ का पहला पोस्टर जारी कर रहे हैं, कुछ अलग देने की कोशिश की है, जो लोग कहते थे कि भोजपुरी सिनेमा सिर्फ एक ढर्रे पर चलता है उनको जवाब देने की एक छोटी सी कोशिश हमारी टीम ने की है ।
जनहित में जारी आपको हमारे कई गांवों की अनकही हकीकत को बयां करने की एक कोशिश है । सरकारी योजनाओं के दुरुपयोग, भष्टाचार से दो चार हो।रहे आम आदमी की कहानी को पर्दे पर लाने की एक छोटी सी कोशिश है । उम्मीद है हमारी ये कोशिश आपको पसंद आएगी ” । आनंद शुक्ला निर्मित ‘जनहित में जारी की टीम की अगर बात करें तो फ़िल्म की कथा और पटकथा संदीप एस द्विवेदी ने दी है । संगीत शुभम राज का है । गीत आयुष दुबे और यादव राज ने लिखे हैं । जबकि छायांकन कुनाल जेना ने किया है । फ़िल्म को आस्था मीडिया प्रोमशन्स प्रोमोट कर रही है ।
मनोरंजन
सहायक निर्देशक से हीरोइन बनीं शरवरी वाघ, बोलीं-बॉलीवुड के गानों ने बनाया अभिनेत्री

बॉलीवुड में सहायक निर्देशक से अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री शरवरी वाघ पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आएंगी। अभिनेत्री का कहना है कि बॉलीवुड के गाने और डांस ने ही उन्हें अभिनेत्री बनने के लिए प्रेरित किया।
अभिनेत्री ने कहा, “बॉलीवुड के गाने और डांस ही एक बड़ी वजह है कि मैं अभिनेत्री बनना चाहती थी। साथ ही, मैं माधुरी दीक्षित को ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ में और करिश्मा मैम और सोनाली मैम को ‘मैय्या यशोदा’ में देखते हुए बड़ी हुई हूं और मैं घर आकर इन गानों पर डांस करती थी और खुद को एक दिन स्क्रीन पर उस हीरोइन के रूप में कल्पना करती थी।”
अभिनेत्री ने इन पलों को बॉलीवुड से प्यार होने की वजह बताया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि कहीं न कहीं, इन्हीं पलों ने मुझे बॉलीवुड के विचार से प्यार करना सिखाया।”
अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें पर्दे पर हमेशा से ही रोमांस करना पसंद है। अभिनेत्री शरवरी वाघ ने बताया, “मुझे हमेशा से क्लासिक बॉलीवुड गानों का रोमांस, इमोशन और बड़े पर्दे वाला जादू पसंद रहा है, जिस तरह से आप एक गाने और डांस के जरिए पूरी कहानी बता सकते हैं। इसलिए सूरज बड़जात्या जी की ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ इसका अनुभव करना अविश्वसनीय रूप से खास लग रहा है।”
शरवरी ने कहा, “यह एक खूबसूरत पल जैसा लग रहा है, उस तरह के बॉलीवुड को जीने का, जिसे देखते हुए और जिसके सपने देखते हुए मैं बड़ी हुई हूं। मैं सच में इसके हर पल का आनंद ले रही हूं।”
फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसमें फिल्म की हल्की झलक देखने को मिली। हालांकि फिल्म से जुड़ी बाकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस फिल्म से राजश्री का आइकॉनिक किरदार ‘प्रेम’ 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहा है, जिसे आयुष्मान खुराना निभा रहे हैं।
फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ एक पारिवारिक और रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें पहली बार आयुष्मान और शरवरी साथ में स्क्रीन पर नजर आएंगे।
मनोरंजन
अमिताभ बच्चन ने अभिषेक संग रिश्ते पर कही बात, बोले- विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन मंजिल एक ही है

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन का रिश्ता हमेशा से ही लोगों की दिलचस्पी का हिस्सा रहा है। दोनों ने फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है और कई बार एक-दूसरे के काम और सोच को लेकर खुलकर बात भी की है।
अब अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर अभिषेक के साथ अपने रिश्ते को लेकर खास बातें लिखी है। उन्होंने कहा कि पिता और बेटे की सोच अलग हो सकती है, दोनों का चीजों को देखने का नजरिया अलग हो सकता है, लेकिन आखिर में उनकी मंजिल एक ही रहती है।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा, ”पिता पुत्र दोनों रहे, एक मंच पर बैठें, विचार अलग-अलग हो चाहे, मंजिल के ही ऐंठे।”
इस बात के जरिए उन्होंने कहा कि एक ही परिवार में होने के बावजूद दो पीढ़ियों की सोच हमेशा एक जैसी हो, यह जरूरी नहीं है। इसके बावजूद एक-दूसरे के लिए सम्मान और रिश्ते की अहमियत बनी रह सकती है।
अमिताभ ने आगे लिखा, ”मैं नई पीढ़ी का हमेशा सम्मान करता हूं। विचार और रास्ते अलग होने के बावजूद मंजिल एक ही रहती है। हर रास्ते का मकसद एक ऐसी मंजिल तक पहुंचना होना चाहिए, जो सभी के लिए फायदेमंद हो।”
उन्होंने अपने और अभिषेक के रिश्ते को लेकर लिखा, ”यह रिश्ता एक-दूसरे को जानने, समझने, खोजने और ऐसी मंजिल तय करने का रहा है, जो सभी के लिए बेहतर हो। प्यार और सम्मान को इस रिश्ते का अहम हिस्सा है। शुभचिंतकों का प्यार।”
अमिताभ बच्चन फिलहाल टीवी के पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को होस्ट कर रहे हैं। यह शो ब्रिटिश फॉर्मेट ‘हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ का ऑफिशियल हिंदी वर्जन है। शो में कंटेस्टेंट्स से कई सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें चार विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है। जवाब न पता होने पर कंटेस्टेंट्स को लाइफलाइन भी दी जाती हैं।
मनोरंजन
‘रोहित शर्मा में दिखती थी विव रिचर्ड्स की झलक’, सुनील शेट्टी ने किया शो में खुलासा

बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी का क्रिकेट के लिए प्यार किसी से छिपा नहीं है। वह अक्सर क्रिकेट से जुड़ी अपनी कई पुरानी यादें शेयर करते रहते हैं। अब उन्होंने भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा के साथ अपने पुराने कनेक्शन को याद किया।
दरअसल, वह ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ में गेस्ट बनकर पहुंचे। इस दौरान सुनील शेट्टी ने बताया कि वह रोहित को तब से फॉलो करते आ रहे हैं, जब वह महज 16-17 साल के थे। उन्हें रोहित के खेल में महान क्रिकेटर सर विव रिचर्ड्स की झलक दिखाई देती थी।
क्रिकेट के प्रति अपने इसी जुनून पर बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, “दुनिया जानती है कि मैं क्रिकेट का कितना बड़ा दीवाना हूं। शायद इन खिलाड़ियों ने मैदान पर जितना क्रिकेट नहीं खेला होगा, उतना मैंने अपने ख्यालों में खेला है। पहले के जमाने में जब टीवी पर मैच नहीं आते थे, तब मैं इंडो-अमेरिकन सोसायटी जाता था ताकि वहां सिर्फ तेज गेंदबाजों के वीडियो क्लिपिंग्स और उनके फुटेज देख सकूं।”
सुनील शेट्टी ने आगे कहा, ”सर विव रिचर्ड्स मेरे हमेशा फेवरेट क्रिकेटर रहे थे और आज भी मेरे फेवरेट ही हैं। रोहित जब 16-17 साल के थे, तब से मैं उन्हें फॉलो करता आ रहा हूं। मुझे रोहित के अंदाज में सर विव रिचर्ड्स की झलक दिखाई देती थी। मैं उस वक्त भी बोलता था कि अगर सर विव रिचर्ड्स की कोई मुझे याद दिलाता है, तो वह रोहित शर्मा हैं।”
सुनील की इस बात पर रोहित ने भी अपने शुरुआती दिनों की एक याद साझा की और बताया कि वह करीब 16 साल के थे, जब पहली बार उनकी मुलाकात सुनील शेट्टी से हुई थी।
रोहित ने कहा, ”उस समय मैं इंडियन ऑयल के लिए क्रिकेट खेल रहा था और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के मैदान पर मैच चल रहा था। मैं बल्लेबाजी के लिए तैयार होकर बैठा हुआ था, तभी मुझे पता चला कि सुनील शेट्टी वहां आने वाले हैं। यह सुनकर मुझे हैरानी हुई कि सुनील शेट्टी आखिर ये मैच देखने क्यों आ रहे हैं।”
रोहित ने आगे कहा, ”बाद में समझ आया कि सुनील शेट्टी का क्रिकेट के लिए प्यार कितना गहरा है। उस दौरान वह मेरे मेंटर पीवी शेट्टी के साथ बैठे थे। पीवी शेट्टी ने मुझे क्रिकेट के शुरुआती दिनों में काफी मदद की थी। उन्होंने मुझसे कहा था कि मुझे सुनील शेट्टी से मिलना चाहिए, क्योंकि उन्हें क्रिकेट बहुत पसंद है। मैं उनसे मिलने के लिए उत्साहित था। मेरी नजर लगातार सुनील पर थी कि वह कर क्या रहे हैं, लेकिन उनका पूरा ध्यान मैदान पर चल रहे क्रिकेट मैच पर था और वह खिलाड़ियों के शॉट्स को बड़े गौर से देख रहे थे।”
‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ हर शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होता है।
-
दुर्घटना1 year agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
महाराष्ट्र2 years agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र2 years agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
