राष्ट्रीय
केदारनाथ: मुख्य सचिव ने किया पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
केदारनाथ, 22 अक्टूबर : उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को पवित्र केदारनाथ धाम का दौरा किया।
उन्होंने भगवान केदारनाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और धाम में चल रहे पुनर्निर्माण व विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी प्रतीक जैन से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सौंदर्य और धार्मिक भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर को मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भी धाम में सुरक्षा, सामग्री संरक्षण और बर्फबारी से निपटने की पूरी तैयारी की जाए। साथ ही, 2026 की यात्रा के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।
आनंद बर्द्धन ने जोर दिया कि अगले यात्रा सत्र में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, संचार, परिवहन, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे सभी विभागों में बेहतर तालमेल हो। इससे श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा, “केदारनाथ आज देशभर में पुनर्निर्माण और पुनरुत्थान का प्रतीक बन चुका है। हमारा लक्ष्य केवल भौतिक विकास नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधाओं का संतुलन बनाना है।”
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने धाम में चल रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य केदारनाथ को और अधिक सुगम और सुंदर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी कार्य समय पर पूरे हों और गुणवत्ता में कोई कमी न आए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, अधिशासी अभियंता विनय झिंकवाण और एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
–आईएएनएस
एसएचके/डीएससीसंसद के बाहर गोलीबारी, राष्ट्रपति ने बताया आतंकी हमला
बेलग्रेड, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। सर्बिया की राजधानी स्थित संसद भवन के बाहर गोलीबारी को राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक ने आतंकवादी हमला बताया है। उनके मुताबिक सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक टेंट को निशाना बनाया गया जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
नोवा टीवी के अनुसार राष्ट्रपति एक अनुबंध पर हस्ताक्षर के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल हुए थे। फायरिंग के बाद वुसिक ने कहा कि उन्हें “सर्बियाई संसद के सामने आतंकवादी कृत्य” के कारण बैठक छोड़नी पड़ेगी और “दिन के दौरान कुछ अन्य काम भी निपटाने होंगे”।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बुधवार को बेलग्रेड में सर्बिया के संसद भवन के बाहर गोलीबारी हुई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
नोवा मीडिया आउटलेट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में सशस्त्र सुरक्षा अधिकारियों को संसद के बाहर कैंसिलैंड (सर्बियाई भाषा में विरोध स्वरूप लगाया गया तंबू स्थल) के पास जाते हुए दिखाया गया है।
कुछ गोलियां चलीं और फिर तंबू के अंदर आग लग गई। यह तंबू सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वुसिक के समर्थकों द्वारा इस साल लगाए गए कई तंबुओं में से एक था।
बताया गया है कि दमकलकर्मियों ने आग पर तुरंत काबू पा लिया और घटनास्थल के पास पुलिस नाकेबंदी से तंबू के जले हुए अवशेष दिखाई दे रहे थे।
ब्रॉडकास्टर आरटीएस के अनुसार, एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक अन्य व्यक्ति को आपातकालीन चिकित्सा केंद्र ले जाया गया है।
वहीं, स्थानीय पुलिस ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। एन1 टीवी ने कहा कि एक 57 वर्षीय व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया है हालांकि उसकी हालत स्थिर है। एक्स पर पोस्ट किए गए अन्य वीडियो में एक व्यक्ति जमीन पर लेटा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ उसकी पीठ के पीछे हैं और पुलिस अधिकारियों ने उसे घेर रखा है।
राष्ट्रीय
मध्य प्रदेश में दुर्लभ कछुए के अंतरराष्ट्रीय तस्कर रहेंगे जेल में

भोपाल, 11 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में दुर्लभ कछुआ की तस्करी करने वाले आरोपी जेल में ही रहेंगे, क्योंकि सागर के अपर सत्र न्यायालय ने दोनों आरोपियों की अपील खारिज करते हुए सजा और अर्थ दंड को बरकरार रखा है। दरअसल, स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) ने अत्यंत दुर्लभ जलीय जीव रेड-क्राउंड रूफ कछुओं की अंतर्राष्ट्रीय तस्करी के मामले में शेखर दास और मोहम्मद सुल्तान को गिरफ्तार किया था, जिस पर उन्होंने अपील की थी।
इस अपील को विशेष न्यायालय द्वारा खारिज किया गया है। सजा एवं अर्थदंड को बरकरार रखा है। न्यायालय ने आरोपियों की अपील को निरस्त करते हुए उन दोनों को 3 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल सागर भेजने के आदेश जारी किए हैं। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है।
स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स और वन विभाग की संयुक्त टीम ने वर्ष 2017 में राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य एवं उसके पारिस्थितिकी क्षेत्र से दुर्लभ लाल तिलकधारी कछुओं तथा पैंगोलिन शल्क की तस्करी का पर्दाफाश किया था। जांच में सामने आया कि आरोपी एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा थे, जो चंबल नदी से इन दुर्लभ कछुओं को एकत्र कर कोलकाता तथा भारत-बांग्लादेश सीमा के माध्यम से विदेशों में अवैध रूप से भेजता था। गिरोह द्वारा वन्यजीव तस्करी के साथ हवाला के जरिये अवैध वित्तीय लेनदेन का नेटवर्क भी संचालित किया जा रहा था।
स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स मध्य प्रदेश द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों, बयानों और जांच रिपोर्ट के आधार पर विशेष न्यायालय सागर ने 29 मार्च 2022 को दोनों आरोपियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधन 2022) के उल्लंघन का दोषी पाते हुए 3 वर्ष के सश्रम कारावास और 10-10 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई थी। इसके विरुद्ध आरोपियों ने अपील की थी।
अपीलीय न्यायालय ने एसटीएसएफ द्वारा की गई विवेचना और प्रस्तुत साक्ष्यों को तथ्यपरक मानते हुए कहा कि विशेष न्यायालय के निर्णय में कोई वैधानिक त्रुटि नहीं है। अपीलीय न्यायालय ने दोनों आरोपियों की अपीलें निरस्त कर उन्हें सजा भुगतने के लिए केंद्रीय जेल सागर भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं।
दुर्घटना
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर चार वाहनों की टक्कर, 18 अमरनाथ यात्री हुए घायल

जम्मू, 13 जुलाई: रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा के 18 यात्री घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रामबन के चंदरकोट में लंगर पॉइंट पर पहलगाम जा रहे काफिले में शामिल दो एसआरटीसी बसों, एक कार और एक प्राइवेट बस की टक्कर हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, पहले एसआरटीसी की बस (जेके 01वाई-1044) दूसरी एसआरटीसी (जेके 01 वाई-1052) बस से टकरा गई। टक्कर की वजह से दूसरी बस एक कार (जेके21के-8115) से जा टकराई और फिर उस कार ने एक प्राइवेट बस (जेके02 सीएल-5499) को टक्कर मार दी। 4 वाहनों में टक्कर के कारण 18 अमरनाथ यात्री घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी 18 घायल तीर्थयात्रियों को इलाज के लिए तुरंत रामबन के ज़िला अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है।
अभी तक 10 घायलों की पहचान हुई है। उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले कमलेश राजपूत के 23 वर्षीय बेटे हर्ष राजपूत, सुरेश गुप्ता के 18 वर्षीय बेटे विशाल गुप्ता, हीरा लाल शंकर के 23 वर्षीय बेटे पंकज सुवनकर, महाराष्ट्र के यवतमाल के जीवन मोवाडे के 29 वर्षीय बेटे सुहास जीवन मोवाडे, राजस्थान के गंगानगर के रतन के 45 वर्षीय बेटे भारत भूषण, शिव के 51 वर्षीय बेटे विनोद कुमार घायल हुए हैं। वहीं, राजस्थान के बीकानेर के सत्तासर के रतन, राजस्थान के विनोद बागला की 48 वर्षीय पत्नी किरण, पंजाब के अक्षय कुमार की 50 वर्षीय पत्नी सीमा रानी, राजस्थान के शिव रतन के 67 वर्षीय बेटे पवन कुमार और राजस्थान के जनता सिंघा के 41 वर्षीय बेटे गंगा सिन्हा भी हादसे में घायल हुए हैं। बाकी 8 घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और आगे की जांच चल रही है।
3 जुलाई को शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा 57 दिनों के बाद 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के त्योहारों के साथ संपन्न होगी। इस साल की यात्रा शुरू होने के बाद से, कश्मीर हिमालय में समुद्र तल से 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में 2.45 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं।
अपराध
कर्नाटक: ब्लैकमेल कर व्यापारी से 2.77 करोड़ रुपए वसूलने के आरोप में यूथ कांग्रेस नेता और उसका साथी गिरफ्तार

मंगलुरु, 9 जून: कर्नाटक के मंगलुरु में जबरन वसूली का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक प्रमुख व्यापारी को ब्लैकमेल करने और लगभग दो साल में 2.77 करोड़ रुपए वसूलने के आरोप में यूथ कांग्रेस के एक पदाधिकारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान मंगलुरु यूथ कांग्रेस के महासचिव निजाम और जितेश के तौर पर हुई है। आरोप है कि जितेश ने पहले व्यापारी को अपने जाल में फंसाया और बाद में उसकी अश्लील तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने बताया कि जितेश ने शुरू में 35 लाख की मांग की और वीडियो को पीड़ित की पत्नी को दिखाने की धमकी दी। अपनी बदनामी के डर से व्यापारी ने चेक के जरिए यह रकम दे दी।
जब पैसों की मांग जारी रही तो व्यापारी ने मदद के लिए निजाम से संपर्क किया, हालांकि पुलिस का आरोप है कि निजाम ने मदद करने के बजाय जितेश का साथ दिया और जबरन वसूली के इस रैकेट में शामिल हो गया।
इसके बाद दोनों ने आत्महत्या की एक झूठी कहानी रची। निजाम ने मई 2024 में व्यापारी को बताया कि जितेश ने आत्महत्या कर ली है और सुसाइड नोट में पीड़ित का नाम लिखा है। कहानी को सच साबित करने के लिए आरोपियों ने जितेश की मौत और अंतिम संस्कार की तस्वीरें दिखाईं और व्यापारी को आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी।
गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी के डर से व्यापारी पैसे देता रहा। पुलिस ने बताया कि 2024 से 2026 के बीच पीड़ित से कुल 2.77 करोड़ रुपए वसूले गए। यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब जून 2026 में व्यापारी ने जितेश को मंगलुरु में जिंदा देखा। जिस व्यक्ति को वह मरा हुआ समझ रहा था, उसे जिंदा देखकर वह हैरान रह गया और उसने उरवा पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने निजाम और जितेश दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की और जानकारी के लिए आगे की जांच चल रही है। इस बीच गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर मंगलुरु और पूरे कर्नाटक के कई राजनीतिक नेताओं के साथ निजाम की तस्वीरें वायरल हो गई हैं।
-
दुर्घटना12 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
