राष्ट्रीय समाचार
छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक धरोहर की खोज, 3 किलो वजनी 2000 साल पुराना दुर्लभ ताम्रपत्र मिला
ज्ञान भारतम अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रहने वाले संजीव पाण्डेय के निवास से लगभग 3 किलोग्राम से अधिक वजन का एक दुर्लभ ताम्रपत्र प्राप्त हुआ है। इस ताम्रपत्र पर लगभग 2000 वर्ष पुरानी ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लेख उत्कीर्ण हैं, जो इसे ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद मूल्यवान बनाते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्राह्मी लिपि भारत की सबसे प्राचीन लिपियों में से एक मानी जाती है, जिसका प्रयोग मौर्य काल से लेकर कई शताब्दियों तक होता रहा। वहीं पाली भाषा का संबंध मुख्यतः बौद्ध धर्म के ग्रंथों और शिक्षाओं से रहा है। ऐसे में इस ताम्रपत्र का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी काफी बढ़ जाता है। प्रारंभिक अध्ययन से संकेत मिलते हैं कि इस प्रकार के ताम्रपत्रों का उपयोग प्राचीन काल में भूमि दान, राजकीय आदेश या धार्मिक घोषणाओं के दस्तावेज के रूप में किया जाता था।
इस खोज को लेकर पुरातत्वविदों और इतिहासकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उनका मानना है कि यदि इस ताम्रपत्र का वैज्ञानिक परीक्षण और गहन अध्ययन किया जाए, तो उस समय की सामाजिक व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचा और धार्मिक परंपराओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सकती है। यह खोज न केवल मल्हार क्षेत्र की ऐतिहासिक समृद्धि को उजागर करती है, बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण धरोहर साबित हो सकती है।
संस्कृति मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे ज्ञान भारतम अभियान के तहत देशभर में प्राचीन पांडुलिपियों और धरोहरों की खोज और संरक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को अपने पास मौजूद पुरानी पांडुलिपियों और ऐतिहासिक वस्तुओं को सुरक्षित रखने और उन्हें सामने लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस पहल के तहत विशेषज्ञों द्वारा इन धरोहरों की पहचान कर उनका डिजिटलीकरण भी किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा से जुड़ी रह सकें।
मल्हार में मिला यह ताम्रपत्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करता है।
वहीं, विशेषज्ञों द्वारा पांडुलिपियों की पहचान कर उनका डिजिटलीकरण किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस विरासत को सुरक्षित रखा जा सके। यह अभियान न केवल सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि देश की ऐतिहासिक और बौद्धिक संपदा को पुनर्जीवित करने का भी एक सशक्त प्रयास है।
राष्ट्रीय समाचार
जम्मू-कश्मीर में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ की धूम, जम्मू से पुंछ तक निकाली गईं रैलियां

स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे जम्मू-कश्मीर में देशभक्ति का माहौल है। ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत रविवार को जम्मू, त्राल, बांदीपोरा और पुंछ में बड़ी-बड़ी तिरंगा रैलियां निकाली गईं। हजारों छात्रों, युवाओं और आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
जम्मू में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बलिदान स्तंभ से एक विशाल तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत शर्मा, अशोक कौल, गुलाम अली खटाना और सांसद जुगल किशोर शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए देशभक्ति, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और लोगों ने जगह-जगह कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
पुलवामा के त्राल में जिला प्रशासन ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से त्राल बस स्टैंड तक एक बड़ी तिरंगा रैली निकाली। रैली का नेतृत्व पुलवामा के डिप्टी कमिश्नर बशारत कय्यूम और एडीसी त्राल ने किया। इसमें हजारों छात्रों, युवाओं और स्थानीय निवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
उपायुक्त (डीसी) बशारत कयूम ने बताया, “इस साल का ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त तक चलेगा। आज हमने पुलवामा के त्राल सब-डिविजन में इसकी शुरुआती रैली की। पूरे सब डिविजन से लोग बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए हैं।”
बांदीपोरा में भी भाजपा की जिला इकाई ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा रैली आयोजित की। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस मौके पर भाजपा के राज्य महासचिव मोहम्मद अनवर खान ने कहा, “जब से हमारे देश में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार सत्ता में आई है। हर 15 अगस्त या 26 जनवरी को हमारी पार्टी ‘हर घर तिरंगा’ और तिरंगा रैलियों का आयोजन करती है। यह अभियान देश को एकजुट करने और युवाओं में देशभक्ति जगाने का काम करता है।”
पुंछ जिले में ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के समारोह और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तीसरे चरण की शुरुआत की गई। जिला युवा सेवा और खेल विभाग ने स्थानीय स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया और उसके बाद तिरंगा रैली निकाली।
जिला युवा सेवा और खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम ने कहा, “आज पुंछ जिले में खेल विभाग को जिला प्रशासन की ओर से एक काम सौंपा गया था। इस काम के तहत अलग-अलग खेल गतिविधियां आयोजित की गईं और ‘हर घर तिरंगा’ रैली भी निकाली गई।”
कार्यक्रम के एक्टिविटी हेड विजय कुमार ने बताया, “यहां अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की गईं और युवाओं को एक साथ लाया गया। इसका मकसद युवाओं में देशभक्ति की भावना पैदा करना है।”
रैली में शामिल खिलाड़ी पल्लवी ने कहा, “आज हमें बताया गया कि ‘हर घर तिरंगा’ के लिए एक रैली निकाली जा रही है। कुछ ही दिनों में स्वतंत्रता दिवस आने वाला है और उसी के लिए यह रैली आयोजित की गई थी। तिरंगा हाथ में लेकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।”
राष्ट्रीय समाचार
भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष 10 में से चार कंपनियों का मार्केटकैप 1.43 लाख करोड़ रुपए बढ़ा

भारत की शीर्ष 10 में से चार कंपनियों का मार्केटकैप 1.43 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया है। इसमें सबसे अधिक फायदा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को हुआ है। इसकी वजह सबसे बड़े सरकारी बैंक की ओर से वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही के अच्छे नतीजे पेश करना था।
हालांकि, शीर्ष 10 में बाकी छह कंपनियों का मार्केटकैप 1.23 लाख करोड़ रुपए कम हुआ।
बीते हफ्ते सबसे ज्यादा मार्केटकैप वाली टॉप-10 कंपनियों में एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 63,922.03 करोड़ रुपए बढ़कर 10,11,721.84 करोड़ रुपए हो गया है। इस जबरदस्त बढ़ोतरी की वजह से एसबीआई भारत की सबसे अधिक वैल्यू वाली कंपनियों की रैंकिंग में और ऊपर पहुंच गई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की मार्केट वैल्यूएशन में 32,816.4 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई, जिससे इसका मार्केटकैप 18,01,925.19 करोड़ रुपए हो गया।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की वैल्यूएशन 31,875.35 करोड़ रुपए बढ़कर 8,87,770.13 करोड़ रुपए हो गई।
लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का बाजार पूंजीकरण भी 14,637.76 करोड़ रुपर बढ़कर 5,56,482.45 करोड़ रुपए हो गया।
दूसरी ओर, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एलआईसी) में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। इसकी मार्केट वैल्यूएशन 40,543.23 करोड़ रुपए घटकर 4,96,891.82 करोड़ रुपए रह गई।
बजाज फाइनेंस की मार्केट कैपिटलाइजेशन 37,168.96 करोड़ रुपए घटकर 6,73,648.55 करोड़ रुपए हो गई, जबकि एचडीएफीस बैंक की वैल्यूएशन में 24,183.16 करोड़ रुपए की कमी आई और यह 11,27,967.47 करोड़ रुपए पर आ गई।
आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट कैपिटलाइजेशन 9,507.67 करोड़ रुपए घटकर 10,20,370.63 करोड़ रुपए रह गई, जबकि भारती एयरटेल की वैल्यूएशन में 7,581.65 करोड़ रुपए की कमी आई और यह 12,22,423.98 करोड़ रुपए हो गई।
हिंदुस्तान यूनिलीवर भी पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल रही। इसकी मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,793.16 करोड़ रुपए घटकर 4,88,808.97 करोड़ रुपए रह गई।
दूसरी तरफ भारतीय शेयर बाजार मामूली तेजी के साथ बंद हुआ, जिसमें सेंसेक्स 404.53 अंक यानी 0.51 प्रतिशत चढ़ा, जबकि निफ्टी में 187.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त हुई।
राष्ट्रीय समाचार
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रांची में मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला मार्च

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रांची महानगर की ओर से रविवार को रांची में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इसका नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए। तिरंगे के साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ मोरहाबादी से शहर के प्रमुख मार्गों से होकर शहीद अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। शहीद अल्बर्ट एक्का चौक पर यात्रा का समापन हुआ।
इसके बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से राष्ट्रभक्ति पर आधारित बैंड प्रस्तुति दी गई। बैंड की देशभक्ति धुनों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन कर्मवीर सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र और मनोज सिंह मौजूद रहे। रांची के विधायक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, नीरा यादव, पूर्व विधायक जीतू चरण राम और अनंत कुमार ओझा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल हुए।
आयोजकों के अनुसार, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान भी कार्यकर्ताओं ने लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की।
-
दुर्घटना11 months agoनागपुर विस्फोट: बाजारगांव स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र में बड़ा विस्फोट; 1 की मौत, कम से कम 10 घायल
-
व्यापार6 years agoआईफोन 12 का उत्पादन जुलाई से शुरू होगा : रिपोर्ट
-
महाराष्ट्र1 year agoमीरा भयंदर हजरत सैयद बाले शाह बाबा की मजार को ध्वस्त करने का आदेश
-
महाराष्ट्र1 year agoईद 2025 पर डोंगरी में दंगे और बम विस्फोट की ‘चेतावनी’ के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी
-
अपराध4 years agoभगौड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गो की ये हैं नई तस्वीरें
-
राजनीति1 year agoवक्फ संशोधन बिल लोकसभा में होगा पेश, भाजपा-कांग्रेस समेत कई पार्टियों ने जारी किया व्हिप
-
खेल1 year agoआईपीएल 2025 : शानदार रिकॉर्ड के नाम रहा एमआई और केकेआर का मैच, डेब्यूटेंट अश्विनी ने रचा इतिहास
-
महाराष्ट्र1 year agoहाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया, मस्जिदों के लाउडस्पीकर विवाद पर
